नई दिल्ली, 07 फरवरी (हि.स.)। आजादी के अमृत महोत्सव की धूम के बीच भारतीय रेलवे ने लंबी छलांग लगाने के लिए कमर कस ली है। लंबी दूरी की वंदे भारत स्लीपर ट्रेन दौड़ने के लिए तैयार है। यह भारतीय रेलवे के सबसे तेजी से बढ़ते बेड़े का अत्याधुनिक संस्करण है। यह जानकारी भारत सरकार के पत्र एवं सूचना कार्यालय (पीआईबी) की विज्ञप्ति में दी गई है।

हाई स्पीड का सपना हकीकत में बदला

पीआईबी की विज्ञप्ति में बताया गया है कि विश्वस्तरीय, हाईस्पीड स्लीपर ट्रेन का सपना अब हकीकत बन चुका है। पहली 16 डिब्बों वाली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन ने 15 जनवरी को मुंबई-अहमदाबाद खंड में 540 किलोमीटर की दूरी के लिए अनुसंधान डिजाइन और मानक संगठन (आरडीएसओ) के कठोर परीक्षण को सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। इंटीग्रल कोच फैक्टरी चेन्नई ने पिछले साल 17 दिसंबर को भारत की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन सेट का निर्माण पूरा किया। एक पखवाड़े के भीतर ट्रेन को कोटा डिवीजन में लाया गया और पिछले महीने के पहले सप्ताह में लगातार तीन दिन तक 30 से 40 किलोमीटर की छोटी दूरी के लिए सफलतापूर्वक परीक्षण किया गया। इसने 180 किलोमीटर प्रति घंटे की उच्च गति से आरामदायक यात्रा का अनुभव हासिल किया। वंदे भारत स्लीपर ट्रेनें आने वाले दिनों में लोगों को रातभर की यात्राओं की नई परिभाषा देने के लिए तैयार हैं।

अप्रैल से दिसंबर के बीच नौ और ट्रेन

विज्ञप्ति के अनुसार, इस साल अप्रैल से दिसंबर के बीच नौ और वंदे भारत स्लीपर ट्रेन सेट का उत्पादन निर्धारित है। ये ट्रेनें लंबी दूरी के यात्रियों के लिए दक्षता और सुविधा के मामले में नए मानक स्थापित करेंगी। इस स्लीपर ट्रेन को पहली बार उपलब्ध कराने के लिए भारतीय रेलवे ने 17 दिसंबर 2024 को 24 डिब्बों की वंदे भारत स्लीपर ट्रेन सेट के 50 रेक के लिए प्रोपल्शन इलेक्ट्रिक्स का एक बड़ा ऑर्डर दिया है। यह ऑर्डर दो प्रमुख भारतीय निर्माताओं को दिया गया है। जिसके दो साल की समय सीमा में तैयार होने की संभावना है। मेसर्स मेधा 33 रेकों के लिए प्रोपल्शन प्रणाली की आपूर्ति करेगी। मेसर्स अलस्टॉम 17 रेकों के लिए प्रोपल्शन प्रणाली की आपूर्ति करेगा। भविष्य की ओर देखते हुए 24 डिब्बों वाली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का पूरे पैमाने पर उत्पादन 2026-27 में शुरू होगा। इससे रेलवे प्रौद्योगिकी में भारत की आत्मनिर्भरता और मजबूत होगी।

पटरियों पर गति और विलासिता का नया अध्याय

पीआईबी के अनुसार, इन वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों को स्वचालित दरवाजों, बेहद आरामदायक बर्थ, ऑन बोर्ड वाई फाई और विमान जैसी सुविधाओं के साथ डिजाइन किया गया है। भारत में यात्री पहले से ही मध्यम और छोटी दूरी पर देश भर में चलने वाली 136 वंदे भारत ट्रेनों के माध्यम से रिक्लाइनिंग सीटों और विश्वस्तरीय यात्रा अनुभव का आनंद ले रहे हैं। वंदे भारत स्लीपर के साथ, यात्री विश्वस्तरीय सुविधाओं और उन्नत सुरक्षा सुविधाओं से लैस एक शांत, सुगम और अधिक आरामदायक यात्रा की उम्मीद कर सकते हैं। मेक इन इंडिया पहल के तहत डिजाइन और निर्मित, यह ट्रेन भारत की इंजीनियरिंग उत्कृष्टता और रेल यात्रा में बदलाव लाने की प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

