Chhapra: छपरा विधानसभा से भाजपा विधायक छोटी कुमारी ने सदन में पहली बार बोलते हुए छपरा नगर निगम क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट लगाने में घोटाले का आरोप लगाया है।
सदन में उन्होंने नगर विकास एवं आवास मंत्री और ऊर्जा मंत्री का ध्यान आकृष्ट कराते हुए कहा कि छपरा नगर निगम क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट के नाम पर करोड़ों का घोटाला हुआ है। उन्होंने बताया कि करोड़ों रुपये खर्च करने के बाद भी शहर के प्रमुख क्षेत्र डाकबंगला रोड समेत प्रमुख मार्ग अंधेरे में हैं, यह सरकारी धन का लूट है। उन्होंने इसकी उच्चस्तरीय जांच व दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
विधायक के द्वारा विधानसभा में मुद्दा उठाए जाने के बाद राजनीति गरमा गई है। विधायक के आरोप पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए छपरा नगर निगम के महापौर लक्ष्मी नारायण गुप्ता ने छपरा टुडे डॉट कॉम से बातचीत में कहा कि
जो आरोप लगाया गया है, वो हास्यास्पद है। उन्होंने कहा कि फिलहाल लाइट लगाने का कार्य जारी ही है, कोई भुगतान हुआ ही नहीं तो घोटाला का सवाल कहाँ से आ गया?, उन्होंने कहा कि विधायक को जानकारी का आभाव है, बिना जानकारी के विधानसभा में सवाल उठाना विधायक पद की गरिमा को कम करता है।








