Chhapra: भारत की जनगणना के दूसरे चरण के तहत जनसंख्या परिगणना हेतु सोनपुर नगर परिषद क्षेत्र में प्री टेस्ट आगामी छ्ह जुलाई से आयोजित किया जाएगा. उक्त जानकारी जनगणना निदेशालय के उप महारजिस्ट्रार मृत्युंजय कुमार ने प्री टेस्ट के लिए प्रगणक और पर्यवेक्षक के लिए आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण का उद्घाटन करते हुए कहीं. उन्होंने कहा कि जनगणना के प्रथम चरण के सफलतापूर्वक संपन्न होने के बाद द्वितीय व फाइनल चरण जिसे जनसंख्या परिगणना कहते हैं, प्रस्तावित है. इसमें लोगों की गिनती की जाएगी. यह बहुत ही विस्तारित कार्यक्रम है. इसके तहत हर परिवार के एक-एक सदस्य की पूरी जानकारी एकत्र की जाएगी. एक-एक व्यक्ति के बारे में 40 प्रश्न पूछे जाने हैं.
क्या है प्री टेस्ट?
उप महारजिस्ट्रार श्री कुमार ने बताया कि प्री टेस्ट मुख्य कार्य के आयोजन के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण है. इसके द्वारा हम वास्तविक फिल्ड में जाकर लोगों के साथ पूरी प्रक्रिया करते हैं. इससे यह जांचने में सहायता मिलती है कि हमारी पद्धति, कार्यशैली, योजना और तकनीक व्यवहारिक हैं या नहीं. फिल्ड में प्री टेस्ट के दौरान समस्या और सुविधा को अलग से नोट किया जाएगा. उसके आधर पर तैयार फीड बैक को जनगणना निदेशालय को आवश्यक सुझावों के साथ प्रेषित किया जाएगा. उसके अध्ययन और समस्या निवारण के आधार पर ही हम आवश्यक संशोधन के साथ जनगणना के मुख्य अभियान की शुरुआत करेंगे.
बिहार में दो स्थानों का चयन
उन्होंने प्री टेस्ट को पाइलट प्रोजेक्ट बताते हुए कहा कि बिहार में दो स्थलों को प्री टेस्ट के लिए चयनित किया गया है. शहरी क्षेत्र के लिए सारण जिला के सोनपुर नगर परिषद और ग्रामीण क्षेत्र के लिए नवादा जिला के रजौली प्रखंड. इस दृष्टि से सोनपुर का राज्य में महत्वपूर्ण स्थान हो जाता है. यह हम सबके लिए गौरव की बात है. ज्ञात हो कि पहले चरण के मकान सूचीकरण के लिए भी सोनपुर नगर परिषद में पाइलट प्रोजेक्ट चलाया गया था.
उत्साह के साथ करें कार्ये
डीआरजी श्री कुमार ने कहा कि देश में बनने वाली सभी विकासात्मक योजना का आधार आंकड़े हैं. इसलिए इनका शुद्ध और सटीक होना आवश्यक है. जनगणना में शिक्षकों की भूमिका महत्वपूर्ण है. आप सभी का समाज में एक ओहदा और विश्वास है. कार्य करने में आप सक्षम और निपुण हैं तभी आपको कार्य सौंपा गया है. पहले चरण को आपने अत्यंत सफलतापूर्वक संपन्न किया. अगले चरण के लिए भी उत्साह और उमंग के साथ कार्य करें. फिल्ड में उतरने से पहले आपका कॉन्सेप्ट बिल्कुल स्पष्ट होना चाहिए. इसके लिए प्रशिक्षण पूरा आत्मसात होकर प्राप्त करें. किट में प्रदान किए गए मैनुअल को लाइन बाई लाईन पढ़ें. जरूरी और महत्वपूर्ण चीजों को याद कर लें.
ट्रायल का है महत्व
जनगणना निदेशालय के सहायक निदेशक शिवेन्द्र ने अपने संबोधन में कहा कि जनसंख्या परिगणना के लिए जो कार्यपद्धति पूरे भारत में लागू करना है, उसका यहां ट्रायल किया जा रहा है. यह अति संवेदनशील कार्य है. इसलिए पूरी सावधानी और सतर्कता के साथ यह कार्य अंजाम देना है. पूरे कार्य के दौरान निदेशालय के अधिकारी और एक्सपर्ट सीधे आपके सम्पर्क में रहेंगे. किसी भी प्रकार की समस्या के लिए आपके साथ फिल्ड में जाकर समझने और उसका निराकरण करने का प्रयास किया जाएगा.
दो बैच में 69 कर्मियों का प्रशिक्षण
अतिथियों का स्वागत कार्यपालक पदाधिकारी सह चार्ज अधिकारी शशि कुमार ने करते हुए कहा कि हमारी जनगणना-हमारा भविष्य को आधार मान कर काम करें. अबतक के जनगणना कार्य में सोनपुर नप अग्रणी रहा है. इसको एक आदर्श के रूप में स्थापित करना है. मौके पर डीसीओ की जिला नोडल आयुषी कुमारी व जुली कुमारी, प्रशिक्षक नीरज कुमार सिंह, श्रुति शैलेश, सविता कुमारी, आदर्श पाण्डेय, मोनी शर्मा, श्वेता सिंह, जिला कोषांग के सुनील कुमार, राकेश कुमार सिन्हा, संतोष कुमार, नदीम अहमद तथा व्यवस्थापक रईस अहमद आदि उपस्थित थे.
महत्वपूर्ण तिथियां
प्रशिक्षण – 01 से 03 जुलाई
स्वगणना – 01 से 05 जुलाई
परिगणना – 06 से 18 जुलाई
बेघरों की गणना – 18 जुलाई रात्री
रिवीजन – 19 से 20 जुलाई



















