मुंबई, 4 दिसंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता और पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को महाराष्ट्र भाजपा विधायक दल का नेता चुन लिया गया है। बुधवार को भाजपा के केंद्रीय पर्यवेक्षक व गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी ने देवेंद्र फडणवीस के नाम का विधायक दल के नेता के रुप में घोषित किया है। इस मौके पर भाजपा की केंद्रीय पर्यवेक्षक और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमन भी मौजूद थीं। देवेंद्र फडणवीस गुरुवार को तीसरी बार महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

विधान भवन में आज भाजपा विधायक दल के नेता को चुनने के लिए एक बैठक आयोजित की गई थी। इस बैठक में भाजपा विधायक चंद्रकांत पाटिल और सुधीर मुनगंटीवार ने भाजपा विधायक पद के लिए देवेंद्र फडणवीस के नाम का प्रस्ताव रखा। इस प्रस्ताव को विधायक पंकजा मुंडे, प्रवीण दरेकर , योगेश सागर और आशीष शेलार आदि विधायकों ने अनुमोदन किया। इसके बाद केंद्रीय पर्यवेक्षक विजय रुपाणी ने पार्टी के विधायक दल नेता के रूप में देवेंद्र फडणवीस की घोषणा की। इस पर देवेंद्र फडणवीस ने सभी नेताओं के प्रति अपना आभार व्यक्त किया।

बैठक में माैजूद केंद्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारमन ने कहा कि महाराष्ट्र और हरियाणा में जिस तरह से भाजपा को जनादेश मिला है, वह देश के रुख को दर्शाता है। जनता रुकावट नहीं चाहती है। महाराष्ट्र में डबल इंजन की सरकार राज्य की जनता के विश्वास पर खरा उतरेगी। निर्मला सीतारमन ने कहा कि राज्य में बनी नई सरकार कांग्रेस से हुए नुकसानों की भी भरपाई का प्रयास करने वाली है। नई सरकार मुंबई को देश का नंबर वन शहर बनाएगी।

0Shares

नई दिल्ली, 01 दिसंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने डिजिटल धोखाधड़ी, साइबर अपराध और एआई तकनीक के कारण उत्पन्न संभावित खतरों, विशेष रूप से सामाजिक और पारिवारिक संबंधों को नकारात्मक तौर पर प्रभावित करने के लिए डीप फेक की क्षमता पर चिंता व्यक्त की है। जवाबी उपाय के रूप में, उन्होंने पुलिस नेतृत्व से भारत की आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और ‘आकांक्षी भारत’ की दोहरी एआई शक्ति का उपयोग करके चुनौती को अवसर में बदलने का आह्वान किया।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 30 नवंबर और 01 दिसंबर को भुवनेश्वर में पुलिस महानिदेशकों/महानिरीक्षकों के 59वें अखिल भारतीय सम्मेलन में भाग लिया। समापन सत्र में प्रधानमंत्री ने खुफिया ब्यूरो के अधिकारियों को विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक वितरित किए।

अपने समापन भाषण में प्रधानमंत्री ने कहा कि सम्मेलन के दौरान सुरक्षा चुनौतियों के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय आयामों पर व्यापक चर्चा हुई और चर्चाओं से उभरी जवाबी रणनीतियों पर संतोष व्यक्त किया।

उन्होंने स्मार्ट पुलिसिंग के मंत्र का विस्तार किया और पुलिस से रणनीतिक, सावधान, ढलने लायक, विश्वसनीय और पारदर्शी बनने का आह्वान किया। शहरी पुलिसिंग में की गई पहलों की सराहना करते हुए उन्होंने सुझाव दिया कि प्रत्येक पहल को देश के 100 शहरों में एकत्रित करके लागू किया जाना चाहिए। उन्होंने कॉन्स्टेबलों के कार्यभार को कम करने के लिए प्रौद्योगिकी के उपयोग का आह्वान किया और सुझाव दिया कि पुलिस स्टेशन को संसाधन आवंटन के लिए केंद्र बिंदु बनाया जाना चाहिए।

