नई दिल्ली, 22 नवंबर (हि.स.)। मछली पकड़ने वाले भारतीय जहाज मार्थोमा की गोवा के उत्तर-पश्चिम में लगभग 70 समुद्री मील की दूरी पर भारतीय नौसेना की पनडुब्बी से टक्कर हो गई। जहाज में 13 लोग सवार थे।

रक्षा मंत्रालय का कहना है कि भारतीय नौसेना ने छह जहाजों और विमानों के साथ तुरंत खोज और बचाव अभियान शुरू किया। अब तक 11 चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बचाया गया है। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

चालक दल के शेष दो सदस्यों के लिए खोज और बचाव अभियान जारी है। इस संबंध में समुद्री बचाव समन्वय केंद्र मुंबई (एमआरसीसी) के साथ समन्वय किया जा रहा है। क्षेत्र में बचाव प्रयासों को बढ़ाने के लिए तटरक्षक बल सहित अतिरिक्त संसाधनों को भेजा गया है।

0Shares

नई दिल्ली, 20 नवंबर (हि.स.)। महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनाव से जुड़ी मतदान प्रक्रिया आज पूरी हो गई। इसके बाद विभिन्न सर्वे एजेंसियों के एग्जिट पोल सामने आए हैं। इनमें से ज्यादातर महाराष्ट्र में भाजपा के नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन की महाराष्ट्र और भाजपा के ही नेतृत्व वाले एनडीए की झारखंड में जीत के दावे कर रहे हैं।

एग्जिट पोल के महाराष्ट्र से जुड़े सर्वे बता रहे हैं कि 288 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन को 150 के करीब सीटें मिल सकती हैं। झारखंड में 81 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा को बहुमत से जुड़ा 41 का आंकड़ा प्राप्त करने में ज्यादा कठिनाई नहीं होगी।

न्यूज़ 18-मैट्रिक्स के अनुसार महाराष्ट्र में महायुति को 150 से 170, कांग्रेस के नेतृत्व वाले महाविकास आघाड़ी को 110 से 130 और अन्य को 8 से 10 सीटें मिल सकती हैं। न्यूज़-24-चाणक्य के सर्वे के अनुसार महायुति को 150 से 160, आघाड़ी को 130 से 138 और अन्य को 6 से 8 सीटें मिल सकती हैं। पीपुल्स-पल्स के मुताबिक महायुति 175 से 195, आघाड़ी 85 से 112 और अन्य 7 से 12 सीटें ले सकते हैं। इलेक्टोरल-एज के सर्वे में महायुति को 118 और आघाड़ी को 150 तथा अन्य को 20 सीटें दी गई हैं। पी-मार्क ने महायुति को 137-157, आघाड़ी को 126-146, अन्य को दो से आठ वहीं पोल डायरी के मुताबिक क्रमशः 122 से 186, 59 से 121 और 12 से 29 सीटें मिल सकती हैं।

झारखंड में न्यूज़ 18-मैट्रिज के मुताबिक एनडीए को 42-47, इंडी एलायंस को 25 से 30 और अन्य को 1 से 4 सीटें मिल सकती हैं। पीपल-पल्स के मुताबिक एनडीए को 44 से 53, इंडी एलायंस को 25 से 37 और अन्य को 5 से 9 सीटें मिल सकती हैं। जेवीसी के सर्वे के मुताबिक एनडीए को 40 से 44, इंडी एलायंस को 30 से 40 और अन्य को एक सीट मिल सकती है।

0Shares

– दून के सिनर्जी अस्पताल में हैं भर्ती, अब हालत सामान्य
– एमडी बोले, स्वास्थ्य बेहतर होने पर ही करेंगे डिस्चार्ज

देहरादून, 20 नवंबर (हि.स.)। जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य की तबीयत मंगलवार शाम अचानक बिगड़ जाने पर उन्हें प्रयागराज से एयरलिफ्ट कर देहरादून लाया गया। उन्हें देहरादून के सिनर्जी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों की टीम उनका इलाज कर रही है। स्वामी रामभद्राचार्य का चार वर्ष पूर्व ओपन हार्ट सर्जरी हो चुकी है।


