Chhapra: सरयू नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर और बाढ़ के बढ़ते खतरे को देखते हुए छपरा विधायक छोटी कुमारी ने सिताबदियारा के बरका सुफल टोला स्थित रिंग बांध का निरीक्षण किया। बाढ़ से उत्पन्न संभावित खतरे को देखते हुए विधायक ने सारण के जिलाधिकारी से संबंधित पदाधिकारी को स्थल निरीक्षण के दूरभाष पर वार्तालाप किया, ताकि समस्या का शीघ्र समाधान कराया जा सके।
विधायक के निर्देश पर डीएम ने छपरा सदर अनुमंडल पदाधिकारी नितेश कुमार ,जल संसाधन विभाग के अभियंता को मौके पर भेजा। इसके बाद विधायक छोटी कुमारी ने एसडीएम, जल संसाधन विभाग के अभियंता, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों के साथ सिताबदियारा के सुफल टोला स्थित रिंग बांध का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने बताया कि यह क्षेत्र बिहार-उत्तर प्रदेश की सीमा पर स्थित है। सुफल टोला का रिंग बांध उत्तर प्रदेश क्षेत्र में पड़ता है। ग्रामीणों के अनुसार, प्रत्येक वर्ष सरयू नदी का जलस्तर बढ़ने पर इसी स्थान से रिंग बांध के ओवरफ्लो अथवा टूटने के कारण बाढ़ का पानी बिहार और उत्तर प्रदेश के क्षेत्रों में प्रवेश कर जाता है।
विधायक छोटी कुमारी ने प्रशासन से बाढ़ से बचाव के लिए हरसंभव कदम उठाने की बात कही,ताकि सिताबदियारा एवं प्रभुनाथ नगर दक्षिणवारी चक पंचायत को बाढ़ की विभीषिका से बचाया जा सके। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश क्षेत्र में लगभग 300 मीटर हिस्से में बांध का निर्माण नहीं होने के कारण जलस्तर बढ़ने पर हर वर्ष बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो जाती है।
विधायक ने मौके से ही जिलाधिकारी से दूरभाष पर बातचीत कर समस्या की जानकारी दी और संबंधित कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने त्वरित कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी एवं प्रशासन के प्रति आभार भी व्यक्त किया।
निरीक्षण के दौरान विधायक छोटी कुमारी के साथ जिला भाजपा महामंत्री धर्मेन्द्र कुमार साह, प्रखंड 20 सूत्री अध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह चौहान, पूर्व जिलाध्यक्ष रमेश प्रसाद,समाजसेवी भोला सिंह,शिक्षक नितेश सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद रहे।



