कुछ प्रमुख समस्याओं के समाधान में हैकाथॉन की सफलता पर चर्चा करते हुए प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय पुलिस हैकाथॉन आयोजित करने पर भी विचार-विमर्श करने का सुझाव दिया। प्रधानमंत्री ने बंदरगाह सुरक्षा पर ध्यान केंद्रित करने और इसके लिए भविष्य की कार्ययोजना तैयार करने की आवश्यकता पर भी प्रकाश डाला।

सरदार वल्लभभाई पटेल के अद्वितीय योगदान को याद करते हुए प्रधानमंत्री ने गृह मंत्रालय से लेकर पुलिस स्टेशन स्तर तक के सभी सुरक्षा प्रतिष्ठानों से अगले साल उनकी 150 वीं जयंती पर श्रद्धांजलि देने का आह्वान किया। उन्होंने पुलिस की छवि, व्यावसायिकता और क्षमताओं में सुधार लाने वाले किसी भी पहलू पर लक्ष्य निर्धारित करने और उसे हासिल करने का संकल्प लेने का भी आह्वान किया। उन्होंने पुलिस से आधुनिक बनने और ‘ विकसित भारत ‘ के दृष्टिकोण के साथ खुद को फिर से जोड़ने का आग्रह किया।

सम्मेलन के दौरान राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए मौजूदा और उभरती चुनौतियों पर गहन चर्चा की गई, जिसमें आतंकवाद, वामपंथी उग्रवाद, साइबर अपराध, आर्थिक सुरक्षा, आव्रजन, तटीय सुरक्षा और मादक पदार्थों की तस्करी शामिल है। बांग्लादेश और म्यांमार के साथ सीमा पर उभरती सुरक्षा चिंताओं, शहरी पुलिस व्यवस्था के रुझानों और दुर्भावनापूर्ण बयानों का मुकाबला करने की रणनीतियों पर भी विचार-विमर्श किया गया।

इस सम्मेलन में केंद्रीय गृह मंत्री, प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार, गृह राज्य मंत्री और केंद्रीय गृह सचिव भी शामिल हुए। हाइब्रिड प्रारूप में आयोजित इस सम्मेलन में सभी राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के डीजीएसपी/आईजीएसपी और सीएपीएफ/सीपीओ के प्रमुखों ने भी शारीरिक रूप से भाग लिया और सभी राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के विभिन्न रैंकों के 750 से अधिक अधिकारियों ने वर्चुअल माध्यम से भाग लिया।

0Shares

सारण के लिए गर्व: अखिल भारतीय पुलिस महानिदेशक, महानिरीक्षक सम्मलेन में एसपी कुमार आशीष ने BNS में हुई पहली सजा पर दिया प्रेजेंटेशन

Chhapra/Bhuwaneshwar: भुवनेश्वर में आयोजित अखिल भारतीय पुलिस महानिदेशक, महानिरीक्षक सम्मलेन-2024 में सारण के पुलिस अधीक्षक डॉ कुमार आशीष द्वारा पूरे देश में नए कानून BNS के तहत गंभीर शीर्ष पहली सज़ा पर प्रेजेंटेशन दिया गया।

यह प्रेजेंटेशन सारण जिले के रसूलपुर थाना के धनाडीह गांव में हुए तिहरे हत्याकांड की थी। जिसमें संबंधित कांड संख्या -133/ 24 में 14 दिनों में अनुसंधान पूर्ण करते हुए गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध आरोप पत्र समर्पित किया गया था तदोपरांत न्यायालय में त्वरित विचारण के बाद घटना के 50वें दिन न्यायालय द्वारा दोनों दोषी अभियुक्तों को उम्रकैद सहित आर्थिक दंड की सजा सुनाई गईं) करवाने में अपनाए गए प्रक्रियाओं, तरीकों के संदर्भ में प्रेजेंटेशन दिया गया। 

जिस पर वहां उपस्थित प्रधानमंत्री, गृहमंत्री, पुलिस महानिदेशक बिहार एवं उपस्थित सभी पुलिस महानिदेशकों, महानिरीक्षकों द्वारा काफी प्रशंसा करते हुए इस मॉडल को अन्य जगहों पर भी लागू करने का सुझाव दिया गया।    

इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, पुलिस महानिदेशक बिहार आलोक राज सहित सभी राज्यों के पुलिस महानिदेशक, पुलिस महानिरीक्षक सहित अन्य अधिकारीगण की उपस्थिति रही।

0Shares

नई दिल्ली, 1 दिसंबर (हि.स.)। साल के आखिरी महीने के पहले दिन कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के रेट एक बार फिर बढ़ गए हैं। तेल कंपनियों ने 01 दिसंबर से 19 किलो वाले एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 16.50 रुपये की बढ़ोतरी कर दी है।

19 किलो वाले कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की दिल्ली में अब कीमत 1818.50 रुपये हो गई है। यह लगातार 5वां महीना है, जिसमें एलपीजी सिलेंडर के दाम बढ़ाए गए हैं। राहत की बात है कि घरेलू रसोई गैस की कीमतों में किसी तरह का बदलाव नहीं किया गया है।

उल्लेखनीय है कि अगस्त 2023 में घरेलू रसोई गैस सिलेंडर के दाम में लगभग 100 की कटौती की गई थी।

उसके बाद से इसके दाम स्थिर बने हुए हैं। दिल्ली में बिना सब्सिडी वाले गैस सिलेंडर की कीमत इस समय 803.00, कोलकाता में 829.00 रुपये, मुंबई में 802.50 और चेन्नई में यह 818.50 रुपये में मिल रहा है। उज्ज्वला के लाभार्थियों को इस सिलेंडर पर 300 रुपये की सब्सिडी मिलती है

0Shares

नई दिल्ली, 1 दिसंबर (हि.स.)। बंगाल की खाड़ी के ऊपर उठा चक्रवाती तूफान फेंगल ने तमिलनाडु और पुडुचेरी में दस्तक दी। इसके कारण तेज हवा के साथ भारी बारिश का दौर जारी है। भारत मौसम विभाग (आईएमडी) के मुताबिक चक्रवाती तूफान फेंगल तमिलनाडु और पुडुचेरी के तटों को पार कर गया है।

मौसम विभाग के मुताबिक चक्रवात फेंगल पश्चिम-दक्षिण-पश्चिम की ओर बढ़ने और पुडुचेरी के करीब कराईकल और महाबलीपुरम के बीच उत्तर तमिलनाडु- पुडुचेरी तटों को पार कर गया है। यह 70-80 किमी प्रति घंटे की हवा की गति से 90 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आगे बढ़ रहा है। इसका असर से तमिलनाडु में भारी बारिश का दौर जारी है। आईएमडी ने बारिश का अलर्ट जारी किया है।

चक्रवात फेंगल के प्रभाव के कारण तमिलनाडु और पुडुचेरी के कई हिस्सों में बारिश हो रही है। समुद्र में ऊंची लहरें उठने लगी हैं। मौसम विभाग ने लोगों से घरों में रहने की अपील की है। यह समुद्री तट वाले अन्य राज्यों में भी असर छोड़ रहा है।

0Shares

मुंबई, 29 नवंबर (हि.स.)। पोर्नोग्राफी मामले में फिल्म अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंद्रा के मुंबई स्थित आवास पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) शुक्रवार सुबह से छापामारी कर रही है।

ईडी की यह कार्रवाई राज कुंद्रा के करीबी समझे जाने लोगों के मुंबई और उत्तर प्रदेश में करीब 15 ठिकानों पर जारी है। अभी तक इस छापेमारी का ब्योरा नहीं मिला है। बताया जा रहा है कि ईडी ने राज कुंद्रा के आवास से कुछ डिजिटल दस्तावेजों को खंगाल रहे हैं।

जानकारी के अनुसार पोर्नोग्राफी मामले में मुंबई पुलिस की टीम ने 2021 में राज कुंद्रा के खिलाफ भारतीय दंड संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। इसके बाद राज कुंद्रा को मुंबई पुलिस ने जुलाई 2021 में गिरफ्तार किया था। राज कुंद्रा को सितंबर 2021 में जमानत मिल गई थी। हालांकि इस मामले की छानबीन जारी थी। अब ईडी की टीम इस मामले की मनी लांड्रिंग ऐंगल से जांच कर रही है।

