नई दिल्ली, 20 नवंबर (हि.स.)। बिहार के राजगीर में आठवीं एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में ड्रैग-फ्लिकिंग फॉरवर्ड दीपिका सहरावत के शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारतीय महिला हॉकी टीम ने बुधवार को लगातार दूसरी बार खिताब अपने नाम किया।

भारत ने लगातार दूसरी बार जीता महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब, फाइनल में चीन को 1-0 से हराया

21 वर्षीय खिलाड़ी टूर्नामेंट में शानदार फॉर्म में रहीं और एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी 2024 में अपनी भूमिका सराहनीय ढंग से निभाते हुए 11 गोल किए। इसी के साथ वह अब किसी भी अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में सर्वाधिक गोल करने वाली भारत की पांचवीं भारतीय महिला हॉकी खिलाड़ी बन गई हैं।

इस सूची में राजबीर कौर (16 गोल 1982 एशियन गेम्स ) पहले, सुरिंदर कौर (13 गोल 2007 एशिया कप) दूसरे, वंदना कटारिया (11 गोल 2015 हॉकी वर्ल्ड लीग राउंड 2), तीसरे और गुरजीत कौर (11 गोल 2019 एफआईएच सीरीज फाइनल) चौथे स्थान पर हैं।

दीपिका ने एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी 2024 में चीन के खिलाफ फाइनल मुकाबले में पेनल्टी कॉर्नर पर सनसनीखेज स्ट्राइक के साथ टूर्नामेंट का अपना 11वां गोल दर्ज किया, जो निर्णायक साबित हुआ।

दीपिका महिला चैंपियंस ट्रॉफी 2024 में अग्रणी गोल-स्कोरर भी रहीं। दीपिका रांची में 2023 खिताब जीतने वाली टीम का हिस्सा थीं और राजगीर में अपने शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार जीता था।

बता दें कि भारत ने टूर्नामेंट में अपने सभी पांच ग्रुप-स्टेज मैच जीते, जिसमें लीग चरण में चीन पर 3-0 की जीत भी शामिल है, और फिर सेमीफाइनल में जापान को 2-0 से हराकर दो बार के फाइनलिस्ट चीन के खिलाफ शिखर मुकाबला तय किया।

0Shares

पूरे टूर्नामेंट में अजेय रही भारतीय टीम

राजगीर, 20 नवंबर (हि.स.)। भारतीय महिला हॉकी टीम ने बिहार महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी राजगीर 2024 का खिताब जीत लिया है। भारतीय टीम ने बुधबार को राजगीर हॉकी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में चीन को 1-0 से हरा दिया।

भारतीय टीम ने तीसरी बार यह खिताब अपने नाम किया है। भारत इससे पहले 2016 और 2023 में महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीत चुका है। भारत के अलावा साउथ कोरिया भी तीन बार यह ट्रॉफी जीत चुका है। भारत की ओर से फाइनल मैच में एकमात्र गोल दीपिका ने 31वें मिनट में किया।

भारतीय टीम और चीन की महिला टीम के बीच खेले गए फाइनल मैच में पहले दो क्वार्टर में दोनों टीमों की ओर से कोई गोल नहीं आया। हाफ टाइम तक कोई भी टीम गोल नहीं दाग पाई। तीसरे क्वार्टर की शुरुआत भारतीय टीम के लिए अच्छी रही। इस क्वार्टर के पहले ही मिनट में भारत को पेनल्टी कॉर्नर मिला, जिसे दीपिका ने गोल में तब्दील कर दिया। इससे भारतीय टीम 1-0 से आगे हो गई।

इसके बाद तीसरे क्वार्टर में और कोई गोल नहीं आया। चौथे यानी अंतिम क्वार्टर में चीन ने आगे बढ़ते हुए अधिक दृढ़ संकल्प दिखाया। हालांकि, भारत ने जल्दी ही नियंत्रण हासिल कर लिया और दो मिनट के भीतर पेनल्टी कॉर्नर अर्जित किया लेकिन इसे गोल में तब्दील नहीं कर सका।

इसके बाद चीन ने बराबरी के लिए अपनी कोशिशें तेज कर दीं, लेकिन भारतीय रक्षा अभेद्य रही, जिसने चीन के हमलों के सभी रास्ते प्रभावी रूप से बंद कर दिए। अंत में, भारतीय टीम ने कड़ी टक्कर के साथ 1-0 की जीत के साथ अपना तीसरा एशियन चैंपियंस ट्रॉफी खिताब जीत लिया।

