खबर सुनें ▶ Press play to listen
छपरा: जनगणना के आगामी चरण जनसंख्या गणना पूर्व परीक्षण (प्री-टेस्ट) के सफल एवं त्रुटिरहित संचालन के उद्देश्य से गुरुवार को सोनपुर नगर परिषद सभागार में प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण कार्यक्रम के दूसरे दिन फिल्ड में पूछे जाने वाले प्रश्नों पर विस्तार से चर्चा की गयी. प्रशिक्षण में जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारियों द्वारा प्रतिभागियों को गणना प्रक्रिया, प्रपत्रों के सही संधारण, डिजिटल माध्यम से आंकड़ों के संकलन तथा फील्ड में अपनाई जाने वाली आवश्यक सावधानियों की विस्तृत जानकारी दी गई. प्रतिभागियों को नागरिकों से संवाद स्थापित करने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई.
साथ ही पूर्व परीक्षण के दौरान आने वाली संभावित व्यावहारिक समस्याओं एवं उनके समाधान पर भी चर्चा की गई.
पूर्व परीक्षण अति महत्वपूर्ण
जिलाधिकारी सह प्रधान जनगणना अधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने कहा कि जनसंख्या गणना देश की सबसे महत्वपूर्ण सांख्यिकीय गतिविधियों में से एक है. इसके आधार पर सरकार विभिन्न विकास योजनाओं, संसाधनों के वितरण तथा जनकल्याणकारी नीतियों का निर्माण करती है. इसलिए प्रत्येक प्रगणक एवं पर्यवेक्षक अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, निष्पक्षता एवं जिम्मेदारी के साथ सीखेंगे. जिलाधिकारी ने कहा कि पूर्व परीक्षण का उद्देश्य वास्तविक जनसंख्या गणना से पहले संपूर्ण व्यवस्था का परीक्षण करना तथा संभावित कमियों की पहचान कर उन्हें दूर करना है, ताकि आगामी जनगणना निर्धारित मानकों के अनुरूप सफलतापूर्वक संपन्न हो सके। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से कार्य करने के निदेश दिए.
संयुक्त निदेशक ने किया अवलोकन
प्रशिक्षण के सफल आयोजन के लिए जिलाधिकारी ने जिला नोडल अधिकारी सह डीएसओ अंजनी कुमार लाल को उनकी टीम के साथ विशेष रूप से उपस्थित रहने का निदेश दिया है. इस दौरान प्रति दिन सत्र समाप्ति पर जांच परीक्षा आयोजित करने की हिदायत दी है. जनगणना निदेशालय से आए संयुक्त निदेशक मंजू गुप्ता, सहायक निदेशक शिवेन्द्र कुमार, प्री टेस्ट नोडल संजीव कुमार, कार्यपालक पदाधिकारी शशि कुमार ने प्रशिक्षण का अनुश्रवण किया. जिला नोडल आयुषी कुमारी व जुली कुमारी, प्रशिक्षक नीरज कुमार सिंह, श्रुति शैलेश, सविता कुमारी, आदर्श पाण्डेय, मोनी शर्मा, श्वेता सिंह, जिला कोषांग के सुनील कुमार, राकेश कुमार सिन्हा, संतोष कुमार तथा व्यवस्थापक रईस अहमद आदि के साथ समन्वय बना कर कार्य कर किया.
स्व गणना में ऑटो अपलोड होगा लोकेशन
अपर जिला जनगणना अधिकारी सह डीआईओ तारणी कुमार ने बताया कि प्री टेस्ट मुख्य कार्य का ट्रायल है. चयनित सोनपुर नप क्षेत्र में वह सारी प्रक्रिया अपनायी जाएगी जो वास्तविक जनसंख्या गणना में करनी हैं. एक से पांच जुलाई तक प्री टेस्ट के लिए चयनित सोनपुर नप के 10 वार्डों में आम जनता को स्व गणना का अवसर दिया जाएगा. उन्होंने बताया कि स्व गणना को निदेशालय द्वारा अपडेट किया गया है. अब लोगों को अपना गूगल लोकेशन ढूंढना नहीं होगा बल्कि मोबाइल स्वयं ले लेगा. प्रगणक को भी मोबाइल नंबर से उनके एसई का एचएलबी भी पता चल जाएगा.



