सिनर्जी अस्पताल के एमडी कमल गर्ग ने बताया कि मौसम के बदलाव के कारण उन्हें सर्दी-जुखाम की शिकायत थी। चिकित्सकों की टीम उनके स्वास्थ्य की देखभाल कर रही है। हालत सामान्य है। मंगलवार शाम उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया था। स्वास्थ्य बेहतर होने पर ही उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज किया जाएगा। हालांकि अभी सप्ताह भर यानी शनिवार तक उन्हें अस्पताल में ही रखा जाएगा। इससे पहले भी उन्हें श्वांस लेने की दिक्कत होने पर सिनर्जी अस्पताल लाया गया था, तब स्वास्थ्य ठीक होने पर उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया था।

0Shares

नई दिल्ली, 18 नवंबर (हि.स.)। दो राज्यों महाराष्ट्र और झारखंड तथा चार राज्यों की 15 विधानसभा सीटों और महाराष्ट्र की नांदेड़ लोकसभा सीट के लिए 20 नवंबर को मतदान होगा। आज इन सभी सीटों के लिए चुनाव प्रचार थम गया।

महाराष्ट्र, झारखंड और विभिन्न राज्यों में चल रहे चुनाव के दौरान 1000 करोड रुपये से ज्यादा की जब्ती की गई है। महाराष्ट्र, झारखंड में 2019 के मुकाबले इस बार 7 गुना ज्यादा जब्ती की गई है। आयोग ने सख्त निर्देश दिए हैं कि आगामी दो दिनों भी अधिकारी मुस्तैदी के साथ इस तरह के प्रलोभनों पर सख्त नजर बनाए रखें।

चुनाव आयोग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार परिवर्तन एजेंसियों ने 1000 करोड़ रुपये की नकद, शराब, नशीली दवाएं, मुफ्त सामग्री और अन्य प्रलोभनों की जब्ती की है। अकेले महाराष्ट्र और झारखंड से 858 करोड़ रुपये की जब्ती की गई है। यह 2019 के मुकाबले 7 गुना है। 2019 में चुनाव आयोग ने महाराष्ट्र से 103.6 करोड़ और झारखंड से 18.76 करोड़ रुपये की जब्ती की थी।

इस चरण में केरल की पलक्कड़, पंजाब की डेरा बाबा नानक, छब्बेवाल (एससी), गिद्दड़बाहा, बरनाला, उत्तर प्रदेश की मीरापुर, कुंदरकी, गाजियाबाद, खैर (एससी), करहल, शीशामऊ, फूलपुर, कटेहरी और मझवां और उत्तराखंड की केदारनाथ सीट पर उपचुनाव है। इन सभी सीटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

महाराष्ट्र में कांग्रेस, एनसीपी (शरदचन्द्र), शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) गठबंधन में सत्तारूढ़ भाजपा, एनसीपी और शिवसेना गठबंधन के खिलाफ मैदान में है। झारखंड में भाजपा के नेतृत्व में एडीए, सत्तारूढ़ जेएमएम और कांग्रेस गठबंधन को सत्ता से बाहर करने के लिए आमने-सामने है।

महाराष्ट्रः

महाराष्ट्र में निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान कराने की तैयारी चुनाव आयोग पूरी कर ली है। इस चुनाव के लिए स्वतंत्र वातावरण, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए महाराष्ट्र पुलिस द्वारा विभिन्न उपाय किए गए हैं। राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस अधिकारियों और सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।

महाराष्ट्र में 288 सीटों में से 234 सामान्य, 25 अनुसूचित जनजाति और 29 अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है। राज्य में कुल 9.63 करोड़ मतदाता हैं, जिनमें से 20.93 लाख मतदाता पहली बार अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। आयोग ने राज्य विधानसभा के लिए 52,789 स्थानों पर एक लाख से अधिक मतदान केंद्र बनाए हैं।

झारखंडः

झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने कहा है कि विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण की 38 सीटों पर प्रचार अवधि समाप्त हो गयी है। उन्होंने कहा कि 20 नवंबर को स्वतंत्र, निष्पक्ष और भयमुक्त मतदान के लिए पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की गयी है। कुमार ने कहा कि 38 विधानसभा सीटों पर कुल 1.23 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