हॉकी इंडिया ने इनाम घोषित किया

बिहार महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी राजगीर 2024 में भारतीय महिला हॉकी टीम की शानदार जीत के बाद हॉकी इंडिया ने सभी खिलाड़ियों को 3 लाख और सभी सहयोगी कर्मचारियों को 1.5 लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।

इस मौके को और भी खास बनाते हुए एशियाई हॉकी महासंघ ने प्रतियोगिता के इतिहास में पहली बार पोडियम फिनिशरों के लिए इनाम की घोषणा की है। भारत को 10,000 अमेरिकी डॉलर मिलेंगे, जबकि चीन और जापान को क्रमशः 7,000 अमेरिकी डॉलर और 5,000 अमेरिकी डॉलर दिए जाएंगे।

0Shares

नई दिल्ली, 18 नवंबर (हि.स.)। हॉकी इंडिया ने सोमवार को 26 नवंबर से 4 दिसंबर 2024 तक ओमान के मस्कट में होने वाले पुरुष जूनियर एशिया कप के लिए 20 सदस्यीय भारतीय पुरुष हॉकी टीम की घोषणा की।

भारत ने 2023, 2015, 2008 और 2004 सहित रिकॉर्ड चार बार यह टूर्नामेंट जीता है। पिछले साल भारत ने फाइनल में पाकिस्तान को 2-1 से हराकर खिताब जीता था। इस साल, इस आयोजन में महाद्वीप की 10 टीमें हिस्सा लेंगी, जिन्हें दो पूल में बांटा गया है। पूल ए में भारत, चीनी ताइपे, जापान, कोरिया और थाईलैंड तथा पूल बी में बांग्लादेश, मलेशिया, चीन, ओमान और पाकिस्तान होंगे।

हालांकि भारत मेजबान होने के कारण एफआईएच जूनियर विश्व कप के लिए क्वालीफाई कर चुका है, लेकिन कोच पीआर श्रीजेश के नेतृत्व में टीम सुल्तान जोहोर कप में हाल ही में मिली सफलता की लय को जारी रखने की कोशिश करेगी, जहां टीम तीसरे स्थान पर रही थी। इंडिया कोल्ट्स की टीम का नेतृत्व आमिर अली करेंगे और उप कप्तान रोहित होंगे।

मुख्य कोच और भारत के पूर्व गोलकीपर पीआर श्रीजेश ने कहा, “सुल्तान जोहोर कप कई खिलाड़ियों के लिए पहली बार का अनुभव था, फिर भी उन्होंने अच्छा प्रदर्शन करते हुए शानदार जज्बा दिखाया और मैं उनके प्रदर्शन से काफी खुश हूं। टीम उस प्रदर्शन से आत्मविश्वास हासिल करेगी और जूनियर एशिया कप में सफल प्रदर्शन की दिशा में काम करेगी।”

उन्होंने कहा, “खिलाड़ी बेंगलुरु के साई में चल रहे राष्ट्रीय शिविर में काफी मेहनत कर रहे हैं और हमने डिफेंस में अधिक प्रभावी होने और गोल करने में कुशल होने के लिए अपने खेल में कुछ बदलाव किए हैं।”

भारतीय टीम इस प्रकार है:

गोलकीपर: प्रिंसदीप सिंह, बिक्रमजीत सिंह।

डिफेंडर: आमिर अली (कप्तान), तलेम प्रियोबार्ता, शारदानंद तिवारी, योगेम्बर रावत, अनमोल एक्का, रोहित (उपकप्तान)।

मिडफील्डर: अंकित पाल, मनमीत सिंह, रोसन कुजूर, मुकेश टोप्पो, थोकचोम किंग्सन सिंह।

फॉरवर्ड: गुरजोत सिंह, सौरभ आनंद कुशवाहा, दिलराज सिंह, अर्शदीप सिंह, अरिजीत सिंह हुंदल ।

रिजर्व: सुखविंदर, चंदन यादव।

0Shares

जोहान्सबर्ग, 16 नवंबर (हि.स.)। भारत ने चौथे टी-20 में 283 रन का स्कोर खड़ा कर दक्षिण अफ्रीका में इतिहास रच दिया है। भारत का 283 रन का स्कोर दक्षिण अफ्रीका में टी20 मैच में अब तक का सर्वोच्च स्कोर है। तिलक वर्मा और संजू सैमसन के शतकों की बदौलत भारत चेक गणराज्य और जापान के बाद सिर्फ़ तीसरी अंतरराष्ट्रीय टीम बन गई है, जिसके दो बल्लेबाजों ने एक ही टी20 पारी में शतक बनाए हैं।

