Chhapra: सारण जिला माध्यमिक शिक्षक संघ के शिक्षक नेता सह पूर्व सचिव राजाजी राजेश के असामयिक निधन पर रिविलगंज प्रखंड प्रमुख सह भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ० राहुल राज ने गहरी शोक संवेदना प्रकट की है।
उन्होंने बताया कि सारण जिला माध्यमिक शिक्षक संघ के दिग्गज नेता और पूर्व सचिव राजा जी राजेश का गुरुवार 23 जनवरी 2025 की प्रातः बेला में निधन हो गया। आज सारण जिले के शिक्षा जगत के एक महान पुरोधा को हमेशा के लिए खो दिया। वह पिछले कई महीनों से व्याधियों से पीड़ित थे, जिसके संदर्भ में वे उनसे रविवार की शाम मिलने भी गए थे।
सारण जिले में शिक्षा के उत्थान और उसकी सफलताओं के पीछे उनका अमूल्य योगदान रहा है। शिक्षा को विकसित करने व शिक्षकों को आगे बढ़ाने में उनके योगदान को शिक्षाकर्मी कभी नहीं भूलेगा। शिक्षकों के मान-सम्मान उनकी योग्यताएं एवं क्षमताओं को उत्कृष्ट बनाने तथा संगठन में कई महत्त्वपूर्ण पदों को उन्होंने सुशोभित किया। भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ने और शिक्षक संघ के विस्तार में उनकी बहुत बड़ी भूमिका रही। उनका प्रयास गरीबों व पिछड़ों के हितों के लिए समर्पित रही। उनके निधन से शिक्षकों के जीवन व मार्गदर्शन में जो शून्यता उभरी है, उसे लंबे समय तक भरा नहीं जा सकता।
सारण जिले के लगातार तीन बार जिला सचिव पद पर आसीन रहते हुए तथा भ्रष्टाचार का पुरजोर विरोध करते हुए, उन्होंने छात्र एकता से अपनी एक अलग पहचान बनाई थी। वे बेहद मेहनती और मिलनसार नेता के रूप में जाने जाते थे। अध्ययन और अध्यापन से जुड़े विषयों को लेकर उनकी समझ बहुत गहरी थी।
उन्होंने एक प्रशासक के तौर पर भी काफी सराहनीय कार्य किए। उनके निधन से बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ के एक युग का अवसान हो गया। यह संपूर्ण शिक्षक संघ तथा शिक्षा जगत के लिए एक अपूर्णीय क्षति है। शोक की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और समर्थकों के साथ हैं। साथ ही दुख की इस घड़ी में पूरी भाजपा टीम व शिक्षक संघ उनके शोकाकुल परिवार के साथ खड़ी है।







