उज्जैन, 25 मार्च (हि.स.)। विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग भगवान महाकालेश्वर के मंदिर में सोमवार सुबह भस्म आरती के दौरान गर्भगृह में आग लग गई। इसमें पुजारी समेत 13 लोग झुलस गए। बताया जा रहा है कि आरती के दौरान गुलाल उड़ाने से आग भड़की। हादसे के समय मंदिर में हजारों श्रद्धालु महाकाल के साथ होली मना रहे थे। घायलों में 6 की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें इंदौर रेफर किया गया है।

सोमवार तड़के चार बजे महाकाल मंदिर में भस्मारती में रंग और गुलाल उड़ाया जा रहा था। इसी दौरान पुजारी कपूर से महाकाल की आरती भी कर रहे थे। इस दौरान अचानक आग भड़की और ऊपर लगे फ्लैक्स को अपनी चपेट में ले लिया। बताया जाता है कि इसका जलता हुआ हिस्सा नीचे आ गिरा। इसकी चपेट में आकर पांच पुजारी झुलस गए। करीब छह सेवक भी आग से झुलसे हैं। कुल 13 लोग आग की चपेट में आ गए। घटना में सत्यनारायण, चिंतामन, रमेश, अंश, शुभम, विकास, महेश, मनोज, संजय, आनंद, सोनू और राजकुमार नाम के पुजारी और सेवक झुलसे हैं। अग्निशमन यंत्रों से आग पर काबू पाया गया।

घटना के दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव के बेटे और बेटी भी मंदिर में मौजूद थे। दोनों भस्मारती दर्शन करने गए थे। दोनों सुरक्षित हैं। दो पुजारियों को उपचार के लिए इंदौर रेफर किया गया है। आग गर्भगृह के साथ ही नंदीहॉल के बाहरी हिस्से में लगी। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

सूचना पर कलेक्टर नीरज सिंह और एसपी प्रदीप शर्मा अस्पताल पहुंचे। सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां से चार लोगों को इंदौर रेफर किया गया है। कलेक्टर नीरज सिंह के अनुसार सभी की हालत खतरे से बाहर है। कुछ लोगों का कहना है कि मंदिर में गुलाल उड़ाते समय आग अचानक भड़क गई।

कलेक्टर ने दिए जांच के आदेश
एक सेवक ने बताया कि आरती के दौरान किसी पुजारी पर गुलाल डाल दिया गया। यह गुलाल दीपक पर गिरा और आग भभक गई। आशंका जताई जा रही है कि केमिकल युक्त गुलाल से आग लग गई। मंदिर में रंग और गुलाल से गर्भगृह की चांदी की दीवार को सुरक्षित करने के लिए कुछ फ्लैक्स भी लगाए गए हैं। वे भी आग की चपेट में आ गए। आग पर बाद में काबू पा लिया गया।

कलेक्टर नीरज सिंह के अनुसार मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। इसके लिए एक कमेटी बनाई जाएगी। हादसे के बाद महाकाल मंदिर में अफरातफरी के हालात निर्मित हो गए।

डाक्टरों के देरी से पहुंचने पर पुजारी नाराज
घटना के बाद सभी झुलसे लोगों को जिला अस्पताल ले जाया गया था। हालांकि डॉक्टर मौके पर नहीं थे। डाक्टरों के देरी से आने पर पुजारी नाराज हुए। ताबड़तोड़ अधिकारियों को फोन किया गया। घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर नीरज सिंह और एसपी प्रदीप शर्मा भी मौके पर पहुंचे। बाद में चार पुजारियों को इंदौर अरबिंदो अस्पताल रैफर किया गया।

0Shares

 भाजपा की पांचवीं सूची में वर्तमान तीन सांसदों का टिकट कटा

पटना, 24 मार्च (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार देरशाम लोकसभा उम्मीदवारों की पांचवीं सूची जारी कर दी है। इनमें बिहार की सभी 17 सीटों की भी स्थिति स्पष्ट हो गई है। भाजपा ने बिहार की तीन सीटों पर नए चेहरों को मौका दिया है जबकि तीन सांसदों का टिकट काट दिया है। इनमें एक नाम केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे का भी है।