अपनी पारी के दौरान, भारत ने 23 छक्के लगाए, जो एक टी20आई पारी में तीसरे सबसे ज्यादा छक्के हैं। इसके अलावा दो पूर्ण सदस्य पक्षों के बीच एक टी20आई में सबसे ज्यादा छक्के का भी रिकार्ड है।

संजू सैमसन और तिलक वर्मा के बीच नाबाद 210 रनों की साझेदारी अब टी20आई में भारत के लिए किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी है।

तिलक वर्मा ने 47 गेंदों पर 120 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिससे वह संजू सैमसन के बाद दूसरे भारतीय और टी20आई क्रिकेट में लगातार शतक बनाने वाले कुल पांचवें खिलाड़ी बन गए।

संजू सैमसन ने 56 गेंदों पर 109 रन बनाकर पिछले पांच टी20आई में अपना तीसरा शतक बनाया।

मैच की बात करें तो इस मुकाबले में टॉस जीतकर भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने भारत के लिए ओपनिंग करते हुए 73 रनों की ठोस साझेदारी की। अभिषेक ने 2 चौके और 4 छक्के लगाते हुए 18 गेंदों मे 36 रनों की शानदार पारी खेली, लेकिन छठे ओवर में लुथो सिपामला ने उन्हें पवेलियन भेज दिया।

इसके बाद तिलक वर्मा और सैमसन ने आतिशी पारी खेली। 18वें ओवर में संजू सैमसन ने सिर्फ 51 गेंदों में अपना शतक पूरा किया, इसके बाद अगले ही ओवर में तिलक वर्मा ने अपना दूसरा टी20 शतक बनाया। सैमसन और तिलक के बीच रिकॉर्ड तोड़ 210 रनों की साझेदारी से भारत ने 20 ओवरों में 1 विकेट पर 283 रनों का विशाल स्कोर बनाया। सैमसन ने 51 गेंदों पर 109 रनों की तूफानी पारी खेली, जबकि तिलक ने सिर्फ 47 गेंदों पर नाबाद 120 रनों की पारी खेली।

दवाब में दक्षिण अफ्रीका की टीम 19 ओवर में 148 रनों पर सिमट गई। मेजबान टीम के लिए , ट्रिस्टन स्टब्स (29 गेंदों पर 43 रन, 3 चौके और 2 छक्के) और डेविड मिलर (27 गेंदों पर 36 रन, 2 चौके और 3 छक्के) शीर्ष स्कोरर रहे।

0Shares

पटना, 11 नवम्बर (हि.स.)। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज राजगीर के राज्य खेल अकादमी एवं बिहार खेल विश्वविद्यालय-सह-राज्य खेल परिसर में आयोजित एशियन महिला हॉकी चैंपियनशिप ट्रॉफी का गुब्बारा उड़ाकर शुभारंभ किया।

इस अवसर पर हॉकी खेल परिसर में सभी प्रतिभागी देशों की राष्ट्र धुन बजायी गयी। इस चैंपियनशीप में 6 देशों भारत, मलेशिया, जापान, कोरिया, चीन और थाईलैंड की महिला हॉकी टीम की खिलाड़ी भाग ले रही हैं। कार्यक्रम में सभी देशों की खिलाड़ी एवं दर्शक काफी उत्साहित एवं रोमांचित दिखे। मुख्यमंत्री ने सभी खिलाड़ियों एवं दर्शकों का हाथ हिलाकर अभिवादन स्वीकार किया। सभी देशों की महिला हॉकी कप्तानों ने मुख्यमंत्री के साथ सामूहिक तस्वीर खिंचवाई।

मुख्यमंत्री ने गैलरी का भी अवलोकन किया। सभी देशों की भाषाओं में पौराणिक राजगीर एवं विकसित बिहार का गैलरी में उल्लेख किया गया है। राज्य खेल अकादमी, गंगा जल आपूर्ति योजना, राजगीर-जू-सफारी, नेचर सफारी, कन्वेंशन सेंटर, मलमास मेला, राजगीर इंटीग्रेटेड बिल्डिंग सहित अन्य कई महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी का भी गैलरी में उल्लेख किया गया है।

