Chhapra: वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण के निर्देशानुसार यातायात थाना में प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों के लिए एक ब्रीफिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह ब्रीफिंग पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) द्वारा संचालित की गई।
कार्यक्रम के दौरान कर्मियों को यातायात व्यवस्था को सुचारू, सुरक्षित एवं प्रभावी बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। विशेष रूप से वाहन जांच अभियान को सघन रूप से चलाने, ओवरलोडिंग पर नियंत्रण, बिना हेलमेट एवं बिना सीट बेल्ट के वाहन संचालन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने पर बल दिया गया। साथ ही सड़क सुरक्षा नियमों के शत-प्रतिशत अनुपालन को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया गया।
इसके अतिरिक्त, ड्यूटी के दौरान आमजन के साथ शालीन, संवेदनशील एवं सहयोगात्मक व्यवहार बनाए रखने, यातायात नियंत्रण के समय सतर्कता एवं अनुशासन का पालन करने तथा भीड़-नियंत्रण की स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
सारण पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।















