Chhapra: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सारण जिले में प्रगति यात्रा के दौरान घोषित 1203.81 करोड़ रु॰ लागत की कुल 27 योजनाओं का शिलान्यास एवं कार्यारंभ किया।

इनमें ग्रिड उपकेंद्र, छपरा एवं 132 के॰वी॰ के संचरण लाईन का निर्माण, रिकंडक्टरिंग का कार्य, एकमा-मशरख पथ, एन॰एच॰ 19 के छपरा सेक्शन पथ, एकमा से डुमाईगढ़ पथ, खैरा बिन टोलिया पथ का चौड़ीकरण कार्य तथा एकमा ग्रिड उपकेंद्र, शीतलपुर ग्रिड उपकेंद्र एवं मशरख ग्रिड उपकेंद्र में कुल 5 लाईन ‘बे’ के निर्माण कार्य शामिल हैं। इन योजनाओं के क्रियान्वयन से विद्युत संरचना सुदृढ़ होगी तथा यातायात व्यवस्था और सुगम होगी, जिससे लोगों को काफी लाभ होगा।

उन्होंने कहा कि हमलोगों ने प्रगति यात्रा के दौरान घोषित की गई सभी योजनाओं को रिकॉर्ड समय में स्वीकृत किया तथा काम भी शुरू कर दिया। सरकार सभी घोषणाओं को पूरा करने हेतु संकल्पित है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने रतनपुर बिन टोलिया में उपस्थित पेंशनधारी लाभुकों, जीविका दीदियों एवं अन्य लाभुकों के साथ संवाद किया।

Chhapra/Madhaura: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार गुरुवार को मढ़ौरा प्रखंड अंतर्गत थाना के पीछे खेल मैदान में आयोजित होने वाली सभा को संबोधित करेंगे. मुख्यमंत्री की दोपहर 12:30 बजे होने वाली इस सभा को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

मुख्यमंत्री के आगमन से पहले बुधवार को एनडीए घटक दलों के जिलाध्यक्षों और स्थानीय कार्यकर्ताओं ने स्थल का निरीक्षण किया तथा प्रेस वार्ता कर तैयारियों की जानकारी दी.

निरीक्षण के दौरान जदयू जिला अध्यक्ष सह पूर्व एनडीए प्रत्याशी अल्ताफ आलम राजू, भाजपा जिलाध्यक्ष रणजीत सिंह, लोजपा (आर) जिलाध्यक्ष रॉबिन सिंह, हम जिलाध्यक्ष उज्ज्वल श्रीवास्तव तथा रालोमो जिलाध्यक्ष डॉ. अशोक कुशवाहा मुख्य रूप से मौजूद थे.

वहीं प्रेस वार्ता में जदयू जिलाध्यक्ष अल्ताफ आलम राजू ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की यह सभा मढ़ौरा के लिए ऐतिहासिक होगी. उन्होंने कार्यकर्ताओं और आम जनता से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इस आयोजन को सफल बनाएं.

साथ उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पुल-पुलिया, महिला सशक्तिकरण और रोजगार के क्षेत्र में बड़े पैमाने पर काम किए हैं.

मढ़ौरा क्षेत्र में सड़क निर्माण, विद्यालयों का उन्नयन, कृषि योजनाओं का लाभ और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार हुआ है. साथ ही हर घर नल का जल, बिजली आपूर्ति की मजबूती और युवाओं के लिए प्रशिक्षण व रोजगार योजनाएं लगातार लागू की जा रही हैं.

सभा में मुख्यमंत्री इन उपलब्धियों का उल्लेख करने के साथ-साथ क्षेत्र के लिए नए विकास प्रोजेक्टों की घोषणा भी कर सकते हैं.

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क है. कार्यक्रम स्थल पर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है. पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती की गई है, वहीं मैदान के चारों ओर बैरिकेडिंग कर दी गई है. लोगों की सुविधा के लिए पार्किंग स्थल बनाए गए हैं. सभा स्थल पर पानी की व्यवस्था,पंडाल में पंखे और बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है.

मुख्य रूप से उपस्थित कार्यकर्ता व जनप्रतिनिधि स्थल निरीक्षण और बैठक में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे. इनमें मीणा अरुण, अमर सिंह, नागेंद्र राय, ई० प्रभाष शंकर, अंबिका मांझी, बलबीर सिंह, अनिल शर्मा, आर्य सुमंत, बद्री सिंह, गामा सिंह, दिवाकर चौबे, महेश सिंह, अनिल सिंह, राकेश सिंह उजाला, रियाजुद्दीन, जयप्रकाश महतो, बीरेंद्र गिरी, कुसुम देवी, कुसुम रानी, रेणु सिंह, सुमित्रा देवी, नागेंद्र सिंह और गणेश शाह प्रमुख रूप से शामिल थे.

