Chhapra: सारण जिले में बाढ़ प्रभावित परिवारों के बीच राहत सामग्री पहुंचाने का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में परसा प्रखंड के माड़र एवं अन्याय पंचायत तथा दरियापुर प्रखंड के हारना और बारवे पंचायत के विभिन्न वार्डों में बाढ़ प्रभावित परिवारों के बीच राहत सामग्री का वितरण किया गया।
सांसद राजीव प्रताप रूडी के निर्देश पर सांसद प्रतिनिधि सह भाजपा नेता राकेश सिंह के नेतृत्व में राहत टीम ने बाढ़ प्रभावित परिवारों के घर-घर पहुंचकर सूखा राशन, मैगी नूडल्स, बिस्किट, दूध पाउडर सहित अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई। टीम ने आश्रय स्थलों पर रह रहे बाढ़ प्रभावित लोगों के बीच भी पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनीं और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
लगातार प्रभावित इलाकों में पहुंच रही टीम
सांसद प्रतिनिधि राकेश सिंह ने कहा कि सांसद राजीव प्रताप रूडी के निर्देश पर समाजसेवी टुनटुन सिंह के सहयोग से भाजपा कार्यकर्ता लगातार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों की मदद कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि भाजपा नेता संतोष शर्मा, लखिन्द्र पासवान, जितेंद्र गिरी, रौशन सिंह समेत दर्जनों कार्यकर्ता घर-घर और आश्रय स्थलों पर जाकर जरूरतमंद परिवारों तक राहत सामग्री पहुंचाने में जुटे हैं।
राकेश सिंह ने कहा कि बाढ़ की इस मुश्किल घड़ी में सांसद की टीम लगातार प्रभावित लोगों के बीच मौजूद है। जरूरत के अनुसार आगे भी राहत सामग्री उपलब्ध कराने का प्रयास जारी रहेगा।
विपक्ष पर साधा निशाना
राकेश सिंह ने विपक्षी नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ नेता बाढ़ प्रभावितों के बीच केवल तस्वीर खिंचवाने तक सीमित हैं, जबकि सांसद राजीव प्रताप रूडी की टीम प्रभावित परिवारों के बीच पहुंचकर उन्हें आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि राहत एवं सहयोग का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
राहत सामग्री वितरण के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय सहयोगियों ने बाढ़ प्रभावित परिवारों तक सामग्री पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाई।


















