दिल्ली समेत उत्तर भारत के मैदानी क्षेत्रों में घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट

दिल्ली समेत उत्तर भारत के मैदानी क्षेत्रों में घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट

नई दिल्ली, 8 जनवरी (हि.स.)। दिल्ली समेत उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में गुरुवार सुबह घना कोहरा छाने की संभावना है। भारत मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। बुधवार को आईएमडी के वैज्ञानिक सोमा सेन ने कहा कि हाल ही में उत्तर भारत के ऊपर से एक पश्चिमी विक्षोभ गुजरा है। इसके प्रभाव से क्षेत्र में बारिश और हवा चली है। कुछ क्षेत्रों में घना कोहरा भी छाया जिससे तापमान के गिरवाट में कमी नहीं आई। उन्होंने बताया कि बुधवार को हवा की गति कम हो गई है, इसलिए आज सुबह की तुलना में कल सुबह कोहरे की स्थिति बढ़ जाएगी।

सोमा सेन ने बताया कि उत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में तापमान में 3-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। गुरुवार से दक्षिण-पूर्वी हवा चलने से तापमान बढ़ना शुरू हो जाएगा। नमी बढ़ेगी। इससे न्यूनतम तापमान में वृद्धि होने लगेगी। कोहरे की संभावना भी बढ़ जाएगी। गुरुवार को दिल्ली सहित पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश में बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है, इसके लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

10-12 जनवरी से उत्तर-पश्चिम भारत में दिखेगा पश्चिमी विक्षोभ का असर

मौसम विभाग के अनुसार ताजा पश्चिमी विक्षोभ और पूर्वी हवाओं के कारण 10-12 जनवरी से उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित हो सकते हैं। इसके कारण पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में हल्की एवं मध्यम से लेकर काफी व्यापक वर्षा, बर्फबारी की संभावना है और इसी अवधि के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों और आसपास के मध्य भारत में हल्की वर्षा की संभावना है। 11 जनवरी को हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, राजस्थान में अलग-अलग स्थानों पर और 11 – 12 जनवरी को उत्तराखंड में गरज के साथ बारिश की संभावना है। 11 जनवरी को राजस्थान में अलग-अलग स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना है।

दक्षिण भारत में चक्रवाती परिसंचरण का होगा असर

मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी और उससे सटे भूमध्यरेखीय हिंद महासागर पर एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। एक अन्य चक्रवाती परिसंचरण उत्तरी तमिलनाडु और आसपास के क्षेत्रों पर बना हुआ है। इसके प्रभाव में 11 और 12 जनवरी को तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कुछ स्थानों पर तथा 12 जनवरी को केरल और माहे में गरज के साथ हल्की से मध्यम वर्षा और बिजली गिरने की संभावना है, जबकि 11 जनवरी को तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना है। इसलिए मछुआरों को 08 और 10 जनवरी को दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी और दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में और 09 जनवरी को दक्षिण बंगाल की खाड़ी के मध्य भागों में समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।

0Shares

छपरा टुडे डॉट कॉम की खबरों को Facebook पर पढ़ने कर लिए @ChhapraToday पर Like करे. हमें ट्विटर पर @ChhapraToday पर Follow करें. Video न्यूज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को @ChhapraToday पर Subscribe करें