Chhapra: STF टीम एवं दाउदपुर थाना के संयुक्त अभियान में हत्या एवं पुलिस पर हमला के कांड में वांछित अपराधकर्मी राजा यादव को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया गया है। 

वरीय पुलिस अधीक्षक, डॉ कुमार आशीष  के निर्देश पर सारण जिलान्तर्गत पुलिस के द्वारा अपराध के मुख्य शीर्षों में वांछित / फिरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में 02.09.25 को प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर एस.टी.एफ. टीम एवं दाउदपुर थाना पुलिस टीम के द्वारा संयुक्त रूप से छापामारी कर एकमा थाना में दर्ज हत्या एवं पुलिस पर हमला जैसे जघन्य अपराध में वांछित अपराधकर्मी राजा यादव को 01 देशी कट्टा एवं 01 जिन्दा कारतुस के साथ गिरफ्तार किया गया। इस संबंध में दाउदपुर थानान्तर्गत एक अन्य दाउदपुर थाना कांड सं0-234/25 दर्ज किया गया है। अग्रतर विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार अभियुक्त का नाम एवं पता
1. राजा यादव, पिता-भगवान यादव, साकिन-राजपुर के टोला, थाना-एकमा, जिला-सारण।
 गिरफ्तार अभियुक्त का अबतक का ज्ञात अपराधिक इतिहास
1. एकमा थाना कांड संख्या-540/23, दिनांक-27.12.23, धारा-341/323/325/504/34 भा०द०वि० ।
2. एकमा थाना कांड संख्या-157/24. दिनांक-02.05.24, धारा-392/411 भा०द०वि० ।
3. एकमा थाना कांड संख्या-144/24, दिनांक-25.04.24, धारा-379/411 भा०द०वि० ।
4. दाऊदपुर थाना कांड संख्या-323/23, दिनांक-28.09.23, धारा-392 भा०द०वि० ।
5. एकमा थाना कांड सं0-295/25, दिनांक-08.08.25, धारा-310 (4)/310 (5)/132/109/3(5) बी.एन.एस. तथा 25 (1-ए)/26/27/35 आर्म्स एक्ट।
6. एकमा थाना कांड सं0-33/25, दिनांक 28.01.25, धारा 103 (1)/3 (5) बी.एन.एस एवं 27 आर्म्स एक्ट।

बरामद सामानों की विवरणी

1. देशी कट्टा-1, 2. जिन्दा कारतुस-01

टीम में शामिल पुलिस पदाधिकारी/कर्मी

1. अपर थानाध्यक्ष दाउदपुर थाना एवं थाना के अन्य पदाधिकारी/कर्मी।

2. STF टीम ।

Chhapra: सारण जिले के रिविलगंज प्रखंड के प्रखंड प्रमुख सह सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के भावी एवं प्रत्याशी डॉ राहुल राज ने बिहार के शिक्षा मंत्री सुनील कुमार का अपने कार्यालय पर भव्य स्वागत किया।

सर्वप्रथम शिक्षा मंत्री के आगमन पर प्रखंड प्रमुख ने उन्हें माल्यार्पण कर एवं बुके व अंगवस्त्र के साथ हार्दिक अभिवादन किया तत्पश्चात वहां उपस्थित शिक्षक नेता व तमाम शिक्षकों ने भी माल्यार्पण कर उनका स्वागत किया।

इस दौरान बैठक में राजकीयकृत एवं उत्क्रमित विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों एवं शिक्षकेत्तर कर्मियों की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा हुई तथा शिक्षकों से जुड़ी सभी प्रासंगिक मुद्दों पर गहन विचार-विमर्श किया गया।

विशिष्ट शिक्षकों के वेतन विसंगति पर उनका कहना था कि इसके समाधान के लिए वित्त विभाग में फाइल भेज दी गई है, शीघ्र ही सकारात्मक निर्णय आने पर उसे लागू किया जायेगा। इतना ही नहीं बल्कि क्षतिपूरक अवकाश के लिए ई- शिक्षाकोष पर विकल्प शीघ्र देने पर सहमति भी बनी।

बैठक में शिक्षकों के आवास-भत्ता, मंहगाई-भत्ता एवं सेवा निरन्तरता को अद्यतन करने की मांग भी रखी गई जिसके संबंध में मंत्री के द्वारा इस मुद्दे पर निदेशक माध्यमिक शिक्षा से बात कर समाधान करने की सहमति प्रदान की गई।

शिक्षा मंत्री ने अपने संबोधन में यह भी कहा कि डॉ राहुल राज जिस प्रकार शिक्षकों की समस्याओं को लेकर पूर्ण सक्रियता के साथ उन्हें विश्वास दिलाते हुए आगे बढ़ रहे हैं तथा वृहद स्तर पर उनके द्वारा किये जा रहे प्रयासों से पहली बार ऐसा लग रहा है कि इस क्षेत्र को एक ईमानदार प्रतिनिधि मिलने जा रहा है जो शिक्षकों के वर्तमान व भविष्य दोनों को सुरक्षित करेगा।

डॉ राहुल राज ने शिक्षा मंत्री का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनका यह आगमन शिक्षा जगत में नई ऊर्जा का संचार करेगा और प्रदेश के युवाओं को मार्गदर्शन एवं प्रेरणा से सशक्त बनाएगा।

इस मौके पर मकसूद आलम अंसारी, अजय यादव, पुनीत रंजन, प्रभु बैठा, नसीम अख्तर, सफदर अली, प्रकाश, झुन्नु कुमार अर्णज, बृजभूषण, शशि, शाहनवाज हुसैन आदि प्रमुख शिक्षक नेता मौजूद रहें।

