नई दिल्ली, 20 जुलाई (हि.स.)। विपक्ष ने आरोप लगाया है कि केन्द्र सरकार मणिपुर में हुई हिंसा के मुद्दे पर सदन में चर्चा नहीं चाहती है।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने गुरुवार को विपक्षी दलों की ओर से आयोजित संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि विपक्ष का संयुक्त गठबंधन ‘इंडिया’ के 26 राजनीतिक दलों ने मणिपुर हिंसा पर चर्चा के लिए संसद के दोनों सदनों में अनुरोध किया था। इसके बावजूद केन्द्र सरकार ने इस मुद्दे को नजरअंदाज कर दिया। जयराम रमेश ने कहा कि हम चाहते थे कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस मुद्दे पर सदन में अपनी बात रखें लेकिन सरकार हमारी (विपक्ष की) बात सुनने को तैयार नहीं है।

उल्लेखनीय है कि मणिपुर में मैतेई समुदाय को एसटी श्रेणी में शामिल किए जाने की मांग के विरोध में तीन मई को रैली का आयोजन हुआ था। ऑल ट्राइबल स्टूडेंट्स यूनियन मणिपुर ने इस रैली का आयोजन किया था। रैली के दौरान हिंसा भड़क गई थी। अभी तक इस हिंसा में 100 से अधिक लोगों के मारे जाने की खबर है। मणिपुर में दो महिलाओं को निर्वस्त्र घुमाए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने को लेकर भी विपक्ष ने मोदी सरकार पर निशाना साधा है। हालांकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस घटना की निंदा की है। उन्होंने सभी राज्य सरकारों से ऐसे मुद्दों पर सख्त से सख्त कार्रवाई करने को कहा है।

0Shares

नई दिल्ली, 18 जुलाई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को एनडीए घटक दलों की बैठक में कहा कि एनडीए का मतलब न्यू इंडिया, डेवलपमेंट और एस्पिरेशन है। उन्होंने कहा कि आज युवा, महिलाएं, मध्यम वर्ग, दलित और वंचित एनडीए पर विश्वास करते हैं।

विपक्षी एकता पर प्रधानमंत्री ने कहा कि नकारात्मकता के साथ बने गठबंधन कभी सफल नहीं हो पाए। उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 90 के दशक में देश में अस्थिरता लाने के लिए गठबंधन का इस्तेमाल किया। कांग्रेस ने सरकारें बनाई और सरकारें बिगाड़ी।

उन्होंने कहा कि एनडीए का गठन देश में स्थिरता लाने के लिए किया गया था। जब देश में एक स्थिर सरकार होती है तब देश निर्णायक निर्णय लेता है और उससे देश को प्रगति की दिशा मिलती है।

एनडीए के गठन के उद्देश्यों की चर्चा करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि इसका गठन देश में स्थिरता लाने के लिए हुआ था। उन्होंने कहा कि 1988 में एनडीए का गठन हुआ था। इसका लक्ष्य केवल सरकार बनाना है, सत्ता हासिल करना नहीं था। यह किसी के विरोध में या किसी को सत्ता से हटाने के लिए नहीं बना था। एनडीए जब विपक्ष में रहा है तब भी उसने सकारात्मक राजनीति की है और कभी नकारात्मक राजनीति नहीं की। हमेशा लोकतंत्र को मजबूत कर अपने कर्तव्यों का पालन किया है।

वहीं विपक्ष पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि जब गठबंधन सत्ता की मजबूरी का हो, जब गठबंधन भ्रष्टाचार की नीयत से हो, जब गठबंधन परिवारवाद की नीति पर आधारित हो, जब गठबंधन जातिवाद और क्षेत्रवाद को ध्यान में रखकर किया गया हो तो वो गठबंधन देश का बहुत नुकसान करता है।

उन्होंने आगे कहा कि हमने कभी जनादेश का अपमान नहीं किया। हमने सरकारों का विरोध नहीं किया और कभी भी विदेशों से मदद नहीं मांगी। हम विपक्ष में रहे लेकिन देश के विकास में रोड़े नहीं अटकाये और ना ही रुकावट बने।

विपक्ष के अंदर विरोधाभास का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि आज विपक्षी पार्टियां अपने कार्यकर्ताओं से कह रही हैं कि जिनका वे विरोध करते आए हैं अब उनका स्वागत सत्कार करें। उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि केरल में कांग्रेस और कम्युनिस्ट आमने-सामने हैं जबकि बेंगलुरु में यह साथ बैठक कर रहे हैं । बंगाल में कांग्रेस और वामपंथी कार्यकर्ताओं को मारा जा रहा है। लेकिन ये पार्टियां चुप बैठी हैं।