0Shares

नई दिल्ली, 28 नवंबर (हि.स.)। लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) के एक प्रमुख भगोड़े आतंकी सलमान रहमान खान को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) सीबीआई के साथ समन्वय करते हुए गुरुवार को रवांडा से प्रत्यर्पित कर भारत ले आई।

एनआईए के मुताबिक सलमान को 27 नवंबर को रवांडा जांच ब्यूरो (आरआईबी), इंटरपोल और एनसीबी की सहायता से एनआईए ने हिरासत में लिया और आज सुबह भारत लाया गया। बेंगलुरु की एनआईए स्पेशल कोर्ट ने उनके खिलाफ गिरफ्तारी का गैर-जमानती वारंट जारी किया था। इंटरपोल के रेड नोटिस के बाद सलमान को किगाली, रवांडा में अधिकारियों ने पकड़ा था।

एनआईए जांच से पता चला था कि सलमान पहले पोक्सो मामले में (2018-2022) जेल में बंद रहा। यहां आतंकी मामले में आजीवन कारावास की सजा पाए टी. नसीर ने उसे कट्टरपंथी बनने और भर्ती होने के प्रेरित किया। इसके बाद उसने अन्य आतंकियों के लिए विस्फोटक जुटाने और वितरण करने में मदद की। आतंकी साजिश व मॉड्यूल का भंडाफोड़ होने के बाद सलमान देश छोड़कर भाग गया था।

0Shares

पटना, 27 नवम्बर (हि.स.)। बिहार में आज संगठनात्मक चुनाव को लेकर बैठक की गई। बिहार भाजपा प्रदेश कार्यालय में सक्रिय सदस्यता एवं संगठनात्मक चुनाव को लेकर बैठक की गई। इस बैठक कि शुरुआत पार्टी के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिलीप जायसवाल ने किया।

इस बैठक में बिहार प्रभारी विनोद तावडे, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, संगठन महामंत्री भिखू भाई दलसानिया के अलावा भाजपा के कई बड़े नेता और संगठन के तमाम पदाधिकारी मौजूद रहे। इस बैठक को लेकर बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि बूथ कमेटी का गठन और मंडल का गठन किया गया। साथ ही साथ जिला के गठन को लेकर चर्चा की गई। इसी को लेकर यह कार्यशाला तैयार की गई है और इसमें सभी बातों की जानकारी दी गई।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में संगठन चुनाव की सुगबुगाहट तेज हो गई है। इसको लेकर पार्टी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने राज्यों में अध्यक्ष और अन्य पदों के चुनाव के लिए पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की है। पार्टी ने जिन नेताओं को संगठन चुनाव कराने की जिम्मेदारी सौंपी हैं, उनमें बिहारी प्रभारी विनोद तावड़े, राधा मोहन सिंह, सुनील बंसल, तरुण चुग और अरुण सिंह के नाम प्रमुख हैं। इससे पहले जेपी नड्डा ने भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े को संगठनात्मक चुनाव को लेकर उत्तर प्रदेश और बिहार का पर्यवेक्षक बनाया है। तावड़े दोनों राज्यों में संगठन चुनाव की देखरेख करेंगे।

इसी तरह सुनील बंसल को पश्चिम बंगाल, असम, झारखंड और हरियाणा का जिम्मा मिला है।

इसके अलावा तरुण चुग के जिम्मे केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कर्नाटक और लक्षद्वीप है। शिवप्रकाश को मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना का ऑब्जर्वर बनाया गया है। जबकि अरुण सिंह महाराष्ट्र, गोवा, दमन द्वीप और दादर नागर हवेली के पर्यवेक्षक होंगे। इसके साथ राधा मोहन सिंह को राजस्थान, पंजाब, चंडीगढ़ और गुजरात का पर्यवेक्षक बनाया गया है।

