Chhapra: निगरानी अन्वेषण विभाग की टीम ने सारण जिले के डोरीगंज थाना में पदस्थापित दरोगा मोहित मोहन को 9 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। ब्यूरो के द्वारा यह कार्रवाई बुधवार सुबह को की गई।
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के पुलिस उपाधीक्षक मोहम्मद वसीम फिरोज ने बताया कि डोरीगंज थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति ने यह शिकायत की थी कि दरोगा मोहित मोहन के द्वारा जमीन विवाद से जुड़े एक मामले में नाम हटाने के बदले रिश्वत की मांग की जा रही थी। परिवादी ने रिश्वत ना देकर इसकी शिकायत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो से की। शिकायत मिलने पर ब्यूरो के द्वारा प्राथमिकी दर्ज करते हुए जांच की गई और जाल बिछा कर दरोगा को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया।
डीएसपी मोहम्मद वसीम ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद टीम आरोपी दरोगा को अपने साथ पटना लेकर जाएगी, जहां से बुधवार को न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।
क्या था मामला
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने निगरानी थाना कांड सं0-41/26, दिनांक 07.04.2026 में प्राथमिकी अभियुक्त- मोहित मोहन, पुलिस अवर निरीक्षक, थाना- डोरीगंज, जिला- सारण (छपरा) को 9,000/- (नौ हजार) रूपये रिश्वत लेते हुए डोरीगंज बाजार, जिला- सारण स्थित इनके निजी आवास से गिरफ्तार किया गया है। परिवादी के द्वारा शिकायत दर्ज कराया गया था कि आरोपी (जो पुलिस अवर निरीक्षक है) के द्वारा डोरीगंज थाना कांड सं0-123/26 के कांड दैनिकी में मदद करने के एवज् में रिश्वत की मांग की जा रही है। अनुसंधानकर्ता मो. वसीम फिरोज, पुलिस उपाधीक्षक, निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना के नेतृत्व में एक धावादल द्वारा कार्रवाई करते हुए रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया है।
