पंजाबः

पंजाब के मुख्य चुनाव अधिकारी सिबिन सी ने बताया कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करने के लिए पंजाब विधानसभा की 4 सीटों के उपचुनाव की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस संबंध में जानकारी देते हुए मुख्य चुनाव अधिकारी ने बताया कि सुरक्षित और शांतिपूर्ण मतदान के लिए पंजाब पुलिस के 6,481 जवान और अधिकारी तथा केंद्रीय सशस्त्र बलों की 17 कंपनियां तैनात की गई हैं। इसके अलावा 3,868 चुनाव कर्मियों की भी ड्यूटी लगाई गई है।

उन्होंने बताया कि उप चुनाव वाले चार विधान सभा हलकों में से 10-डेरा बाबा नानक विधानसभा क्षेत्र में कुल 1,93,376 मतदाता हैं, जिनके लिए 241 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। वहीं चब्बेवाल (एससी) विधानसभा क्षेत्र में कुल 1,59,432 मतदाता हैं जबकि 205 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 50 संवेदनशील हैं। चुनाव कर्मियों की संख्या 1,044 है। गिद्दड़बाहा विधानसभा क्षेत्र में कुल 1,66,731 मतदाता हैं। यहां 173 मतदान केंद्र हैं, जिनमें 96 संवेदनशील हैं। इस क्षेत्र में चुनाव कर्मियों की संख्या 1,148 है। बरनाला विधानसभा क्षेत्र में कुल 1,77,426 मतदाता हैं। यहां 212 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 37 संवेदनशील हैं। यहां चुनाव कर्मियों की संख्या 975 है।

उत्तर प्रदेशः

मुख्य चुनाव अधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश की नौ विधानसभा सीटों पर हो रहे उपचुनाव के लिए प्रचार का आज ​अंतिम दिन है। आज शाम छह बजे चुनाव प्रचार बंद हो गया है। प्रदेश की नौ सीटों पर 20 नवंबर को वोट डाले जायेंगे।

जिन नौ विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हो रहे हैं उनमें कुंदरकी, करहल, कटेहरी और सीसामऊ सीट सपा के पास रही है। गाजियाबाद, खैर व फूलपुर की सीट भाजपा के पास रही है। मीरापुर रालोद और मंझवा निषाद पार्टी के पास रही है।

0Shares

नई दिल्ली, 16 नवंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आज से तीन देशों का विदेश दौरा शुरू हो रहा है। यह दौरा 21 नवंबर को पूरा होगा। प्रधानमंत्री आज और कल अफ्रीकी देश नाइजीरिया के दौरे पर रहेंगे। इसके बाद ब्राजील पहुंचेंगे। वो ब्राजील में जी-20 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। इसके बाद वो गुयाना जाएंगे।

वो नाइजीरियाई राष्ट्रपति बोला अहमद टीनूबू के निमंत्रण पर वहां पहुंच रहे हैं। हाल ही में विदेश मंत्रालय ने उनके दौरे का विवरण जारी किया था। 17 साल के बाद पहली बार कोई भारतीय प्रधानमंत्री नाइजीरिया पहुंच रहा है। इससे पहले अक्तूबर 2007 में मनमोहन सिंह ने नाइजीरिया की यात्रा की। 17 नवंबर को राष्ट्रपति विला में उनका स्वागत किया जाएगा। इसके बाद वो राष्ट्रपति टीनूबू के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता में द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा की जाएगी।

नाइजीरिया के बाद प्रधानमंत्री मोदी ब्राजील पहुंचेंगे। वह यहां 18 और 19 नवंबर को रहेंगे। प्रधानमंत्री जी-20 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए ब्राजील के रियो डी जनेरियो जाएंगे। इसके अलावा गुयाना के अपने प्रवास (19-21 नवंबर) के दौरान जॉर्जटाउन में दूसरे कैरिकॉम-भारत शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। गुयाना यात्रा इस मायने में खास है क्योंकि किसी भारतीय प्रधानमंत्री की 1968 के बाद यह पहली यात्रा होगी।

रूस में ब्रिक्स की बैठक के एक महीने से भी कम अंतराल बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से ब्राजील में दोबारा मुलाकात हो सकती है। जी-20 सम्मेलन के इतर प्रधानमंत्री मोदी की अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन से भी मुलाकात होगी।

