पटना, 12 जून (हि.स.)। चक्रवाती तूफान बिपरजॉय के कारण बिहार के पांच ट्रेनों के परिचालन में बदलाव कर दिया गया है। पश्चिम रेलवे पर यात्रा समाप्त करने एवं खुलने वाली कुछ ट्रेनों का आंशिक समापन और प्रारंभ तथा रद्द किया गया है।

पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी वीरेन्द्र कुमार ने बताया कि 11 एवं 12 जून को मुजफ्फरपुर से खुल कर पोरबंदर जाने वाली गाड़ी संख्या- 19270 मुजफ्फरपुर-पोरबंदर एक्सप्रेस का आंशिक समापन विरमगाम जंक्शन पर किया जाएगा।

13 जून को मुजफ्फरपुर से खुल कर पोरबंदर जाने वाली गाड़ी संख्या- 19270 मुजफ्फरपुर-पोरबंदर एक्सप्रेस का आंशिक समापन राजकोट में समाप्त किया जाना है। 12 जून को गुवाहाटी से खुल कर ओखा जाने वाली गाड़ी संख्या- 15636 गुवाहाटी-ओखा एक्सप्रेस का आंशिक समापन अहमदाबाद में किया जाएगा।

15 जून को पोरबंदर से खुल कर मुजफ्फरपुर जाने वाली गाड़ी संख्या- 19269 पोरबंदर-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस का परिचालन रद्द रहेगा। 16 जून को ओखा से खुलने वाली गाड़ी संख्या- 15635 ओखा-गुवाहाटी एक्सप्रेस का आंशिक प्रारंभ अहमदाबाद से किया जाएगा।

0Shares

पटना, 12 जून (हि.स.)। जदयू के मुख्य प्रवक्ता और विधानपार्षद नीरज कुमार और विधायक राजीव कुमार सिंह ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी की डिग्री पर गंभीर सवाल उठाया है।

सोमवार को पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी की डी लिट की डिग्री को संदेहास्पद बताया और कहा कि जिस कैलिफोर्निया पब्लिक यूनिवर्सिटी के नाम का इस्तेमाल सम्राट चौधरी ने अपनी चुनावी शपथ पत्र में किया है उस विश्वविद्यालय का नाम संदेह के घेरे में है।

मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने आरोप लगाते हुए कहा कि साल 2005 में उनका नाम राकेश कुमार के तौर पर दर्ज है, साल 2010 में उनका नाम राकेश कुमार उर्फ सम्राट चौधरी के तौर पर दर्ज है। वहीं साल 2020 में उनका नाम सम्राट चौधरी के तौर पर दर्ज है। नीरज कुमार ने कहा कि आखिर किस नाम से सम्राट चौधरी ने ‘डी लिट’ की डिग्री हासिल की है इस बारे में उन्हें सारे तथ्य सामने लाने चाहिए।

उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि लोग आज जानना चाहते हैं कि आखिर उन्होंने किस नाम से ‘डी लिट’ की डिग्री उस यूनिवर्सिटी से हासिल की है। चुनावी एफिडेविट में डिग्री का, रजिस्ट्रेशन नंबर का उल्लेख नहीं करना संदेह उत्पन्न करता है। सम्राट चौधरी की डिग्री पर सवाल उठाते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि कैलिफोर्निया पब्लिक यूनिवर्सिटी का नाम अमेरिका के यूनिवर्सिटी के नाम में शामिल नहीं है। जिससे उनकी डिग्री पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।

नीरज कुमार ने कहा कि जद(यू) भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को इस मामले में सारे तथ्यों के जवाब के लिए 72 घंटों का समय देती है और आशा करती है इस समय अवधि में वो सारे सवालों का विस्तार पूर्वक जवाब देंगे। उन्होंने कहा सम्राट चौधरी की डिग्री पर सवाल उनकी राजनीतिक साख से जुड़ा है और राजनीति में साख का होना बेहद जरुरी होता है तभी जनता नेताओं के बातों से सहमत होती है। उन्हें इस मामले में खुलकर सामने आना चाहिए और अपनी डिग्री के बारे में तमाम तरह की जानकारियां उपलब्ध करानी चाहिए।

