नई दिल्ली, 04 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि घमंडिया गठबंधन वाले बिहार को लालटेन युग में रखना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि राजद-कांग्रेस के शासन मॉडल के कारण बिहार में जंगल राज और नक्सलवाद चरम पर रहा है, जिससे दशकों तक राज्य का विकास रुका रहा।

लोकसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने बिहार के जमुई में एक चुनावी रैली को संबोधित किया। उन्होंने कहा, “जमुई का मूड बिहार में एनडीए के पक्ष में सभी 40 सीटों के साथ अब की बार 400 पार को प्रतिबिंबित करता है।” उन्होंने बिहार के कल्याण और इसके विकास के लिए समर्पित स्वर्गीय राम विलास पासवान के योगदान के प्रति अपनी श्रद्धांजलि व्यक्त की। रामविलास पासवान के पुत्र चिराग पासवान को अपना छोटा भाई बताते हुए मोदी ने कहा, “मुझे संतोष है कि रामविलास के विचार को मेरे छोटे भाई चिराग पासवान पूरी गंभीरता से आगे बढ़ा रहे हैं।”

बिहार के लोगों को होने वाले घोर अभाव पर बोलते हुए, मोदी ने कहा कि बिहार की 5-6 से अधिक पीढ़ियों को इंडी गठबंधन के तहत घोर अभाव और अविकसितता का सामना करना पड़ा है। उन्होंने कहा कि इंडी गठबंधन ने कभी भी बिहार के लोगों की क्षमता और प्रतिभा को सशक्त नहीं बनाया। मोदी ने कहा कि पिछले दस वर्षों में, बिहार ने सभी स्तरों पर सुधार देखा है और इसे जारी रखने के लिए, बिहार के लोगों को अपने समृद्ध भविष्य को ध्यान में रखते हुए 2024 के लोकसभा चुनाव में हमें वोट देना चाहिए। उन्होंने कहा, “आपको विकसित बिहार और विकसित भारत के लिए एन.डी.ए. को वोट देना चाहिए।”

बिहार और भारत दोनों की भविष्य की संभावनाओं के बारे में विस्तार से बताते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पिछले 10 साल में जो हुआ वो तो ट्रेलर है, अभी तो बहुत कुछ करना है। अभी तो हमें देश को, बिहार को बहुत आगे लेकर जाना है। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर परोक्ष हमला करते हुए मोदी ने कहा कि जो लोग पहले एक-दूसरे पर भ्रष्टाचार का आरोप लगा रहे थे, वे अब मोदी के खिलाफ लामबंद हो रहे हैं। उन्होंने कहा, “आज देश के सारे भ्रष्टाचारी, जो हमेशा एक दूसरे से लड़ते थे, अब मिलकर मोदी के खिलाफ हो गए हैं। मैं कहता हूं- भ्रष्टाचार हटाओ, वो कहते हैं- भ्रष्टाचारी बचाओ।”

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि लोग राम मंदिर के विरोध के पीछे राजद-कांग्रेस के इरादों को कभी नहीं भूलेंगे। उन्होंने कहा कि यही कांग्रेस-राजद बिहार के आदिवासियों और दलितों सहित वंचितों के अधिकारों के खिलाफ है। मोदी ने कहा कि एन.डी.ए. बिहार के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और विश्वास व्यक्त किया कि आगामी लोकसभा चुनाव में बिहार सर्वसम्मति से भाजपा को वोट देगा।

नई दिल्ली, 4 अप्रैल (हि.स.)। लोकसभा चुनावों के बीच कांग्रेस को एक और झटका लगा है। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता रहे गौरव वल्लभ ने गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम लिया। गुरुवार को भाजपा मुख्यालय में राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े और संजय मयूख की मौजूदगी में गौरव वल्लभ और बिहार कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अनिल शर्मा और महागठबंधन के प्रत्याशी रहे उपेन्द्र प्रसाद को पार्टी की सदस्यता दिलाई।