आज का पंचांग
दिनांक 03/09/2025 बुधवार
भाद्रपद शुक्लपक्ष एकादशी
रात्रि 04:21 उपरांत द्वादशी (04 सितम्बर 2025 )
नक्षत्र पूर्वाषाढ़ा
रात्रि 11:08 उपरांत उतराषाढ़ा
चन्द्र राशि -धनु
विक्रम सम्वत :2082
सूर्योदय 05:31 सुबह
सूर्यास्त :06:07 संध्या
चंद्रोदय :03:10 दोपहर
चंद्रास्त :01:42 रात्रि (03 सितम्बर 2025 )
ऋतू :वर्षा
चौघडिया,दिन
चौघड़िया :
लाभ 05:31 सुबह 07:05 सुबह,
अमृत 07:05 सुबह 08:40 सुबह
काल 08:40 सुबह 10:14 सुबह
शुभ 10:14 सुबह 11:49 सुबह
रोग 11:49 सुबह 01:23 दोपहर
उद्देग 01:23 दोपहर 02:58 दोपहर
चर 02:58 दोपहर 04:32 संध्या
लाभ 04:32 संध्या 06:07 संध्या
लगन :सिह
सुबह 06:33 उपरांत कन्या लगन
राहुकाल
दोपहर 11:49 से 01:23 दोपहर
अभिजित मुहूर्त
आज कोई नहीं है
दिशाशूल उत्तर
यात्रा विचार :आज कही यात्रा पर जाने के पहले धनिया खाकर यात्रा करे लाभ होगा .


आज का राशिफल

मेष (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)
धर्म-कर्म में रुचि रहेगी। कोर्ट व कचहरी के काम मनोनुकूल रहेंगे। लाभ के अवसर हाथ आएंगे। कुबुद्धि हावी रहेगी। चिंता तथा तनाव रहेंगे। मित्रों से संबंध सुधरेंगे। व्यावसायिक यात्रा सफल रहेगी। विरोधी सक्रिय रहेंगे।
लकी नंबर 1 लकी कलर बैंगनी

वृष (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो)
वाहन व मशीनरी के प्रयोग में सावधानी रखें। पुराना रोग परेशानी का कारण रह सकता है। दूसरों के कार्य में दखल न दें। बड़ों की सलाह मानें। लाभ होगा। अपेक्षित कार्यों में विलंब होगा। मानसिक बेचैनी रहेगी। व्यवसाय ठीक चलेगा।
लकी नंबर 4 लकी कलर बैंगनी

मिथुन (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)
प्रेम-प्रसंग में अनुकूलता रहेगी। परिवार के किसी सदस्य के स्वास्थ्य की चिंता रहेगी। बेवजह कहासुनी हो सकती है। कानूनी अड़चन दूर होगी। व्यापार में वृद्धि होगी। नौकरी में सहकर्मियों का साथ मिलेगा। निवेश शुभ रहेगा। प्रसन्नता रहेगी।
लकी नंबर 9 लकी कलर बैंगनी

कर्क(ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)
किसी अपने के व्यवहार से स्वाभिमान को ठेस पहुंच सकती है। शारीरिक कष्ट संभव है। कीमती वस्तुएं संभालकर रखें। शत्रु पस्त होंगे। वाणी पर नियंत्रण रखें। स्थायी संपत्ति के कार्य बड़ा लाभ दे सकते हैं। आर्थिक उन्नति के प्रयास सफल होंगे।
लकी नंबर 3 लकी कलर संतरी

सिंह (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)
शत्रु पस्त होंगे। सुख के साधन जुटेंगे। सामाजिक प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। पराक्रम बढ़ेगा। लंब समय से रुके कार्य सहज रूप से पूर्ण होंगे। कार्य की प्रशंसा होगी। शेयर मार्केट में सफलता मिलेगी। व्यापार-व्यवसाय में वृद्धि होगी। नौकरी में अधिकारी प्रसन्न रहेंगे।
लकी नंबर 5 लकी कलर लाल

कन्या (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)
शत्रु हानि पहुंचा सकते हैं। दु:खद समाचार मिल सकता है। व्यर्थ भागदौड़ रहेगी। लाभ के अवसर हाथ से निकलेंगे। बेवजह कहासुनी हो सकती है। पुराना रोग उभर सकता है। जोखिम व जमानत के कार्य टालें। व्यापार ठीक चलेगा। आय में निश्चितता रहेगी।
लकी नंबर 3 लकी कलर केशरी

तुला (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)
घर में अतिथियों का आगमन होगा। व्यय होगा। दूर से शुभ समाचार प्राप्त होंगे। जोखिम उठाने का साहस कर पाएंगे। आत्मविश्वास में वृद्धि होगी। व्यापार-व्यवसाय ठीक चलेगा। आय बनी रहेगी। अज्ञात भय रहेगा। प्रेम-प्रसंग में अनुकूलता रहेगी।
लकी नंबर 7 लकी कलर सफेद

वृश्चिक (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)
घर में अतिथियों का आगमन होगा। व्यय होगा। दूर से शुभ समाचार प्राप्त होंगे। जोखिम उठाने का साहस कर पाएंगे। आत्मविश्वास में वृद्धि होगी। व्यापार-व्यवसाय ठीक चलेगा। आय बनी रहेगी। अज्ञात भय रहेगा। प्रेम-प्रसंग में अनुकूलता रहेगी।
लकी नंबर 4 लकी कलर भूरा

धनु(ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)
आंखों का ख्याल रखें। अज्ञात भय सताएगा। वाणी पर नियंत्रण रखें। कानूनी अड़चन आ सकती है। व्यावसायिक यात्रा सफल रहेगी। अप्रत्याशित लाभ हो सकता है। लॉटरी व सट्टे से दूर रहें। बेरोजगारी दूर करने के प्रयास सफल रहेंगे। नौकरी में प्रमोशन प्राप्त हो सकता है।
लकी नंबर 8 लकी कलर बैंगनी