0Shares

पटना, 12 जून (हि.स.)। बिहार में मानसून का आगमन 12 जून यानि सोमवार को हो गया है।इससे संबंधित प्रेस विज्ञप्ति पटना के मौसम विज्ञान केन्द्र ने आज जारी की है। केन्द्र के अनुसार इस साल बिहार में मानसून अपने निर्धारित तिथि से एक दिन पूर्व यानि 12 जून को पहुंचा है।

इससे पहले बिहार में मानसून 13 जून को पहुंचता रहा है। ऐसा 17 साल बाद हुआ है। इससे पहले 2006 में समय से पहले मानसून की एंट्री हुई थी। सोमवार सुबह बिहार के किशनगंज जिले में जमकर मानसून की बारिश हुई। वहीं, रविवार देर शाम को पटना, जमुई समेत कुछ जगहों पर बारिश हुई थी। इससे उमस बढ़ गई है।

विज्ञप्ति के अनुसार मानसून का प्रभाव राज्य के फारबिसगंज (अररिया) पूर्णिया, किशनगंज और कटिहार तक देखा जा सकता है। इन जिलों में मानसून की बारिश शुरू हो गई है। पूर्णिया में 105.2 एमएम, बलरामपुर (कटिहार) में 57.2 एमएम, सिकटी (अररिया) में 56.4 एमएम, सोनहौला (भागलपुर) में 50.6 एमएम बारिश दर्ज की गई है। बिहार के लोगों को अब जल्द ही आने वाले दिनों में भीषण गर्मी और लू से राहत मिल सकती है।

मौसम विभाग के वैज्ञानिक आशीष कुमार अनुसार पटना में भी अलगे एक-दो दिन में मानसून की बारिश होने की संभावना है। प्रचंड तापमान के बीच नमी के हो रहे प्रसार की वजह से राज्य के पूर्वी भाग में थंडर स्टॉर्म गतिविधियां अगले दो दिनों में तेज होंगी। केरल के तट पर लगभग एक हफ्ते मानसून ने देर से दस्तक दी थी, लेकिन उसके बाद तेजी से आगे बढ़ रहा है। ऐसे में 13 से 14 जून के बीच राज्य में मानसून की एंट्री की संभावना जताई गई थी लेकिन समय से पहले ही एंट्री हो गई।

पटना और गया में 15 जून तक मानसून देगी दस्तक

पटना-गया जिले में 15 जून और छपरा में 18 जून तक मानसून दस्तक दे सकता है। अगर मानसून अभी की रफ्तार से आगे बढ़ता है तो 20 जून तक पूरे राज्य में इसका असर देखने को मिल सकता है।

0Shares

रांची, 12 जून (हि.स.)। पटना से रांची के लिए चलने वाली सेमी हाई स्पीड ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस सोमवार सुबह रवाना हुई और करीब 12.48 बजे रांची रेलवे स्टेशन पहुंची। हालांकि ट्रेन में यात्री सवार नहीं थे, यह केवल ट्रायल रन था। यह ट्रेन पटना जंक्शन से सुबह 6:55 बजे के करीब खुली थी। पटना से रांची के बीच छह स्टेशनों पर इसका ठहराव हुआ। जहानाबाद, गया, कोडरमा, बरकाकाना, हजारीबाग, मेसरा में इस ट्रेन का ठहराव दिया गया था।

हालांकि, शुरुआत में गया और बरकाकाना जंक्शन पर ही केवल ठहराव का समय निर्धारित किया गया था, लेकिन शेष चार स्टेशनों पर भी इसका ठहराव कुछ देर के लिए हुआ।