सुविधाओं का अंबार, संचार के संसाधन बेशुमार

विज्ञप्ति के अनुसार, ट्रेन में 16 डिब्बे हैं। इन्हें तीन श्रेणियों में विभाजित किया गया है- एसी प्रथम श्रेणी, एसी 2-टियर और एसी 3-टियर। ट्रेन की कुल क्षमता 1,128 यात्रियों की है। क्रैश बफर्स, विरूपण ट्यूब और अग्नि अवरोधक दीवार है। स्वचालित दरवाजे, गद्देदार बर्थ और ऑनबोर्ड वाई फाई है। देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के परिचालन से पहले, अनुसंधान डिजाइन एवं मानक संगठन (आरडीएसओ) ट्रायल रन का विश्लेषण करने के बाद अंतिम प्रमाणपत्र जारी करेगा। रेलवे सुरक्षा आयुक्त ट्रेन की अधिकतम गति का मूल्यांकन करेंगे।

0Shares

– इस बार किसी भी विधानसभा क्षेत्र में पुनर्मतदान की जरूरत नहीं

नई दिल्ली, 6 फ़रवरी (हि.स.)। दिल्ली विधानसभा चुनाव की मतगणना शनिवार को सुबह आठ बजे शुरू होगी। इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मतगणना के लिए उम्मीदवारों और उनके एजेंटों के दस्तावेजों की जांच पूरी हो गई है। इस बार किसी भी विधानसभा क्षेत्र में पुनर्मतदान की जरूरत नहीं है।

दिल्ली की मुख्य निर्वाचन अधिकारी आर. एलिस वाज ने गुरुवार को बताया कि सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों के रिटर्निंग अधिकारियों ने सामान्य पर्यवेक्षकों, उम्मीदवारों और उनके एजेंटों की उपस्थिति में चुनाव दस्तावेजों की जांच पूरी कर ली गई है। जांच प्रक्रिया के दौरान चुनाव से संबंधित सभी दस्तावेज सही क्रम में पाए गए। पर्यवेक्षकों, उम्मीदवारों और प्रतिनिधियों की मौजूदगी ने चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित की।

उन्होंने बताया कि मतदान को लेकर पुनर्मतदान की आवश्यकता नहीं पड़ी, क्योंकि जांच के दौरान किसी भी उम्मीदवार से कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई। उन्होंने बताया कि सभी इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) को स्ट्रांग रूम में सुरक्षित तरीके से रखा गया है। दिल्ली में 19 स्थानों पर हर एक विधानसभा क्षेत्र के लिए कुल 70 स्ट्रांग रूम बनाए गए हैं। मतदान किए गए ईवीएम और वीवीपैट की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ईसीआई सुरक्षा प्रोटोकॉल के अनुसार सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।

सीईओ वाज ने बताया कि चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों के एजेंटों/प्रतिनिधियों को सीसीटीवी फीड के माध्यम से चौबीस घंटे इन स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था की बारीकी से निगरानी करने की अनुमति है। स्ट्रांग रूम के स्थानों पर उनके आरामदायक रहने के लिए उचित व्यवस्था की जाती है, जहां सीसीटीवी फीड मॉनिटर पर प्रदर्शित होते हैं। उन्हें सुरक्षा उपायों का निरीक्षण करने, सत्यापित करने और आश्वस्त होने के लिए समय-समय पर बैचों में आंतरिक परिधि तक पहुंच की अनुमति भी दी जाती है। उन्होंने बताया कि सुचारू और निष्पक्ष मतगणना प्रक्रिया के लिए सभी व्यवस्थाएं की गई हैं। मतगणना पर्यवेक्षकों, मतगणना सहायकों, माइक्रो ऑब्जर्वर, सांख्यिकी कर्मचारियों और अन्य सहायक कर्मियों सहित लगभग पांच हजार कर्मचारियों को मतगणना प्रक्रिया के लिए तैनात और प्रशिक्षित किया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 5 वीवीपीएटी की मतदाता पर्ची की गिनती यादृच्छिक (रैंडम) रूप से की जाएगी। वास्तविक समय के परिणाम ईसीआई की वेबसाइट https://results.eci.gov.in/ से प्राप्त किए जा सकते हैं।