0Shares

वाराणसी, 15 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में देव दीपावली पर्व पर शुक्रवार शाम उत्तर वाहिनी सदानीरा के किनारे देवलोक सरीखा नजारा दिखेगा। आदिकेशव घाट से रविदासघाट तक गंगा के दोनों किनारों पर 20 लाख से अधिक दिए एक साथ जलेंगे तो लोगों को गंगा किनारे ज्योतिगंगा बहने का एहसास होगा। इस क्षण का साक्षी देश के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिं पुरी भी होंगे।

नमोघाट का उद्घाटन कर उपराष्ट्रपति धनखड़ मुख्यमंत्री योगी ​के साथ विशिष्ट क्रूज पर सवार होकर गंगा के मध्य धारा से देव दीपावली का विहंगम नजारा देखेंगे। क्रूज से ही विशिष्ट अतिथि चेतसिंह घाट पर लेजर शो और गंगा उस पार ग्रीन आतिशबाजी भी देखेंगे। इस दौरान गंगा में और आसपास सुरक्षा की अभेद्य किलेबंदी की गई है। क्रूज के आसपास जल पुलिस और एंबुलेंस तैनात रहेगी। वीवीआईपी लोगों की मौजूदगी को देख गंगा में भी सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। नमो घाट से सामने घाट तक गंगा नदी को नौ सेक्टर में बांटा गया है। सुबह से ही 68 मोटरबोट पर 444 जवान गंगा में गश्त कर रहे हैं। इसके अलावा गंगा में 11 एनडीआरएफ की एक वॉटर एंबुलेंस, 20 मोटरबोट में प्राथमिक उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने को कहा है। महापर्व पर गंगा में मछली पकड़ने और चप्पू वाली नावें भी नहीं चलेंगी। नाव और क्रूज के रूट तय किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर गंगा के बीचों बीच फ्लोटिंग डिवाइडर लगाया गया है। देव दीपावली पर गंगा तट पर अपराह्न बाद से लोग पहुंचने लगेंगे। गंगा के पथरीले अर्धचन्द्राकार अस्सी से राजघाट तक फैले घाटों, भवनों को भी आर्कषक विद्युत झालरों से सजाया गया है। प्राचीन दशाश्वमेध, राजेन्द्र प्रसाद घाट, पंचगंगा, राजघाट, नमोघाट, चे​तसिंह घाट, ललिताघाट, अस्सी घाट पर सर्वाधिक भीड़ रहने की संभावना है।

0Shares

नई दिल्ली, 14 नवंबर (हि.स.)। अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरण रिजिजू ने कृष्ण मेनन रोड स्थित अपने निवास स्थान पर ‘वक्फ बिल 2024: रिस्पेक्ट टू इस्लाम एंड गिफ्ट फॉर मुस्लिम्स’ नामक किताब का विमोचन किया। किताब में वक्फ प्रणाली की चुनौतियों को स्पष्ट रूप से दिखाया गया है और वक्फ बिल 2024 में किए गए सुधारों की वकालत की गई है।

पुस्तक में ‘उम्मीद एक्ट’ (यूनाइटेड बफ एक्ट फॉर मैनेजमेंट एंपावरमेंट एफिशिएंसी एंड डेवलपमेंट) की प्रशंसा की गई है। इस एक्ट के जरिए वक्फ संपत्तियों का कुशल प्रबंधन, डिजिटल रिकॉर्ड-कीपिंग और तीसरे पक्ष से ऑडिट की प्रक्रिया का प्रस्ताव रखा गया है। यह बदलाव वक्फ बोर्डों में पारदर्शिता लाने, वक्फ संपत्तियों का अधिकतम उपयोग करने और समाज के सबसे कमजोर वर्गों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से किए गए हैं।

किताब के लेखकों में डॉ. शाहिद अख्तर, डॉ. शालिनी अली, शिराज़ कुरैशी (वकील) और शाहिद सैयद शामिल हैं।

किरण रिजिजू ने इस किताब के विमोचन के दौरान इसे वक्फ सुधार के लिए एक मील का पत्थर करार दिया और कहा कि इस किताब में न केवल वक्फ सुधारों की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं बल्कि यह समाज में न्याय, समानता और समग्र विकास की भावना को भी बढ़ावा देती है।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि वक्फ संपत्तियों का उपयोग शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक कल्याण के लिए किया जाएगा, जो मुस्लिम समुदाय को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