एनडीए की बैठक में भाजपा के वरिष्ठ नेता ने कहा कि एनडीए ने अपने 25 वर्ष पूरे कर लिए हैं। इन 25 वर्षों के दौरान विकास और क्षेत्रीय आकांक्षाएं पूरी करने का प्रयास किया गया है। इसका अर्थ है कि राज्यों का विकास कर देश का विकास करना।

पिछली गठबंधन सरकारों से तुलना करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि उस समय प्रधानमंत्री के ऊपर भी एक आला कमान होता था। पॉलिसी पैरालाइसिस, निर्णय लेने में अक्षमता, अव्यवस्था और अविश्वास, खींचतान और भ्रष्टाचार, लाखों करोड़ों के घोटाले थे। वर्तमान में लोगों को सशक्त बनाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी जा रही। इसी के चलते 2015-16 में नीति आयोग की रिपोर्ट के मुताबिक 13.5 करोड़ लोगों को गरीबी से ऊपर उठाया गया।

एनडीए गठबंधन के गुणों की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि यह दवाब नहीं बल्कि सहयोग पर केंद्रित है। इसमें कोई बड़ा या छोटा सहयोगी नहीं है। एनडीए सामाजिक न्याय के मार्ग पर चलती हुए महात्मा गांधी, बाबा साहब अंबेडकर और राम मनोहर लोहिया के दिखाए मार्ग पर चल रहा है।

उन्होंने कहा कि राजनीति में प्रतिस्पर्धा हो सकती है लेकिन शत्रुता नहीं। दुर्भाग्य से आज विपक्ष ने हमें गाली देना ही अपनी पहचान बना ली है। हमने हमेशा भारत को सभी राजनीतिक हितों से ऊपर रखा। यह एनडीए सरकार ही है जिसने प्रणब दा को भारत रत्न से सम्मानित किया। एनडीए ने शरद पवार, मुलायम सिंह यादव, गुलाम नबी आजाद, मुजफ्फर बेग और कई अन्य नेताओं को भी पद्म पुरस्कार से सम्मानित किया जो भाजपा-एनडीए के साथ नहीं थे। हमने हमेशा भारत को सभी राजनीतिक हितों से ऊपर रखा।

0Shares

नई दिल्ली, 18 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विरुद्ध एकत्र हुए 26 दलों ने विपक्षी गठबंधन का नाम इंडियन नेशनल डेमोक्रेटिक इंक्लूसिव एलायंस (इंडिया) रखा है। इसकी जानकारी राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) ने मंगलवार को ट्वीट कर दी। आरजेडी ने कहा कि विपक्षी दलों का गठबंधन भारत का प्रतिबिंब है। अब भाजपा को इंडिया कहने में भी पीड़ा होगी।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा को हराने के लिए 26 विपक्षी दल साथ आए हैं। विपक्षी एकता को मजबूत करने के उद्देश्य से इन दलों ने पहले पटना में बैठक की और आज बेंगलुरु में बैठक कर रहे हैं।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि विपक्षी एकता से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) भयभीत है। इसीलिए भाजपा अध्यक्ष और उनके नेता अपने पुराने सहयोगियों से समझौता करने के लिए एक राज्य से दूसरे राज्य की दौड़ लगा रहे हैं। हमारी एकता से वह डर गए हैं। खड़गे ने कहा कि हमारी एकता को देखकर भाजपा ने 30 पार्टियों की बैठक बुलाई है। पहले वे अपने गठबंधन की बात तक नहीं करते थे।

