Chhapra: रामनवमी पर्व-2026 के शांतिपूर्ण आयोजन, विधि-व्यवस्था संधारण एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार के संयुक्त नेतृत्व में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए। वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण द्वारा सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि दंगा नियंत्रण टीम (Riot Control Team) एवं दंगा नियंत्रण वाहनों को पूर्ण रूप से तैयार रखा जाए तथा आवश्यकता अनुसार मॉक ड्रिल आयोजित कर तत्परता सुनिश्चित की जाए।
संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च करने, पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति करने तथा निरंतर गश्ती एवं पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी प्रतिनियुक्त बलों को बॉडी प्रोटेक्टर, हेलमेट एवं लाठी जैसे आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराकर उनका पूर्वाभ्यास कराने पर बल दिया गया।
बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि शांति समिति की बैठकें नियमित रूप से आयोजित की जाएं तथा असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। संवेदनशील स्थलों की पहचान कर वहां विशेष निगरानी रखने एवं क्विक रिस्पांस टीम (QRT) को सदैव तैयार अवस्था में रखने के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त, सभी थाना क्षेत्रों में चौकसी बढ़ाने, सोशल मीडिया पर सतत निगरानी रखने तथा अफवाहों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।















