Chhapra: सारण जिले में बाढ़ में फंसे लोगों तक राहत सामग्री पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से व्यापक स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। राहत सामग्री के पैकेट तैयार कर प्रभावित क्षेत्रों में भेजे जा रहे हैं।
इसी क्रम में जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और वरीय पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने गुरुवार देर रात छपरा के खेल भवन में बनाए गए पैकेजिंग केंद्र का निरीक्षण किया और राहत पैकेट तैयार करने के कार्य का जायजा लिया।
जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार बाढ़ प्रभावित लोगों तक राहत पहुंचाने का कार्य लगातार जारी है। अब तक करीब सात हजार राहत पैकेटों का वितरण किया जा चुका है। राहत कार्य को गति देने के लिए आसपास के जिलों पटना, सिवान और भोजपुर से भी आवश्यक सहयोग लिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि जिन बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सड़क अथवा अन्य माध्यमों से राहत सामग्री पहुंचाने में कठिनाई हो रही है, वहां हेलीकॉप्टर की मदद से राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है। शुक्रवार को दो हेलीकॉप्टरों के माध्यम से प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री पहुंचाई जाएगी।
छपरा और सोनपुर में चल रहा पैकेजिंग कार्य
बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए सूखा राशन के पैकेट तैयार करने का कार्य छपरा और सोनपुर में लगातार चल रहा है। प्रशासन की ओर से उपलब्ध संसाधनों का उपयोग करते हुए अधिक से अधिक राहत पैकेट तैयार कर प्रभावित क्षेत्रों तक पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है।
सुरक्षा व्यवस्था के लिए जवान तैनात
वरीय पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। सामुदायिक रसोई के संचालन, नावों के परिचालन और राहत सामग्री के वितरण को सुचारु बनाए रखने के लिए जवानों को तैनात किया गया है।
प्रशासन का प्रयास है कि बाढ़ प्रभावित लोगों को भोजन, राहत सामग्री और आवश्यक सेवाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं तथा राहत एवं बचाव अभियान के दौरान कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था भी प्रभावी बनी रहे।


