रेलवे की ओर से जारी ट्रायल के समय सारणी के मुताबिक पटना जंक्शन से यह सुबह 6.55 खुलकर 8.20 बजे गया पहुंची। गया में इसका दस मिनट के करीब ठहराव हुआ। सुबह 8.30 बजे गया से खुलकर यह ट्रेन दोपहर 11.30 बजे तक बरकाकाना पहुंची। रांची में यह ट्रेन दोपहर 12 बजकर 48 मिनट पर पहुंची। रांची से पटना जाने के क्रम में यह ट्रेन दोपहर दो बजकर 20 मिनट पर रांची से खुलेगी। रात आठ बजकर 25 मिनट पर पटना पहुंचेगी।

पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी वीरेंद्र कुमार ने बताया था कि वंदे भारत ट्रेन के ट्रायल की तारीख तय कर दी गयी है। 12 जून को ट्रेन पटना जंक्शन से रवाना होगी। ट्रायल सफल होने के बाद इसे यात्रियों के लिए भी शुरू कर दी जायेगी।

इसके पूर्व वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन हजारीबाग टाउन स्टेशन पर सुबह 10 बजकर 21 मिनट पर पहुंची। ट्रेन पहुंचने के साथ ही भारत माता की जय और नरेन्द्र मोदी जिंदाबाद के नारे से रेलवे स्टेशन गूंज उठा। दो मिनट के स्टॉपेज के बाद ट्रेन आगे के लिए निकल गयी। लेकिन वंदे भारत के प्रति हजारीबाग के लोगों की दीवानगी देखते ही बनी। इस दौरान कोई सेल्फी ले रहा था, तो कोई ट्रेन को चूम रहा था। महिला, पुरुष और बच्चे समाज के हर तबके ने वंदे भारत ट्रेन का दिल खोलकर स्वागत किया। आम जनता से लेकर राजनेता, समाजसेवी सभी में खासा उत्साह दिखा।

मोदी सरकार ने वादा पूरा किया : यदुनाथ पांडेय

हजारीबाग की पूर्व सांसद नाथ पांडेय ने कहा कि यह भाजपा और केंद्र सरकार की दूरदर्शी सोच का ही परिणाम है कि वंदे भारत ट्रेन हजारीबाग से होते हुए गुजर रही है। आम जनता में काफी उत्साह भी है। सरकार ने जो वादा किया था, वह अब पूरा किया। वहीं उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि 2024 समाप्त होते-होते दिल्ली और कोलकाता से भी हजारीबाग से होते हुए ट्रेन गुजरेगी और आम जनता को इसका लाभ मिलेगा।

पटना से रांची तक का सफर करीब छह घंटे में होगा पूरा

वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन से पटना और रांची के बीच सफर का समय कम हो जायेगा। अब कम समय में पटना से रांची तक की यात्रा की जा सकती है। वंदे भारत ट्रेन से इस दूरी को तय करने में सिर्फ छह घंटे पांच मिनट का समय लगेगा। अभी इन दोनों स्टेशनों के बीच सफर के समय की बात करें, तो अभी इस दूरी को तय करने में नौ घंटे का वक्त लगता है। इस वक्त पटना से रांची के बीच सफर में जन शताब्दी एक्सप्रेस से सबसे कम समय लगता है। इस ट्रेन से सात घंटे लगते हैं।

वंदे भारत ट्रेन में होंगी आठ बोगियां

पटना-रांची वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन में आठ बोगियां होंगी। सभी बोगियों में एसी चेयरकार की सुविधा है। हर कोच चार आपातकालीन पुश बटन के साथ जीपीएस आधारित सूचना प्रणाली से युक्त होगा।

उल्लेखनीय है कि झारखंड स्टेट स्टूडेंट्स यूनियन के झारखंड बंद को देखते हुए रेलवे ने पटना-रांची वंदे भारत ट्रेन के ट्रायल रन को रि-शेड्यूल किया है। पहले ट्रायल 11 जून को होना था। लेकिन बंद को देखते हुए 12 जून किया गया।