उल्लेखनीय है कि भाजपा को मकर संक्रांति के बाद नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल सकता है। पार्टी हाई लेवल पर इसकी कवायद कर रही है। नए अध्यक्ष की नियुक्ति से पहले पार्टी के भीतर राज्यवार सक्रिय सदस्यता का आकलन किया जा रहा है। बीते सप्ताह इसको लेकर नई दिल्ली में करीब छह घंटे केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह का आवास पर बैठक हुई थी। जेपी नड्डा का कार्यकाल लोकसभा चुनाव के बाद ही खत्म हो गया था लेकिन संगठन चुनाव की वजह से अध्यक्ष पद पर फाइनल फैसला नहीं हो पाया है।

0Shares

नई दिल्ली, 27 नवंबर (हि.स.)। कांग्रेस पार्टी ने बांग्लादेश में धार्मिक अल्पसंख्यकों में असुरक्षा के माहौल पर चिंता व्यक्त की है। पार्टी ने इस्कॉन के संत चिन्मय कृष्ण दास की गिरफ्तारी को इसका ताजा उदाहरण बताया है। पार्टी ने उम्मीद जताई है कि भारत सरकार बांग्लादेश सरकार से अल्पसंख्यकों के जीवन और संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने को लेकर दबाव डालेगी।

पार्टी वक्तव्य के बाद कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी एक एक्स पोस्ट में इस मुद्दे को उठाया है। उन्होंने कहा है कि बांग्लादेश में इस्कॉन मंदिर के संत की गिरफ्तारी और अल्पसंख्यक हिंदुओं के खिलाफ लगातार हो रही हिंसा की खबरें अत्यंत चिंताजनक है। उनकी केंद्र सरकार से अपील है कि इस मामले में हस्तक्षेप किया जाए और बांग्लादेश सरकार के समक्ष अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मुद्दा मजबूती से उठाया जाए।

उल्लेखनीय है कि भारत ने मंगलवार को बांग्लादेश में हिन्दू धर्माचार्य चिन्मय कृष्ण दास की गिरफ़्तारी और ज़मानत न दिए जाने पर गहरी चिंता व्यक्त की है। साथ ही उनकी गिरफ़्तारी के ख़िलाफ़ शांतिपूर्ण तरीके से विरोध कर रहे अल्पसंख्यकों पर हमलों पर भी चिंता व्यक्त की थी। चिन्मय कृष्ण दास बांग्लादेश सम्मिलित सनातन जागरण जोत के प्रवक्ता भी हैं।

0Shares

अहमदाबाद, 27 नवंबर (हि.स.)। गौतम अदाणी, सागर अदाणी और विनीत जैन पर अमेरिकी विदेशी भ्रष्ट आचरण अधिनियम (एफसीपीए) के उल्लंघन का कोई आरोप नहीं लगा है। यूएस डिपार्टमेंट ऑफ जस्टिस ने उन्हें विदेशी भ्रष्टाचार आचरण से जुड़े आरोपों से बाहर रखा। अमेरिकी डीओजे के अभियोग में सिर्फ एज्युर और सीडीपीक्यू के अधिकारियों पर रिश्वतखोरी का आरोप लगाया गया है। अदाणी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड ने दावा किया है कि अदाणी अधिकारियों पर रिश्वत या भ्रष्टाचार के आरोप लगाने वाली सभी खबरें ‘गलत’ हैं।

गौतम अदाणी, उनके भतीजे सागर अदाणी और वरिष्ठ अधिकारी विनीत जैन पर अमेरिकी डीओजे द्वारा कोई रिश्वतखोरी का आरोप नहीं है। यह जानकारी अदाणी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड (एजीईएल) ने स्टॉक एक्सचेंज में जमा की गई ताजा रिपोर्ट में दी है।

अदाणी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड (एजीईएल) ने अपनी फाइलिंग में कहा है कि अदाणी अधिकारियों पर रिश्वत और भ्रष्टाचार के आरोपों की खबरें ‘गलत’ हैं। एजीईएल के अनुसार, “कुछ मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया है कि हमारे डायरेक्टर्स गौतम अदाणी, सागर अदाणी और विनीत जैन पर अमेरिकी विदेशी भ्रष्ट आचरण अधिनियम (एफसीपीए) के उल्लंघन का आरोप लगाया गया है। ऐसे दावे पूरी तरह गलत हैं।”

