Chhapra: शहर के गुदरी बाजार स्थित सारण होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल परिसर में 30 जनवरी को एक निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर के दौरान अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल द्वारा आँखों की समुचित जांच की जाएगी तथा आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श भी उपलब्ध कराया जाएगा।
इस आयोजन का उद्देश्य आमजन, विशेषकर जरूरतमंद वर्ग को नेत्र स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा समय पर जांच की सुविधा प्रदान करना है। कॉलेज के प्रबंधन न्यासी एवं पूर्व आईएएस प्रवीर कृष्ण ने बताया कि यह शिविर अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।
उन्होंने जानकारी दी कि शिविर में छपरा नगर निगम क्षेत्र के सभी 45 वार्डों से जरूरतमंद लोग निःशुल्क नेत्र जांच करा सकेंगे। शिविर के सफल आयोजन को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। संस्थान प्रबंधन ने अधिक से अधिक लोगों से शिविर का लाभ उठाने की अपील की है।