मुख्यमंत्री ने राजगीर खेल अकादमी-सह-खेल विश्वविद्यालय परिसर में निर्मित एथलेटिक ट्रैक एवं फुटबॉल मैदान का लोकार्पण किया। लोकार्पण के पश्चात् मुख्यमंत्री ने एथलेटिक ट्रैक एवं फुटबॉल मैदान का निरीक्षण किया। साथ ही राजगीर खेल परिसर में बने बास्केटबॉल ग्राउंड का भी मुख्यमंत्री ने ने मुआयना किया और आवासन एवं अन्य उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली। बिहार खेल विश्वविद्यालय के कार्यालय एवं राज्य खेल अकादमी के प्रशासनिक भवन का भी मुख्यमंत्री ने निरीक्षण किया। इस दौरान रजिस्टार, परीक्षा नियंत्रक एवं कुलपति के कक्ष को भी देखा।

उल्लेखनीय है कि बिहार में पहली बार अंतर्राष्ट्रीय स्तर की ‘बिहार वीमेंस एशियन चैंपियंस ट्रॉफी’ आयोजित हो रही है, जिसमें भारत, चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया और थाईलैंड की महिला हॉकी टीम हिस्सा ले रही हैं। राजगीर खेल परिसर के हॉकी ग्राउंड में 11 नवंबर से 20 नवंबर तक इस प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता खेल विभाग, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, हॉकी इंडिया और एशियन हॉकी फेडरेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की जा रही है। पहली बार बिहार में इस अंतर्राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता का होना बिहार के लिए बहुत गर्व की बात है।

इस टूर्नामेंट में भाग लेनेवाली सभी टीमों और खिलाड़ियों की सुरक्षा, आवासन, स्वागत और सुविधाओं का विशेष प्रबंध किया गया है। प्रतियोगिता में आए हुए खिलाड़ियों को बिहार की गौरवशाली और समृद्ध ऐतिहासिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासतों से अवगत कराने के लिए गया और राजगीर के आसपास की प्रसिद्ध दर्शनीय स्थलों को घुमाने की भी समुचित व्यवस्था की गयी है।

0Shares

गकेबेरहा, 08 नवंबर (हि.स.)। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले जा रहे चार मैचों के टी20 श्रृंखला के दूसरे मुकाबले में आज दक्षिण अफ्रीका ने भारत को तीन विकेट से मात दी है। गकेबेरहा में खेले गए इस मैच में भारत ने दक्षिण अफ्रीका के महज 125 रन का लक्ष्य रखा जिसे मेहमान टीम ने 19 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। अफ्रीकी टीम की जीत के हीरे रहे ट्रिस्टन स्टब्स, जिन्होंने 41 गेंदों में 47 रन की नाबाद पारी खेली और मैन ऑफ द मैच चुने गए।

भारत की ओर से मिले 125 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही। 22 के योग पर पहला विकेट गिरने के बाद टीम लगातार छोटे-छोटे अंतराल पर विकेट गंवाती रही। एक समय 66 रन पर छह विकेट गंवा चुकी टीम संकट में थी। तब ट्रिस्टन स्टब्स ने मोर्चा संभाला और आखिर तक क्रीज पर टीककर टीम को जीत की दहलीज पर ले गए। स्टब्स ने 41 गेंदों में 47 रन की जुझारी पारी खेली। स्टब्स के अलावा, रेजा हेंड्रीक्स ने 24 और गेराल्ट कोट्जे ने 19 रन का योगदान दिया। भारत की ओर से वरुण चक्रवर्ती ने पांच बल्लेबाजों को पवेलिया की राह दिखाई। जबकि रवि बिश्नोई और अर्शदीप सिंह ने एक-एक सफलता मिली।

इससे पहले, टॉस हारकर बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम की शुरुआत भी काफी खराब रही। टीम ने पहले तीन विकेट मात्र 15 रन पर गंवा दिए। हालांकि तिलक वर्मा (20 रन) और अक्षर पटेल (27 रन) की साझेदारी ने थओड़ी उम्मीद जगाई। लेकिन 30 रन की पार्टनरशिप के बाद तिलक वर्मा आउट गए। तब हार्दिक पांड्या ने अक्षर के साथ मिलकर 25 रन जोड़े। तभी अक्षर भी 27 के निजी योग पर पवेलियन लौट गए। आखिर में कुछ अच्छे शॉट लगाकर हार्दिक ने टीम के स्कोर पर 124 रन तक पहुंचाया। दक्षिण अफ्रीका के लिए गेराल्ड कोट्जे, मार्को यानसन, एंडिले सिमलेन, एडन मार्कराम और एनकबायोम्जी पीटर को एक-एक सफलता मिली।