किताब में इस बात पर भी जोर दिया गया है कि वक्फ न केवल एक धार्मिक न्यास है बल्कि यह एक राष्ट्रीय संपत्ति के रूप में काम कर सकता है, जो समावेशी और न्यायपूर्ण विकास को बढ़ावा दे सकता है। रिजिजू ने यह भी कहा कि इस किताब से वक्फ को लेकर जागरूकता बढ़ेगी और वक्फ प्रणाली में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

किरण रिजिजू ने पुस्तक लेखन की प्रेरणा बने मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यह मंच मुस्लिम समुदाय के बीच जागरूकता फैला रहा है, जो समाज में एकता और समरसता को बढ़ावा देने के लिए अत्यंत आवश्यक है।

0Shares

नई दिल्ली, 13 नवंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को बिहार के दरभंगा में लगभग 12,100 करोड़ रुपये की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास और उद्घाटन किया। इनमें दरभंगा एम्स सहित स्वास्थ्य, सड़क, रेल एवं ऊर्जा क्षेत्र की 25 परियोजनाएं शामिल हैं।

प्रधानमंत्री ने दरभंगा में आयोजित जनसभा में कहा कि हमारी सरकार हमेशा देश के लोगों के विकास के लिए खड़ी है। हमने एक ही कार्यक्रम में 12,100 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का शिलान्यास और उद्घाटन किया है। उन्होंने कहा कि बिहार में खूब विकास हो रहा है। एनडीए सरकार लोगों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।

पड़ोसी राज्य झारखंड में आज विधानसभा चुनाव के लिए पहले चरण के मतदान का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि झारखंड के लोग ‘विकसित झारखंड’ के सपने को पूरा करने के लिए वोट डाल रहे हैं। उन्होंने झारखंड के सभी मतदाताओं से आग्रह किया कि ज्यादा से ज्यादा संख्या में मतदान में हिस्सा लें।

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में प्रतिष्ठित लोक गायिका स्वर्गीय शारदा सिन्हा को भी याद किया। उन्होंने कहा कि महापर्व छठ की महिमा को जिस तरह शारदा सिन्हा ने अपने गीतों से पूरी दुनिया में पहुंचाया वह अद्भुत है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार, देश में स्वास्थ्य को लेकर होलिस्टिक अप्रोच के साथ काम कर रही है। पहला फोकस, बीमारी से बचाव पर है। दूसरा फोकस, बीमारी की सही तरीके से जांच पर है। तीसरा फोकस है लोगों को मुफ्त और सस्ता इलाज मिले, उन्हें सस्ती दवाएं मिलें। चौथा फोकस है छोटे शहरों में भी इलाज की बेहतरीन सुविधाएं पहुंचाना, देश में डॉक्टरों की कमी को दूर करना। पांचवां फोकस है स्वास्थ्य सेवाओं में टेक्नॉलजी का विस्तार करना।

उन्होंने कहा कि दरभंगा एम्स के निर्माण से बिहार के स्वास्थ्य क्षेत्र में बहुत बड़ा परिवर्तन आएगा। इससे मिथिला, कोसी और तिरहुत क्षेत्र के अलावा पश्चिम बंगाल और आसपास के कई क्षेत्रों के लोगों को सुविधा होगी। नेपाल से आने वाले मरीज भी इस एम्स में इलाज करा सकेंगे। एम्स से यहां रोजगार और स्वरोजगार के अनेक अवसर बनेंगे।

उन्होंने कहा कि ‘आयुष्मान भारत योजना’ से देश में करीब चार करोड़ लोगों का इलाज हो चुका है। अगर आयुष्मान भारत योजना न होती तो इनमें से ज्यादातर लोग अस्पताल में भर्ती ही नहीं हो पाते। प्रधानमंत्री ने कहा कि आयुष्मान योजना से करोड़ों परिवारों को करीब सवा लाख करोड़ रुपये की बचत हुई है।