कांग्रेस अध्यक्ष ने मंगलवार को बेंगलुरु में विपक्षी पार्टियों की बैठक के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें खुशी है कि बेंगलुरु में 26 पार्टियां एकजुट होकर काम करने के लिए मौजूद हैं। हम सब मिलकर आज 11 राज्यों में सरकार में हैं। खड़गे ने कहा कि भाजपा को अकेले 303 सीटें नहीं मिलीं। उसने अपने सहयोगियों के वोटों का इस्तेमाल किया और सत्ता में आई और फिर उन्हें त्याग दिया। इस बैठक में हमारा इरादा अपने लिए सत्ता हासिल करना नहीं है बल्कि लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता और सामाजिक न्याय की रक्षा करना है। खड़गे ने कहा है कि आगामी दिनों में 11 लोगों की एक कार्यसमिति बनाई जाएगी। यह समिति आगे की रूपरेखा तैयार करेगी।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि देश इस समय सुरक्षित नहीं है। हम (विपक्षी दल) मिलकर देश के लोकतंत्र की रक्षा करेंगे। हम जीतेंगे तो देश जीतेगा, हमारी इंडिया जीतेगी और भाजपा हारेगी। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मोदी सरकार बीते 09 वर्षों में कुछ नहीं किया। आज देश की अर्थव्यवस्था संकट के दौर से गुजर रही है। देश का हर व्यक्ति मोदी सरकार से दुखी है। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा कि हम सभी विपक्षी दल तानाशाही के खिलाफ एकत्र हुए हैं। हम अगली बैठक महाराष्ट्र में करेंगे।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि आज की बैठक में बहुत से मुद्दों पर बात हुई है। राहुल ने कहा कि यह लड़ाई पक्ष-विपक्ष की नहीं है। ये लड़ाई देश की आवाज के लिए है, जिसे कुचला जा रहा है। हमारी एलाइंस का नाम इंडिया है। जो इंडिया के सामने खड़ा होगा उसकी हार तय होगी। हमारी अगली बैठक महाराष्ट्र में होगी। हम सभी दल मिलकर एक एक्शन प्लान तैयार करेंगे।

0Shares

उदयपुर, 17 जुलाई (हि.स.)। उदयपुर से उड़ान भरने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट को अचानक फिर से उतारना पड़ा।

दरअसल, उदयपुर से दिल्ली जा रही फ्लाइट में यात्री का मोबाइल बहुत गर्म हो गया, तो उसने पायलट को इसकी जानकारी दी। विमान टेकऑफ होने ही वाला था, उससे पहले आनन-फानन में पायलट ने फ्लाइट को रोक दिया। विमान में करीब 140 यात्री सवार थे। सभी सकुशल हैं। हालांकि इस बीच एक यात्री की तबीयत भी खराब हो गई, जिसके कारण वह उदयपुर में ही उतर गया।

मामला उदयपुर के महाराणा प्रताप हवाई अड्डे से दोपहर में फ्लाइट 470 का है। विमान को रोकने के बाद तकनीकी जांच की गई। जांच पूरी होने के बाद विमान ने वापस दिल्ली के लिए उड़ान भरी। डबोक एयरपोर्ट के डायरेक्टर योगेश नगाइच के अनुसार विमान को आखिरी मौके पर रुकवाया गया था।

इससे पहले मीडिया में जानकारी आई थी कि मोबाइल फटने के कारण विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई, लेकिन एयरपोर्ट अथॉरिटी ने इस तरह की किसी घटना से इनकार किया है।

0Shares

बेंगलुरु: केरल के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता ओमन चांडी (79) का मंगलवार तड़के यहां निधन हो गया। गले के कैंसर से जूझ रहे चांडी ने बेंगलुरु के एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके बेटे के अलावा केरल कांग्रेस के अध्यक्ष के सुधाकरन ने आज सुबह ट्वीट कर यह दुखद सूचना साझा की। वह लंबे समय से बीमार थे।

सुधाकरन ने ट्वीट में चांडी के निधन पर दुख व्यक्ति किया। उन्होंने कहा दिवंगत नेता की विरासत हमेशा हमारी आत्माओं में गूंजती रहेगी। वह हमारे सबसे प्रिय नेता रहे हैं। कांग्रेस परिवार उनके नेतृत्व और ऊर्जा को याद करेगा।

ओमन चांडी ने दो बार केरल की कमान संभाली। वह 2004-06 और 2011-16 तक केरल के मुख्यमंत्री रहे। कांग्रेस नेता चांडी 27 साल की उम्र में 1970 में विधायक बने। वह लगातार 11 चुनाव जीते। चांडी ने पिछले पांच दशकों में केवल अपने गृह निर्वाचन क्षेत्र पुथुप्पल्ली का प्रतिनिधित्व किया।

साल 2022 में वह 18,728 दिन तक सदन में पुथुपल्ली का प्रतिनिधित्व करके राज्य विधानसभा के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले सदस्य बन गए। उन्होंने केरल कांग्रेस (एम) के पूर्व प्रमुख दिवंगत केएम मणि के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। चांडी ने अपने राजनीतिक जीवन में चार बार विभिन्न मंत्रिमंडलों में मंत्री और चार बार नेता विपक्ष के रूप में कार्य किया है।

