महागठबंधन में तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री और मुकेश सहनी होंगे उपमुख्यमंत्री का चेहरा: अशोक गहलोत

महागठबंधन में तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री और मुकेश सहनी होंगे उपमुख्यमंत्री का चेहरा: अशोक गहलोत

पटना, 23 अक्टूबर (हि.स.)। बिहार विधानसभा चुनाव-2025 को लेकर गुरुवार को महागठबंधन की संयुक्त प्रेसवार्ता में बिहार की राजनीति का सबसे बड़ा ऐलान हुआ। कांग्रेस समेत गठबंधन के सभी दलों ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री और विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) प्रमुख मुकेश सहनी काे उपमुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया।

पटना में आयोजित महागठबंधन की साझा पत्रकार वार्ता में बिहार कांग्रेस के प्रभारी व राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि “राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे की राजामंदी के बाद तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाने का निर्णय लिया गया है। तेजस्वी युवा नेता हैं और बिहार को नई दिशा देंगे।

पत्रकार वार्ता में भाजपा पर तंज कसते हुए अशोक गहलोत ने कहा कि अमित शाह समेत भाजपा के नेता बिहार आते हैं लेकिन यह नहीं बता पाते कि उनका मुख्यमंत्री चेहरा कौन होगा। लोकतंत्र खतरे में है, बिहार के लोग बदलाव चाहते हैं। उन्होंने विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) प्रमुख मुकेश सहनी की भूमिका पर भी भरोसा जताते हुए कहा कि “उन्होंने मेहनत से अपनी जगह बनाई है और वह महागठबंधन के उपमुख्यमंत्री पद के चेहरे होंगे।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने कहा कि देश के हालात गंभीर हैं। लोग चिंतित हैं। किसी को नहीं पता कि देश किस दिशा जाएगा। हम सबकी जिम्मेदारी बनती है कि देश कहां जाएगा। बिहार के चुनाव पर देशभर की नजर है। बेरोजगारी हो या अन्य कई मुद्दे हों, जैसा कि सब साथियों ने बताया, छात्र, युवा, किसान, चिंता रोजगार की है। लोग बदलाव चाहते हैं।

गहलोत ने कहा- हमारे सामने बहुत बड़ी चुनौती है। डेमोक्रेसी एक मुखौटा रह गया है। मैं क्या कहूं, आप लोग सब जानते हैं। भाजपा को लोकसभा चुनाव में 240 पर समेट दिया। तेजस्वी जी ने उस वक्त भी कमाल किया था।

मौके पर तेजस्वी यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के चेहरे का इस्तेमाल करके तीन-चार नेता जो भाजपा के लिए काम कर रहे हैं। जदयू को खत्म करने में लगे हैं चुनाव के बाद जदयू को भी खत्म कर देंगे। भाजपा के लोग नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री नहीं बनाएंगे। अमित शाह ने कई बार बोला है.. विधायक दल की संख्या होगी वो तय करेगी। 20 साल से राजग की सरकार बिहार में है। हमेशा मुख्यमंत्री के चेहरा घोषित किया गया है, क्या कारण है कि नीतीश कुमार को चेहरा घोषित नहीं किए। नीतीश का आखिरी चुनाव है.. ये स्पष्ट अमित शाह ने कर दिया हैं।

तेजस्वी यादव ने कहा, हम सभी का दिल से धन्यवाद देते हैं कि मुझ पर पुन: भरोसा जताया है। सबसे कहना चाहता हूं कि जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरेंगे। 20 साल पुरानी निकम्मी सरकार को उखाड़कर फेंकेंगे।

तेजस्वी ने कहा कि राजग की नकलची सरकार है। इसका कोई विजन नहीं है। हम लोगों ने माई बहन योजना लाया तो 10000 का रिश्वत महिलाओं को दिया। बिहार के लोग 20 महीने का मौका दें.. तो जो 20 साल में नहीं हुआ.. 20 महीने में करेंगे। तेजस्वी सीएम बनेगा तो बिहार के सभी लोग सीएम बनेंगे। गैंस सिलेंडर 500 रुपये किया जाएगा।

इस दाैरान मुकेश सहनी ने कहा कि भाजपा ने जिस तरह हमारी पार्टी को तोड़ा, हमारे विधायक को खरीदा उस समय से हमने संकल्प लिया था कि जब तक भाजपा को तोड़ेंगे नहीं तब तक छोड़ेंगे नहीं। वो समय आ चुका है। हम मजबूती के साथ महागठबंधन के साथ रहकर बिहार में सरकार बनाएंगे और भाजपा को बिहार से बाहर करेंगे। महागठबंधन मजबूत और एकजुट है।

वहीं, वाम दलों के नेता दीपांकर भट्टाचार्य ने कहा कि यह लड़ाई देश की एकता और गंगा-जमुनी तहजीब काे बचाने की है। कांग्रेस बिहार अध्यक्ष ने कहा कि बिहार बदलाव की राह पर है और महागठबंधन पूरी तरह एकजुट है।

पत्रकार वार्ता में सभी साताें घटक दलों के नेता एक मंच पर मौजूद रहे और एक स्वर में कहा कि इस बार बिहार में बदलाव तय है।

0Shares

छपरा टुडे डॉट कॉम की खबरों को Facebook पर पढ़ने कर लिए @ChhapraToday पर Like करे. हमें ट्विटर पर @ChhapraToday पर Follow करें. Video न्यूज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को @ChhapraToday पर Subscribe करें

Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.