भाजपा ने बक्सर से अश्विनी चौबे के बदले मिथलेश तिवारी, मुज़फ़्फ़रपुर से अजय निषाद के बदले राजभूषण निषाद और सासाराम से छेदी पासवान के बदले शिवेश राम को टिकट दिया है।

बिहार में भाजपा ने जिन 17 उम्मीदवारों की घोषणा की है। उनमें पश्चिम चंपारण से डॉ. संजय जयसवाल, पूर्वी चंपारण से राधा मोहन सिंह, मधुबनी से अशोक कुमार यादव, अररिया से प्रदीप कुमार सिंह, दरभंगा से गोपाल जी ठाकुर, मुजफ्फरपुर से राजभूषण निषाद, महाराजगंज से जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, सारण से राजीव प्रताप रूडी, उजियारपुर से नित्यानंद राय बेगूसराय से गिरिराज सिंह, पटना साहिब से रविशंकर प्रसाद, पाटलिपुत्र से रामकृपाल यादव, आरा से आर.के. सिंह, बक्सर से मिथिलेश तिवारी और सासाराम से शिवेश राम प्रमुख को टिकट दिया गया है।

0Shares

पटना/सुपौल, 22 मार्च (हि.स.)। बिहार में सुपौल जिले के बकौर में भारत माला परियोजना के तहत बन रहे देश के सबसे लंबे पुल के तीन गार्टर गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई और नौ अन्य घायल हो गए। सुपौल के डीएम ने बताया कि घटना सुबह साढ़े 7 बजे की है। इस हादसे में 9 लोग घायल हुए हैं और एक की मौत हुई है। मृतक के परिवार को 10 लाख का मुआवजा दिया जाएगा। घायलों की भी मदद की जाएगी। मामले की जांच के आदेश दिए गए है। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। एनडीआरएफ और स्थानीय पुलिस की टीम लगी हुई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, पिलर नंबर 50, 51 और 52 का गार्टर गिरने से यह हादसा हुआ। घायलों को अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। यह हादसा गोपालपुर सिरे पंचायत के मेरचा गांव के पास का बताया जा रहा है। यहां पिलर नंबर 154 गिरने से कई लोगों का दबे होने का आशंका है। 10 से 15 लोगों को उपचार के लिए सदर अस्पताल सुपौल भेजा गया है। इनमें कई की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि करीब 40 लोगों के दबे होने की आशंका है।

इस पुल का निर्माण केंद्रीय परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय 12 सौ करोड़ रुपये की लागत से बनवा रहा है। इसकी लंबाई 10.2 किलोमीटर से ज्यादा है। एप्रोच रोड मिलाकर पुल की कुल लंबाई 13.3 किलोमीटर होगी।इसका निर्माण दो एजेंसियां मिलकर कर रही हैं। इसमें गैमन इंडिया एवं ट्रांस रेल लाइटिंग प्राइवेट लिमिटेड शामिल हैं। यह पुल निर्माण दोनों एजेंसी का जॉइंट वेंचर है।

पुल का निर्माण 2023 तक पूरा होना था, लेकिन कोरोना एवं बाढ़ के कारण अब यह पुल 2024 में पूरा होगा। बकौर और मधुबनी जिले के भेजा के बीच बन रहा ये पुल देश का सबसे लंबा सड़क पुल है। उल्लेखनीय है कि बिहार में इससे पहले चार जून, 2023 को भागलपुर में एक निर्माणाधीन पुल गिर गया था।मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने घटना की जांच के आदेश दिए थे और जिम्मेदार लोगों की पहचान करने के लिए कहा था। यह पुल खगड़िया -अगुवानी- सुल्तानगंज के बीच बन रहा था।

0Shares

पटना (बिहार), 20 मार्च (हि.स.)। राज्य की जन अधिकार पार्टी (जाप) का कांग्रेस में विलय हो गया है। जाप सुप्रीमो पप्पू यादव दिल्ली में बेटे सार्थक रंजन के साथ कांग्रेस में शामिल हो गये। इसके साथ इसकी संभावना तेज हो गयी है कि अब पप्पू यादव कांग्रेस की टिकट पर पूर्णिया से चुनाव लड़ेंगे।