0Shares

नई दिल्ली, 6 फ़रवरी (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा का जवाब देते हुए कहा कि राष्ट्रपति का अभिभाषण भविष्य का मार्गदर्शक है। उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि सबका साथ सबका विकास हम सभी का दायित्व है, लेकिन कांग्रेस से इसकी उम्मीद करना बड़ी भूल है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि यहां सबका साथ, सबका विकास के बारे में बहुत कुछ कहा गया है। मुझे समझ में नहीं आता कि लोग इस पर क्यों परेशान हो रहे हैं। यह सबकी साझा जिम्मेदारी है और भारत के लोगों ने हमें इसी के लिए चुना है। हालांकि, कांग्रेस से यह उम्मीद करना कि वह इस नारे को समझेगी और यह कैसे काम करता है, एक बड़ी भूल होगी। पूरी पार्टी सिर्फ़ एक परिवार के लिए समर्पित है और इसलिए उसके लिए ‘सबका साथ, सबका विकास’ के आदर्श वाक्य के साथ काम करना असंभव है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के मॉडल में परिवार को प्राथमिकता देना प्राथमिक चिंता का विषय है। इसलिए उनकी नीतियां, कामकाज, भाषण सभी इसी को सुनिश्चित करने पर केंद्रित रहे हैं। मैं देश के प्रति आभारी हूं कि उन्होंने हमें तीसरी बार सेवा करने के लिए चुना। भारत के लोगों ने हमारी प्रगति की नीति को परखा है और हमें अपने वादों को पूरा करते हुए देखा है। हमने लगातार राष्ट्र प्रथम के आदर्श के साथ काम किया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि पांच-छह दशकों तक देश के लिए कोई वैकल्पिक मॉडल नहीं था। 2014 के बाद देश को शासन का एक वैकल्पिक मॉडल मिल गया है। यह नया मॉडल तुष्टीकरण पर नहीं, बल्कि संतुष्टि पर केंद्रित है।

उल्लेखनीय है कि मंगलवार को लोकसभा में प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति के अभिभाषण पर बहस का जवाब देते हुए विपक्ष पर तीखा हमला बोला था।

0Shares

शिवपुरी, 06 फरवरी (हि.स.): मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में गुरुवार को भारतीय वायुसेना का एक फाइटर प्लेन मिराज-2000 क्रैश हो गया है। आसमान में उड़ते हुए फाइटर प्लेन अचानक खेत में गिरा और उसमें आग लग गई। इस हादसे में पायलट सुरक्षित हैं। घटना के बाद घायल पायलट की तस्वीर भी सामने आई है, जिसमें वो मोबाइल पर किसी से बात करते दिख रहे हैं। यह ट्विन सीटर मिराज-2000 था। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन ने तुरंत एक टीम को घटनास्थल के लिए रवाना किया है। पुलिस मौके पर पहुंच गई है।


शिवपुरी जिले के नरवर तहसील अंतर्गत ग्राम बहरेटा सानी में आज दोपहर बाद 2.40 बजे वायुसेना का एक फाइटर प्लेन मिराज-2000 क्रैश होकर किसानों के खेत में जा गिरा और उसमें आग लग गई, जिससे प्लेन जलकर खाक हो गया है। धुआं दिखते ही गांव के लोग मौके की तरफ भागने लगे। देखते ही देखते घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। हालांकि, प्लेन में सवार दोनों पायलट पूरी तरह से सुरक्षित हैं। पायलटों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है।