देश में एम्स की संख्या नहीं बढ़ाने को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा कि आजादी के 60 सालों तक देश में एक ही एम्स था। ऐसे में किसी भी बीमारी से पीड़ित हर व्यक्ति को एम्स, दिल्ली जाना पड़ता था। हमारी सरकार ने देश के कई हिस्सों में नए एम्स अस्पताल स्थापित किए। आज देश में 24 एम्स अस्पताल हैं। हमारी सरकार ने तय किया कि कोई भी व्यक्ति अपनी मातृभाषा में चिकित्सा की शिक्षा प्राप्त कर सकता है और डॉक्टर बन सकता है। एक तरह से ये काम कर्पूरी ठाकुर को सबसे बड़ी श्रद्धांजलि है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पिछले 10 साल में हमने मेडिकल की एक लाख नई सीटें जोड़ी हैं और अगले पांच वर्षों में देश में 75 हजार नई मेडिकल सीटें जोड़ेंगे। हमारी सरकार ने एक और बड़ा फैसला लिया है, जिसका बिहार के युवाओं को भी लाभ होगा। हम जल्द ही हिंदी और अन्य भारतीय भाषाओं में मेडिकल की शिक्षा का विकल्प प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि मुजफ्फरनगर में स्थापित किए जा रहे कैंसर अस्पताल से मरीजों को लाभ होगा, क्योंकि उन्हें राज्य में ही बेहतर इलाज मिलेगा और उन्हें राज्य से बाहर नहीं जाना पड़ेगा। बिहार को एक बड़ा नेत्र अस्पताल भी मिलेगा।

बिहार को देश की विरासत का एक बड़ा केंद्र बताते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि इस विरासत को बचाए रखना हमारी जिम्मेदारी है। इसी के तहत एनडीए सरकार ‘विकास भी और विरासत भी’ के मंत्र के साथ काम कर रही है। आज नालंदा विश्वविद्यालय अपने पुराने गौरव को पाने की राह पर है।

0Shares

-80 टन से अधिक प्लास्टिक समेत मशीनरी खाक, फायर का मेजर कॉल

वलसाड, 10 नवंबर (हि.स.)। वलसाड की उमरगाम जीआईडीसी की थर्ड फेज स्थित क्लियर प्लास्ट कंपनी में शनिवार देर रात भीषण आग लग गई। हालांकि घटना में वहां काम कर रहे दो कर्मचारी सुरक्षित निकल गए। कंपनी में रखा गया 80 टन से अधिक प्लास्टिक समेत मशीनरी खाक हो गई है। फायर ब्रिगेड ने इसे मेजर कॉल घोषित करते हुए 8 टीमों की मदद से घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

वलसााड की प्लास्टिक बैग बनाने की कंपनी में आग लगने के बाद वहां तैनात सिक्युरिटी गार्ड और अन्य 2 कर्मचारियों ने अलर्ट जारी करते हुए फायर एक्सटिग्यूसर की सहायता से आग पर काबू पाने का प्रयास किया। कंपनी में प्लास्टिक के समान होने से आग तेजी से फैलते हुए तुरंत बेकाबू हो गई। फायर ब्रिगेड को जानकारी मिलते ही 8 टीम मौके पर पहुंच गई और टीम सदस्यों ने फायर फाइटिंग शुरू किया। आग के विकराल रूप को देखते हुए कंपनी के कर्मचारी सुरक्षित रूप वे बाहर आ गए।

कंपनी के संचालक राजूभाई ने बताया कि शनिवार नाइट शिफ्ट में 2 कर्मचारी काम कर रहे थे। कंपनी के पास आर्डर कम होने से कम कर्मचारियों को नाइट शिफ्ट में रखा गया था। गेट पर एक सिक्युरिटी गार्ड ड्यूटी दे रहा था। राजभाई ने बताया कि बगल की कंपनी में वेल्डिंग का काम चल रहा था। कंपनी की ओर से बगल की कंपनी को बार-बार चेताया गया था कि उनकी कंपनी में प्लास्टिक का बड़ा जत्था रखा गया है, इसलिए वे सावधानी के साथ काम करें। उन्होंने आशंका जताई कि संभवत: वेल्डिंग की चिंगारी से आग लगी होगी। फिलहाल घटनास्थल पर एफएसएल की टीम आग लगने के कारणों का पता करने में जुटी है।

0Shares

श्रीनगर, 10 नवंबर (हि.स.)। श्रीनगर के जबरवान के जंगलों में आतंकवादियों और सुरक्षाबलों के बीच रविवार सुबह मुठभेड़ शुरू हो गई है। इलाके में कम से कम तीन आतंकवादियों की मौजूदगी की जानकारी है।

पुलिस के एक शीर्ष पुलिस अधिकारी ने बताया कि देर रात सुरक्षबलों की संयुक्त टीम ने इलाके में आतंकवादियों की मौजूदगी की विशेष सूचना पर घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया।