बीते मंगलवार को पप्पू यादव ने राबड़ी देवी के घर पर लालू और तेजस्वी यादव से मुलाकात की थी, जिसके बाद से ही उनकी पार्टी के विलय की चर्चा तेज हो गई थी। कांग्रेस में जाप के विलय के बाद पप्पू यादव ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को धन्यवाद देते हुए कांग्रेस के प्रति आभार जताया है। पप्पू यादव ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व के अलावा और कोई दूसरा रास्ता नहीं बचा हुआ था। इसलिए हमने आज कांग्रेस का दामन थाम लिया।

पप्पू यादव की पत्नी रंजीत रंजन कांग्रेस की राज्यसभा सदस्य हैं और अब पप्पू यादव और उनके बेटे ने भी कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली है। ऐसे में अब पप्पू यादव को कांग्रेस बिहार में लोकसभा चुनाव का उम्मीदवार बना सकती है।

पप्पू यादव लंबे समय से कोसी और सीमांचल क्षेत्र में सक्रिय हैं। वे महागठंबधन में रहकर पूर्णिया सीट से लोकसभा का चुनाव लड़ना चाहते हैं। हालांकि, अभी तक महागठबंधन में कैंडिडेट और सीट को लेकर कोई बात नहीं बन पाई है। इसी सिलसिले में वे लगातार लालू एवं तेजस्वी यादव के संपर्क में थे। ऐसे में इस बात की चर्चा तेज हो गयी है कि पप्पू यादव को कांग्रेस के टिकट पर पूर्णिया से लोकसभा का चुनाव लड़ाया जा सकता है।

0Shares

पटना, 20 मार्च (हि.स.)। बिहार के लगभग सभी जिलों में बीते 24 घंटे से कही हल्की तो कही भारी बारिश हो रही है। इसके साथ गरजन भी हो रही है।

इस बीच अब तक दो लोगों की मौत हो चुकी है। बीते मंगलवार पटना में बारिश के दौरान आकाशीय की चपेट में आने से एयरपोर्ट के पास निर्माणाधीन बिल्डिंग के सुपरवाइजर की मौत हो गयी थी। वहीं बुधवार को बिहार के मुंगेर जिले में एक मजदूर की मौत आकाशीय बिजली की चपेट में आने से हो गयी है।

मुंगेर में असरगंज थाना क्षेत्र के चोरगांव पंचायत स्थित पुरुषोत्तमपुर निवासी स्वर्गीय लुखो यादव के 28 वर्षीय पुत्र दिलीप कुमार की आकाशीय बिजली से मौत हो गई। ये हादसा उस वक्त हुआ, जब दिलीप अपनी छत पर सो रहा था। इसी दौरान गरज के साथ बारिश होने लगी। बारिश से बचने में लिए वो छत से नीचे जाने लगा। तभी वह आकाशीय बिजली की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई।

दिलीप हरियाणा में मजदूरी का काम करता था और 3 दिनों पूर्व ही अपने परिवार के साथ गांव आया था। घटना की सूचना मिलते ही असरगंज बीडीओ तान्या और थाना अध्यक्ष अमित प्रकाश कौशिक पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। तत्काल कबीर अंत्येष्टि के तहत मुखिया बॉबी देवी की ओर से 3 हजार रुपया दाह संस्कार के लिए दिया गया है। बीडीओ तान्या ने पीड़ित परिवार को सरकार की ओर से आपदा के तहत हर संभव मदद दिलाने का आश्वासन दिया है।

0Shares

नवादा 20 मार्च(हि.स.)। बिहार में नवादा जिले के वारसलीगंज थाने के सहसराना गांव के निवासी जेल ब्रेक कांड सहित 200 से अधिक लोगों की हत्या के अभियोग आजीवन कारावास की सजा भगत चुके अशोक महतो ने बुधवार की सुबह शादी रचा ली है।