करैरा थाना प्रभारी विनोद छावई ने बताया कि फाइटर प्लेन में दो पायलट थे। हादसे से पहले दोनों पायलटों ने खुद को इजेक्ट कर लिया था। दोनों ही सुरक्षित हैं। घटना की जानकारी पर एयरफोर्स की टीम हेलिकॉप्टर से मौके पर पहुंची और दोनों पायलटों को ग्वालियर लेकर रवाना हो गई। प्लेन कहां उड़ा था और कहां जा रहा था, इसकी जानकारी अभी नहीं मिली है। न ही हादसे की वजह पता चली है।

0Shares

नई दिल्ली, 06 फरवरी (हि.स.)। अमेरिका से अवैध भारतीय प्रवासियों को वापस भेजे जाने के बारे में विदेशमंत्री डॉ. एस जयशंकर ने आज राज्यसभा में वक्तव्य दिया। उन्होंने सदन को बताया कि अमेरिका से वापस भेजे गए लोगों के साथ दुर्व्यवहार नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि इस तरह के मामलों में साल 2012 से एक स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (एसओपी) लागू है।

उन्होंने कहा कि इससे पहले भी कई मौकों पर अवैध प्रवासियों को भारत भेजा गया है। विदेशमंत्री ने इस बारे में पुराना डेटा भी शेयर किया। उन्होंने बताया कि साल 2009 में 734 लोगों को वापस भेजा गया था। उसके बाद 2013 में 550 लोगों को भारत डिपोर्ट किया गया था। 2019 में 2042, 2020 में 1889, 2021 में 805 लोगों को डिपोर्ट किया गया। इसी तरह 2022 में 862, 2023 में 670 और 2024 में 1368 लोगों को डिपोर्ट किया गया। उन्होंने कहा कि अमेरिका ने सिर्फ उन लोगों को ही वापस भेजा है, जो अवैध रूप से वहां रह रहे थे।

उन्होंने कहा कि पांच फरवरी को अमेरिकी उड़ान के लिए पिछली प्रक्रिया में कोई बदलाव नहीं किया गया है। हम निश्चित रूप से अमेरिकी सरकार से संपर्क कर रहे हैं ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि वापस भेजे गए लोगों के साथ उड़ान के दौरान किसी भी तरह का दुर्व्यवहार न हो।

विदेशमंत्री एस जयशंकर ने कहा कि अमेरिका द्वारा निर्वासन का आयोजन और क्रियान्वयन आव्रजन और सीमा शुल्क प्रवर्तन अधिकारियों द्वारा किया जाता है। आव्रजन और सीमा शुल्क प्रवर्तन द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले विमानों द्वारा निर्वासन का एसओपी जो 2012 से प्रभावी है, संयम बरतने का प्रावधान करता है। हमें सीमा शुल्क प्रवर्तन द्वारा सूचित किया गया है कि महिलाओं और बच्चों को नहीं रोका जाता है।

एस जयशंकर ने कहा कि हम अमेरिकी सरकार के साथ बातचीत कर रहे हैं ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि लौटने वाले निर्वासितों के साथ किसी भी तरह का दुर्व्यवहार न हो।

उल्लेखनीय है कि अमेरिका ने वहां अवैध तरीके से रह रहे 104 भारतीयों को कल अपने सैन्य विमान से अमृतसर (भारत) हवाई अड्डे पर भेजा था, जिन्हें बाद में उनके गंतव्य राज्यों तक भिजवाया गया। इनमें 25 महिलाएं और 12 अवयस्क हैं।

0Shares

नई दिल्ली, 5 फ़रवरी (हि.स.)। दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों के लिए बुधवार को हुए मतदान के बाद आए एग्जिट पोल में स्पष्ट तौर पर भारतीय जनता पार्टी को बढ़त मिलती दिखाई दे रही है। मतदान बाद होने वाले ज्यादातर सर्वे बता रहे हैं कि दिल्ली में भाजपा बहुमत के 36 के आंकड़े को पार कर लेगी।

