पटना, 10 जून (हि.स.)। केंद्रीय चुनाव आयोग ने सोमवार को विधानसभा की 13 सीटों के लिए उपचुनाव की घोषणा कर दी है। इसके तहत 10 जुलाई को सात राज्यों के विधानसभा की 13 सीटों पर मतदान होंगे। इनमें बिहार की रुपौली विधानसभा सीट भी शामिल है।

पूर्णिया लोकसभा सीट पर राजद से चुनाव लड़ने के लिए बीमा भारती ने रूपौली सीट छोड़ दी थी, जिसके बाद इसपर उपचुनाव कराया जाएगा। रूपौली विस सीट के लिए 14 से 21 जून तक नामांकन दाखिल होगा। इसके बाद 10 जुलाई को मतदान और 13 तारीख को मतगणना होगी।

0Shares

हैदराबाद, 08 जून (हि.स.)। रामोजी समूह के आधार पुरुष, ईनाडु ग्रुप ऑफ कंपनीज के चेयरमैन और रामोजी फिल्म सिटी के संस्थापक रामोजी राव (88) का आज सुबह 4ः50 बजे निधन हो गया। उन्हें 05 जून को सांस लेने में तकलीफ की वजह से हैदराबाद के स्टार अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार उनके पार्थिव शरीर को फिल्म सिटी स्थित उनके आवास पर अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा।

फिल्म सिटी आवास पर परिवार के सदस्य, मित्र और शुभचिंतक दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि देंगे। जाने-माने उद्यमी रामोजी राव कुछ दिनों से स्वास्थ्य संबंधी जटिलताओं से जूझ रहे थे। रामोजी राव को आइकॉनिक मीडिया बैरन और फिल्म मुगल कहा जाता था। उनका पूरा नाम चेरुकुरी रामोजी राव था। अस्पताल में डॉक्टरों ने उनके दिल में एक स्टेंट लगाया और उन्हें आईसीयू में वेंटिलेटर पर रखा था। खास बात यह है कि रामोजी राव को कुछ साल पहले कोलन कैंसर हुआ था। इलाज के बाद वह पूरी तरह ठीक हो गए थे।

0Shares

बगहा, 04 जून (हि.स.)। बिहार में पश्चिम चंपारण जिले के बगहा में गंडक नदी में डूबने से 4 बच्चों की मौत हो गयी है। मृतकों में 3 लड़कियां और एक बच्चा शामिल है।

पहली घटना गोडिया पट्टी घाट की है। जहां गंडक नदी पार करने के दौरान 10 वर्षीय बच्चा और 16 वर्षीय किशोरी की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गयी। दोनों मृतकों की पहचान गोडिया पट्टी निवासी अच्छे लाल सहनी के 10 वर्षीय पुत्र सुमित कुमार, विजय सहनी की 16 वर्षीय पुत्री पायल कुमारी के रूप में हुई है।

दूसरी घटना बगहा के पुअरहाउस वार्ड नंबर 35 की है। जहां गंडक नदी में स्नान करने के दौरान भी दो बच्चियां डूब गई। स्थानीय लोगों ने दोनों के शव को बाहर निकाला। दोनों की पहचान राजेश गोड की 10 वर्षीय पुत्री प्रतिमा कुमारी व अवध बिहारी सहनी की 11 वर्षीय पुत्री तकली कुमारी के रूप में हुई है।

इस घटना की पुष्टि एमएलसी भीष्म सहनी व वार्ड पार्षद मदन सहनी ने की है। जानकारी के अनुसार स्कूल बंद रहने के कारण दोनों गंडक पार अपने बाबा भूलाई सहनी के साथ खेती देखने गए थे। दोनों गंडक में पानी देख बिना बताए नदी पार करने लगे। इसी दौरान दोनों गहरे पानी में चले गए। इसकी सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद दोनों शव गंडक नदी से बाहर निकाल गया। घटना के बाद परिजनो के बीच कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस घटना से पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।

0Shares

पटना, 02 जून (हि.स.)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एग्जिट पोल के नतीजे आने के बाद रविवार को दिल्ली जा रहे। नीतीश कुमार की दिल्ली में भाजपा नेताओं से मुलाकात की संभावना है जिसके बाद सोमवार देर शाम वे पटना लौट सकते हैं।

सीएम कार्यालय से प्राप्त जानकारी के मुताबिक यह उनकी निजी यात्रा है। नीतीश कुमार अपनी बीमारी का इलाज कराने दिल्ली जा रहे हैं।