0Shares

पूर्वी चंपारण,11 जून(हि.स.)। जिले के पीपरा थानाक्षेत्र से अपह्रत किशोरी को मोतिहारी पुलिस की विशेष टीम ने पूर्णिया के रौटा थाना क्षेत्र शरीफगंज स्थित रेड लाइट एरिया से मुक्त करा लिया है।

इस मामले में तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है, जिनकी निशानदेही पर पुलिस अग्रतर कार्रवाई में जुटी है। इस संदर्भ में एसपी कांतेश कुमार मिश्र ने बताया कि पिछले वर्ष नवंबर माह में पीपरा थाना में एक किशोरी के अपहरण किये जाने की प्राथमिकी उसके पिता ने अज्ञात पर दर्ज कराई थी। जिसकी बरामदगी के लिए चकिया डीएसपी सत्येंद्र प्रसाद सिंह के नेतृत्व में एक टीम गठित की गयी थी।

टीम ने सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए किशोरी को पूर्णिया पुलिस के सहयोग से रेड लाइट एरिया से बरामद करते हुए इस मामले में तीन महिला सोफिया परवीन उर्फ मधु, कब्रिस्तान टोला थाना सदर जिला पूर्णिया,निकहत बेगम, ग्राम सरीफगंज थाना रौटा जिला पूर्णिया सीमा खातून उर्फ रूबी खातून ग्राम बहादुरगंज समसेर थाना बहादुरगंज जिला पूर्णिया गिरफ्तार किया है, जिनके पास चार सेलफोन बरामद किया गया है,जिसका कॉल डिटेल्स निकाल कर इस मामले अन्य संलिप्त की खोज की जा रही है।

उन्होने बताया कि पूछताछ में यह बात सामने आई है कि बरामद किशोरी को पीपरा के ही एक युवक ने अपने प्रेमजाल में फंसाया। फिर उसे घर से भगाकर चकिया में अपने मित्र को ले जाकर बेच दिया, फिर चकिया में खरीदनेवाले युवक ने लड़की को पूर्णिया में ले जाकर देह व्यापार करने वाले गिरोह के हाथों रेड लाइट एरिया में बेच दिया। एसपी ने बताया कि पुलिस की टीम चकिया व पीपरा के दोनों युवकों की खोज कर रही है।

0Shares

पटना, 11 जून (हि.स.)। लालू के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव ने पिता का जन्मदिन मथुरा में केक काटकर मनाया और उनकी बेहतर स्वास्थ्य के लिए पूजा-अर्चना की।

तेजप्रताप ने मथुरा में बर्थडे सेलिब्रेशन की तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए ट्विट कर लालू यादव को जन्मदिन की बधाई दी है। ट्विटर पर तेजप्रताप ने लिखा है कि आज मथुरा के बरसाना स्थित श्री राधारानी मंदिर में केक काट कर पिता का जन्मदिन मनाया और उनके स्वास्थ्य लाभ के लिए पूजा-अर्चना की। ईश्वर से यही प्रार्थना करता हूं कि आपका आशीर्वाद सदा हम सभी पर बना रहे।

0Shares

13वी बिहार राज्य सब-जूनियर, जूनियर वूशु प्रतियोगिता में सारण की टीम ने 11 मेडल जीत कर किया शानदार प्रदर्शन

