नई दिल्ली: कांग्रेस ने शुक्रवार को वरिष्ठ पार्टी नेता गुलाम नबी आजाद के इस्तीफे को दुखद बताया है। पार्टी का कहना है कि आजाद महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दों पर लड़ रही कांग्रेस के साथ विपक्ष और जनता की आवाज को बल दे सकते थे लेकिन यह बड़े दुख की बात है वह इसका हिस्सा नहीं बनना चाह रहे।

कांग्रेस नेता अजय माकन और जयराम रमेश ने आज यहां पार्टी मुख्यालय में प्रेस वार्ता को संबोधित किया। माकन ने कहा कि मीडिया में रिलीज किया गया आजाद का पत्र उन्होंने देखा है। वे पार्टी के कई वरिष्ठ पदों पर रहे हैं लेकिन यह बहुत दुखद बात है कि जब कांग्रेस राहुल गांधी के नेतृत्व में सड़क पर महंगाई, बेरोजगारी और ध्रुवीकरण के खिलाफ लड़ाई लड़ रही है, उस समय उन्होंने कांग्रेस छोड़कर इस लड़ाई का साथ छोड़ने का फैसला किया है।

कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने इस्तीफे को दुर्भाग्यपूर्ण और बेहद दुखद बताया। साथ ही उन्होंने भारत जोड़ो यात्रा का जिक्र किया और कहा कि पार्टी की महंगाई पर हमला बोल रैली की सफलता के बाद कांग्रेस के कार्यकर्ता ‘भारत यात्री’ होना चाहते हैं और राहुल गांधी के साथ मिलकर 3500 किलोमीटर की लंबी भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होना चाहते हैं। यह दुखद है कि उन्होंने इस समय पार्टी को छोड़ा है।

सारण इनर व्हील क्लब ने अन्नपूर्णा प्रोग्राम के तहत असहाय, गरीब, रिक्शा, ठेला चालकों को कराया भोजन

Chhapra: समाजसेवी संस्था इनर व्हील क्लब की सारण इकाई के द्वारा गरीब, असहाय, रिक्शा एवं ठेला चालकों को अन्नपूर्णा प्रोग्राम के तहत भोजन कराया गया.

शहर के साढा ढाला पर आयोजित इस कार्यक्रम के तहत क्लब के अध्यक्ष सुषमा गुप्ता के नेतृत्व में गरीब, असहाय, रिक्शा, ठेला चालकों के बीच अन्नपूर्णा योजना के तहत कूपन का वितरण किया गया. जिसके पश्चात उन्हें भोजन उपलब्ध कराया गया.

इनर व्हील क्लब छपरा की अध्यक्ष सुषमा गुप्ता ने बताया कि अन्नपूर्णा प्रोग्राम के तहत असहाय एवं गरीबों को भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है. उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम एक वर्ष तक प्रतिमाह अलग अलग स्थानों पर क्लब द्वारा आयोजित किया जाएगा.

इसका मुख्य उद्देश्य है कि असहाय को भोजन मिल सके. इसकी शुरुआत हो चुकी है. यह लगातार जारी रहेगा.

इस मौके पर इनर व्हील क्लब की प्रोजेक्ट एडिटर कामनी जयसवाल, सदस्य मंजू गुप्ता और रचना गुप्ता उपस्थित थी.

नई दिल्ली: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद ने शुक्रवार को पार्टी संगठन के सभी पदों के साथ प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। वह कुछ समय से कांग्रेस हाईकमान से नाराज चल रहे थे।

उन्होंने कुछ दिन पहले जम्मू-कश्मीर कांग्रेस कैंपेन कमेटी के अध्यक्ष पद को भी छोड़ दिया था। आजाद जी-23 गुट के मुखिया हैं। आजाद ने कहा है- ‘भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने भारत के सही के लिए लड़ने के लिए एआईसीसी चलाने वाली मंडली के संरक्षण में इच्छाशक्ति और क्षमता दोनों खो दी है।

