Chhapra: शहर के उमानगर मुहल्ले में मंगलवार देर संध्या हुए समाजसेवी अमरेंद्र कुमार सिंह और शंभू नाथ सिंह दोहरा हत्याकांड से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने बुधवार सुबह वरीय पुलिस अधीक्षक आवास का घेराव किया।
जिसके बाद वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ कुमार आशीष ने लोगों से वार्ता की और आश्वासन दिया कि पुलिस जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लेगी। जिसके बाद लोगों ने घेराव खत्म किया।
शव का कराया गया पोस्टमार्टम
बुधवार सुबह दोनों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराया गया और शव को परिजनों को सौंप दिया गया।
घर से कुछ दूरी पर हुई हत्या
अमरेंद्र सिंह और उनके सहयोगी शंभूनाथ सिंह की हत्या उनके आवास से कुछ ही दूरी पर अज्ञात अपराधियों के द्वारा मंगलवार की देर संध्या कर दी गई थी। वे अपने प्रतिष्ठान से आवास जा रहे थे। इसी बीच उमा नगर टेलीफोन एक्सचेंज के पास अपराधियों ने उन्हें और उनके सहयोगी को गोली मार दी। जिसके बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने दोनों को सदर अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
कई सामाजिक संस्थाओं से जुड़े थे अमरेंद्र सिंह
अमरेंद्र कुमार सिंह रोटरी क्लब समेत कई सामाजिक संगठनों, क्रीड़ा भारती, विद्या भारती में सक्रिय थे। शहर के हरिमोहन गली में रॉयल इंटरप्राइजेज के नाम से गोदरेज कंपनी के शो रूम का वह संचालन करते थे। विगत नगर निगम चुनाव में उन्होंने महापौर का चुनाव भी लड़ा था।