एग्जिट पोल कराने वाली विभिन्न सर्वे एजेंसियों के आंकड़ों के अनुसार भारतीय जनता पार्टी 35 से 40 सीटें आसानी से हासिल कर सकती है। मैट्रिज सर्वे के अनुसार भारतीय जनता पार्टी को 35 से 40, आम आदमी पार्टी को 32 से 37 और कांग्रेस को 0 या 1 सीट मिल सकती है।

पीपुल्स इनसाइड के अनुसार भाजपा को 40 से 44, आम आदमी पार्टी को 25 से 29 और कांग्रेस को 0 से 1 सीट मिल सकती है। पीपुल्स पल्स के अनुसार भाजपा को 51 से 60, आम आदमी पार्टी को 10 से 19 सीटें मिल सकती है जबकि कांग्रेस का खाता खुलने की उम्मीद नहीं है। जेवीसी पोल्स के अनुसार भाजपा को 39 से 45, आम आदमी पार्टी को 22 से 31 और कांग्रेस को 0 से 2 सीटों पर जीत मिल सकती है।

रिपब्लिक भारत के अनुसार भाजपा को 35 से 40, आम आदमी पार्टी को 32 से 37 और कांग्रेस को 0 से 1 सीट मिल सकती है। रिपब्लिक टीवी-पी मार्क के अनुसार भाजपा को 39 से 49, आम आदमी पार्टी को 21 से 31 और कांग्रेस को 0 से 1 सीट मिल सकती है। चाणक्य सेट्रटर्जिस के अनुसार भाजपा को 39 से 44, आम आदमी पार्टी को 25 से 28 और कांग्रेस को 2 से 3 सीटें मिल सकती हैं।

सभी छह एग्जिट पोल के आंकड़ों को अगर जोड़कर देखा जाए तो भाजपा को 42 सीटें हासिल हो सकती हैं। आम आदमी पार्टी को 27 और कांग्रेस को 1 सीट मिल सकती है।

उल्लेखनीय है कि 2020 में हुए दिल्ली विधानसभा के चुनाव में आम आदमी पार्टी को 62, भाजपा को 8 और कांग्रेस को कोई सीट नहीं मिली थी। उस समय दिल्ली से जुड़े ज्यादातर सर्वे आम आदमी पार्टी को स्पष्ट और बड़ा बहुमत दिखा रहे थे और पार्टी ने असल आंकड़ों में इससे भी आगे निकलते हुए बेहतरीन प्रदर्शन किया था।

0Shares

महाकुंभनगर (प्रयागराज), 5 फरवरी (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज प्रयागराज महाकुंभ में पहुंचकर पवित्र संगम में आस्था की डुबकी लगाई और मां गंगा की पूजा-अर्चना की। पूरी बांह की भगवा टी-शर्ट व लोअर पहने और गले में नीला गमछा डाले प्रधानमंत्री मोदी त्रिवेणी में उतरे। गले में बड़ी रूद्राक्ष की माला डाले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी साधक की मुद्रा में दिखे।

उन्होंने संगम स्नान के दौरान पवित्र जल में खड़े होकर सूर्य भगवान को अर्घ्य दिया। परिक्रमा लगाई और मंत्रों का जाप किया। इससे पहले प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ स्टीमर में बैठकर संगम घाटों का अवलोकन किया। योगी ने उन्हें महाकुम्भ के सभी घाटों के बारे में बताया। इस दौरान प्रधानमंत्री ने घाट के किनारे खड़े श्रद्धालुओं का हाथ हिलाकर अभिवादन भी किया।

0Shares

नई दिल्ली, 05 फरवरी (हि.स.)। दिल्ली में विधानसभा चुनाव के लिए आज सुबह सात बजे मतदान शुरू हो चुका है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु समेत कई दिग्गज मतदान कर चुके हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय विद्यालय (राष्ट्रपति संपदा, नई दिल्ली) मतदान कर लोकतंत्र का उत्सव में सहभागिता की।

