Chhapra: श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर विवेकानंद इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल में जन्माष्टमी उत्सव का आयोजन किया गया।
भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं, राधा-कृष्ण की मनोहारी झांकियों, गीत-संगीत एवं नृत्य की रंगारंग प्रस्तुतियों ने पूरे विद्यालय परिसर को भक्तिमय बना दिया। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीकृष्ण की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं चरण वंदन के साथ किया गया। इसके पश्चात विद्यालय के छोटे-छोटे बच्चे राधा और कृष्ण की मनमोहक वेशभूषा में मंच पर पहुंचे।
बच्चों की आकर्षक सज्जा और मासूम अदाओं को देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो स्वयं बाल गोपाल और राधारानी धरती पर उतर आए हों। जन्माष्टमी उत्सव के दौरान बच्चों ने श्रीकृष्ण जन्म एवं उनकी विभिन्न बाल लीलाओं को गीत, नृत्य और नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से जीवंत कर दिया। ‘सपनों में आए कृष्ण मोहे’, ‘राधा तेरी चुनरी’, ‘नंद मुझे तेरे गांव में’, ‘झूला झूले नंदलाला’ जैसे भक्ति गीतों पर छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियां दीं।
बाल कृष्ण की विविध लीलाओं पर आधारित प्रस्तुतियों ने वातावरण को पूरी तरह कृष्णमय कर दिया और उपस्थित दर्शक भी भक्तिभाव में झूम उठे। विद्यालय की कार्यक्रम समन्वयिका एवं शिक्षिकाओं के मार्गदर्शन और सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों को भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा एवं भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं उनके आदर्शों से परिचित कराने का सुंदर प्रयास किया गया।
कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों ने प्रेम, मित्रता, कर्तव्य, धर्म एवं सत्य के मार्ग पर चलने का संदेश भी दिया। इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक ने सभी प्रतिभागी छात्र-छात्राओं की शानदार प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उन्हें पुरस्कृत किया तथा उनका उत्साहवर्धन किया।
उन्होंने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन बच्चों में अपनी गौरवशाली भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने के साथ-साथ उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करते हैं।
जन्माष्टमी उत्सव के दौरान पूरे विद्यालय परिसर में उत्साह, उमंग और भक्तिभाव का अद्भुत संगम देखने को मिला। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया। अंत में विद्यालय परिवार ने भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने और प्रेम, सद्भाव एवं संस्कारों के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।



















