Chhapra: मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के लालबाजार के समीप गुरुवार करीब 10 बजे एनएच-19 पर हुए भीषण सड़क हादसे ने मौके पर मौजूद लोगों को झकझोर कर रख दिया। 12 चक्का ट्रक के पिछले पहिए के नीचे बाइक के आ जाने से बाइक सवार नयागांव निवासी विकास कुमार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। बाइक पर सवार दूसरा युवक सड़क के दूसरी ओर जा गिरा, जिससे वह घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों युवक बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार ट्रक से पास लेने लगा। तभी अचानक एक कुत्ता सामने आ गया। कुत्ते से बचने के प्रयास में बाइक का संतुलन बिगड़ गया और बाइक फिसलते हुए ट्रक के पिछले पहिए के नीचे जा घुसी। चालक ने तत्काल वाहन रोक दिया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। बाइक सवार युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटनास्थल पर मची चीख-पुकार
हादसे के बाद कुछ ही क्षणों में घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सड़क पर क्षतिग्रस्त बाइक और दुर्घटना के निशान देखकर लोग सहम उठे। घायल युवक को संभालने के लिए स्थानीय लोग दौड़ पड़े। हादसे की खबर जैसे ही विकास के परिजनों तक पहुंची, वे बदहवास हालत में घटनास्थल पर पहुंचे। शव को देखते ही परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। परिजन बार-बार विकास को पुकारते हुए फूट-फूटकर रो रहे थे। आसपास खड़े लोगों की आंखें भी नम हो गईं।
बताया गया कि विकास अपने ननिहाल मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के जलालपुर जा रहा था। किसी को अंदाजा नहीं था कि कुछ ही दूरी का यह सफर उसके जीवन का आखिरी सफर बन जाएगा।
चालक ने पुलिस के सामने किया आत्मसमर्पण
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर कुछ दूरी पर मौजूद पुलिस के पास पहुंचा और खुद को पुलिस के हवाले कर दिया। स्थानीय लोगों का कहना था कि चालक चाहता तो मौके से भाग सकता था, लेकिन उसने ऐसा नहीं किया। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
तीन घंटे तक एनएच-19 पर थमा रहा आवागमन
दुर्घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने छपरा-पटना मुख्य मार्ग एनएच-19 को जाम कर दिया। करीब तीन घंटे तक सड़क पर आवागमन ठप रहा। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस के समझाने-बुझाने और आवश्यक कार्रवाई के आश्वासन के बाद जाम हटाया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की तथा दुर्घटना के कारणों की जांच में जुट गई।



