0Shares

मृतकों के आश्रितों को चार-चार लाख रुपये अनुग्रह अनुदान देने का निर्देश

पटना, 14 जुलाई (हि.स.)। बिहार के छह जिलों में वज्रपात से शुक्रवार को नौ लोगों की मौत हो गई। आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार वज्रपात से अरवल में 03, रोहतास में 02, मुजफ्फरपुर में 01, बांका 01, पूर्वी चम्पारण में 01 एवं नालंदा में 01 व्यक्ति की मौत हुई है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वज्रपात से नौ लोगों की मौत पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में वे प्रभावित परिवारों के साथ हैं। उन्होंने अविलंब मृतक के परिजनों को चार-चार लाख रुपये अनुग्रह अनुदान देने के निर्देश दिये हैं। मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की है कि सभी लोग खराब मौसम में पूरी सतर्कता बरतें। खराब मौसम होने पर वज्रपात से बचाव के लिए आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा समय-समय पर जारी किये गये सुझावों का अनुपालन करें। खराब मौसम में घरों में रहें और सुरक्षित रहें।

0Shares

नई दिल्ली: चंद्रयान-3 मिशन को लॉन्च करने की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने चंद्रयान-3 के लिए लॉन्च की तैयारी पूरी कर ली है। चंद्रयान 3 आज श्रीहरिकोटा से दोपहर 2:35 बजे लॉन्च किया जाएगा। 

इसरो के अनुसार मिशन चंद्रयान-3 को 14 जुलाई को श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से लॉन्च किया जाएगा। इसके लैंडर के चंद्रमा की सतह पर 23 या 24 अगस्त को ‘सॉफ्ट लैंडिंग’ करने की उम्मीद है। चंद्रयान-3 मिशन चंद्रयान-2 का अनुवर्ती मिशन है, जिसके चंद्र सतह पर सुरक्षित लैंडिंग और घूमने की संपूर्ण क्षमता प्रदर्शित करने की उम्मीद है।

चंद्रयान-2 मिशन के दौरान लैंडर के ‘सॉफ्ट लैंडिंग’ करने में सफलता नहीं मिल पाई थी और इस लिहाज से चंद्रयान-3 मिशन को भारत के लिए काफी अहम माना जा रहा है। मिशन सफल रहा तो चांद पर सॉफ्ट लैंडिंग करने वाला भारत विश्व का चौथा देश बन जाएगा।

0Shares

भोपाल, 13 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में ऑनलाइन एप के जाल में फंसे एक युवक ने पत्नी व दो बच्चों के साथ आत्महत्या कर ली। दंपति ने पहले अपने दो बेटों को जहर देकर मार डाला, फिर दोनों ने फांसी लगा ली। गुरुवार सुबह दंपति के शव घर में फांसी के फंदे पर लटके मिले, जबकि दोनों बेटों के शव घर में पड़े हुए थे। पुलिस को मौके से सुसाइड नोट भी मिला है। इसमें कर्ज का जिक्र किया गया है। परिवार द्वारा की गई इस आत्महत्या की घटना ने पूरे प्रदेश को हिलाकर रख दिया है।

पुलिस के अनुसार रातीबड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत शिव विहार कॉलोनी में रहने वाले भूपेंद्र विश्वकर्मा (38) कोलंबिया बेस्ड एक कंपनी में ऑनलाइन जॉब करते थे। भूपेंद्र पर काम का दबाव और कर्जा था। कंपनी ने उनका लैपटॉप हैक कर उसमें मिले कॉन्टैक्ट पर एडिटेड अश्लील वीडियो वायरल कर दिए थे। इससे परेशान भूपेंद्र विश्वकर्मा और उनकी पत्नी रितु (35) ने पहले बच्चे ऋतुराज (9) व ऋषिराज (3) को कोल्ड ड्रिंक में जहर दिया, फिर बगल में बैठकर उनके मरने का इंतजार किया। बच्चों के मरने की पुष्टि होने पर दोनों ने एक साथ फांसी लगा ली।

पुलिस के अनुसार, भूपेंद्र विश्वकर्मा एक ऑनलाइन फ्रॉड एप के जाल में फंसे थे। उनके एक पैर में दिक्कत हो गई थी, जिसकी वजह से उन्होंने नौकरी छोड़ दी थी और यह ऑनलाइन कंपनी ज्वाइन की थी। इसके नाम पर उन्होंने 17 लाख तक का लोन ले लिया था, जिसे वह चुका नहीं पा रहे थे। भूपेंद्र व रितु लोन की वजह से काफी परेशान थे, क्योंकि उन्हें लगातार धमकियां मिल रही थीं।