वास्तव में, भारत जोड़ो यात्रा शुरू करने से पहले नेतृत्व को पूरे देश में कांग्रेस जोड़ो एक्सरसाइज करना चाहिए था। इसलिए बड़े खेद और अत्यंत भावुक हृदय के साथ मैंने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से अपना आधा शताब्दी पुराना नाता तोड़ने का फैसला किया है।’

बेगूसराय (एजेंसी): देश के विकास को गति देने में जुटे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार यातायात सेवा को नई गति देने के लिए ”गतिशक्ति” योजना चला रही है। तेजस और बुलेट ट्रेन योजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है।

रेलवे की आधारभूत संरचना में आमूलचूल परिवर्तन कर दिया गया है। लेकिन सरकार के सारे प्रयासों के बावजूद रेलवे अधिकारियों की असंवेदनशीलता के कारण राजधानी एक्सप्रेस जैसी देश की महत्वपूर्ण प्रिमियम ट्रेन को 15 किलोमीटर की दूरी तय करने में 73 मिनट लग रहे हैं। सीमांचल से कोयलांचल की लाइफ लाइन कोशी एक्सप्रेस तीन किलोमीटर की दूरी 30 मिनट में तय करती है।

इन सबसे बेहतर तो कटिहार-सोनपुपुर पैसेंजर ट्रेन है जो बेगूसराय से 15 किलोमीटर दूर बरौनी मात्र 80 मिनट में ही पहुंच जाती है। सबसे आश्चर्य की बात तो यह है कि रेलवे द्वारा दो स्टेशनों के बीच ट्रेनों का यह लूज टाइमिंग ऐसे जगह किया गया है, जहां सभी प्रकार के वाहन मालिकों को काफी फायदा हो। दैनिक रेल यात्री संघ के मुकेश विक्रम एवं रामसेवक स्वामी ने बताया कि डिब्रूगढ-नई दिल्ली सुपरफास्ट द्विसाप्ताहिक 20505 एवं 20506 राजधानी एक्सप्रेस बेगूसराय-बरौनी-हाजीपुर-बलिया-जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के क्षेत्र गाजीपुर एवं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी होते हुए लखनऊ-बरेली-मुरादाबाद रुट से नई दिल्ली आती-जाती है।

110 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलने वाली देश के इस महत्वपूर्ण ट्रेन को बेगूसराय से बरौनी की 15 किलोमीटर दूरी तय करने में 73 मिनट लग जाता है। बेगूसराय से हाजीपुर के बीच 103 किलोमीटर जाने के लिए तीन घंटे का समय निर्धारित कर लूज टाईमिंग कर दिया गया है। जबकि यह रूट कुछ किलोमीटर को छोड़ कर डबलिंग विथ इलेक्ट्रिफायड हो चुका है। छपरा-वाराणसी सेक्शन भी डबलिंग विथ इलेक्ट्रिफायड का बहुत काम हो चुका है, लेकिन छपरा से लखनऊ 507 किलोमीटर जाने में आठ घंटा लग रहा है। लखनऊ-नयी दिल्ली रुट पुरी तरह से डबलिंग विथ इलेक्ट्रिफायड है, लेकिन इस 491 किलोमीटर जाने में राजधानी जैसी सुपरफास्ट ट्रेन को आठ घंटा लग रहा है।

रेलवे से जुड़े लोगों का कहना है कि रेल अधिकारी सिंगल लाईन वाले टाईम टेबल से ट्रेनें चला रहे हैं, रेल अधिकारी समय सारणी की समीक्षा नहीं कर रहे हैं। जब राजधानी एक्सप्रेस जैसी ट्रेन 20 घंटे में बेगूसराय स्टेशन से नई दिल्ली पहुंचती है तो और ट्रेन को कौन पूछता है। यह तो थी देश की प्रीमियर ट्रेन की हालत, लेकिन राज्य की राजधानी से सुदूरवर्ती क्षेत्र को जोड़ने वाली ट्रेनों की हालत भी कम बदतर नहीं है। सीमांचल को फरकिया होते हुए बिहार की राजधानी पटना एवं कोयलांचल रांची को जोड़ने वाली 18625 कोसी एक्सप्रेस की हालत भी बदहाल है।