हालांकि, खबर मिल रही है कि इस यात्रा के दौरान वे एनडीए के कुछ नेताओं से मुलाकात भी कर सकते हैं। मुख्यमंत्री सोमवार को पटना लौट आएंगे। लोकसभा चुनाव 2024 का परिणाम 4 जून को आने वाला है। चुनाव नतीजे से पहले तमाम मीडिया एजेंसी एग्जिट पोल में भाजपा को बढ़त दिखा रही है।

लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर एग्जिट पोल के नतीजे आ चुके हैं। देश में एनडीए की लहर है। एग्जिट पोल की मानें तो एक बार फिर नरेंद्र मोदी 4 जून को सरकार बनाने जा रहे हैं। बिहार में एनडीए को अच्छी-खासी बढ़त है। इस सबके बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दिल्ली जाने का प्लान किया है।

0Shares

पटना, 02 जून (हि.स.)। बिहार में पाटलीपुत्र लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार रामकृपाल यादव पर शनिवार देर शाम (1 जून) को मसौढ़ी से लौटने के दौरान अज्ञात हमलावरों ने उन्हें निशाना बनाकर ईंट-पत्थर फेंके और गोली चलाई। रामकृपाल यादव इस हमले में बाल-बाल बच गए। उनके साथ कार में सवार उनके एक समर्थक को चोट आई।

रामकृपाल यादव ने हिन्दुस्थान समाचार से बातचीत में बताया कि उन्हें बूथ पर अवैध तरीके से एक महिला विधायक के घुसने की सूचना मिली थी। उसी का निरीक्षण कर वे लौट रहे थे। इसी दौरान तिनेरी गांव में समर्थकों से मिलने गए। अचानक पिंजड़ी गांव के बाहरी इलाके में ही 20 से 25 लोगों ने घेरकर हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि ईंट-पत्थर के अलावा फायरिंग भी की गई। गांव के एक समर्थक ने उन्हें बचाने की कोशिश की तो उसे बंदूक के बट से पीटा गया। वे हमलावरों को नहीं जानते हैं।

पटना के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राजीव मिश्रा ने बताया कि आवेदन में उल्लेख है कि उनके काफिले पर हमला किया गया। इस दौरान गोली चलाई गई है। आवेदन के आधार पर एफआईआर किया गया गया है। बाकी सारे बिंदु अनुसंधान के क्रम में स्पष्ट किए जाएंगे। 9 प्राथमिकी अभियुक्तों का उल्लेख है। घटना बीती रात 7:30 के बाद की है।

पटना पूर्वी एसपी भरत सोनी ने फोन पर बातचीत में बताया कि पटना-जहानाबाद रोड पर तिनेरी गांव के पास रामकृपाल यादव के काफिले पर हमले की सूचना मिली थी। कार्यकर्ता चोटिल हुए हैं। रामकृपाल यादव की ओर से आवेदन दिया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

0Shares

लोकसभा चुनाव : अंतिम चरण में दोपहर 1 बजे तक 40.09 प्रतिशत मतदान,हिमाचल में सर्वाधिक मतदान

नई दिल्ली, 01 जून (हि.स.)। लोकसभा चुनाव के सातवें और अंतिम चरण में आज सात राज्यों और एक केंद्रशासित प्रदेश की 57 संसदीय सीटों पर मतदान जारी है। इन सीटों पर दोपहर 1 बजे तक 40.09 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। हिमाचल प्रदेश में सर्वाधिक 48.63 प्रतिशत जबकि बिहार में सबसे कम 35.65 प्रतिशत मतदान हुआ।

चुनाव आयोग के अनुसार बिहार में 35.65 प्रतिशत, चंडीगढ़ में 40.14 प्रतिशत, हिमाचल प्रदेश में 48.63 प्रतिशत, झारखंड में 46.80 प्रतिशत, ओडिशा में 37.64 प्रतिशत, पंजाब में 37.80 प्रतिशत, उत्तर प्रदेश में 39.31 प्रतिशत और पश्चिम बंगाल में 45.07 प्रतिशत मतदान रहा।

ओडिशा राज्य विधानसभा की शेष 42 सीटों के लिए भी मतदान जारी है। दोपहर 1 बजे तक यहां 37.64 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण में 57 सीटों पर मतदान जारी है। इनमें पंजाब की सभी 13, हिमाचल प्रदेश की 4, पश्चिम बंगाल की 9, बिहार की 8, ओडिशा की 6, झारखंड की 3 और केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ की एक सीट पर मतदान हो रहा है। शाम 6 बजे इस चरण के पूरा होते ही 19 अप्रैल से 543 लोकसभा सीटों के लिए शुरू हुई सात चरणों की मैराथन मतदान प्रक्रिया खत्म हो जाएगी। 4 जून को मतगणना होगी और उसी दिन नतीजे आएंगे।