अशोक महतो अपनी पत्नी को राजद से मुंगेर लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ना चाहते हैं । अशोक महतो का कहना है कि जब वे राजद से टिकट के लिए लालू प्रसाद के पास गए तो उन्होंने कहा कि शादी कर लो फिर अपनी पत्नी को चुनाव लड़ा दो । एक सप्ताह के भीतर अशोक महतो ने लड़की खोजने का प्रयास किया आखिरकार उन्हें दिल्ली की अनिता कुमारी नाम की लड़की मिल गई जिससे वे बुधवार को पटना जिले के बख्तियारपुर की करौता मंदिर में शादी रचा ली।

अशोक महतो गिरोह बिहार में सक्रिय एक अपराधी संगठन था। जिसका नेतृत्व अशोक महतो के द्वारा किया जाता था। इसमें सहायक के रूप में उनके मित्र पिंटू महतो भी शामिल थें। 2005 में सांसद, लोक सभा के सदस्य राजो सिंह की हत्या के लिए अशोक महतो गिरोह ही जिम्मेदार माना जाता है।

इस हत्याकांड के उपरांत इस गिरोह के प्रमुख सदस्य अशोक महतो को गिरफ्तार कर लिया गया था। परन्तु 2002 में वे नवादा जेल से तीन सिपाहियों की हत्या कर भागने में कामयाब रहे। उनके सहयोगी पिंटू महतो ने जेल से उन्हें भगाने में विशेष भूमिका निभाई थी। इस दौरान उन्होंने तीन पुलिस की हत्या भी कर दी।

इस गिरोह के सक्रिय सदस्यों के बारे में कहा जाता है कि वे या तो कुर्मी या फिर यादव जाति के थें और उन्हें नवादा और शेखपुरा के क्षेत्रों में पिछड़ी जातियों का समर्थन प्राप्त था।

अशोक महतो गिरोह का मुख्य आक्रोश शोषक और उच्च जाति भूमिहारों के खिलाफ था और उन्हीं के खिलाफ इसने प्रतिशोध की लड़ाई भी छेड़ी थी। अशोक महतो गिरोह 1990 के दशक के अंत में बड़ी संख्या में अगड़ी जाति के लोगों की हत्याओं के लिए भी जिम्मेदार घोषित किया गया था।

अशोक महतो और अखिलेश सिंह के मध्य संघर्ष

अशोक महतो गिरोह के नेतृत्वकर्ता अशोक महतो और विधानसभा सदस्य अरुणा देवी के पति अखिलेश सिंह के मध्य की प्रतिद्वंद्विता ने बिहार के नवादा, नालंदा और शेखपुरा जिलों के 100 से अधिक गांवों को प्रभावित कर रखा था। 1998 से 2006 के बीच नवादा जिले में इस प्रतिद्वंद्विता एवं भूमिहारों और यादवों के साथ कुर्मी के बीच के जातिगत संघर्ष के कारण 200 से अधिक लोगों की जान जाने की घटना सामने आई थी।

इन दोनों समूहों के बीच का संघर्ष उपरोक्त जिलों में पत्थर तोड़ने और बालू उठाने की व्यवस्था पर सत्ता तय करने के लिए था। यह माना जाता है कि अखिलेश सिंह गिरोह द्वारा कथित तौर पर मारे गए सात मजदूरों की मौत के प्रतिशोध में 2000 में इस गिरोह ने अखिलेश सिंह का पैतृक घर अपसढ़ में उनके घर पर हमला किया था और वहां 11 लोगों को मार डाला।

अशोक महतो और अखिलेश सिंह की यह प्रतिद्वंद्विता धीरे-धीरे वर्चस्व स्थापित करने के लिए बन गई और इन दोनों गिरोहों के समर्थन में जातियों का एक संघटन भी सक्रिय हो गया था। जेलब्रेक कांड में सिपाहियों के मारे जाने के मामले में अशोक महतो को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी। लंबे अरसे के बाद जेल से निकले हैं ।जिसके बाद शादी कर पत्नी को चुनाव लड़ने की तैयारी में जुट चुके है।