भूपेंद्र के बड़े भाई नरेंद्र विश्वकर्मा ने बताया कि उसने (भूपेंद्र) दोनों बच्चों और पत्नी के साथ देर रात सेल्फी कैप्चर की थी। भूपेंद्र ने कोल्ड ड्रिंक (माजा) में सल्फास मिलाकर दोनों बच्चों को पिला दिया। इसके बाद भूपेंद्र और उसकी पत्नी रितु, बच्चों के पास ही बैठे रहे। दोनों बच्चों की मौत होने के बाद भूपेंद्र ने दो दुपट्टे को आपस में बांधकर फंदा बनाया और एक साथ फांसी लगाकर जान दे दी। नरेंद्र ने बताया कि भूपेंद्र के घर से सल्फास के छह पैकेट मिले हैं।

भूपेंद्र विश्वकर्मा ने गुरुवार तड़के चार बजे अपनी भतीजी रिंकी विश्वकर्मा को वॉट्सऐप पर सुसाइड नोट भेजा था। साथ ही पत्नी और दोनों ने बच्चों के साथ सेल्फी खींचकर भी भेजी। इस फोटो का कैप्शन लिखा- यह मेरी आखिरी फोटो है। आज के बाद हम कभी नहीं दिखेंगे। इन फोटो और सुसाइड नोट को रिंकी ने सुबह 6 बजे देखा और परिजनों को सूचना दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और चारों के शव पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाए। पुलिस को घटनास्थल पर एक सुसाइड नोट मिला है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच में जुटी है।

भूपेंद्र की चाची लीला विश्वकर्मा ने बताया कि किसी को कुछ पता नहीं था। कल बहू ने मुझे बताया था कि कोई 17 लाख रुपये मांग रहा है। कह रहा है कि नहीं दिए तो घर बर्बाद कर देंगे। बहुत खुशहाल परिवार था। बड़ा बेटा ऋतुराज नीलबड़ स्थित शारदा विद्या मंदिर स्कूल में कक्षा तीसरी में पढ़ता था। छोटा बेटा ऋषिराज की स्कूलिंग अभी शुरू नहीं हुई थी। समझ में नहीं आ रहा क्या करें। नहीं पता हमारी छोटी सी प्यारी सी फैमिली को किसकी नजर लग गई है।

0Shares

-सीधी पेशाब कांड, व्यापमं और महाकाल लोक समेत अन्य मुद्दों पर सरकार को घेरा

भोपाल, 13 जुलाई (हि.स.)। ‘यूपी में का बा’ नाम की पैरोडी बनाकर सुर्खियां बटोरने वाली भोजपुरी सिंगर नेहा सिंह राठौर ने अब ‘एमपी में का बा’ नाम से एक पैरोडी बनाई है। उन्होंने गुरुवार को यह पैरोडी सोशल मीडिया पर शेयर की है। नेहा सिंह ने अपने इस गाने में मध्यप्रदेश के सीधी पेशाब कांड, व्यापमं और महाकाल लोक समेत अन्य घोटालों को लेकर शिवराज सिंह चौहान सरकार पर निशाना साधा है।

भोजपुरी सिंगर नेहा ने अपनी पैरोडी ‘एमपी में का बा’ में सीधी पेशाबकांड, महाकाल लोक घोटाला, पटवारी व्यापमं जैसे घोटालों का जिक्र भी किया है। बेरोजगारी और 16 महीने से सड़क पर बैठकर नियुक्ति का इंतजार कर रहे चयनित शिक्षकों की पीड़ा को भी पैरोडी में शामिल किया गया है। महिलाओं के लिए रोजगार न मिलने और लाडली बहनों को एक हजार रुपये महीने देने की योजना को लेकर भी उन्होंने तंज कसा है। नेहा ने अपने गीत में सरकार द्वारा लिए गए कर्ज को लेकर कहा है कि आदिवासी के सिर पर मामा की तलवार लटक रही है। उन्होंने कंस मामा, शकुनी मामा के बाद कलियुग में मामा को तीसरा अवतार बताया है।

