Chhapra/Gopalganj: सारण जिले के रिविलगंज प्रखंड प्रमुख सह भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं शिक्षाविद डॉ. राहुल राज इन दिनों सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में लगातार जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं। उनकी सक्रियता और शिक्षकों के मुद्दों पर मुखर भूमिका के कारण पूरे क्षेत्र में उन्हें निरंतर व्यापक समर्थन मिल रहा है।
सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के भावी प्रत्याशी डॉ. राहुल राज के गोपालगंज भ्रमण के दौरान जिले के शिक्षक समुदाय में उत्साह एवं ऊर्जा का माहौल देखने को मिला। गोपालगंज जिला माध्यमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में शिक्षक साथियों ने उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत एवं अभिनंदन किया।
अपने गोपालगंज दौरे के दौरान डॉ. राहुल राज ने जिले के तमाम विद्यालयों का भ्रमण कर शिक्षक साथियों से सीधा संवाद स्थापित किया। उन्होंने शिक्षकों की समस्याओं, चुनौतियों एवं अपेक्षाओं को गंभीरता से सुना तथा आगामी विधान परिषद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र चुनाव के संदर्भ में शिक्षकों से समर्थन एवं सहयोग की अपील की।
दौरे के क्रम में डॉ. राहुल राज जिला शिक्षा कार्यालय, गोपालगंज पहुंचे, जहां उन्होंने जिला शिक्षा पदाधिकारी से भी मुलाकात कर शिक्षकों से जुड़े कई महत्वपूर्ण एवं ज्वलंत मुद्दों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की। बैठक के दौरान जिले में एक समान HRA लागू करने, शिक्षकों के लंबित प्रोन्नति (Promotion) संबंधी पत्र निर्गत करने, विभिन्न श्रेणी के शिक्षकों के लंबित एरियर भुगतान को शीघ्र सुनिश्चित करने तथा माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों में प्रभारी नियुक्ति से संबंधित आवश्यक पत्र जारी करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गंभीरतापूर्वक विचार-विमर्श किया गया।
डॉ. राहुल राज ने कहा कि शिक्षक समाज की समस्याओं का समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। वास्तव में यदि देखा जाए तो सभी शिक्षकों को राज्यकर्मी का दर्जा प्राप्त होने के बाद अब मुख्य लड़ाई विहित वेतनमान लेवल 8 एवं 9 के लिए होना चाहिए। आपका स्नेह और आशीर्वाद मिला तो ये लड़ाई मै लडूंगा भी और जीतूंगा भी।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि शिक्षकों के अधिकार, सम्मान एवं सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर वे लगातार संघर्षरत हैं और भविष्य में भी हर स्तर पर मजबूती से आवाज उठाते रहेंगे। शिक्षक समाज केवल शिक्षा व्यवस्था की रीढ़ ही नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण शक्ति है। शिक्षकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना सरकार एवं प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए।
गोपालगंज भ्रमण के दौरान बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ, गोपालगंज के पदाधिकारीगण, विभिन्न प्रखंडों के प्रखंड पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में शिक्षक साथी उपस्थित रहे।

