सुबह सुरक्षाबलों का आतंकवादियों के साथ सामना हुआ। दाचीगाम और निशात इलाके के ऊपरी इलाकों को जोड़ने वाले वन क्षेत्र में सुबह करीब 9 बजे गोलीबारी शुरू हुई। उन्होंने बताया कि दो से तीन विदेशी आतंकवादी क्षेत्र में मौजूद हैं और भारी गोलीबारी चल रही है।

 

Srinagar: Encounter between security forces and terrorists in the forests of Jabarwan.
0Shares

– बस में सवार यात्री छठ पूजन के लिए जा रहे बिहार जाने के लिए निकले थे
– बस में सवार थे तीन दर्जन से अधिक लोग, मौके से भागे बस चालक-परिचालक

हाथरस, 04 नवंबर (हि. स.)। छठ महापर्व के चलते बिहार जाने के लिए नोएडा से आगरा के रेलवे स्टेशन पर जा रहे लोगों से भरी स्लीपर कोच की डबल डेकर बस में रविवार की रात हाथरस जिले से गुजरते हुए यमुना एक्सप्रेसवे पर आग का गोला बन गई।

निजी बस के इंजन से धुआं उठते ही चालक ने ब्रेक लगा दिए। आग फैलने से पहले ही सभी यात्री सामान लेकर बाहर निकल गए और जन बच गई। यमुना एक्सप्रेसवे पर बस में लगी आग का यह नजारा देख हर कोई दंग रह गया। उठतीं लपटें दूर तक दिख रही थीं।

दमकल आने से पहले ही पूरी बस जल गई। करीब एक घंटा बाद आग पर काबू पाया जा सका। नंबर प्लेट से लेकर सीट आदि कुछ नहीं बचा। मौके से चालक-परिचालक भाग गए। बस किस ट्रैवल्स की है यह जानने के प्रयास में पुलिस जुटी हुई है। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है।

एक टूरिस्ट डबल डेकर बस में तीन दर्जन से ज्यादा यात्री सवार थे और यह सभी लोग बिहार जाने के लिए निकले थे। जो नोएडा में रहकर अलग-अलग कंपनियों में काम करते हैं। इनके कुछ साथी आगरा में भी रहते हैं।

इसके चलते सभी ने आगरा फोर्ट से ट्रेन से एक साथ बिहार जाने की योजना बनाई थी। इसी के अनुसार ट्रेन में सीट आरक्षित कराई गई थी। रविवार दोपहर नोएडा से टूरिस्ट बस आगरा जाने के लिए करीब 40 लोग नोएडा से लेकर रवाना हुई।

रात करीब 8:00 बजे वोल्वो स्लीपर कोच बस यमुना एक्सप्रेस वे पर माइलस्टोन 143 सादाबाद क्षेत्र के गांव मिढ़ावली के निकट पहुंची, तभी इंजन से धुआं उठने लगा। अन्य वाहन चालकों ने इसकी जानकारी बस चालक को दी। तब तक धुआं बस के अंदर नजर आने लगा। यह देख यात्री घबरा गए। बस में चीख पुकार मच गई।

चालक ने तत्काल बस रोक दी। सभी यात्री आनन फानन अपना सामान लेकर बस से उतर गये। तभी आग की लपटें तेजी से उठने लगी। यह नजारा देख आसपास तमाम वाहन रुक गए।

लोग वाहनों को रोक कर यह नजारा देखने लगे। इस सूचना पर यमुना एक्सप्रेसवे वे की पेट्रोलिंग टीम, कोतवाली पुलिस घटना स्थल पर पहुंच गई। कुछ देर में ही फायर ब्रिगेड की गाड़ी घटनास्थल पर पहुंची। तब तक बस आग का गोला बन चुकी थी।

कुछ देर बाद मथुरा से भी फायर ब्रिगेड की गाड़ी आग पर नियंत्रण पाने के लिए पहुंची, लेकिन तब तक पूरी बस जलकर खाक हो चुकी थी। बाद में हाथरस से भी फायर ब्रिगेड की गाड़ियां हाईवे पर पहुंच गई। आग पर नियंत्रण पाने के बाद पुलिस ने यमुना एक्सप्रेस पर अन्य वाहनों की कतारों को आगरा रवाना किया। बस में बच्चे, महिलाएं भी सवार थी।

