Chhapra/Varanasi: वाराणसी मंडल के विभिन्न रेलखंडों पर बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु निरंतर सघन टिकट जांच अभियान चलाया जा रहा है।
मंडल रेल प्रबंधक, वाराणसी आशीष जैन के निर्देश में एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव के नेतृत्व में गुरुवार (30 जुलाई 2026) को छपरा, सिवान, थावे, मशरख एवं छपरा कचहरी स्टेशनों को आधार बनाकर छपरा कचहरी–थावे–मशरख रेलखंड पर विशेष टिकट जांच अभियान चलाया गया।
इस अभियान के दौरान गाड़ी संख्या 75103 छपरा–थावे डेमू, 55109 थावे–मशरख–छपरा कचहरी सवारी गाड़ी सहित विभिन्न ट्रेनों में किलाबंदी कर सघन टिकट जांच की गई।
40 यात्रियों को पकड़ा गया, ₹20,760 रेल राजस्व के रूप में जुर्माना एवं किराया वसूल किया
इस अभियान में मुख्य वाणिज्य निरीक्षक/थावे विशाल कुमार सिंह के नेतृत्व में मुख्य टिकट निरीक्षक सईद अख्तर तथा टिकट जांच कर्मचारी राजेश सिंह, प्रकाश कुमार, राजीव कुमार, राजेश सिंह, ममता कुमारी एवं प्रतिमा कुमारी सहित कुल छह टिकट जांच कर्मियों ने रेलवे सुरक्षा बल के दो जवानों के सहयोग से टिकट जांच के दौरान बिना टिकट एवं अनियमित टिकट पर यात्रा कर रहे कुल 40 यात्रियों को पकड़ा गया। उनसे रेलवे के नियमानुसार ₹20,760 रेल राजस्व के रूप में जुर्माना एवं किराया वसूल किया गया।
अभियान के दौरान संबंधित स्टेशनों के टिकट काउंटरों पर टिकट खरीदने के लिए यात्रियों की लंबी कतारें देखने को मिलीं, जिससे यात्रियों में वैध टिकट लेकर यात्रा करने के प्रति जागरूकता बढ़ी।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव ने यात्रियों से अपील की है कि वे सदैव वैध यात्रा टिकट लेकर ही रेल यात्रा करें, रेलवे के नियमों का पालन करें तथा ट्रेनों एवं रेलवे स्टेशनों पर स्वच्छता बनाए रखने में अपना सहयोग प्रदान करें।



