मकर (भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)
स्वास्थ्य का पाया कमजोर रहेगा। किसी अपरिचित पर अतिविश्वास न करें। विवाद से क्लेश होगा। दूसरों के उकसाने में न आएं। अप्रत्याशित खर्च सामने आएंगे। चिंता तथा तनाव रहेंगे। व्यवसाय की गति धीमी रहेगी। आय में निश्चितता रहेगी। कोई बड़ी समस्या आ सकती है।
लकी नंबर 2 लकी कलर पिला

कुंभ (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)
शारीरिक कष्ट संभव है तथा तनाव रहेंगे। सुख के साधन प्राप्त होंगे। व्यावसायिक यात्रा सफल रहेगी। बकाया वसूली के प्रयास सफल रहेंगे। लाभ के अवसर हाथ आएंगे। लंबे समय से रुके कार्यों में गति आएगी। व्यवसाय ठीक चलेगा। मित्रों का सहयोग मिलेगा।
लकी नंबर 7 लकी कलर फिरोजा

मीन(दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)
चोट व रोग से परेशानी संभव है। आराम तथा मनोरंजन के साधन उपलब्ध होंगे। यश बढ़ेगा। व्यापार वृद्धि होगी। नई योजना बनेगी जिसका तत्काल लाभ नहीं मिलेगा। कार्यप्रणाली में सुधार होगा। विरोधी सक्रिय रहेंगे।
लकी नंबर 4 लकी कलर गुलाबी

🙏आपका दिन मंगलमय हो🙏
🌺🌺🌺🌺🙏🌺🌺🌺🌺
ज्योतिषाचार्य संजीत कुमार मिश्रा
ज्योतिष , वास्तु एवं रत्न विशेषज्ञ 8080426594/9545290847

नई दिल्ली, 2 सितंबर (हि.स.)। शारजाह में सोमवार को खेले गए त्रिकोणीय श्रृंखला मुकाबले में यूएई के कप्तान मुहम्मद वसीम ने अफगानिस्तान के खिलाफ ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। वसीम ने भारतीय कप्तान रोहित शर्मा का टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बतौर कप्तान सर्वाधिक छक्के लगाने का रिकॉर्ड तोड़ दिया।

यूएई की पारी के तीसरे ओवर में वसीम ने अफगानिस्तान के स्पिनर मुजीब-उर-रहमान की गेंदों पर लगातार दो छक्के जड़कर यह उपलब्धि अपने नाम की।

वसीम ने मैच में 37 गेंदों में 67 रनों की विस्फोटक पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 6 छक्के लगाए, लेकिन अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके। यूएई टीम 188 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 8 विकेट पर 150 रन ही बना सकी।

मुहम्मद वसीम के नाम बतौर कप्तान अब टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 110 छक्के हैं।

इससे पहले यह रिकॉर्ड भारतीय कप्तान रोहित शर्मा के नाम था, जिन्होंने बतौर कप्तान 35 मैचों में 105 छक्के लगाए थे। अब वसीम 110 छक्कों के साथ शीर्ष पर पहुंच गए हैं।

टी20आई में बतौर कप्तान सर्वाधिक छक्के:

110 – मुहम्मद वसीम (यूएई)

105 – रोहित शर्मा (भारत)

86 – इयोन मॉर्गन (इंग्लैंड)

82 – आरोन फिंच (ऑस्ट्रेलिया)

79 – कादोवाकी फ्लेमिंग (जापान)

69 – जोस बटलर (इंग्लैंड)

नई दिल्ली, 2 सितंबर (हि.स.)। भारत को एक बार फिर बैडमिंटन की दुनिया में बड़ा सम्मान मिलने जा रहा है। बीडब्ल्यूएफ विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026 का आयोजन नई दिल्ली में किया जाएगा। इसका ऐलान पेरिस में चल रही मौजूदा विश्व चैंपियनशिप के समापन समारोह के दौरान किया गया।

इस मौके पर भारत के स्टार डबल्स जोड़ीदार सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने कांस्य पदक जीता, जो उनकी विश्व चैंपियनशिप में दूसरी पदक उपलब्धि है।

बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया के महासचिव संजय मिश्रा ने कहा, “हम बीडब्ल्यूएफ का आभार व्यक्त करते हैं कि उन्होंने भारत को यह मेज़बानी सौंपी। हम भरोसा दिलाते हैं कि भारत भी पेरिस की तरह उत्कृष्टता और भव्यता के उसी स्तर को आगे बढ़ाएगा। हम पूरी बैडमिंटन फैमिली का दिल्ली में स्वागत करने के लिए उत्सुक हैं।”

भारत का विश्व चैंपियनशिप में प्रदर्शन

अब तक भारत ने विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप में 15 पदक जीते हैं।

इनमें से पांच पदक अकेले पीवी सिंधु ने जीते हैं— 1 स्वर्ण, 2 रजत और 2 कांस्य।

ओलंपिक पदक विजेता साइना नेहवाल ने 2 कांस्य पदक हासिल किए।

किदांबी श्रीकांत ने 2021 में रजत जीता, जबकि साई प्रणीत, लक्ष्‍य सेन और एचएस प्रणय ने हाल के वर्षों में कांस्य पदक दिलाए।