Chhapra: 9 से 11 जून तक नालंदा राजगीर में आयोजित 13वी बिहार राज्य सब-जूनियर, जूनियर वूशु प्रतियोगिता में सारण की टीम ने कुल 3 गोल्ड 4 सिल्वर और 4 ब्रोंज मेडल जीत कर शानदार प्रदर्शन किया। सारण के विवेक कुमार ने अंडर 80kg वर्ग भार में गोल्ड मेडल, कुणाल कुमार अंडर 45 kg गोल्ड मेडल, अंडर 32 kg वर्ग भार में गोल्ड मेडल, परी कुमारी अंडर 28kg वर्ग भार में सिल्वर मेडल, निशांत कुमार अंडर 45kg वर्ग भार में सिल्वर मेडल, नंदराज सिंह अंडर 48kg वर्ग भार में सिल्वर मेडल, आकांक्षा कुमारी अंडर 48kg वर्ग भार में सिल्वर मेडल, आदर्श कुमार अंडर 28kg वर्ग भार में ब्रोंज मेडल, ईशान वैभव अंडर 32kg वर्ग भार में ब्रोंज मेडल, वंदना कुमारी अंडर 36kg वर्ग भार में ब्रोंज मेडल और दीपांशु कुमार अंडर 75kg वर्ग भार में ब्रोंज मेडल प्राप्त कर सारण जिले का नाम फिर से गौरांवित किया है।

सारण टीम के कोच वरुण सिन्हा ने बताया कि आगामी राष्ट्रीय स्तर की होने वाली प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल प्राप्त करने वाले सभी खिलाड़ी बिहार का प्रतिनिधित्व करेंगे। टीम के मैनेजर सारण के आदित्य कुमार और हिमांशु दूबे थे।

सारण जिला वूशु संघ के सचिव विनय पण्डित ने सभी खिलाडि़यों व कोच वरुण सिन्हा को बधाई दी है।संघ के अध्यक्ष व पूर्व विधायक रणधीर सिंह में भी सभी खिलाड़ीयों के उत्कृष्ठ परदर्शन करने पर उन्हें बधाई दी है। वहीं खिलाड़ियो के अभिभावक व खेल प्रेमियों में हर्ष व्याप्त है।

0Shares

पटना (बिहार), 10 जून (हि.स.)। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव 11 जून को 76 साल के हो जायेंगे। पार्टी उनका जन्मदिन सामाजिक न्याय एवं सद्भावना दिवस के रूप में मनाएगी। लालू को उनके जन्मदिन के पूर्व संध्या पर शनिवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने फोन पर बधाई और शुभकामनाएं दी।

इस दौरान दोनों नेताओं के बीच लंबी बातचीत हुई। मल्लिकार्जुन खड़गे को लालू ने 23 जून को होने वाली विपक्षी दलों की बैठक में आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि 23 जून बैठक की सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं और उन्होंने मल्लिकार्जुन खड़गे को बैठक में शामिल होने का निमंत्रण दिया।

दरअसल, बर्थडे के एक दिन पहले ही लालू यादव को बधाई देने के लिए 10 सर्कुलर स्थित राबड़ी आवास में बड़ी संख्या में उनके समर्थक पहुंचे रहे थे। इस दौरान लालू से मिलने के लिए कांग्रेस नेता शकील अहमद भी पहुंचे थे। मुलाकात के बीच लालू ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मलिकार्जुन खड़गे को फोन लगाइए। फिर लालू की खड़गे से फोन पर लंबी बातचीत हुई।

उल्लेखनीय है कि लालू यादव के 76वें जन्मदिन को खास बनाने में उनके समर्थक तैयारियों में लगे हैं। राजधानी पटना की सड़कें लालू के पोस्टर्स से पट गई हैं। छह साल बाद लालू प्रसाद का जन्मदिन समारोहपूर्वक मनाया जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह के निर्देश पर पार्टी के तमाम नेता और कार्यकर्ता बड़े भोज की तैयारी में हैं। कल यानी 11 जून को राजद की ओर राज्य के सभी जिला, प्रखंड, पंचायत आर सभी गांवों में कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिसमें पार्टी के कार्यकर्ता और स्थानीय नेता मौजूद रहेंगे।