यह ट्रेन खगड़िया से बेगूसराय की 40 किलोमीटर की दूरी मात्र 42 मिनट में तय कर लेती है, लेकिन बेगूसराय से 25 किलोमीटर हाथीदह जाने में 81 मिनट लग जाते हैं। जबकि राजेन्द्र नगर टर्मिनल से पटना जंक्शन की तीन किलोमीटर की दूरी तय करने में 30 मिनट का समय लगता है, बराबर इस ट्रेन से यात्रा करने वाले लोग राजेन्द्र नगर में ही उतर कर ऑटो से पटना जंक्शन एवं कार्यालय चले जाते हैं, लेकिन नए लोगों का काफी समय बर्बाद हो जाता है। आश्चर्यजनक तो यह है कि यही ट्रेन पटना से पुनपुन की 13 किलोमीटर की दूरी मात्र 16 मिनट में तय कर लेती है।

पटना जाने वाले यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेल मंत्रालय द्वारा सहरसा-बेगूसराय-पटना राज्यरानी सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन चलाई जा रही है। यह ट्रेन खगड़िया से 40 किलोमीटर दूर बेगूसराय 26 मिनट में पहुंच जाती है, लेकिन बेगूसराय से मात्र 34 किलोमीटर मोकामा जाने में 60 मिनट लगते हैं। हाजीपुर-बरौनी-कटिहार रेलखंड पर चलने वाली कटिहार-सोनपुर मेमू पैसेंजर बेगूसराय से 15 किलोमीटर दूर बरौनी जंक्शन मात्र 80 मिनट में पहुंचती है, तो बरौनी जंक्शन से बरौनी फ्लैग की दो किलोमीटर दूरी तय करने में दस मिनट लग जाते हैं।

Chhapra: स्वतन्त्रता सेनानी स्वर्णलता देवी की 49वीं पुण्यतिथि इस बार भी नया क्षितिज कार्यालय में आयोजित की जाएगी.

28 अगस्त 1973 को छपरा में ही स्वर्णलता देवी ने अपने जीवन की अन्तिम सांसें ली थीं. उस समय से आज तक उनके पुत्र अमिय नाथ चटर्जी और सारण वासी हर पुण्यतिथि पर उनको स्मरण करते आए हैं.

इस बार देश भी आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है. इस अवसर पर देश अपने स्वतन्त्रता सेनानियों को स्मरण कर रहा है.
साहित्यकार कश्मीरा सिंह ने बताया कि वीरांगना को श्रद्धांजलि देने के लिए कार्यक्रम दिन के 1 बजे से नया क्षितिज कार्यालय, डॉ. हरधन बसु लेन, भगवान बाजार छपरा में आयोजित है.

युगाब्ध-5124, विक्रम संवत 2079, राष्ट्रीय शक संवत-1944
सूर्योदय 05.46, सूर्यास्त 06.46, ऋतु – वर्षा

भाद्रपद कृष्ण पक्ष चतुर्दशी, शुक्रवार, 26 अगस्त 2022 का दिन आपके लिए कैसा रहेगा। आज आपके जीवन में क्या-क्या परिवर्तन हो सकता है, आज आपके सितारे क्या कहते हैं, यह जानने के लिए पढ़ें आज का भविष्यफल।

मेष राशि :- आज का दिन शुभ फलदायी रहेगा। गृह-नक्षत्रों के योग आपके अनुकूल रहेंगे और आर्थिक योजनाएं सफल होगी। व्यावसायिक क्षेत्र में आर्थिक लाभ की स्थिति रहेगी। अधिक लोगों के साथ संम्पर्क बना रहेगा, जो भविष्य के लिए फायदेमंद होगा। कारोबार को लेकर प्रवास की भी संभावना है। परिवार का माहौल अच्छा रहेगा। परोपकार और सामाजिक कार्यों में बढ़-चढकऱ हिस्सा लेंगे, मन को शांति मिलेगी। शारीरिक स्वस्थता और मानसिक प्रफुल्लितता बनी रहेगी।