उल्लेखनीय है कि नेहा सिंह ने बीते दिनों सीधी पेशाब कांड को लेकर सोशल मीडिया पर एक मीम बनाकर पोस्ट किया था। इसमें सीधी के आरोपित प्रवेश शुक्ला को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की यूनिफॉर्म पहने दिखाया था। इस मामले में भाजपा के अनुसूचित जाति मोर्चा के मीडिया प्रभारी सूरज खरे ने थाने में शिकायत की थी। इसके बाद भोपाल के हबीबगंज थाने में नेहा के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। वहीं, इंदौर में भी शिकायत दर्ज कराई गई है।

0Shares

नई दिल्ली, 11 जुलाई (हि.स.)। चंद्रयान-3 मिशन को लॉन्च करने की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने मंगलवार को चंद्रयान-3 के लिए लॉन्च रिहर्सल को पूरा कर लिया है। इसरो ने ट्वीट कर बताया कि चंद्रयान-3 मिशन के लॉन्च रिहर्सल की तैयारी और 24 घंटे तक चलने वाली प्रक्रिया को पूरा कर लिया गया है। कई दिन पहले श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र में चंद्रयान-3 वाली इनकैप्सुलेटेड असेंबली को एलवीएम3 के साथ जोड़ा गया है।

बता दें कि मिशन चंद्रयान-3 को 14 जुलाई को श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से लॉन्च किया जाएगा। इसके लैंडर के चंद्रमा की सतह पर 23 या 24 अगस्त को ‘सॉफ्ट लैंडिंग’ करने की उम्मीद है। चंद्रयान-3 मिशन चंद्रयान-2 का अनुवर्ती मिशन है, जिसके चंद्र सतह पर सुरक्षित लैंडिंग और घूमने की संपूर्ण क्षमता प्रदर्शित करने की उम्मीद है। चंद्रयान-2 मिशन के दौरान लैंडर के ‘सॉफ्ट लैंडिंग’ करने में सफलता नहीं मिल पाई थी और इस लिहाज से चंद्रयान-3 मिशन को भारत के लिए काफी अहम माना जा रहा है। मिशन सफल रहा तो चांद पर सॉफ्ट लैंडिंग करने वाला भारत विश्व का चौथा देश बन जाएगा।

0Shares

जम्मू, 10 जुलाई (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर के दो जिलों किश्तवाड़ और डोडा में सोमवार सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए। इस वजह से कई घरों में दरार आ गई। हालांकि किसी के हताहत होने या घायल होने की सूचना नहीं है। भूकंपीय गतिविधि के कारण कई घरों को संरचनात्मक क्षति हुई है।

लगातार आए दो भूकंप के झटकों से लोग भयभीत हैं। भूकंप के झटके किश्तवाड़ और उसके आसपास के इलाकों में महसूस किए गए। यहां दीवारों, छतों और नींव पर दरारें दिखाई दीं। इससे प्रभावित संरचनाओं की सुरक्षा और स्थिरता को लेकर चिंता बढ़ गई है।

अधिकारियों ने बताया कि सुबह 05.38 बजे किश्तवाड़ से 12 किलोमीटर दूर रिक्टर पैमाने पर 4.7 तीव्रता का भूकंप आया। उसी समय डोडा से 12 किलोमीटर दूर 4.9 तीव्रता का दूसरा भूकंप आया। प्रारंभिक रिपोर्ट से संकेत मिलता है कि घरों में दरारें चिंताजनक हैं लेकिन संरचनाओं के ढहने या घायल होने की कोई सूचना नहीं है। इस क्षेत्र में पिछले महीने कई निम्न और उच्च तीव्रता वाले भूकंप आ चुके हैं। इससे स्कूलों, अस्पतालों सहित आवासीय इमारतों और सरकारी कार्यालयों को क्षति हो चुकी है।

0Shares

नई दिल्ली, 08 जुलाई (हि.स.)। आगामी विधान सभा और लोक सभा चुनाव को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार को राष्ट्रीय कार्यसमिति में दस नए सदस्यों को नियुक्त किया है।

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह द्वारा जारी पत्र के अनुसार अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सुरेश कश्यप, डॉ संजय जायसवाल, विष्णुदेव साय, धरमलाल कौशिक, अश्विनी शर्मा, बंदी संजय कुमार, सोमावीर राजू, दीपक प्रकाश, किरोड़ी लाल मीणा और डॉ सतीश पुनिया को कार्यसमिति का सदस्य नियुक्त किया है। यह नियुक्तियां तुरंत प्रभाव से लागू होंगी।

इसके साथ भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने केरल प्रदेश के लिए के. सुभाष कन्नौथ को महासचिव नियुक्त किया है।

0Shares