Chhapra: श्री मोती सिंह जागेश्वरी आयुर्वेद महाविद्यालय एवं अस्पताल में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का बुधवार को आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ महाविद्यालय के सह-सचिव कीर्ति सिंह सोलंकी एवं प्राचार्य डॉ. सम्पूर्णानन्द तिवारी ने संयुक्त रूप से किया।
शिविर में बड़ी संख्या में लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर आवश्यक आयुर्वेदिक चिकित्सकीय परामर्श एवं स्वास्थ्य संबंधी सुझाव दिए। इस दौरान विभिन्न रोगों से संबंधित मरीजों को आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति के माध्यम से उपचार एवं बचाव के उपायों की जानकारी भी दी गई।
महाविद्यालय के सह सचिव कीर्ति सिंह सोलंकी ने कहा कि समाज के जरूरतमंद लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना महाविद्यालय की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी उद्देश्य से महाविद्यालय एवं अस्पताल की ओर से प्रत्येक माह निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया जाता है।
प्राचार्य डॉ. सम्पूर्णानन्द तिवारी ने कहा कि नियमित स्वास्थ्य जांच से बीमारियों की समय रहते पहचान और उपचार संभव है। महाविद्यालय की ओर से भविष्य में भी इस तरह के शिविर लगातार आयोजित किए जाते रहेंगे।


