वृषभ राशि :- आज का दिन अच्छा रहेगा। कारोबार अच्छा चलेगा और धनलाभ की स्थिति रहेगी। नौकरी में पदोन्नति के योग बनेंगे। हालांकि, कार्यक्षेत्र में काम की अधिकता रहेगी, लेकिन अपने प्रयासों से कार्य सफल होंगे। वाणी की मधुरता से अन्य लोगों को प्रभावित कर पाएंगे और साथ ही उनके साथ संबंध भी मजबूत होंगे। अनावश्यक खर्च से बचें और क्रोध पर नियंत्रण रखें। परिवार का माहौल अच्छा रहेगा और परिजनों का भरपूर सहयोग मिलेगा। सेहत का ध्यान रखें।

मिथुन राशि :- आज का दिन सामान्य रहेगा। व्यावसायिक गतिविधियों में छोटी-छोटी बाधाएं आ सकती हैं, जिससे मन में अनिर्णय की स्थिति उत्पन्न हो सकती है, लेकिन कठिन परिश्रम से कार्यों में सफलता मिलेगी। अनावश्यक खर्च की अधिकता रहेगी, लेकिन आय में वृद्धि होने से आर्थिक स्थिति मजबूत रहेगी। वाद-विवाद को टालने का प्रयास करें। परिवार का माहौल आपके अनुकूल रहेगा। स्वास्थ्य संबंधी समस्या हो सकती है। खान-पान का ध्यान रखें।

कर्क राशि :- आज का दिन मिला-जुला रहेगा। व्यापार-धंधा अच्छा चलेगा और धनलाभ की स्थिति रहेगी, लेकिन अनावश्यक खर्च बढऩे से मानसिक रूप से व्यग्रता का अनुभव होगा। क्रोध पर नियंत्रण एवं वाणी पर संयम रखें, अन्यथा विवाद में फंस सकते हैं। रुपये के लेन-देन से बचें। परिवार का माहौल अच्छा रहेगा। परिजनों के साथ किसी सुंदर स्थल पर प्रवास की संभावना है। परिवार के साथ आनंदपूर्वक समय व्यतीत होगा। सेहत का ध्यान रखें।

सिंह राशि :- आज का दिन सामान्य रहेगा। कार्यक्षेत्र में काम की अधिकता रहेगी और दिन भागदौड़ में बीतेगा। कारोबार विस्तार की योजनाएं बना सकते हैं, लेकिन अपेक्षित सफलता नहीं मिलने से मन दुविधा में रहेगा। फिर भी परिवारजनों के साथ अच्छा वातावरण प्राप्त होने से आपकी प्रसन्नता में वृद्धि होगी। दूर स्थित व्यक्ति या संस्था के साथ संबंधों में दृढ़ता आएगी, जो आगे चलकर लाभदायी रहेगा। अनावश्यक खर्चों से बचना होगा। स्वास्थ्य खराब होने की संभावना रहेगी।

कन्या राशि :- आज का दिन शुभ फलदायी रहेगा। कारोबार में आर्थिक लाभ और नौकरी में तरक्की के योग रहेंगे। आकस्मिक धनलाभ की भी संभावना बन रही है। कार्यों में सफलता मिलेगी, जिससे शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ और प्रसन्न रहेंगे। मित्रों और स्नेहीजनों के साथ आनंददायी भेंट हो सकती है। किसी यात्रा पर जाने का आयोजन होगा। संतानों की पढ़ाई-लिखाई की चिंता सता सकती है। स्वास्थ्य अच्छा रहेगा और परिजनों के साथ आनंदपूर्वक समय व्यतीत होगा।

