Breaking News

अमनौर एवं परसा बाईपास परियोजनाओं का जिलाधिकारी ने किया स्थलीय निरीक्षण, मुआवजा प्रक्रिया में तेजी के निर्देश

2 Min Read

Chhapra: जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने शनिवार को अमनौर बाईपास पथ निर्माण तथा परसा बाईपास पथ निर्माण परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ कार्यपालक अभियंता, पथ प्रमंडल, सोनपुर, संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी उपस्थित रहे। निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने भूमि अधिग्रहण एवं मुआवजा भुगतान से जुड़ी प्रक्रियाओं की विस्तृत समीक्षा की।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि दोनों परियोजनाओं के अंतर्गत आने वाले सभी मौजों में एक सप्ताह के भीतर कैंप आयोजित किए जाएं। इन कैंपों में संबंधित रैयतों से अभिश्रव प्राप्त कर उसी समय त्रुटियों का निराकरण करते हुए परिपूर्ण अभिश्रव जिला भू-अर्जन कार्यालय को उपलब्ध कराया जाए, ताकि मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जा सके।

उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि जिन रैयतों को अब तक नोटिस का तामिला नहीं हो पाया है, उनकी डोर-टू-डोर पहचान कर नोटिस की तामिला सुनिश्चित की जाए तथा आवश्यक कागजात तत्काल प्राप्त किए जाएं। कैंप आयोजन की तिथि की पूर्व सूचना संबंधित क्षेत्रों में माइकिंग के माध्यम से प्रसारित करने का भी निर्देश दिया गया, ताकि अधिक से अधिक रैयत कैंप में उपस्थित हो सकें।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परियोजनाओं से प्रभावित रैयतों से संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली और त्वरित समाधान के लिए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

साथ ही कार्यपालक अभियंता, पथ प्रमंडल, सोनपुर को दोनों परियोजनाओं में पथ निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

हमारे सोशल मीडिया अकाउंट को फॉलो करें -

Share This Article
ब्रेकिंग न्यूज़ अलर्ट छपरा की हर बड़ी खबर सबसे पहले पाएं
WhatsApp जॉइन करें जॉइन करें