0Shares

कैनबेरा, 10 नवंबर (हि.स.)। ऑस्ट्रेलिया ने पांच मैचों की टेस्ट सीरीज यानी बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के पहले मैच के लिए अपनी टीम का ऐलान कर दिया है। दोनों टीमों के बीच सीरीज की शुरुआत 22 नवंबर से हो रही है। पहला मैच पर्थ में खेला जाएगा।

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने रविवार को पहले टेस्ट के लिए 13 सदस्यीय ऑस्ट्रेलियाई टीम का ऐलान किया। दल में युवा नाथन मैकस्वीनी को शामिल किया गया है। मैकस्वीनी ने हाल ही में भारत-ए के खिलाफ अपनी बल्लेबाजी से प्रभावित किया है। इसके अलावा विकेटकीपर जोश इंगलिस को भी पहली बार टेस्ट टीम में शामिल किया गया है। इनके अलावा बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा, मार्नस लाबुशेन, स्टीव स्मिथ टीम को मजबूती प्रदान करेंगे। इनके अलावा ट्रैविस हेड और मिचेल मार्श तथा विकेटकीपर एलेक्स कैरी शामिल हैं। तेज गेंदबाजों में कप्तान पैट कमिंस, मिचेल स्टार्क और जोश हेजलवुड के साथ स्कॉट बोलैंड शामिल हैं। स्पिन गेंदाबाजी में अनुभवी नाथन लियोन दिखेंगे।

चयनकर्ताओं के अध्यक्ष जॉर्ज बेली का मानना ​​है कि टीम अच्छी तरह से संतुलित है और उनका अनुमान है कि यदि मैकस्वीनी को पदार्पण का मौका मिलता है तो वह अच्छा प्रदर्शन करेंगे। बेली ने कहा कि मैकस्वीनी ने वे गुण प्रदर्शित किए हैं जिनके बारे में हमारा मानना ​​है कि वे टेस्ट क्रिकेट के लिए उन्हें अच्छी तरह तैयार करेंगे। साथ ही घरेलू क्रिकेट में उनका हालिया रिकॉर्ड अच्छा है। उन्होंने कहा, ‘‘इसी तरह, जोश शेफील्ड शील्ड प्रतियोगिता में शानदार फॉर्म में रहे और वह टेस्ट टीम में जगह पाने का हकदार है। उन्होंने कहा कि टीम संतुलित है और एंड्रयू तथा पैट को एक रोमांचक श्रृंखला के लिए आवश्यक विकल्प प्रदान करती है।

पहले टेस्ट के लिए ऑस्ट्रेलिया की टीम: पैट कमिंस (कप्तान), स्कॉट बोलैंड, एलेक्स कैरी, जोश हेजलवुड, ट्रैविस हेड, जोश इंगलिस, उस्मान ख्वाजा, मार्नस लाबुशेन, नाथन लियोन, मिचेल मार्श, नाथन मैकस्वीनी, स्टीव स्मिथ, मिचेल स्टार्क।

0Shares

नई दिल्ली, 3 नवंबर (हि.स.)। सीनियर पुरुष हॉकी राष्ट्रीय चैंपियनशिप का 14वां संस्करण सोमवार को तमिलनाडु के चेन्नई में मेयर राधाकृष्णन हॉकी स्टेडियम में शुरू होने वाला है। 16 नवंबर तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में कुल 31 टीमें हिस्सा लेंगी, जिन्हें आठ पूल में बांटा गया है।

लीग चरण के दौरान, प्रत्येक टीम अपने पूल की हर दूसरी टीम के खिलाफ खेलेगी। प्रत्येक पूल से शीर्ष टीम 13 नवंबर को क्वार्टर फाइनल में पहुंचेगी, उसके बाद 15 नवंबर को सेमीफाइनल और 16 नवंबर को फाइनल और तीसरे/चौथे स्थान के लिए प्ले-ऑफ होगा।

पूल ए में मौजूदा चैंपियन हॉकी पंजाब के साथ दादरा और नगर हवेली और दमन और दीव हॉकी और छत्तीसगढ़ हॉकी शामिल हैं। पूल बी में हॉकी हरियाणा, तेलंगाना हॉकी, हॉकी हिमाचल और हॉकी मिजोरम शामिल हैं।

पूल सी में हॉकी यूनिट ऑफ तमिलनाडु, हॉकी मध्य प्रदेश, हॉकी आंध्र प्रदेश और हॉकी अंडमान और निकोबार शामिल हैं। पूल डी में हॉकी कर्नाटक, हॉकी चंडीगढ़, हॉकी उत्तराखंड और त्रिपुरा हॉकी शामिल हैं। पूल ई में, हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा का मुकाबला ले पुडुचेरी हॉकी, हॉकी राजस्थान और हॉकी अरुणाचल से होगा।