तुला राशि :- आज का दिन मिला-जुला रहेगा। कारोबार में बाधाएं आ सकती हैं और कार्यक्षेत्र में काम की अधिकता रहेगी। क्रोध पर नियंत्रण एवं वाणी पर संयम रखना होगा, वरना अनावश्यक वाद-विवाद में उलझ सकते हैं। परिजनों के साथ किसी बात पर विवाद होने की संभावना है। स्वास्थ्य बिगड़ सकता है। वाहन चलाते समय सावधानी बरतें और कोर्ट-कचहरी के कार्य से बचें। आध्यात्मिकता के प्रति रुझान बढ़ेगा और ईश्वरभक्ति से मन को शांति मिलेगी।

वृश्चिक राशि :- आज का दिन अच्छा रहेगा। व्यावसायिक क्षेत्र में विशेष लाभ मिलने के योग रहेंगे। काम की अधिकता रहेगी, लेकिन अपने प्रयासों से कार्यों में सफलता मिलेगी। उच्च पदाधिकारी आपके कार्य से प्रसन्न रहेंगे। पुराने मित्रों से मुलाकात हो सकती है, जो कि लाभदायक रहेगी। विवाहोत्सुकों के लिए विवाह का योग है। परिवार का माहौल आपके अनुकूल रहेगा। परिजनों के साथ में रमणीय स्थल पर प्रवास होने की भी संभावना है। सेहत को लेकर सतर्क रहने की आवश्यकता है।

धनु राशि :- आज का दिन सामान्य रहेगा। व्यावसायिक क्षेत्र में सफलता मिलेगी और धनलाभ की स्थिति रहेगी, लेकिन अनावश्यक खर्च की अधिकता से आर्थिक स्थिति कमजोर हो सकती है। व्यापार को लेकर प्रवास हो सकता है, लेकिन अपेक्षित सफलता नहीं मिलने से मन व्यथित रहेगा। परिवार का माहौल अच्छा रहेगा, लेकिन ध्यान रहे कि आपकी बातों से किसी ठेस न पहुंचे। परोपकार की भावना से गरीबों की मदद कर सकते हैं। स्वास्थ्य के साथ-साथ संतानों की पढ़ाई-लिखाई की चिंता रहेगी।

मकर राशि :- आज का दिन मिला-जुला रहेगा। व्यवसाय विस्तार की योजनाएं बनाएंगे, लेकिन अपेक्षित सफलता नहीं मिलने से मन में व्यग्रता रहेगी। कार्यभार की अधिकता रहेगी और दिन भागदौड़ में बीतेगा। अनावश्यक खर्चों की भी अधिकता रहेगी। शारीरिक और मानसिक रूप से थकान का अनुभव करेंगे। परिवार का माहौल अच्छा रहेगा और परिजनों का भरपूर सहयोग मिलेगा। बौद्धिक कार्यों में सफलता मिलने की संभावना रहेगी। स्वास्थ्य का ध्यान रखना होगा।

कुम्भ राशि :- आज का दिन सामान्य रहेगा। नराकात्मक विचारों से दूर रहें, अन्यथा बड़ा नुकसान होने की संभावना रहेगी। कार्यक्षेत्र में काम की अधिकता रहेगी, जिससे मन व्यग्र रहेगा। क्रोध पर नियंत्रण और वाणी पर संयम रखें। नये कार्यों की शुरुआत करने से बचें। आध्यामिक और धार्मिक कार्यों के प्रति रुझान बढ़ेगा और ईश्वरभक्ति से मन को शांति मिलेगी। परिवार का माहौल अच्छा रहेगा और परिजनों का सहयोग मिलेगा। सेहत का ध्यान रखने की आवश्यकता है।

मीन राशि :- आज का दिन शुभ फलदायी रहेगा। कार्यक्षेत्र में सफलता मिलेगी और धनलाभ की स्थिति रहेगी। नौकरीपेशा लोगों के लिए स्थान परिवर्तन के साथ आय वृद्धि के योग बनेंगे। परिवार का माहौल आपके अनुकूल रहेगा और परिजनों के साथ दिन मनोरंजन और आनंद-प्रमोद में बीतेगा। कलाकार, लेखक आदि को अपनी प्रतिभा प्रकट करने का अवसर मिलेगा। दांपत्यजीवन में निकटता और मधुरता आएगी। सामाजिक कार्यों में भाग लेंगे, जिससे समाज में सम्मान बढ़ेगा।

Chhapra: महावीरी अखाड़ा मेला के झंडा जुलूस को लेकर सुरक्षा की दृष्टिकोण से इसुआपुर प्रखंड क्षेत्र में शुक्रवार की दोपहर दिन के 2 बजे से अगले दिन शनिवार की सुबह 6 बजे तक बिजली गुल रहेगी.