0Shares

रांची, 10 जून (हि.स.)। झारखंड स्टेट स्टूडेंट्स यूनियन (जेएसएसयू) के झारखंड बंद के मद्देनजर रेलवे ने पटना-रांची वंदे भारत ट्रेन के ट्रायल रन को रिशेड्यूल किया है। पटना से रांची तक वंदे भारत ट्रेन का ट्रायल रन 11 जून को होना था लेकिन तारीख को एक दिन आगे बढ़ा दिया गया है। अब 12 जून को पटना से रांची और रांची से पटना के लिए ट्रेन का ट्रायल रन होगा।

उल्लेखनीय है कि जेएसएसयू ने राज्य सरकार की 60-40 नियोजन नीति के खिलाफ 10 और 11 जून को झारखंड बंद का आह्वान किया है।

पटना से 12 जून को सुबह 6.55 बजे ट्रायल रन शुरू होगा। यह ट्रेन सुबह 8.20 बजे गया पहुंचेगी। बरकाकाना पहुंचने का टाइम 11.30 रहेगा। दोपहर एक बजे यह ट्रेन रांची रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। इस दौरान जहानाबाद स्टेशन, कोडरमा, हजारीबाग और मेसरा में भी ट्रेन रुकेगी। अभी तक की प्लानिंग के मुताबिक गया में 10 मिनट और बरकाकाना में पांच मिनट ट्रेन रुकेगी।

12 जून को ही रांची रेलवे स्टेशन से 14.20 बजे ( 2 बजकर 20 मिनट) वंदे भारत ट्रेन पटना के लिए रवाना होगी। टाटीसिल्वे में बिना रुके 3.30 बजे बरकाकाना पहुंचेगी। इसके बाद शाम सात बजे गया और फिर 20.25 बजे (शाम 8 बजकर 25 मिनट) पटना पहुंचेगी। इस दौरान ट्रेन को मेसरा, हजारीबाग, कोडरमा और जहानाबाद में प्रस्तावित स्टॉपेज पर रोका जाएगा।

इस बाबत पूर्व मध्य रेलवे के सीपीटीएम ने दानापुर, मुगलसराय और धनबाद डिवीजन के सीनियर डिविजनल ऑपरेशंस मैनेजर को रिवाइज्ड लेटर जारी कर व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है। पत्र के मुताबिक दानापुर के एक ट्रैफिक इंसपेक्टर को पटना से गया तक फुट प्लेटिंग और मिनट टू मिनट टाइम रिकॉर्डिंग करने को कहा गया है जबकि धनबाद डिवीजन को गया से रांची जाने और लौटने के दौरान फुट प्लेटिंग और मिनट टू मिनट टाइम रिकॉर्डिंग करना है। ट्रायल रन के दौरान वंदे भारत की आठ बोगियां लगाई जाएंगी। हालांकि, अभी तक इसके किराये का खुलासा नहीं किया गया है।

उल्लेखनीय है कि पटना और रांची के बीच शुरू होने जा रही वंदे भारत ट्रेन को लेकर दोनों राज्यों के लोग बेहद उत्साहित हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि, यह ट्रेन ना सिर्फ आधुनिक सुविधाओं से लैस होगी, बल्कि यह महज 6 घंटे में पटना और रांची के बीच की दूरी तय कर लेगी।

0Shares

पटना/डेहरी आन सोन, 08 जून (हि.स.)। बिहार में रोहतास जिले के दाऊद नगर सोन पुल में फंसे बालक रंजन को आज शाम 5:30 बजे 36 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित निकाल लिया गया लेकिन सदर अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बचाव दल के विफल होने पर पुल की दीवार को तोड़कर उसे सकुशल निकाला गया था।

बालक खिरियांव गांव निवासी शत्रुघ्न प्रसाद का पुत्र रंजन कुमार बताया जाता है। उसके पिता के अनुसार उसका पुत्र मानसिक रूप से विक्षिप्त था और घर से गायब था। उसकी खोजबीन की जा रही थी। बुधवार को दोपहर बाद पुल से गुजर रही एक महिला ने लड़के को पाया में फंसकर रोते हुए देख स्वजनों को सूचित किया।