0Shares

पूर्वी चंपारण,19 मार्च(हि.स.)। जिले के संग्रामपुर थाना पुलिस ने लूट की झूठी कहानी रचने वाला फाइनेंस कंपनी के एक कलेक्शन एजेंट को गिरफ्तार किया है।साथ ही पुलिस ने रुपया और बैग को उसके मौसेरी बहन के घर से बरामद किया है।पकड़े गये चैतन्य फाइनेंस कंपनी का कलेक्शन एजेंट हरसिद्धि के यादवपुर का राजकुमार बताया गया है।

अरेराज डीएसपी रंजन कुमार ने बताया कि सोमवार को दोपहर में चैतन्य फाइनेंस के एक कलेक्शन एजेंट राजकुमार की ओर से सूचना दिया गया कि कलेक्शन कर लौटने के दौरान भवानीपुर के पास धक्का मारकर कलेक्शन का 48 हज़ार रुपया लूट लिया गया। इस मामले में संग्रामपुर थानाध्यक्ष ने कलेक्शन एजेंट के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज करते हुए इसकी सूचना वरीय पदाधिकारी को दी।सूचना के आलोक में सर्किल इंस्पेक्टर कृष्ण कुमार गुप्ता के नेतृत्व में संग्रामपुर थानाध्यक्ष धीरज कुमार व अन्य पुलिस अधिकारी का एसआईटी टीम का गठन किया गया।

टीम ने कलेक्शन एजेंट द्वारा बताए गए दो बाइक सवार अपराधियो द्वारा घटना को अंजाम देने की वैज्ञानिक व तकनीकी तरीके से अनुसंधान किया। साथ ही एजेंट द्वारा बताए गए मार्ग में लगे करीब आधा दर्जन सीसीटीवी की भी जांच की गयी। उक्त जांच में लूट की घटना को असत्य पाते हुए कलेक्शन एजेंट से पूछताछ शुरू किया गया तो उसने कलेक्शन के रुपया पचाने के लिए लूट का झूठा मामला दर्ज कराने की बात स्वीकार किया, जिसके बाद उसके निशानदेही पर बैग व पैसा उसके मौसेरी बहन के घर से बरामद कर लिया गया।

इस मामले में कलेक्शन एजेंट को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।एसआईटी टीम में सर्किल इंस्पेकटर व संग्रामपुर थानाध्यक्ष के अलावे पीएसआई राहुल कुमार व अलका कुमारी शामिल थी।

0Shares

पटना, 16 मार्च (हि.स.)। नीतीश कैबिनेट के विस्तार के बाद शनिवार को बिहार सरकार के सभी मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा कर दिया गया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सामान्य प्रशासन, गृह विभाग, मंत्रिमंडल सचिवालय, निगरानी, निर्वाचन और ऐसे सभी विभाग जो किसी को आवंटित नहीं हुए हैं उसके मंत्री होंगे।

जारी अधिसूचना के मुताबिक, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी को वित्त और वाणिज्य कर विभाग, दूसरे डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा को पथ निर्माण, खान एवं भूतत्व, कला संस्कृति एवं युवा विभाग जबकि विजय कुमार चौधरी जल संसाधन और संसदीय कार्य विभाग के मंत्री बनाए गए हैं।

जदयू के मंत्री बने बिजेन्द्र प्रसाद यादव को ऊर्जा, योजना एवं विकास विभाग, प्रेम कुमार को सहकारिता, पर्यावरण वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, श्रवण कुमार को ग्रामीण विकास, संतोष कुमार सुमन को सूचना प्रौद्योगिकी, लघु जल संसाधन, आपदा प्रबंधन, सुमित कुमार सिंह को विज्ञान प्रौद्योगिकी एवं तकनीकी शिक्षा, रेणु देवी को पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग, मंगल पांडेय को स्वास्थ्य एवं कृषि विभाग की जिम्मेवारी दी गई है।