विभागीय जेई चंद्रशेखर कुमार ने बताया कि इसुआपुर टाउन फीडर से सप्लाई होने वाला विद्युत 18 घंटे बाधित रहेगा.

उन्होंने उपभोक्ताओं से मोटर से टंकी में पानी चढ़ाने जैसे आवश्यक कार्यों को समय से पूर्व पूरा कर लेने की अपील भी अपील की है.

नई दिल्ली: दूरसंचार मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि हम 5जी सेवाओं को तेजी से शुरू करने की योजना बना रहे हैं। देश में 12 अक्टूबर तक 5जी सेवा शुरू होने की उम्मीद जताते हुए वैष्णव ने कहा कि दूरसंचार कंपनियां इस संबंध में काम कर रही है और इसका तकनीकी इंस्टालेशन किया जा रहा है।

संचार मंत्री ने गुरुवार को कहा कि हमें उम्मीद है कि अगले दो से तीन साल में 5जी सेवा देश के प्रत्येक हिस्से में पहुंच जाएगी। हम यह भी सुनिश्चित करेंगे कि ये सर्विस किफायती रहे। दूरसंचार उद्योग 5जी सेवाओं के विस्तार के लिए शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित कर रहा है। उन्होंने कहा कि सभी राज्यों ने बहुत ही तर्कसंगत कीमत पर 5जी के रोलआउट के लिए अपनी सहमति दी है।

इससे पहले अश्विनी वैष्णव ने कहा था कि अक्टूबर महीने से 5जी सेवाओं की शुरुआत हो सकती है। उस दौरान उन्होंने कहा था कि भारत का टेलीकॉम मार्केट दुनिया में सबसे सस्ता है। देश में 5जी सेवा की कीमत ऐसी होगी ताकि आम आदमी भी इसका लाभ ले पाए। इलेक्ट्रोमैग्नेटिक रेडिएशन से नुकसान के सवाल पर वैष्णव ने कहा था कि हमारे यहां रेडिएशन का लेवल अमेरिका और यूरोप से 10 गुना कम रहेगा।

देश में 5जी स्पेक्ट्रम की नीलामी पूरी हो चुकी है। देश में कुल 1,50,173 करोड़ रुपये के 5जी स्पेक्ट्रम की नीलामी की गई है। डॉट को 5जी स्पेक्ट्रम की नीलामी में शामिल निजी क्षेत्र की दूरसंचार सेवा प्रदाताओं भारती एयरटेल, रिलायंस जियो, अडाणी डेटा नेटवर्क्स और वोडाफोन आइडिया से लगभग 17,876 करोड़ रुपये मिले हैं। इसमें देश की तीन कंपनियों रिलायंस जियो ने 24,740 मेगाहर्ट्ज स्पेक्ट्रम, भारती एयरटेल ने 19867 मेगाहर्ट्ज और वोडाफोन-आइडिया ने 6228 मेगाहर्ट्ज स्पेक्ट्रम खरीदा है।

दूरसंचार विभाग (डॉट) ने इसके लिए दूरसंचार सेवा प्रदाताओं (टीएसपी) को 5जी स्पेक्ट्रम के आवंटन पत्र जारी कर दिए हैं। डॉट के मुताबिक देश में सबसे पहले 13 शहरों में 5जी सर्विस की शुरुआत होगी। इन शहरों में दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, बेंगलुरु, अहमदाबाद, गुरुग्राम, चंडीगढ़, गांधीनगर, हैदराबाद, जामनगर, पुणे और लखनऊ शामिल हैं। इससे पहले 5जी को लेकर सभी ट्रायल पूरी तरह सफल रहे हैं।