सूचना पाकर स्वजनों के साथ बीडीओ मो. जफर इमाम, सीओ अमित कुमार, थानाध्यक्ष सुधीर कुमार समेत अन्य अधिकारी पहुंच गए। शाम तक एसडीएम उपेंद्र पाल भी घटनास्थल पर पहुंचे और अधिकारियों को शीघ्र रेस्क्यू कर बच्चे को बाहर निकालने का निर्देश दिया।

0Shares

पटना/डेहरी आन सोन, 08 जून (हि.स.)। बिहार में रोहतास जिले के नासरीगंज प्रखंड के अतिमि गांव स्थित नासरीगंज-दाउदनगर सोन पुल के पाया संख्या एक के बीच बीते 30 घंटे से फंसे 12 वर्षीय किशोर को आज सकुशल निकाल लिया गया। बचाव दल के विफल होने पर पुल निगम के अभियंता ने दो पोकलेन लगाकर दीवार को तोड़ दिया और बच्चे को सकुशल निकाल लिया।

किशोर खिरियांव गांव निवासी शत्रुघ्न प्रसाद का पुत्र रंजन कुमार बताया जाता है। उसके पिता के अनुसार उनका पुत्र मानसिक रूप से विक्षिप्त है, जो घर से गायब था और उसकी खोजबीन की जा रही थी। बुधवार को दोपहर बाद पुल से गुजर रही एक महिला ने लड़के को पाया में फंसकर रोते हुए देख स्वजनों को सूचित किया।

सूचना पाकर स्वजनों के साथ बीडीओ मो. जफर इमाम, सीओ अमित कुमार, थानाध्यक्ष सुधीर कुमार समेत अन्य अधिकारी पहुंच गए। शाम तक एसडीएम उपेंद्र पाल भी घटनास्थल पर पहुंचे और अधिकारियों को शीघ्र रेस्क्यू कर बच्चे को बाहर निकालने का निर्देश दिया।

0Shares

पटना/डेहरी आन सोन, 08 जून (हि.स.)। बिहार में रोहतास जिले के नासरीगंज प्रखंड के अतिमि गांव स्थित नासरीगंज-दाउदनगर सोन पुल के पाया संख्या एक के बीच एक 12 वर्षीय किशोर बीते 26 घंटों से फंसा है, जिसको निकालने में प्रशासन के पसीने छूट गए हैं। एनडीआरएफ की टीम उसको बचाने के लिए कड़ी मशक्कत कर रही है लेकिन अभी तक सफलता नहीं मिली है।

किशोर खिरियांव गांव निवासी शत्रुघ्न प्रसाद का पुत्र रंजन कुमार बताया जाता है। पिता के अनुसार उनका पुत्र मानसिक रूप से विक्षिप्त है, जो घर से गायब था और उसकी खोजबीन की जा रही थी। बुधवार को दोपहर बाद पुल से गुजर रही एक महिला ने लड़के को पाया में फंसकर रोते हुए देख स्वजनों को सूचित किया।

सूचना पाकर स्वजनों के साथ बीडीओ मो. जफर इमाम, सीओ अमित कुमार, थानाध्यक्ष सुधीर कुमार समेत अन्य अधिकारी पहुंच गए। शाम तक एसडीएम उपेंद्र पाल भी घटनास्थल पर पहुंचे और अधिकारियों को शीघ्र रेस्क्यू कर बच्चे को बाहर निकालने का निर्देश दिया। रेस्क्यू में देर हुई तो पुल के पिलर में आठ घंटे से फंसे बच्चे के साथ कुछ भी अनहोनी हो सकती है। खबर लिखे जाने तक रेस्क्यू जारी था।

0Shares