0Shares

नवादा, 01 जुलाई (हि. स.)। जिले में रजौली के फुलवरिया जलाशय में 30 मई को दोस्तो संग स्नान करने गया डूबे युवक की लाश शनिवार को जलाशय में तैरते हुए बरामद की गई। रजौली ड्योढ़ी के रजवरिया टोला निवासी गोपाल उर्फ फंटूश का तैरता हुआ शव शनिवार को बरामद हो गया है। मृतक गोपाल उर्फ फंटूस राजवंशी अपने चार साथियों के साथ बीते 30 मई को फुलवरिया डैम में नहाने गया था।नहाने के क्रम में अचानक गहरे पानी मे जाने से उसकी मौत हो गई थी।

एसडीआरएफ की टीम शव निकालने में रही थी असफल :

मृतक गोपाल राजवंशी उर्फ फंटूश की डूबने की सूचना दोस्तो के द्वारा स्वजन को दी गई जिसके बाद सभी लोग डैम पहुँचे और घटना की सूचना रजौली थानाध्यक्ष राजेश कुमार को दी गई सूचना के उपरान्त दलबल के साथ अंचलाधिकारी और थानाध्यक्ष फुलवरिया डैम पहुँचे और मृतक के अन्य साथियों से जानकारी प्राप्त किया उसके बाद स्थानीय गोताखोरों के मदद से शव को ढूंढने का प्रयास किया गया।लेकिन सफलता हाथ नही लगी तब घटना की सूचना वरीय अधिकारियों को दिया गया उसके बाद बिहटा से आई एसडीआरएफ की टीम ने शव को ढूंढने का प्रयास किया और लगातार 12 घंटे तक कड़ी मशक्कत के बाद भी शव ढूंढने में एसडीआरएफ की टीम असफल रही और शाम होने के बाद पुनः शनिवार की सुबह शव ढूंढने की बात कही गई। लेकिन शनिवार की सुबह जैसे ही रात्रि गश्ती की टीम एसआई गौतम कुमार के नेतृत्व में डैम पहुंची तो देखा कि शव डैम के किनारे लगा हुआ है। जिसके बाद तुरंत इसकी सूचना अंचलाधिकारी और थानाध्यक्ष को दी गई।डैम पर पहुंचे अंचलाधिकारी और थानाध्यक्ष ने आवश्यक कागजी प्रक्रिया के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल नवादा भेज दिया।

शव को देख बेसुध हुई मां :

घटना की सूचना के बाद से ही परिजन काफी परेशान थे और मृतक के मां लगातार दहाड़े मारकर रो रही थी।लेकिन जैसे ही शनिवार की सुबह शव बरामद की सूचना मिली वैसे ही बेसुध होकर डैम पर ही गिर गई।बेटे की मौत के गम पूरे परिवार को झकझोर दिया। ग्रामीण नवादा के जिलाधिकारी 10 लख रुपये मुआवजे की भी मांग की है।

0Shares

पटना, 31 मई (हि.स.)। बिहार में भीषण गर्मी और हीटवेब के चलते मौत का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। प्रदेश में बुधवार से गुरुवार शाम तक लू लगने से 73 लोगों की मौत हुई है। पटना, मुजफ्फरपुर, वैशाली, दरभंगा और बेगूसराय समेत कई जिलों में गुरुवार की रात या तो बारिश हुई या इसके कारण हवा में ठंडक आई लेकिन इससे पहले बुधवार सुबह से गुरुवार शाम तक सड़क, बस स्टैंड, स्टेशन पर चलते-टहलते या मतदान की तैयारी कर रहे लोगों की मौतों की संख्या 73 पहुंच गई।

औरंगाबाद में गुरुवार को सर्वाधिक 15 मौतें हुईं। इसके बाद पटना में 11 मौतों की खबर सामने आयी। भोजपुर में पांच मतदानकर्मियों सहित 10 की मौत हुई जबकि रोहतास में आठ, कैमूर में पांच, गया में चार, मुजफ्फरपुर में दो के अलावा बेगूसराय, जमुई, बरबीघा और सारण में एक-एक व्यक्ति की ऐसे ही चलते-फिरते मौत होने की जानकारी आई। गुरुवार को 59 और बुधवार को 14 मौतों के साथ राज्य में मरने वालों की संख्या 73 हो गई है। चूंकि, ज्यादातर लोगों का पोस्टमार्टम नहीं कराया जा रहा है, इसलिए प्रशासनिक तौर पर लू से मौत की पुष्टि नहीं की जा रही है।