कंगना रनौत की आगामी फिल्म इमरजेंसी इन दिनों चर्चा में है । फिल्म में कंगना रनौत भारत की पहली महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के किरदार में नजर आएंगी।

हाल ही में इस फिल्म में दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर , श्रेयस तलपड़े और महिमा चौधरी की एंट्री हुई थी। वहीं अब इस फिल्म में एक और बॉलीवुड स्टार मिलिंद सोमन की एंट्री हुई है और फिल्म में वह सैम मानेकशॉ का किरदार निभाते नजर आएंगे। मेकर्स ने गुरुवार को फिल्म से मिलिंद सोमन का फर्स्ट लुक भी जारी कर दिया है।

उल्लेखनीय है कि फिल्म राजनीतिक ड्रामा पर आधारित होगी। फिल्म में अनुपम खेर जयप्रकाश नारायण , श्रेयस तलपड़े अटल बिहारी बाजपेयी और महिमा चौधरी लेखिका पुपुल जयकर के किरदार में नजर आयेंगी।

‘इमरजेंसी’ इंदिरा गांधी के समय में लगे आपातकाल पर आधारित है। कंगना इस फिल्म में अभिनय और निर्देशन के अलावा इसे प्रोड्यूस भी कर रही हैं।

गया: भाजपा जिला अध्यक्ष धनराज शर्मा के नेतृत्व में विष्णु पद मंदिर का पंडा समाज के सहयोग से शुद्धिकरण कर पूजा अर्चना की गई।

पिछले दिनों बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का गया विष्णु पद मंदिर में आगमन हुआ था। विष्णु पद मंदिर में अहिन्दू का प्रवेश वर्जित है। प्रवेश वर्जित होने के वावजूद बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गया जिला प्रभारी मंत्री इस्राइल मंसूरी के साथ प्रवेश कर हिन्दूओं के भावनाओं को आहत किया है।

भाजपा जिलाध्यक्ष धनराज शर्मा ने उक्त अवसर पर लोगों से बात करते हुए कहा कि यह देश सनातन संस्कृति के मानने वालों का है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जानबुझकर मुस्लिम बिरादरी के मंत्री को विष्णु पद मंदिर में प्रवेश कराया ताकि हिन्दूओं की भावना आहत हो। हमलोग आज विष्णु पद मंदिर में विष्णु भगवान के चरण को फल्गु मैया के जल से शुद्धिकरण कर पूजा अर्चना किया। भगवान विष्णु की स्तुति कर क्षमा याचना किया ।

बिहार में जब से भाजपा को छोड़कर महागठबंधन की सरकार बनाये हैं तब से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का दिमाग सातवें आसमान पर है, लेकिन लोकतंत्र में जनता मालिक है जनता जिसको चाहती है गद्दी उसी को नसीब होती है। चार दिन की चांदनी फिर अंधेरी रात ,पलटने से जनता भी पलटा देती है। आनेवाले समय में गया की जनता हिन्दूओं के भावनाओं से खिलवाड़ करने की सजा अवश्य देगी।

उक्त अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री गोपाल यादव ने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार में अगर हिम्मत है तो मक्का मदीना में अपने मंत्रिमंडल सहयोगी के साथ है करके दिखा दे।

उक्त अवसर पर पूर्व सांसद रामजी मांक्षी, पूर्व विधायक डॉ श्यामदेव पासवान, पूर्व जिला अध्यक्ष जैनेन्द्र कुमार, क्षितिज मोहन सिंह, अनिल कुमार सिंह, हरे राम सिंह शिवकुमार भैया, जिला उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अधिवक्ता, नरेश चौधरी, कंचन सिन्हा,अजय कुमार, डॉ अनुज कुमार, जिला महामंत्री गोपाल यादव, संतोष ठाकुर, मिडिया प्रभारी युगेश कुमार, अभिषेक कुमार, वंदना कुमारी, देवानंद पासवान, अशोक कुमार सिंह, ऋषि लोहानी, अमित लोहानी, दीनानाथ, श्याम सिंह, और सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।