एजीईएल ने आगे कहा, “गौतम अदाणी, सागर अदाणी और विनीत जैन पर अमेरिकी न्याय विभाग (डीओजे) के आरोपपत्र या अमेरिकी सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज कमीशन ( एसईसी) के सिविल कंप्लेंट में एफसीपीए के किसी भी उल्लंघन का आरोप नहीं लगाया गया है।”

किसी कानूनी अभियोग में “काउंट” का मतलब अभियुक्त के खिलाफ लगाए गए व्यक्तिगत आरोपों से होता है। डीओजे के अभियोग में पांच काउंट (आरोप) हैं, लेकिन काउंट एक: ‘‘एफसीपीए का उल्लंघन करने की साजिश’’ में गौतम अदाणी, सागर अदाणी और विनीत जैन का नाम नहीं है और इन्हें इस काउंट से बाहर रखा गया है। इसी तरह, काउंट पांच: ‘‘न्याय में रुकावट डालने की साजिश’’ (पेज 41) में भी इन तीनों का नाम नहीं है। अभियोग का काउंट एक, जो भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी के आरोपों से संबंधित है, उसमें केवल एज्युर पावर और सीडीपीक्यू (क्यूबेक का एक कनाडाई संस्थागत निवेशक और एज्युर का सबसे बड़ा शेयरधारक) के रंजीत गुप्ता, सिरिल कैबनेस, सौरभ अग्रवाल, दीपक मल्होत्रा और रूपेश अग्रवाल का नाम है। इस काउंट में किसी भी अदाणी अधिकारी का नाम अमेरिकी न्याय विभाग (डीओजे) ने नहीं लिया है।

हालांकि, डीओजे के अभियोग को लेकर विभिन्न मीडिया (विदेशी और भारतीय) की गलत समझ, अदाणी के डायरेक्टर्स पर अमेरिकी डीओजे और एसईसी द्वारा भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी के आरोपों के बारे में गलत और लापरवाह रिपोर्टिंग का कारण बना है। अदाणी अधिकारियों पर केवल काउंट 2: “कथित सिक्योरिटीज धोखाधड़ी साजिश”, काउंट 3: “कथित वायर धोखाधड़ी साजिश”, और काउंट: “कथित सिक्योरिटीज धोखाधड़ी” के आरोप लगाए गए हैं।

डीओजे के अभियोग में यह कोई प्रमाण नहीं है कि अदाणी के अधिकारियों ने भारतीय सरकारी अधिकारियों को रिश्वत दी थी। अभियोग और शिकायत केवल इस बात पर आधारित हैं कि रिश्वत देने का वादा किया गया था या उस पर चर्चा की गई थी। “यह सब केवल अनुमान और एज्युर पावर और सीडीपीक्यू के पूर्व कर्मचारियों की सुनी-सुनाई बातों पर आधारित है, जिससे अमेरिकी डीओजे और यूएस एसईसी द्वारा अदाणी के खिलाफ की गई कार्रवाई कानूनी और नैतिक रूप से बहुत कमजोर बनती है।” अमेरिका की बिना आधार वाली कार्रवाई और लापरवाह गलत रिपोर्टिंग के कारण भारतीय समूह को अंतरराष्ट्रीय परियोजनाओं का रद्द होना, वित्तीय बाजार पर असर और रणनीतिक साझेदारों, निवेशकों और जनता द्वारा अचानक जांच-पड़ताल जैसे बड़े नुकसान उठाने पड़े हैं।

अमेरिका और चीन की बड़ी कंपनियों से सीधी प्रतिस्पर्धा में अदाणी

अदाणी ग्रुप भारत की सबसे बड़ी इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी है, जिसकी ग्लोबल एनर्जी और लॉजिस्टिक्स सेक्टर में बड़े ऑपरेशंस हैं। पिछले कुछ सालों में, यह भारतीय समूह अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अपने काम को बढ़ा रहा है और अफ्रीका, बांग्लादेश, श्रीलंका, इज़राइल, ऑस्ट्रेलिया आदि में कई अमेरिकी और चीनी कंपनियों से सीधी प्रतिस्पर्धा कर रहा है। अमेरिकी डीओजे के अभियोग की जानकारी मिलने के बाद से, इस समूह को अपनी 11 लिस्टेड कंपनियों में लगभग 55 बिलियन डॉलर का बाजार मूल्य नुकसान झेलना पड़ा है।

