आयोजन समिति के साथ जिला के पदाधिकारियों ने लिया जाएजा
परसा: शनिवार और रविवार को परसा हाई स्कूल स्टेडियम में आयोजित 43 वीं सारण जिला एथलेटिक्स प्रतियोगिता की तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं. उक्त जानकारी जिला एथलेटिक्स संघ के कार्यकारी अध्यक्ष अजय सिंह ने दी.
उन्होंने बताया कि आयोजन सचिव सह त्रिशूल स्पोर्ट्स डिफेंस एकेडमी के निदेशक रोहित यादव के नेतृत्व में आयोजन को सफल बनाने की कोशिश की गयी है. संघ के सचिव गजेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि स्थानीय युवाओं में स्पोर्ट्स को बढावा देने, प्रेरणा और अवसर प्रदान करने के लिए जिला प्रतियोगिता हर बार स्थान परिवर्तित कर आयोजित करने की परंपरा है.
सचिव नीलाभ गुंजन राका ने बताया कि प्रतियोगिता में जिला भर के सबजूनियर, जूनियर तथा पुरुष व महिला वर्ग के लगभग तीन सौ एथलीट शिरकत करेंगे. प्रतिभागी अपने यूनिट के माध्यम के साथ ही स्वतंत्र रूप से भी भाग ले सकते हैं. उन्होंने बताया कि पंजीयन शनिवार की सुबह तक किया जाएगा. प्रतियोगिता का संचालन जिला व राज्य स्तरीय ऑफिशियल करेंगे.
आयोजन सचिव श्री यादव ने बताया कि ब्रजेश सर के संयोजकत्व में विभिन्न उप समितियों का गठन किया गया है. जिसमें चंदन यादव, शैलेन्द्र राय, अमित शाह, प्रतीक सिंह, राहुल सिंह, नीरज यादव, अवधेश राय व कन्हैया शर्मा के नेतृत्व में भोजन, आवासन, पंजीयन, फिल्ड, ट्रैक, मंच व विक्ट्री स्टैंड निर्माण आदि कार्य को अंतिम रूप दिया जा रहा है.
शुक्रवार को कार्यकारी अध्यक्ष, सचिव समेत वरीय ऑफिशियल निर्मल ठाकुर और संजय कुमार सिंह ने निरिक्षण किया. ज्ञात हो कि प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले एथलीट को एएफआई के तत्वावधान में राज्य एथलेटिक्स संघ के द्वारा 10 से 13 जुन तक पाटलिपुत्र खेल परिसर में आयोजित राज्य स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए भेजा जाएगा.



