पूल एफ में उत्तर प्रदेश हॉकी, दिल्ली हॉकी, केरल हॉकी और हॉकी जम्मू और कश्मीर शामिल हैं। पूल जी में हॉकी झारखंड, हॉकी महाराष्ट्र, गोवा हॉकी और हॉकी गुजरात शामिल हैं। पूल एच में मणिपुर हॉकी, हॉकी बंगाल, हॉकी बिहार और असम हॉकी शामिल हैं।

टूर्नामेंट की शुरुआत कई मैचों से होगी, जिसमें उत्तर प्रदेश हॉकी बनाम केरल हॉकी और हॉकी कर्नाटक बनाम हॉकी उत्तराखंड जैसे कई रोमांचक मुकाबले शामिल हैं, जो एक रोमांचक चैंपियनशिप के लिए मंच तैयार करते हैं।

हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप तिर्की ने आगामी टूर्नामेंट के लिए अपना उत्साह व्यक्त करते हुए कहा, “हम चेन्नई में 14वीं हॉकी इंडिया सीनियर पुरुष राष्ट्रीय चैंपियनशिप की मेजबानी करके बहुत खुश हैं, यह एक समृद्ध हॉकी विरासत वाला शहर है। यह चैंपियनशिप देश भर से सर्वश्रेष्ठ प्रतिभाओं को प्रदर्शित करने के लिए एक मंच प्रदान करती है और भारतीय हॉकी के भविष्य के सितारों को विकसित करने में एक महत्वपूर्ण आयोजन है। मैं सभी टीमों को शीर्ष सम्मान के लिए प्रतिस्पर्धा करने के लिए शुभकामनाएं देता हूं।”

हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने कहा, “यह चैंपियनशिप उच्च गुणवत्ता वाली हॉकी और गहन प्रतिस्पर्धा का वादा करती है। हमने भागीदारी में जबरदस्त वृद्धि देखी है, और देश के सभी कोनों से उत्साह देखना उत्साहजनक है। मैं कुछ रोमांचक मैचों की प्रतीक्षा कर रहा हूं क्योंकि टीमें प्रतिष्ठित खिताब के लिए प्रतिस्पर्धा करती हैं।”

0Shares

नई दिल्ली, 3 नवंबर (हि.स.)। न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की टेस्ट सीरीज 3-0 से गंवाने के बाद भारत आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) 2023-25 ​​चक्र में दूसरे स्थान पर खिसक गया, जबकि ऑस्ट्रेलिया ने शीर्ष स्थान हासिल कर लिया।

न्यूजीलैंड ने मुंबई में तीसरे और अंतिम टेस्ट को 25 रन से जीतकर पहली बार भारत को उसकी जमीन पर तीन या अधिक टेस्ट मैचों की टेस्ट सीरीज में वाइटवॉश किया।

इस हार के साथ ही, भारत ने विश्व टेस्ट चैंपियनशिप स्टैंडिंग में अपना शीर्ष स्थान खो दिया और दूसरे स्थान पर खिसक गया, साथ ही उनका अंक प्रतिशत 58.33 हो गया, जैसे-जैसे बॉर्डर-गावस्कर श्रृंखला नजदीक आ रही है, ऑस्ट्रेलिया अब 62.50 प्रतिशत अंक प्रतिशत के साथ शीर्ष स्थान पर है। इस बीच, न्यूजीलैंड ने चौथा स्थान फिर से हासिल कर लिया है, जो उसने इस सप्ताह की शुरुआत में दक्षिण अफ्रीका के हाथों बांग्लादेश को हराने के बाद खो दिया था। उनका अंक प्रतिशत 54.55 प्रतिशत है।

0Shares

Chhapra: वीमेंस एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी-2024 का अयोजन 11-20 नवंबर की अवधि में राजगीर में नवनिर्मित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में किया जा रहा है। यह बिहार में खेलों के विकास में अहम साबित होगा।

इस प्रतियोगिता की ट्रॉफी का “गौरव यात्रा” के तहत बिहार राज्य के सभी जिलों में परिभ्रमण कराया जा रहा है। इसी क्रम में गौरव यात्रा के तहत ट्रॉफी का आज सारण जिला मुख्यालय छपरा में आगमन हुआ।