भारत के लिए इस प्रतियोगिता का पहला पदक 1983 में प्रकाश पादुकोण ने कोपेनहेगन में कांस्य जीतकर खोला था।

वहीं, ज्वाला गुट्टा और अश्विनी पोनप्पा ने 2011 में महिला युगल वर्ग में कांस्य पदक अपने नाम किया था।

Chhapra: सारण जिले के कोपा थाना क्षेत्र के बनकटा में सोमवार की संध्या एक पैराशूट जैसी वस्तु/बड़ा सा बलून आसमान से गिने की सूचना पर ग्रामीणों में तरह तरह की बातें होने लगी। स्थानीय लोगों ने पैराशूट जैसी वस्तु/बड़ा सा बलून आसमान से गिरने पर पुलिस को सूचना दी जिसके बाद पुलिस ने उसे अपने कब्जे में ले लिया है।

लोग संदेश जता रहे थे कि इस पैराशूट जैसी वस्तु/बड़ा सा बलून आसमान के जरिय कोई सामान उतारा गया है या फिर कोई संदिग्ध व्यक्ति उतरा है। देखते ही देखते सोशल मीडिया पर अफवाह फैलने लगी। जितने लोग उतनी बातें सामने आने लगीं हैं।

हालांकि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पैराशूट जैसी वस्तु/बड़ा सा बलून को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस की जांच में यह बात सामने आई है कि यह प्रचार के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला बलून है जिसे राजनीतिक दल के द्वारा प्रचार प्रसार के लिए लगाया गया होगा जो हवा समाप्त होने के बाद गिर गया होगा। 

क्या कहा सारण पुलिस ने ?

इस संदर्भ में सारण पुलिस ने बताया कि सोमवार की संध्या 06:30 बजे कोपा थाना को सूचना प्राप्त हुई कि कोपा थानांतर्गत ग्राम बनकटा एवं अनबल में पैराशूट जैसी वस्तु/बड़ा सा बलून गिरा है। उक्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, एकमा, अंचल पुलिस निरीक्षक, सदर एवं कोपा थाना पुलिस टीम द्वारा उक्त स्थल पर पहुँचकर जांच की गयी। जांच के क्रम में यह पाया गया कि उक्त वस्तु हॉट एयर बलून है, जिसे राजनीतिक प्रचार-प्रसार के लिए उपयोग में लाया गया था। वायु समाप्त होने के कारण यह बलून उक्त क्षेत्र में उतर गया। उक्त बलून में किसी व्यक्ति के बैठने या छिपने की संभावना नहीं है।

सारण पुलिस आप सभी सुधिजनों से अपील करती है कि किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और अफवाह फैलाने वालों से सावधान रहें। जो भी व्यक्ति अफवाह फैलाते पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अफगानिस्तान के कुनार प्रांत में रविवार देर रात आए 6.0 तीव्रता के भूकंप ने भारी तबाही मचाई है। अब तक मृतकों की संख्या 800 से अधिक हो गई है, जबकि 2800 से ज्यादा लोग घायल हैं। भूकंप का केंद्र जलालाबाद से करीब 27 किलोमीटर दूर था। इसके बाद 5.2 तीव्रता के दो झटके भी महसूस किए ग़ए। सरकारी प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद के अनुसार, पूर्वी अफगानिस्तान में आए भूकंप में कम से कम 812 लोग मारे गए और 2,817 घायल हो गए।

पूरी बस्तियां हुईं तबाह, बचाव कार्य में मुश्किलें

तालिबान सरकार के अनुसार, नुर्गल, सावकी, वाटपुर, मनोगी, चौके और चापा दारा सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। कई गांव पूरी तरह मिट्टी में समा गए हैं। एक वरिष्ठ तालिबान अधिकारी ने बीबीसी को बताया, “तबाही की कल्पना भी नहीं की जा सकती। हमारी प्राथमिकता मलबे से शव निकालना नहीं, बल्कि जिंदा बचे लोगों तक पहुंचना है।” भूस्खलन और लगातार बारिश ने अधिकांश सड़कों को बंद कर दिया है, जिससे बचाव दलों को हवाई मार्ग पर निर्भर रहना पड़ रहा है। अब तक लगभग 420 घायलों और मृतकों को हेलीकॉप्टर से अस्पताल पहुंचाया गया है।

मानव संकट गहराया, अंतरराष्ट्रीय मदद धीमी

संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्ट के मुताबिक अफगानिस्तान पहले से ही गंभीर मानवीय संकट से जूझ रहा है, जहां आधी से ज्यादा आबादी को तुरंत मदद की जरूरत है। स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि अब तक किसी भी विदेशी सरकार ने सीधे तौर पर बड़ी मदद नहीं भेजी है। हालांकि, भारत ने 1,000 फैमिली टेंट काबुल भेज दिए हैं और 15 टन खाद्य सामग्री कुनार पहुंचाने की प्रक्रिया में है। साथ ही भारत ने कहा है कि मंगलवार से और अधिक राहत सामग्री भेजी जाएगी। जबकि चीन ने जरूरत के अनुसार मदद देने की घोषणा की है।