सीओ हिमांशु माथुर ने बताया कि बस में शॉर्ट सर्किट से आग लगी थी। चालक और परिचालक बस छोड़कर मौके से फरार हो गए। यात्री अपने सामान के साथ सुरक्षित बाहर निकल गए थे। किसी को कोई चोट नहीं आई है। यात्रियों का कोई नुकसान नहीं हुआ है। अधिकतर लोग बिहार के रहने वाले हैं, जो नोएडा से आगरा आ रहे थे। बस किस ट्रेवल्स की है, इसकी जानकारी की जा रही है।

0Shares

नई दिल्ली, 01 नवंबर (हि.स.)। छठ पर उत्तर प्रदेश और बिहार की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए उत्तर रेलवे 2 नवंबर को 71 विशेष रेलगाड़ियां का संचालन करेगा। इनमें से 41 विशेष रेलगाड़ियां दिल्ली के प्रमुख स्टेशनों से बनकर चलेंगी।

उत्तर रेलवे ने शुक्रवार को कहा कि त्योहारों के अवसर पर भारतीय रेलवे द्वारा 7,296 विशेष गाड़ियां चलाई जा रही हैं, जबकि पिछले साल 4,500 विशेष गाड़ियां चलाई गई थीं। भारतीय रेल ने छठ पर्व के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है।

दिल्ली के प्रमुख स्टेशनों से बनकर चलने वाली 41 विशेष रेलागड़ियों में से सबसे अधिक 14 ट्रेन नई दिल्ली से चलेंगी। इसके बाद आनंद विहार से 12, दिल्ली जंक्शन से 8, हजरत निजामुद्दीन से 6 और दिल्ली छावनी से 1 ट्रेन शामिल है।

नई दिल्ली से चलने वाली 14 रेलगाड़ियाें में प्रमुख हैं- रेलगाड़ी संख्या 04070 नई दिल्ली से 00.20 बजे रवाना होगी और राजगीर 21 बजे पहुंचेगी। रेलगाड़ी संख्या 04054 नई दिल्ली से 14.20 बजे रवाना होगी और बरौनी जंक्शन 11 बजे पहुंचेगी। रेलगाड़ी संख्या 02248 नई दिल्ली से 0825 बजे रवाना होगी और पटना जंक्शन पर 20.30 बजे पहुंचेगी। रेलगाड़ी संख्या 04036 नई दिल्ली से 12 बजे रवाना होगी और भागलपुर जंक्शन पर 10 बजे पहुंचेगी। रेलगाड़ी संख्या 02564 नई दिल्ली से 17.55 बजे रवाना होगी और बरौनी जंक्शन पर 15.10 बजे पहुंचेगी। रेलगाड़ी संख्या 02570 नई दिल्ली से 12.15 बजे रवाना होगी और दरभंगा जंक्शन 10 बजे पहुंचेगी।

आनंद विहार से चलने वाली 12 रेलगाड़ियां में प्रमुख हैं- रेलगाड़ी संख्या 04032 आनन्द विहार टर्मिनल से 5.15 बजे रवाना होगी और सहरसा जंक्शन पर 10.30 बजे पहुंचेगी। रेलगाड़ी संख्या 04044 आनन्द विहार टर्मिनल से 23.15 बजे रवाना होगी और गोरखपुर जंक्शन 14 बजे पहुंचेगी। रेलगाड़ी संख्या 03576 आनन्द विहार टर्मिनल से 10.15 बजे रवाना होगी और आसनसोल जंक्शन 10.20 बजे पहुंचेगी। रेलगाड़ी संख्या 05220 आनन्द विहार टर्मिनल से 8 बजे रवाना होगी और मुज़फ़्फ़रपुर जंक्शन पर 00.45 बजे पहुंचेगी।

रेलगाड़ी संख्या 04080 दिल्ली जंक्शन से 19.30 बजे रवाना होकर वाराणसी जंक्शन 9.45 बजे पहुंचेगी। रेलगाड़ी संख्या 02418 दिल्ली जंक्शन से 09.30 बजे रवाना होगी और प्रयागराज जंक्शन 19.45 बजे पहुंचेगी। रेलगाड़ी संख्या 04034 दिल्ली जंक्शन से 23.45 बजे रवाना होकर जयनगर 23 बजे पहुंचेगी।

0Shares