हम कभी नहीं छोड़ेंगे हम अवधेश बाबू को: मुख्यमंत्री

पटना: बिहार में नई सरकार के गठन के बाद विधान परिषद सभापति के तौर पर देवेश चंद्र ठाकुर ने गुरुवार को अपना पदभार ग्रहण कर लिया। देवेश चंद्र ठाकुर इस पद पर निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। देवेश चंद्र ठाकुर विधान परिषद के 12वें स्थायी सभापति बने हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नवनिर्वाचित सभापति देवेश चंद्र ठाकुर का पूरे सदन की ओर से अभिनंदन किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सदन में कहा कि आज नये सभापति ने आसन ग्रहण कर लिया लेकिन पुराने सभापति अवधेश नायारण सिंह को कभी नहीं भूलेंगे, वे सभी का ध्यान रखते थे। नये सभापति से भी सभी को उम्मीद है कि सभी काम अच्छे ढंग से होंगे और सदन अच्छी तरह से चलेगा। उन्होंने कहा कि अवधेश नारायण बाबू से तो हमारा बहुत पुराना संबंध है। आज वह नहीं बोल रहे थे। 2012 से लेकर 17 तक सभापति रहे, बाद में 2020 से अब तक कार्यकारी सभापति रहे। हम जब अलग हो गए थे, तब भी यह चुनाव लड़ रहे थे तो हम तो इनके साथ ही थे। इनसे मेरा दूसरे तरह का संबंध था। यह कितना बढ़िया से हाउस को चलाते रहें अब तो इन्हें कुछ दिन के बाद ही चुनाव लड़ना है, इसलिए अब एक नए सभापति का चुनाव हुआ है।

उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने भी निर्विरोध निर्वाचित होने पर सभापति देवेश चन्द्र ठाकुर को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सदन को भरोसा दिलाया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में गठित महागठबंधन की नई सरकार जनता की सेवा में कोई कमी नहीं छोड़ेगी और बिहार को आगे बढ़ाने सरकार का पूरा प्रयास रहेगा।

मौके पर सदन में नेता प्रतिपक्ष के तौर पर मौजूद सम्राट चौधरी ने भी सभापति चुनाव में निर्विरोध निर्वाचित होने पर बधाई दी। विपक्ष की तरफ ने सम्राट चौधरी ने सभापति को आस्वस्त किया कि उन्हें विपक्ष की तरफ से पूरा सहयोग दिया जाएगा और लोकतंत्र बचाने के लिए जब भी जरूरत होगी पूरा विपक्ष उनके साथ खड़ा होगा।

मोतिहारी (एजेंसी): जिले के पहाड़पुर थाना क्षेत्र के सटहां स्थित पीएनबी बैक से 15 लाख लूट कर भाग रहे अपराधियों को बैक कर्मियों ने हिम्मत कर उनका पीछा कर पकड़ लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार सुबह के समय बैक में आम दिनों की तरह लोग पैसे की जमा निकासी कर रहे थे।इसी बीच दो बाइक पर सवार छह लोगो की संख्या में हथियारबंद अपराधी बैक में घुसे और बैक कर्मियों को हथियार का भय दिखाकर लगभग लूट कर निकल ही रहे थे कि बैक मैनेजर अभिषेक प्रियदर्शी,राजेश चौरसिया,मुकेश कुमार व रवि कुमार आदि बैक कर्मियों ने पूरी हिम्मत से उनका पीछा करते हुए एक बदमाश को धर दबोचा। जिसके बाद ग्रामीणों को जुटने के बाद एक और अपराधी भागकर गन्ने के खेत में छुप गया। जिसकी सूचना के मौके पर पहुंची पुलिस और ग्रामीणों के दबिश के बाद उक्त अपराधी लूटे गये 15 लाख सौंपते हुए आत्मसमर्पण कर दिया।

अरेराज डीएसपी रंजन कुमार ने बताया पकड़े गये दोनों अपराधियों से पूछताछ की जा रही है। वहीं भागे अन्य अपराधियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।