अफगान सरकार ने किया 14.6 लाख डॉलर देने का वादा

अफगान सरकार ने भूकंप से निपटने के लिए तत्काल 14.6 लाख डॉलर देने का वादा किया है। टोलोन्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, जन स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता शराफत जमान ने घोषणा की है कि सरकार ने भूकंप पीड़ितों की सहायता के लिए तत्काल सेवाओं हेतु 10 करोड़ अफगान डॉलर (14.6 लाख डॉलर) आवंटित किए हैं। अधिकारियों ने कहा कि जरूरत पड़ने पर यह राशि बढ़ाई जा सकती है। संयुक्त राष्ट्र एजेंसियों ने अंतरराष्ट्रीय दानदाताओं से भूकंप से निपटने के लिए समर्थन बढ़ाने का आह्वान किया है।

दुर्गम इलाके में खतरा बढ़ा, महामारी की आशंका

यूएन के मानवीय मामलों के समन्वय कार्यालय (यूएनओसीएचए) की अधिकारी केट कैरी ने बताया कि प्रभावित क्षेत्र पिछले 48 घंटों से भारी बारिश से जूझ रहा है, जिससे भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। मोबाइल नेटवर्क ठप होने और सड़कों के टूटने से दूरदराज के गांवों तक पहुंचना बेहद मुश्किल है। राहतकर्मी पशु शवों को जल्द से जल्द हटाने में जुटे हैं ताकि पानी के स्रोत प्रदूषित न हों। प्राधिकरणों का मानना है कि जैसे-जैसे बचाव दल दूरस्थ इलाकों तक पहुंचेंगे, मौत का आंकड़ा और बढ़ सकता है।

पटना, 1 सितंबर (हि.स.)। राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ का आज पटना में समापन हो गया। आखिरी दिन पटना के गांधी मैदान में सभा को संबोधित करते हुए बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि लोकसभा चुनावों में बिहार की जनता ने भाजपा को वोट दिया लेकिन उन्होंने बिहार के लिए कुछ नहीं किया। केंद्र की सरकार फैक्ट्री गुजरात में लगाते हैं और मजदूर यहां से ले जाते हैं। ऐसे लोगों को बिहार के लोग हल्दी लगाना जानते हैं। इस बार (विधानसभा चुनाव) में ये नहीं चलेगा।

तेजस्वी ने आरोप लगाया कि बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के नाम पर वोट की चोरी की साजिश रची जा रही है। उन्होंने कहा कि बड़ी चालाकी से फर्जी वोट जोड़े जा रहे है। ऐसे में इन लोगों को मुंहतोड़ जवाब देना होगा। इस चुनाव में आपलोग अपनी ताकत दिखा दीजिए।

पीएम मोदी के खिलाफ टिप्पणी के कारण महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश में अपने ऊपर दर्ज केस पर तेजस्वी यादव ने कहा कि हम लोगों पर एफआईआर कराया जा रहा है लेकिन हम लोग डरने वाले नहीं है। उन्होंने कहा, ‘ऐसे थोड़े ही लालू जी का बेटवा डरा जाएगा। भगवान श्रीकृष्ण का जन्म जेल में हुआ था। कितना भी तंग कर लीजिए तेजस्वी झुकेगा नहीं, न लालू झुका न तेजस्वी झुकेगा।

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी ने नीतीश कुमार की सरकार को नकलची सरकार बताया । उन्होंने कहा कि हमने ऐलान किया था कि सरकार आने पर पेंशन बढ़ाएंगे, बिजली फ्री करेंगे, डोमिसाइल कानून बनाएंगे, माई-बहिन मान योजना लाएंगे। हमारी सभी घोषणाओं की यह सरकार नकल कर रही है। ये लोग नकल तो कर सकते हैं लेकिन विजन नहीं ला सकते हैं। इसलिए आप लोगों को तय करना है कि डुप्लीकेट सीएम चाहिए या ओरिजनल।

उल्लेखनीय है कि राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ का आज पटना में समापन हो गया। इसकी शुरुआत 17 अगस्त को रोहतास से हुई थी। 23 जिले और 50 से अधिक विधानसभा क्षेत्रों से गुजरती हुई ये यात्रा 30 अगस्त को आरा पहुंची थी। इस दौरान 13 किलोमीटर का सफर तय किया गया। 16 दिनों की इस यात्रा में मुकेश सहनी और दीपांकर भट्टाचार्य समेत बिहार और देशभर के इंडिया गठबंधन के कई घटक दलों के बड़े नेता भी शामिल हुए।

नई दिल्ली, 1 सितंबर (हि.स.)। एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एएफआई) ने रविवार को टोक्यो में अगले महीने शुरू होने वाली विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए भारत की अंतिम 19 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी। इस टीम में 14 पुरुष और 5 महिला एथलीट शामिल हैं, जो 15 अलग-अलग स्पर्धाओं में चुनौती पेश करेंगे।

भारत की सबसे बड़ी पदक उम्मीद एक बार फिर भाला फेंक विश्व चैंपियन नीरज चोपड़ा होंगे, जो डिफेंडिंग चैंपियन होने के नाते वाइल्ड कार्ड एंट्री से सीधे क्वालीफाई हुए हैं। उनके अलावा तीन और भारतीय भाला फेंक खिलाड़ी—सचिन यादव, यश वीर सिंह और रोहित यादव—भी मैदान में उतरेंगे।

तीन एथलीट्स ने सीधे एंट्री स्टैंडर्ड पार कर क्वालीफाई किया है—गुलवीर सिंह (5000 मीटर), प्रवीण चित्रावल (ट्रिपल जंप) और पारुल चौधरी (3000 मीटर स्टीपलचेज)। गुलवीर 10,000 मीटर दौड़ में भी हिस्सा लेंगे, वहीं मिडिल डिस्टेंस धाविका पूजा 800 मीटर और 1500 मीटर दोनों स्पर्धाओं में चुनौती पेश करेंगी।