राजेन्द्र स्टेडियम, छपरा में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी अमन समीर, पुलिस अधीक्षक कुमार आशीष, उपविकास आयुक्त यतेंद्र कुमार पाल सहित अन्य पदाधिकारियों एवं खेल प्रेमियों ने इस ट्रॉफी का स्वागत किया तथा इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बने।

इस अवसर पर बिहार के विभिन्न जिलों से राज्यस्तरीय बालिका वुशू प्रतियोगिता के लिये छपरा आयी टीमों के खिलाड़ी भी मौजूद थे। सबों की उपस्थिति में बॉल पासिंग सेरेमनी के साथ इस ऐतिहासिक क्षण का समापन हुआ। इसके बाद ट्रॉफी गौरव यात्रा अपने अगले गंतव्य मुजफ्फरपुर के लिये प्रस्थान हुई।

इस अवसर पर निदेशक डीआरडीए,नजारत उपसमाहर्त्ता, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी,जिला खेल पदाधिकारी, जिला कला संस्कृति पदाधिकारी सहित विभिन्न खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

0Shares

नई दिल्ली, 28 अक्टूबर (हि.स.)। हॉकी इंडिया ने सोमवार को बहुप्रतीक्षित बिहार महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी राजगीर 2024 में प्रतिस्पर्धा करने के लिए पुनर्गठित 18 सदस्यीय भारतीय महिला टीम की घोषणा की है। यह टूर्नामेंट 11 से 20 नवंबर तक बिहार के नव-विकसित राजगीर हॉकी स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा।

पिछले साल रांची में हुए संस्करण में खिताब जीतने के बाद, गत चैंपियन के रूप में भारत उच्च उम्मीदों के साथ प्रतियोगिता में प्रवेश कर रहा है। महाद्वीपीय वर्चस्व की लड़ाई में टीम को मौजूदा ओलंपिक रजत पदक विजेता चीन, जापान, कोरिया, मलेशिया और थाईलैंड सहित पांच अन्य देशों से कड़ी प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ेगा।

भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान सलीमा टेटे होंगी, जबकि नवनीत कौर उनकी डिप्टी होंगी। उनके नेतृत्व में, भारत का लक्ष्य अपने खिताब का बचाव करना है।

टीम के चयन और टूर्नामेंट के लिए भारतीय टीम की तैयारी पर मिडफील्डर और कप्तान सलीमा टेटे ने कहा, “एक और प्रमुख टूर्नामेंट में टीम का नेतृत्व करना एक अविश्वसनीय एहसास है, खासकर गत विजेता के रूप में। हमने कठोर प्रशिक्षण लिया है और हमारे पास अनुभवी खिलाड़ियों और युवा प्रतिभाओं दोनों के साथ एक मजबूत इकाई है। हमारा लक्ष्य अपने खिताब का बचाव करना और उसी जुनून और दृढ़ संकल्प के साथ खेलना है जो हमने पिछले साल दिखाया था।”

इस बीच, उप-कप्तान नवनीत कौर ने कहा, “हमें अपनी तैयारी और टीम के भीतर बनी केमिस्ट्री पर भरोसा है। अपने घरेलू दर्शकों के सामने खेलना एक बहुत बड़ा बढ़ावा है, और हम एशिया की सर्वश्रेष्ठ टीमों से कड़ी प्रतिस्पर्धा का सामना करने के लिए तैयार हैं। सलीमा के साथ काम करना शानदार रहा है, और हम इस टूर्नामेंट को यादगार बनाने के लिए दृढ़ हैं।”

भारत 11 नवंबर को मलेशिया के खिलाफ बिहार महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी राजगीर 2024 अभियान की शुरुआत करेगा।

बिहार महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी राजगीर 2024 के लिए भारतीय टीम इस प्रकार है:

गोलकीपर- सविता, बिचू देवी खारीबाम।

डिफेंडर- उदिता, ज्योति, वैष्णवी विट्ठल फाल्के, सुशीला चानू पुखरबम, इशिका चौधरी।

मिडफील्डर- नेहा, सलीमा टेटे, शर्मिला देवी, मनीषा चौहान, सुनेलिता टोप्पो, लालरेम्सियामी।

फॉरवर्ड्स- नवनीत कौर, प्रीति दुबे, संगीता कुमारी, दीपिका, ब्यूटी डुंगडुंग।

0Shares

पुणे, 26 अक्टूबर (हि.स.)। न्यूजीलैंड ने यहां महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में भारत के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन अपनी दूसरी पारी में 255 रन बनाए। न्यूजीलैंड की कुल बढ़त अब 358 रन की हो गई है और भारत को यह मैच जीतने के लिए अब 359 रन बनाने होंगे। न्यूजीलैंड ने अपनी पहली पारी में 259 रन बनाए थे, जिसके जवाब में भारतीय टीम की पहली पारी केवल 156 रनों पर सिमट गई थी। न्यूजीलैंड ने पहली पारी के आधार पर 103 रनों की बढ़त हासिल की थी।