इस मौके पर गौरव वल्लभ ने कहा, “अयोध्या में प्रभु श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा में कांग्रेस पार्टी के स्टैंड से मैं क्षुब्ध हूं। मैं जन्म से हिंदू और कर्म से शिक्षक हूं। पार्टी के इस रुख ने मुझे हमेशा असहज किया, परेशान किया। पार्टी और गठबंधन से जुड़े कई लोग सनातन के विरोध में बोलते हैं और पार्टी का उस पर चुप रहना, उसे मौन स्वीकृति देने जैसा है। इन दिनों पार्टी गलत दिशा में आगे बढ़ रही है। जहां एक ओर हम जाति आधारित जनगणना की बात करते हैं, वहीं दूसरी ओर संपूर्ण हिंदू समाज के विरोधी नजर आ रहे हैं, यह कार्यशैली जनता के बीच पार्टी को एक खास धर्म विशेष के ही हिमायती होने का भ्रामक संदेश दे रही है। यह कांग्रेस के मूलभूत सिद्धांतों के खिलाफ है।”

उल्लेखनीय है कि गौरव वल्लभ ने गुरुवार सुबह कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दिया था। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी दिशाहीन हो गई है। अयोध्या के राम मंदिर में हुई प्राण प्रतिष्ठा पर कांग्रेस के रुख को लेकर उन्होंने नाराजगी जताई।

पटना, 04 अप्रैल (हि.स.)। बिहार में लोकसभा चुनाव के लिए मतदान सात चरण में होगा। इसको लेकर सभी पार्टियों ने अपने स्टार प्रचारकों को मैदान में उतारा है। बिहार में सभी चरणों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित गृहमंत्री अमित शाह चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री कम से कम 13 जनसभाओं को संबोधित करेंगे।

प्रधानमंत्री मोदी आज जमुई में जनसभा को संबोधित करने वाले हैं। उनकी दूसरी जनसभा सात अप्रैल को नवादा लोकसभा क्षेत्र में होगी। नवादा में भाजपा के विवेक ठाकुर राजग के उम्मीदवार हैं। यहां भी पहले चरण में ही चुनाव होना है। प्रधानमंत्री की अगली जनसभा गया और भागलपुर में 16 अप्रैल को होगी। 17 अप्रैल को पहले चरण का प्रचार शाम पांच बजे थम जाएगा। पहले चरण की औरंगाबाद लोकसभा सीट के लिए हो रहे चुनाव के प्रचार में छह अप्रैल को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह बिहार आयेंगे। औरंगाबाद में उनकी सभा होगी।

पहले चरण की चार सीटें गया, नवादा,औरंगाबाद और जमुई हैं । दूसरे चरण में किशनगंज,कटिहार, पूर्णिया, भागलपुर और बांका में 26 अप्रैल को मतदान होगा। तीसरे चरण में सात मई को झंझारपुर, सुपौल,अरिरया, मधेपुरा और खगड़िया में मतदान होगा। चौथे चरण में 13 मई को दरभंगा, उजियारपुर, समस्तीपुर, बेगूसराय, और मुंगेर में मतदान होगा। पांचवें चरण में 20 मई को सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, सारण औ हाजीपुर में वोट डाले जाएंगे।

छठे चरण में 25 मई को वाल्मीकि नगर, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, वैशाली, गोपालगंज, सीवान और महाराजगंज तथा सातवें और अंतिम चरण में नालंदा, पटना साहेब, पाटलिपुत्र, आरा, सासाराम, काराकाट औ जहानाबाद में एक जून को मतदान होगा।

 

file photo

Chhapra: बिहार में लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर सरगर्मी बढ़ गई है। इसी कड़ी में सोमवार को राजद सुप्रीमो लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने चुनाव अभियान की शुरुआत की। सोनपुर स्थित बाबा हरिहरनाथ मंदिर में सोमवार को सारण लोकसभा सीट से राजद प्रत्याशी डॉ रोहिणी आचार्य ने पूजा अर्चना की इसके साथ ही उन्होंने लोकसभा  चुनाव अभियान की शुरुआत की।

पूजन के दौरान उनके साथ उनके पिता व राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव, माँ पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी,  बहन मीसा भारती, MLC सुनील सिंह, राजद नेता प्रीतम यादव, आशीष चंद्रवंशी समेत कार्यकर्ता उपस्थित थें।

 

 

 

#RohiniAcharya #RJD #RJDBihar #Loksabha #LokSabhaElections2024