पत्नी से मिलने की जिद, भूख हड़ताल के कारण 200 करोड़ का ठग हुआ अस्पताल में भर्ती

पत्नी से मिलने की जिद, भूख हड़ताल के कारण 200 करोड़ का ठग हुआ अस्पताल में भर्ती

नई दिल्ली: तिहाड़ जेल में बंद 200 करोड़ रुपये की ठगी का कैदी सुकेश चंद्रशेखर अपनी पत्नी लीना पॉल से मिलने की जिद में लगातार भूख हड़ताल कर रहा है। वह प्रत्येक सप्ताह अपनी पत्नी लीना मारिया पॉल से मिलने की मांग कर रहा है। वहीं उसकी इस मांग को जेल प्रशासन नाजायज बताते हुए कोर्ट को इसकी सूचना दे चुका है। भूख हड़ताल के चलते सुकेश कमजोर हो चुका है और उसे जेल के अस्पताल में भर्ती किया गया है।

तिहाड़ जेल के डीजी संदीप गोयल ने बताया कि फोर्टिस के पूर्व प्रमोटर्स शिवेंद्र सिंह की पत्नी अदिति सिंह से सुकेश चंद्रशेखर ने करीब 200 करोड़ रुपये की ठगी की थी। इसके चलते उसे दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने गिरफ्तार किया था। इस गिरफ्तारी के बाद से उसे तिहाड़ जेल में रखा गया है। उस पर पुलिस ने मकोका के तहत मामला दर्ज किया हुआ है।

उसे बीते चार महीने से तिहाड़ जेल संख्या एक में बंद रखा गया था। फिलहाल नौ जून को उसे वहां से जेल संख्या- 3 में शिफ्ट कर दिया गया है। वहीं इस जालसाजी में उसका साथ देने वाली उसकी पत्नी लीना पॉल जेल संख्या 6 में बंद है।

डीजी ने बताया कि सुकेश चंद्रशेखर बीते 23 अप्रैल से भूख हड़ताल कर रहा है। उस समय से लेकर अभी तक उसने बीच में दो से तीन बार ही खाना खाया है, लेकिन यह सच है कि अब वह खाना नहीं खा रहा है। उन्होंने बताया कि जेल में बंद कैदी को 15 दिन में एक बार उसकी पत्नी से मिलवाया जाता है।

सुकेश को प्रत्येक महीने में दो बार उसकी पत्नी से मिलवाया जाता है, लेकिन सुकेश की मांग है कि उसे प्रत्येक सप्ताह लीना से मिलवाया जाए। यह जेल नियमों के खिलाफ है और उसकी यह मांग नहीं मानी जा सकती। उसके द्वारा की जा रही भूख हड़ताल की जानकारी कोर्ट को भी दी गई है।

डीजी ने बताया कि 23 अप्रैल से भूख हड़ताल कर रहे सुकेश को ड्रिप लगाकर रखा गया है। उसे हाल ही में जेल संख्या 1 से 3 में शिफ्ट किया गया है क्योंकि वहां उसे 4 महीने हो गए थे। उन्होंने बताया कि सुकेश द्वारा की जा रही भूख हड़ताल के चलते उसे दो बार सजा दी जा चुकी है।

एक बार उसकी मुलाकात कैंसिल की गई जबकि एक बार उसके एक सप्ताह तक कैंटीन जाने पर रोक लगा दी गई थी। एक महीने में करीब 10 दिनों तक उसने कुछ भी नहीं खाया। वहीं जेल सूत्रों की माने तो भूख हड़ताल की वजह से सुकेश का वजन कम हो गया है और उसे जेल संख्या तीन के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

0Shares

छपरा टुडे डॉट कॉम की खबरों को Facebook पर पढ़ने कर लिए @ChhapraToday पर Like करे. हमें ट्विटर पर @ChhapraToday पर Follow करें. Video न्यूज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को @ChhapraToday पर Subscribe करें