हालांकि, अविनाश साबले, नंदिनी आगरसरा और अक्षदीप सिंह ने क्वालीफाई किया था लेकिन मेडिकल कारणों से उन्हें टीम में जगह नहीं मिली।

एएफआई के मुख्य कोच राधाकृष्णन नायर ने बताया कि 4 से 9 सितंबर तक टोक्यो में प्री-कम्पटीशन ट्रेनिंग कैंप होगा। 10 सितंबर को सभी खिलाड़ी आधिकारिक होटल में शिफ्ट होंगे। नीरज चोपड़ा 5 सितंबर को सीधे चेक गणराज्य से टीम से जुड़ेंगे।

विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप 13 से 21 सितंबर तक टोक्यो में खेली जाएगी।

भारतीय टीम (विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025)

पुरुष:

1. नीरज चोपड़ा – भाला फेंक (वाइल्ड कार्ड)

2. गुलवीर सिंह – 5000 मीटर (एंट्री स्टैंडर्ड)

3. प्रवीण चित्रावल – ट्रिपल जंप (एंट्री स्टैंडर्ड)

4. अब्दुल्ला अबूबकर – ट्रिपल जंप (रैंकिंग 31/36)

5. सर्वेश कुशारे – हाई जंप (रैंकिंग 34/36)

6. अनीमेश कुजूर – 200 मीटर (रैंकिंग 42/48)

7. सचिन यादव – भाला फेंक (रैंकिंग 20/36)

8. यश वीर सिंह – भाला फेंक (रैंकिंग 30/36)

9. मुरली श्रीशंकर – लॉन्ग जंप (रैंकिंग 36/36)

10. सर्विन सेबेस्टियन – 20 किमी रेस वॉक (रैंकिंग 34/50)

11. राम बाबू – 35 किमी रेस वॉक (रैंकिंग 50/50)

12. गुलवीर सिंह – 10,000 मीटर (इन्विटेशन)

13. संदीप – 35 किमी रेस वॉक (इन्विटेशन)

14. रोहित यादव – भाला फेंक (इन्विटेशन)

15. तेजस शिर्से – 110 मीटर बाधा दौड़ (इन्विटेशन)

महिला:

1. पारुल चौधरी – 3000 मीटर स्टीपलचेज (एंट्री स्टैंडर्ड)

2. अन्नू रानी – भाला फेंक (रैंकिंग 22/36)

3. प्रियांका गोस्वामी – 35 किमी रेस वॉक (रैंकिंग 33/50)

4. अंकिता – 3000 मीटर स्टीपलचेज (रैंकिंग 35/36)

5. पूजा – 1500 मीटर (रैंकिंग 49/56)

6. पूजा – 800 मीटर (इन्विटेशन)

आज का पंचांग
दिनांक 01/ 09 /2025 सोमवार
भाद्रपद शुक्लपक्ष नवमी
रात्रि 02:43 उपरांत दशमी (02 सितम्बर 2025 )
नक्षत्र ज्येष्ठा
संध्या 07:55 उपरांत मूल
चन्द्र राशि -वृच्चिक
रात्रि 07:55 उपरांत धनु
विक्रम सम्वत :2082
सूर्योदय 05:30 सुबह
सूर्यास्त :06:09 संध्या
चंद्रोदय :01:25 सुबह
चंद्रास्त : 11:47 संध्या
ऋतू :वर्षा
चौघडिया,दिन
चौघड़िया :
अमृत 05:30 सुबह 07:05 सुबह,
काल 07:05 सुबह 08:39 सुबह
शुभ 08:39 सुबह 10:14 सुबह
रोग 10:14 सुबह 11:49 सुबह
उद्देग 11:49 सुबह 01:24 दोपहर
चर 01:24 दोपहर 02:59 दोपहर
लाभ 02:59 दोपहर 04:34 संध्या
अमृत 04:34 संध्या 06:09 संध्या
लगन :सिह
सुबह 06:41 उपरांत कन्या लगन
राहुकाल
सुबह 07:05 से 08:39 सुबह
अभिजित मुहूर्त
सुबह 11:24 से 12:15 दोपहर
दिशाशूल पूर्व
यात्रा विचार :आज कही यात्रा पर जाने के पहले दर्पण में चेहरा देखकर यात्रा करे.

आज का राशिफल

मेष (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)
पूजा-पाठ व सत्संग में मन लगेगा। आत्मशांति रहेगी। कोर्ट व कचहरी के कार्य अनुकूल रहेंगे। लाभ के अवसर हाथ आएंगे। प्रसन्नता का वातावरण रहेगा। मातहतों का सहयोग मिलेगा। किसी सामाजिक कार्यक्रम में भाग लेने का अवसर प्राप्त हो सकता है।
लकी नंबर 9 लकी कलर गुलाबी

वृष (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो)
नई योजना बनेगी। कार्यप्रणाली में सुधार होगा। सामजिक कार्य करने की इच्छा जागृत होगी। प्रतिष्ठा वृद्धि होगी। सुख के साधन जुटेंगे। नौकरी में वर्चस्व स्थापित होगा। आय के स्रोत बढ़ सकते हैं। व्यवसाय लाभप्रद रहेगा। निवेश शुभ रहेगा।
लकी नंबर 4 लकी कलर बैंगनी