भाजपा के मंत्री बने नीरज कुमार बबलू को लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग, नीतीश के करीबी कहे जाने वाले मंत्री अशोक चौधरी को ग्रामीण कार्य विभाग, लेसी सिंह को खाद्य उपभोक्ता भी संरक्षण विभाग, मदन सहनी को समाज कल्याण विभाग, नीतीश मिश्रा को उद्योग एवं पर्यटन विभाग, नितिन नवीन को नगर विकास आवास विभाग के साथ साथ विधि विभाग, दिलीप कुमार जायसवाल को राजस्व भूमि सुधार और महेश्वर हजारी को सूचना एवं जनसंपर्क विभाग का दायित्व दिया गया है।

नीतीश कैबिनेट में मंत्री बनीं शीला कुमारी को परिवहन विभाग, सुनील कुमार को शिक्षा विभाग, जनक राम को अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग, हरी सहनी को पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, कृष्णनंदन पासवान को गन्ना उद्योग विभाग, जयंत राज को भवन निर्माण विभाग, मोहम्मद जमा खान को अल्पसंख्यक कल्याण विभाग, रत्नेश सदा को मध्य निषेध उत्पाद एवं निबंधन विभाग, केदार प्रसाद गुप्ता को पंचायती राज विभाग, सुरेंद्र महतो खेल विभाग और संतोष कुमार सिंह श्रम संसाधन विभाग का मंत्री बनाया गया है।

0Shares

Patna: बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए सरकार के मंत्रिमंडल का शुक्रवार को विस्तार हुआ। मंत्रिमंडल के विस्तार में पुराने चेहरे ही शामिल किये गए।  मंत्रिमंडल विस्तार में 21 मंत्रियों को शामिल किया गया है।  

ये बने मंत्री 

रेणु देवी
मंगल पांडे
नीरज कुमार सिंह
अशोक चौधरी
लेसी सिंह
मदन सहनी
नीतीश मिश्रा
नितिन नबीन
डा दिलीप कुमार जायसवाल
महेश्वर हजारी
शिला कुमारी
सुनील कुमार
जनक राम
हरि सहनी
कृष्ण नंदन पासवान
जयंत राज
मो जमा खान
रत्नेश सदा
केदार प्रसाद गुप्ता
सुरेंद्र मेहता
संतोष कुमार सिंह

#Bihar: #NItishKumar cabinet expanded

0Shares

रांची, 14 मार्च (हि.स.)। होली पर दूसरे राज्यों से काफी लोग घर लौटते हैं। ऐसे में ट्रेनों में टिकट के लिए मारा-मारी बढ़ जाती है। यात्री सुवाधा के लिए रेलव ने होली स्पेशल ट्रेनों की घोषणा की है। भीड़ को कम करने के लिए इस बार भी रेलवे की ओर से रांची से भाया बोकारो होकर दो स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की गई है। पहली ट्रेन कटिहार से रांची के लिए 21 तथा 28 मार्च को खुलेगी। वही एक अन्य ट्रेन रांची से 22 मार्च को गोरखपुर के लिए रवाना होगी।

कटिहार रांची स्पेशल 15 बोगी के साथ 21 तथा 28 मार्च को कटिहार से रात 10:30 बजे खुलेगी, जो 22 तथा 29 तारीख को सुबह 10 बजे, धनबाद 11:50 बजे, बोकारो तथा दोपहर करीब 2:30 बजे रांची पहुंचेगी। वही रांची से यह ट्रेन 22 था 29 तारीख को रात करीब 8:30 बजे, बोकारो में रात 10:45 बजे, धनबाद में देर रात करीब पौने 1:00 बजे होकर अगले दिन 11 बजे दिन में कटिहार पहुंचेगी। यह ट्रेन गोरखपुर, हरिशचंद्रपुर, मालदा टाउन, पाकुड़, रामपुरहाट, अंडाल, दुर्गापुर, आसनसोल, धनबाद, चंद्रपुर, बोकारो, मुरी होकर रांची पहुंचेगी।