बिहार में बुधवार को करीब साढ़े तीन सौ बच्चे और शिक्षक स्कूलों में लू के कारण बेहोश हुए तो राज्य सरकार ने शाम छह बजे जाकर घोषणा की कि गुरुवार से आठ जून तक स्कूल बंद रहेंगे। गुरुवार को स्कूल खुले और बच्चों को लौटा दिया गया लेकिन शिक्षकों को दोपहर बाद डेढ़ बजे तक बैठाए रखा गया।

इधर, लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण के मतदान के लिए तैयारियों में जुटे लोगों पर भी संकट रहा। रोहतास में मतदान ड्यूटी वाले दो शिक्षकों की मौत की खबर आई। भोजपुर में एकमुश्त पांच मतदानकर्मियों की मौत हो गई। हीटवेव से जिन लोगों की मौतें हुई उनमें ज्यादातर बुजुर्ग हैं, जिनकी उम्र 50 साल से 85 साल के बीच बताई जा रही है। बिहार के जिलों में लगातार बढ़ती गर्मी के चलते अस्पतालों में स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन और थकान के बड़ी संख्या में मामले सामने आ रहे हैं। ज्यादातर मामले बिहार के पटना में सामने आ रहे हैं।

फिलहाल, मरने वालों को कोई मुआवजा नहीं मिल रहा। मतदान में सरकारी ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वालों को मुआवजा तब दिया जाएगा जब उनकी मौत की वजह का प्रमाण जमा होगा। इन मौतों की कोई प्रशासनिक पुष्टि भी नहीं हो रही है।

file photo

0Shares

पटना, 30 मई (हि.स.)। बिहार में पिछेल दो दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मोहाल कर दिया है। स्थिति ऐसी है कि लोगों के घरो और ऑफिस में लगे एसी भी प्रचंड गर्मी के आगे फेल हो रहे है।

बिहार में भीषण गर्मी और लू की वजह से पिछले 24 घंटे में राज्य के भोजपुर, रोहतास, गोपालगंज, औरंगाबाद और अरवल जिले में अब तक आठ लोगों की मौत हो चुकी है। इस बीच मौसम विभाग ने गुरुवार को भी बिहार के कई जिलों में भीषण गर्मी और लू की चेतावनी जारी की है। साथ ही लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है।

मौसम विभाग के अनुसार एक जून तक लू की स्थिति यथावत जारी रहने का अनुमान है।

इसके बाद धीरे-धीरे इसमें कमी आएगी। बिहार, झारखंड, ओडिशा, विदर्भ, छत्तीसगढ़, जम्मू संभाग और हिमाचल प्रदेश में भी शुक्रवार तक लू की स्थिति गंभीर बने रहने का अनुमान है।

सबसे ज्यादा भोजपुर जिले में तीन लोगों की हीटवेव से जान चली गई। वहीं, गोपालगंज में भी नेपाल जा रहे एक पर्यटक ने बीच रास्ते में दम तोड़ दिया। इस भीषण गर्मी में लू लगने से भागलपुर जिला पुलिस बल में तैनात दारोगा देवनाथ राम की जान चली गई। दारोगा चुनाव ड्यूटी में रोहतास जिले के डेहरी स्थित पुलिस लाइन पहुंचे थे। जहां बुधवार दोपहर तबीयत खराब होने पर सासाराम सदर अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। दारोगा भोजपुर के बिहियां थाना क्षेत्र के औराई नवादा गांव के रहने वाले थे।

अरवल में चुनाव ड्यूटी के लिए अरुणाचल प्रदेश से आए हेड कांस्टेबल निक्कू अहुजा की भी मौत हो गई। उनकी ड्यूटी उत्क्रमित विद्यालय रामपुर चौरम में लगाई गई थी।

गोपालगंज में महाराष्ट्र के नासिक के रहने वाले एक पर्यटक की मौत लू लगने से हो गई। पर्यटकों के एक दल के साथ सोमनाथ आगरे (60) नेपाल के काठमांडू जा रहे थे। बरौली के मिर्जापुर बाजार के पास बस में सवार की तबीयत अचानक बिगड़ गई। गोपालगंज सदर अस्पताल में इलाज के क्रम में उनकी मौत हो गई।