दूसरी पारी में कप्तान टॉम लैथम ने खेली 86 रनों की शानदार अर्धशतकीय पारी

पहली पारी में 103 रनों की बढ़त हासिल करने के बाद न्यूजीलैंड ने एक टर्निंग विकेट पर दूसरी पारी में भी अच्छी बल्लेबाजी की। दूसरी पारी में न्यूजीलैंड के लिए कप्तान टॉम लैथम ने 86 रनों की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। लैथम के अलावा टॉम ब्लंडेल (41), ग्लेन फिलिप्स (नाबाद 48) और विल यंग (23) ने भी महत्वपूर्ण पारियां खेलीं।

दूसरी पारी में भारत के लिए पहली पारी में शानदार गेंदबाजी करने वाले वाशिंगटन सुंदर ने एक बार फिर बेहतरीन प्रदर्शन किया और 4 विकेट चटकाए, सुंदर के अलावा रवींद्र जडेजा ने 3 और रविचंद्रन अश्विन ने 2 विकेट लिए।

भारत की पहली पारी 156 रनों पर सिमटी, मिचेल सेंटनर ने लिए 7 विकेट

इससे पहले भारतीय टीम की पहली पारी केवल 156 रनों पर सिमट गई। भारत के लिए यशस्वी जायसवाल (30), शुभमन गिल (30), रवींद्र जडेजा (38) और वाशिंगटन सुंदर (नाबाद 18) ही कुछ संभलकर खेल सके। न्यूजीलैंड के लिए मिचेल सेंटनर ने 7, ग्लेन फिलिप्स ने 2 और टिम साउथी ने 1 विकेट लिया।

न्यूजीलैंड ने अपनी पहली पारी में बनाए 259 रन, डेवोन कॉनवे ओर रचिन रवींद्र ने लगाया अर्धशतक

इस मैच में न्यूजीलैंड ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। कप्तान टॉम लैथम और डेवोन कॉनवे ने न्यूजीलैंड को सधी शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 32 रन जोड़े। रविचंद्रन अश्विन ने इसी स्कोर पर लैथम को आउट कर भारत को पहली सफलता दिलाई। लैथमने 15 रन बनाए। अश्विन ने 76 के कुल स्कोर पर विल यंग को आउट कर भारत को दूसरी सफलता दिलाई। यंग ने 18 रन बनाए। इसके बाद कॉनवे और रचिन रवींद्र ने तीसरे विकेट के लिए 62 रनों की साझेदारी की। इस दौरान कॉनवे ने अपना अर्धशतक पूरा किया। 138 के कुल स्कोर पर कॉनवे को अश्विन ने आउट कर भारत को तीसरी सफलता सफलता दिलाई। कॉनवे ने 141 गेंदों पर 11 चौकों की बदौलत 76 रन बनाए।

वाशिंगटन सुंदर का चला जादू

यहां से वाशिंगटन सुंदर ने अपना जादू चलाया और कीवी बल्लेबाजों को अपनी फिरकी पर जमकर नचाया। उन्होंने 197 के स्कोर पर रचिन रवींद्र को आउट कर भारत को चौथी सफलता दिलाई। रवींद्र ने 65 रनों की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। इसके बाद सुंदर ने एक के बाद एक कीवी बल्लेबाजों को पवेलियन भेजना शुरु किया और अंत में मिचेल सेंटनर (33) को 259 के कुल स्कोर पर बोल्ड कर न्यूजीलैंड की पारी समाप्त की। सुंदर ने 23.1 ओवर में 59 रन देकर 7 विकेट लिये, जबकि रविचंद्रन ने 3 विकेट लिए।

भारत ने इस मैच में किये तीन बदलाव

इसके पहले भारत ने इस मैच के लिए अपनी टीम में तीन बदलाव किये, केएल राहुल, कुलदीप यादव और मोहम्मद सिराज को बाहर कर दिया गया और शुभमन गिल वाशिंगटन सुंदर और आकाशदीप को शामिल किया गया।

जबकि न्यूजीलैंड ने भी अपनी टीम में एक बदलाव किया। तेज गेंदबाज मैट हेनरी की जगह स्पिनर मिचेल सैंटनर को टीम में शामिल किया।

0Shares