वहीं 22 मार्च को रांची गोरखपुर स्पेशल 20 कोच के साथ रवाना होगी। यह ट्रेन रात करीब 10:45 बजे रांची से गोरखपुर के लिए रवाना होगी। यह ट्रेन देर रात करीब 1138 बजे बोकारो 2:15 बजे धनबाद 4:40 बजे मधुपुर होकर 23 की शाम को 4: 10 बजे गोरखपुर पहुंचेगी, जो 24 मार्च को सुबह पांच बजे गोरखपुर से रांची के लिए रवाना होगी। यह ट्रेन धनबाद रेलवे स्टेशन पर शाम करीब 3:30 बजे अब बोकारो स्टेशन पर शाम 6 बजे तथा करीब रात 9:30 बजे रांची पहुंचेगी। यह ट्रेन रांची, मुरी, बोकारो, धनबाद, मधुपुर, जसीडीह, झाझा, कियूल, मोकामा, बख्तियारपुर, पटना, पाटलिपुत्र, छपरा, सिवान, देवरिया सदर होकर गोरखपुर पहुंचेगी।

0Shares

किशनगंज,13मार्च(हि.स.)। AIMIM पार्टी बिहार की 11 लोकसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी। बुधवार को बिहार प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल इमान ने कार्यालय में इस बात की घोषणा करते हुए बताया कि पार्टी बिहार की किशनगंज, कटिहार, अररिया, पूर्णिया, दरभंगा, भागलपुर, काराकाट, बक्सर, गया, मुजफरपुर, उजियारपुर सीट पर चुनाव लड़ेगी।

उन्होंने बताया कि इन सीटों पर प्रत्याशियों का चयन पार्टी सुप्रीमो बैरिस्टर असदुद्दीन ओवैसी से बात कर घोषणा की जाएगी। इन लोकसभा सीटों से लड़ने से इच्छुक प्रत्याशी हैदराबाद गए हुए है और बातचीत चल रही है। उन्होंने बताया कि बिहार में कुछ पार्टियों से गठबंधन की बात चल रही है। एक दो दिनों में इसकी घोषणा कर दी जाएगी। उन्होंने फिलहाल दो सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा की गयी है जिसमें किशनगंज से प्रदेश अध्यक्ष सह विधायक अख्तरुल इमान और कटिहार से राष्ट्रीय प्रवक्ता आदिल हसन चुनाव लड़ेंगे।

उन्होंने कहा कि आई.एन.डी.आई.ए. गठबंधन के साथ समझौता करने की कोशिश की गई लेकिन कोई तरजीह नहीं मिला। उन्होंने कहा की राजद के द्वारा पार्टी तोड़ने के बाद भी गठबंधन को लेकर बात की गई लेकिन पता नहीं किस वजह से कोई तरजीह नहीं दिया गया जिसके बाद पार्टी ने अभी 11 लोकसभा सीट पर उम्मीदवार उतारने का फैसला लिया है।

0Shares

पटना (बिहार), 13 मार्च (हि.स.)। राज्य के समस्तीपुर जिले में रोसरा रेलखंड पर बुधवार को एक मालगाड़ी बेपटरी हो गयी। इससे समस्तीपुर-सहरसा रूट पर चलने वाली एक जोड़ी पैसेंजर ट्रेनों को रद्द कर दिया गया। जयनगर से मनिहारी जाने वाली जानकी एक्सप्रेस ट्रेन को सहरसा तक परिचालन में एक घंटे के लिए रीशेडयूल किया गया है।

समस्तीपुर-रोसरा रेलखंड पर भगवानपुर देसुआ में मालगाड़ी समस्तीपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान ट्रेन के चालक ने सिग्नल को ओवरलुक कर दिया। इस कारण ट्रेन लूप लाइन पर चली गई और ब्रेकर से टकराकर बेपटरी हो गई। घटना की सूचना मिलते ही रेल कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में एआरटी एवं रेलवे के कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। इस कारण ढाई घंटे ट्रेनों का परिचालन बाधित रहा।

रेलवे ने हादसे के बाद इस रूट पर चलने वाली ट्रेनों के परिचालन में बदलाव की अधिसूचना जारी की। इसके तहत सहरसा-समस्तीपुर (05243) और समस्तीपुर-सहरसा (05244) पैसेंजर ट्रेन को आज रद्द कर दिया गया। सहरसा-समस्तीपुर (5291) और समस्तीपुर-सहरसा(05278) पैसेंजर ट्रेन नरहन तक ही चलेगी।

0Shares