रोहतास जिले के करगहर बड़हरी बाजार में वृद्धा तेतरा देवी और औरंगाबाद के आंजन के शिवनारायण सिंह के अरुण सिंह की मौत हो गई। भोजपुर जिले में बीते 24 घंटे के भीतर लू से तीन लोगों की मौत हुई। जगदीशपुर, बड़हरा और गजराजगंज थाना इलाके में ये मौतें हुईं।

0Shares

पटना (बिहार), 27 मई (हि.स.)। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पटना के बख्तियारपुर और पालीगंज में सोमवार को जनसभाओं को संबोधित कया। पाटलिपुत्रा लोकसभा क्षेत्र के पालीगंज में राहुल गांधी जैसे ही मंच पर पहुंचे मंच का एक हिस्सा धंस गया। इस दौरान पाटलिपुत्रा से आईएनडीआई गठबंधन से राजद की उम्मीदवार मीसा भारती ने राहुल गांधी का हाथ पकड़कर उन्हें संभाला। राहुल गांधी ने कहा कि मैं ठीक हूं और मुस्कुराते हुए जनसभा की शुरूआत कर लोगों का अभिवादन किया।

राहुल ने पालीगंज में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि एक इंटरव्यू में मोदी जी ने कहा था कि बड़े-बड़े फैसले मैं नहीं लेता परमात्मा लेते हैं। ये ऐसा ईडी से बचने के लिए कहते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर ईडी उनसे अडाणी पर सवाल करेगी। प्रधानमंत्री को नसीहत देते हुए उन्होंने कहा कि मोदी जी आप लंबे-लंबे भाषण देना बंद कीजिए और देश को बांटने की कोशिश मत करिए।

इससे पहले राहुल गांधी ने बख्तियारपुर में कांग्रेस उम्मीदवार अंशुल के पक्ष में जनसभा को संबोधित करते हुए इस बात की गारंटी दी कि नरेन्द्र मोदी इस बार प्रधानमंत्री नहीं बनेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने दस साल में कुछ नहीं किया। साथ ही कहा कि पीएम कुछ भी कहें लेकिन चार जून के बाद आईएनडीआई गठबंधन की सरकार बनाने जा रही है। कांग्रेस नेता ने कहा कि ये चुनाव संविधान का चुनाव है। भाजपा वालों ने कहा है कि हम इस संविधान को फाड़ कर फेंक देंगे। तेजस्वी ने बिहार में आप लोगों को रोजगार दिया और देश में 30 लाख रोजगार हैं, जिसे वो देने का काम करेंगे। इसलिए आप भारी मतों से अंशुल को विजयी बनाएं।

0Shares

पटना, 27 मई (हि.स.)। कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज लोकसभा चुनाव के दौरान दूसरी बार बिहार दौरे पर पहुंच रहे हैं। वह तीन लोकसभा क्षेत्रों में जनसभाओं को संबोधित करेंगे। इससे पूर्व राहुल गांधी 20 अप्रैल को बिहार आए थे। उन्होंने भागलपुर में चुनावी सभा को संबोधित किया था।

राहुल की पहली सभा पटना साहिब लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार अंशुल अभिजीत के पक्ष में बख्तियारपुर में, पाटलिपुत्र से इंडी गठबंधन की उम्मीदवार मीसा भारती के पक्ष में पालीगंज में और आरा के जगदीशपुर में इंडी गठबंधन उम्मीदवार सुदामा प्रसाद के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। राहुल गांधी के साथ इन तीनों जनसभाओं में राजद नेता तेजस्वी यादव, भाकपा माले महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य और वीआईपी के नेता मुकेश सहनी मौजूद रहेंगे।

0Shares

Panta: बिहार के गया स्थित अन्तरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से रविवार को पहले दिन 320 हज यात्रियों का पहला जत्था दो विमानों से मक्का के लिए रवाना हुआ। पहली फ्लाइट में 74 पुरुष, 85 महिला औ

र दूसरी फ्लाइट में 92 पुरुष और 69 महिला सहित कुल 320 हज यात्री मक्का के लिए रवाना हुए। ये यात्रा एक जून तक संचालित होगी।
हज यात्रियों की सुविधा के लिए एयरपोर्ट के बाहरी परिसर में वॉटरप्रूफ जर्मन हैंगर पंडाल का निर्माण आवासन के लिए किया गया है। इसके साथ महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग नमाजगाह की भी व्यवस्था की गई है। एयरपोर्ट परिसर में वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था है। साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था को नियंत्रण रखने के लिए ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की भी प्रतिनियुक्ति की गई है।

0Shares