0Shares

नई दिल्ली, 27 नवंबर (हि.स.)। अडानी रिश्वत मामले को लेकर लोकसभा और राज्यसभा में बुधवार को विपक्ष के हंगामे के चलते कामकाज प्रभावित रहा। इसी बीच लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने कहा है कि उद्योगपति गौतम अडानी को गिरफ्तार किया जाना चाहिए।

संसद प्रांगण में पत्रकारों से बातचीत में राहुल गांधी ने कहा कि इस देश में मामूली से आरोपों पर लोगों को गिरफ्तार किया जाता है जबकि उद्योगपति गौतम अडानी पर अमेरिका में रिश्वत देने के गंभीर आरोप लगे हैं। हमारी मांग है कि उन्हें गिरफ्तार किया जाए।

लोकसभा और राज्यसभा में विपक्ष के हंगामे के चलते कामकाज प्रभावित रहा। लोकसभा में कार्यवाही शुरू होने के कुछ ही देर बाद हंगामा के चलते इसे 12:00 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया। वहीं, दूसरी और राज्यसभा में कार्यवाही पहले 11:30 बजे और बाद में दिनभर तक के लिए स्थगित कर दी गई।

0Shares

मुंबई, 26 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे मंगलवार को राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन से मिले और मुख्यमंत्री पद से अपना इस्तीफा सौंप दिया है। राज्यपाल ने एकनाथ शिंदे को नया मुख्यमंत्री बनने तक कार्यवाहक मुख्यमंत्री के रूप में काम करने काे कहा है। राज्यपाल जल्द ही राज्य की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी को सरकार बनाने का न्योता देंगे।

राज्य में 14वीं विधानसभा वर्ष 2019 में गठित हुई थी। 14वीं विधानसभा का कार्यकाल 26 नवंबर अर्थात आज समाप्त हो रहा है। इसी वजह से मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ,उपमुख्यमंत्री अजीत पवार आज दिन में 11 बजे मुंबई में राजभवन में पहुंचे थे और एकनाथ शिंदे ने अपना इस्तीफा राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन को सौंप दिया। इससे मुख्यमंत्री के इस्तीफे के बाद 14वीं सरकार का मंत्रिमंडल अपने आप बर्खास्त हो गया है। राज्यपाल ने एकनाथ शिंदे को कार्यवाहक मुख्यमंत्री का अधिकार पत्र भी सौंप दिया है।

शिंदे समूह की शिवसेना के प्रवक्ता दीपक केसरकर ने बताया कि आज मुख्यमंत्री सीएम एकनाथ शिंदे ने अपने पद का इस्तीफा दे दिया है। यह संवैधानिक प्रावधानों के तहत किया गया है। बहुत जल्द एनडीए गठबंधन के सहयोगी दलों के नेताओं की बैठक होगी और नया मुख्यमंत्री तय किया जाएगा। उन्हाेंने कहा कि मुख्यमंत्री पद को लेकर एनडीए गठबंधन में कोई नाराजगी नहीं है।

उल्लेखनीय है कि राज्य में 15वीं विधानसभा के लिए चुनाव 20 नवंबर को मतगणना 23 नवंबर को संपन्न हुई। इस चुनाव में एनडीए गठबंधन को महाराष्ट्र की कुल 288 सीटों में से 232 सीटें मिली हैं। इनमें भाजपा को 132 , शिवसेना शिंदे समूह को 57 और राकांपा अजीत पवार को 41 सीटें मिलीं हैं। जबकि महाविकास आघाड़ी को कुल 48 सीटें मिलीं है। इनमें शिवसेना यूबीटी को 20, कांग्रेस को 16 , राकांपा शरद पवार समूह को 10 और समाजवादी पार्टी को 2 सीटें मिलीं है। राज्यपाल प्रथा और परंपरा के अनुसार सबसे बड़े दल भाजपा को सरकार बनाने का न्योता दे सकते हैं।

0Shares