मिथुन (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)
क्रोध व उत्तेजना पर नियंत्रण रखें। विवाद को बढ़ावा न दें। पुराना रोग बाधा का कारण रहेगा। स्वास्थ्य पर खर्च होगा। वाहन व मशीनरी के प्रयोग में लापरवाही न करें। छोटी सी गलती से समस्या बढ़ सकती है। व्यवसाय ठीक चलेगा। मित्र व संबंधी सहायता करेंगे।
लकी नंबर 3 लकी कलर पिला

कर्क(ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)
अज्ञात भय व चिंता रहेंगे। यात्रा सफल रहेगी। नेत्र पीड़ा हो सकती है। लेन-देन में सावधानी रखें। बगैर मांगे किसी को सलाह न दें। बकाया वसूली के प्रयास सफल रहेंगे। व्यावसायिक यात्रा मनोनुकूल रहेगी। धनार्जन होगा।
लकी नंबर 3 लकी कलर सफेद

सिंह (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)
अप्रत्याशित खर्च सामने आएंगे। व्यवस्था नहीं होने से परेशानी रहेगी। व्यवसाय में कमी होगी। नौकरी में नोकझोंक हो सकती है। पार्टनरों से मतभेद हो सकते हैं। थकान महसूस होगी। अपेक्षित कार्यों में विघ्न आएंगे। चिंता तथा तनाव रहेंगे।
लकी नंबर 6 लकी कलर केशरी

कन्या (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)
उत्तेजना पर नियंत्रण रखें। जीवनसाथी से सहयोग मिलेगा। व्यावसायिक यात्रा सफल रहेगी। अप्रत्याशित लाभ के योग हैं। भाग्य का साथ मिलेगा। व्यवसाय ठीक चलेगा। नौकरी में अधिकार बढ़ सकते हैं। जुए, सट्टे व लॉटरी के चक्कर में न पड़ें। निवेश शुभ रहेगा। प्रमाद न करें।
लकी नंबर 1 लकी कलर नीला

तुला (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)
दूर से शुभ समाचार प्राप्त होंगे। आत्मविश्वास में वृद्धि होगी। नौकरी में सहकर्मी साथ देंगे। व्यवसाय में जल्दबाजी से काम न करें। चोट व दुर्घटना से बचें। लाभ के अवसर हाथ आएंगे। घर-बाहर स्थिति मनोनुकूल रहेगी। प्रसन्नता का वातावरण रहेगा।
लकी नंबर 5 लकी कलर केशरी

वृश्चिक (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)
प्रयास सफल रहेंगे। किसी बड़े कार्य की समस्याएं दूर होंगी। मित्रों का सहयोग कर पाएंगे। कर्ज में कमी होगी। संतुष्टि रहेगी। सामाजिक प्रतिष्ठा बढ़ेगी। व्यापार मनोनुकूल चलेगा। अपना प्रभाव बढ़ा पाएंगे। नौकरी में अनुकूलता रहेगी। निवेश शुभ रहेगा।
लकी नंबर 7 लकी कलर गुलाबी

धनु(ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)
घर-बाहर अशांति रहेगी। कार्य में रुकावट होगी। आय में कमी तथा नौकरी में कार्यभार रहेगा। बेवजह लोगों से कहासुनी हो सकती है। दु:खद समाचार मिलने से नकारात्मकता बढ़ेगी। व्यवसाय से संतुष्टि नहीं रहेगी। पार्टनरों से मतभेद हो सकते हैं। जोखिम व जमानत के कार्य टालें।
लकी नंबर 9 लकी कलर गुलाबी

मकर (भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)
पार्टी व पिकनिक की योजना बनेगी। मित्रों के साथ समय अच्‍छा व्यतीत होगा। स्वादिष्ट भोजन का आनंद मिलेगा। बौद्धिक कार्य सफल रहेंगे। किसी प्रबुद्ध व्यक्ति का मार्गदर्शन प्राप्त होगा। नौकरी में अनुकूलता रहेगी। वाणी पर नियंत्रण रखें। शत्रु सक्रिय रहेंगे।
लकी नंबर 4 लकी कलर भुरा

कुंभ (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)
स्थायी संपत्ति की खरीद-फरोख्त से बड़ा लाभ हो सकता है। प्रतिद्वंद्विता रहेगी। पार्टनरों का सहयोग समय पर मिलने से प्रसन्नता रहेगी। नौकरी में मातहतों का सहयोग मिलेगा। व्यवसाय ठीक-ठीक चलेगा। आय में वृद्धि होगी। चोट व रोग से बाधा संभव है।
लकी नंबर 3 लकी कलर आसमानी

मीन(दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)
मन की चंचलता पर नियंत्रण रखें। कानूनी अड़चन दूर होकर स्थिति अनुकूल रहेगी। जीवनसाथी पर आपसी मेहरबानी रहेगी। जल्दबाजी में धनहानि हो सकती है। व्यवसाय में वृद्धि होगी। नौकरी में सुकून रहेगा। निवेश लाभप्रद रहेगा। कार्य बनेंगे।
लकी नंबर 1 लकी कलर गुलाबी

🙏आपका दिन मंगलमय हो🙏
🌺🌺🌺🌺🙏🌺🌺🌺🌺
ज्योतिषाचार्य संजीत कुमार मिश्रा
ज्योतिष , वास्तु एवं रत्न विशेषज्ञ 8080426594/9545290847