पटना, 12 जून (हि.स.)। बिहार में मानसून का आगमन 12 जून यानि सोमवार को हो गया है।इससे संबंधित प्रेस विज्ञप्ति पटना के मौसम विज्ञान केन्द्र ने आज जारी की है। केन्द्र के अनुसार इस साल बिहार में मानसून अपने निर्धारित तिथि से एक दिन पूर्व यानि 12 जून को पहुंचा है।

इससे पहले बिहार में मानसून 13 जून को पहुंचता रहा है। ऐसा 17 साल बाद हुआ है। इससे पहले 2006 में समय से पहले मानसून की एंट्री हुई थी। सोमवार सुबह बिहार के किशनगंज जिले में जमकर मानसून की बारिश हुई। वहीं, रविवार देर शाम को पटना, जमुई समेत कुछ जगहों पर बारिश हुई थी। इससे उमस बढ़ गई है।

विज्ञप्ति के अनुसार मानसून का प्रभाव राज्य के फारबिसगंज (अररिया) पूर्णिया, किशनगंज और कटिहार तक देखा जा सकता है। इन जिलों में मानसून की बारिश शुरू हो गई है। पूर्णिया में 105.2 एमएम, बलरामपुर (कटिहार) में 57.2 एमएम, सिकटी (अररिया) में 56.4 एमएम, सोनहौला (भागलपुर) में 50.6 एमएम बारिश दर्ज की गई है। बिहार के लोगों को अब जल्द ही आने वाले दिनों में भीषण गर्मी और लू से राहत मिल सकती है।

मौसम विभाग के वैज्ञानिक आशीष कुमार अनुसार पटना में भी अलगे एक-दो दिन में मानसून की बारिश होने की संभावना है। प्रचंड तापमान के बीच नमी के हो रहे प्रसार की वजह से राज्य के पूर्वी भाग में थंडर स्टॉर्म गतिविधियां अगले दो दिनों में तेज होंगी। केरल के तट पर लगभग एक हफ्ते मानसून ने देर से दस्तक दी थी, लेकिन उसके बाद तेजी से आगे बढ़ रहा है। ऐसे में 13 से 14 जून के बीच राज्य में मानसून की एंट्री की संभावना जताई गई थी लेकिन समय से पहले ही एंट्री हो गई।

पटना और गया में 15 जून तक मानसून देगी दस्तक

पटना-गया जिले में 15 जून और छपरा में 18 जून तक मानसून दस्तक दे सकता है। अगर मानसून अभी की रफ्तार से आगे बढ़ता है तो 20 जून तक पूरे राज्य में इसका असर देखने को मिल सकता है।

Chhapra: मुफस्सिल थाना क्षेत्र के फोर लेन पर वॉटर पार्क के पास एक व्यक्ति को बाइक सवार अज्ञात युवकों ने गोली मारकर घायल कर दिया। इस घटना में सोहन प्रसाद के पुत्र संजीव कुमार घायल हैं। इलाज के लिए उन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

अस्पताल में इलाजरत संजीव कुमार ने बताया कि वे वॉटर पार्क में गए थे, जहां से वापस आते क्रम में यादव ढाबा के आसपास बाइक सवार दो अज्ञात अपराधियों ने उन्हें घेरकर फायरिंग कर दिया। जिससे गोली उनके दाहिने हाथ को छूते हुए निकल गई और वे बाल बाल बच गए।

घायलावस्था में उन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें खतरे से बाहर बताया है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना के विभिन्न पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है।

Chhapra:  भू अर्जन योजनाओं की समीक्षा बैठक समाहरणालय सभागार में जिला पदाधिकारी अमन समीर की अध्यक्षता में आहूत की गई। बैठक में जिले के अंदर चल रहे सभी बड़ी परियोजनाओं के लिए भूमि अधिग्रहण के अद्यतन स्थिति की समीक्षा जिला पदाधिकारी के द्वारा की गई।

बड़ी परियोजनाओं के अंतर्गत छपरा शहर में निर्माणाधीन डबल डेकर, हाजीपुर छपरा राष्ट्रीय उच्च पथ, गरखा, परसा, अमनौर बाईपास निर्माण कार्य, शेरपुरा दिघवारा बाईपास के साथ अन्य महत्वपूर्ण योजनाएं प्रमुख रूप से शामिल थे।

जिला पदाधिकारी ने सभी बड़ी परियोजना के लिए लंबित भू अर्जन के मामलों को कैंप लगाकर त्वरित गति से निष्पादित करने का निर्देश जिला भू अर्जन पदाधिकारी को दिया। जिन परियोजनाओं में अतिक्रमण बाधक बन रहा है, उसे तत्काल प्रभाव से हटाने का निर्देश भी जिला पदाधिकारी के द्वारा संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी गणों को दिया गया।

जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट रूप से निर्देश देते हुए कहा कि सभी परियोजनाओं में भू अर्जन की समस्या बाधक नहीं बननी चाहिए। ताकि परियोजनाएं लक्षित समय पर पूर्ण हो सके।

बैठक में उप विकास आयुक्त सारण प्रियंका रानी,अपर समाहर्ता डॉ गगन, जिला भू अर्जन पदाधिकारी, सभी संबंधित परियोजनाओं के अभियंता गण एवं संबंधित कर्मी  एवं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जिला के सभी अंचलाधिकारी उपस्थित थे।

‘बाहुबली’ अभिनेता प्रभास और अभिनेत्री कृति सेनॉन अभिनीत ‘आदिपुरुष’ के दो ट्रेलर जारी किए गए हैं। इन दोनों ट्रेलर को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला। अब देखा जा रहा है कि इस फिल्म की एडवांस बुकिंग जोरों पर चल रही है।

डायरेक्टर ओम राउत की अपकमिंग फिल्म कृति सेनॉन के 18 हजार टिकटों की बुकिंग रविवार को हो चुकी है। टिकटों की यह संख्या आईनॉक्स और सिनेपोलिस की है। मिडिया रिपोर्ट के मुताबिक पीवीआर के 8000 टिकटों की एडवांस बुकिंग हो चुकी है। जबकि आईनॉक्स के लिए 6100 और सिनेपोलिस के लिए 3500 टिकटों की बिक्री हुई है।

इस फिल्म के लिए कई कलाकारों ने पहल भी की है। उन्होंने कितने टिकट खरीदे हैं, इसका खुलासा नहीं किया गया है। बताया गया कि द कश्मीर फाइल्स के निर्माता अभिषेक अग्रवाल ने ‘आदिपुरुष’ के लिए 10 हजार टिकट खरीदे हैं। उसके बाद अभिनेता रणबीर कपूर ने भी 10 हजार टिकटें खरीदीं। अन्य कलाकार भी शामिल बताए जा रहे हैं।

ओम राउत द्वारा निर्देशित, ‘आदिपुरुष’ रामायण का एक आधुनिक संस्करण होने जा रहा है। फिल्म ‘आदिपुरुष’ का बजट करीब 500 करोड़ रुपये है। फिल्म पांच भाषाओं हिंदी, तमिल, तेलुगू, मलयालम और कन्नड़ में रिलीज होगी। ‘आदिपुरुष’ 16 जून को सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए पूरी तरह से तैयार है।