मतदान करने वाले अन्य दिग्गजों में विदेशमंत्री जयशंकर और कांग्रेस नेता राहुल गांधी शामिल हैं। अब तक सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी, डिप्टी एनएसए पंकज कुमार सिंह, कालकाजी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार अलका लांबा, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार संदीप दीक्षित आदि मतदान कर चुके हैं। दिल्ली की मुख्य निर्वाचन अधिकारी आर. एलिस वाज ने दिल्लीवासियों से अपील है कि कृपया बाहर आएं और अपने लोकतांत्रिक अधिकारों का प्रयोग करने के लिए मतदान करें।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की 70 सीटों के लिए 1.56 करोड़ मतदाता शाम छह बजे तक वोट डाल सकेंगे। इसके लिए करीब 13 हजार पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। इसके अलावा अयोध्या के मिल्कीपुर और तमिलनाडु के इरोड उपचुनाव के लिए मतदान जारी है। मतों की गिनती आठ फरवरी को होगी।

दिल्ली में इंडी गठबंधन के धागे टूटे

दिल्ली विधानसभा चुनाव में इंडी गठबंधन के धागे टूट गए हैं। लोकसभा चुनाव में इस गठबंधन का हिस्सा रहीं पांच पार्टियां एक-दूसरे के खिलाफ मैदान में हैं। इनमें आम आदमी पार्टी और कांग्रेस सभी 70 सीटों पर आमने-सामने हैं। कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया ने छह, सीपीएम और सीपीआई-एमएल ने दो-दो सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 68 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। दो सीटें सहयोगी पार्टियों को दी हैं। इसमें जनता दल- यूनाइटेड ने बुराड़ी और लोक जनशक्ति पार्टी-रामविलास ने देवली सीट से उम्मीदवार उतारे हैं। महाराष्ट्र में भाजपा की सहयोगी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी 30 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। शिवसेना प्रमुख और महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने सभी सीटों पर भाजपा को समर्थन दिया है। बहुजन समाज पार्टी 70 और असदुद्दीन ओवैसी की ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तिहादुल मुस्लिमीन 12 सीटों पर चुनाव लड़ रही है।

0Shares

नई दिल्ली, 05 फरवरी (हि.स.)। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज सुबह सात बजे से नौ बजे के बीच लगभग 8.10 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। सभी 70 विधानसभा सीटों पर मतदान जारी है। कई मतदान केंद्रों में मतदाताओं की लंबी कतार लगी हुई है। दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।

इस बार दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी, आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच त्रिकोणीय मुकाबला नजर आ रहा है। आआपा प्रमुख अरविंद केजरीवाल नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के प्रवेश वर्मा और कांग्रेस के संदीप दीक्षित के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं। कालकाजी में मुख्यमंत्री आतिशी, भाजपा के रमेश बिधूड़ी और कांग्रेस की अलका लांबा मैदान में हैं। दिल्ली की सभी विधानसभा सीटों पर 699 उम्मीदवार मैदान में हैं।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक्स पर लिखा है, ”दिल्ली विधानसभा चुनाव में आज सभी सीटों के लिए वोट डाले जाएंगे। यहां के मतदाताओं से मेरा आग्रह है कि वे लोकतंत्र के इस उत्सव में पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लें और अपना कीमती वोट जरूर डालें। इस अवसर पर पहली बार वोट देने जा रहे सभी युवा साथियों को मेरी विशेष शुभकामनाएं। याद रखना है- पहले मतदान, फिर जलपान!”

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु समेत कई दिग्गज मतदान कर चुके हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय विद्यालय (राष्ट्रपति संपदा, नई दिल्ली) मतदान कर लोकतंत्र का उत्सव में सहभागिता की। मतदान करने वाले अन्य दिग्गजों में विदेशमंत्री जयशंकर और कांग्रेस नेता राहुल गांधी शामिल हैं। अब तक सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी, डिप्टी एनएसए पंकज कुमार सिंह, कालकाजी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार अलका लांबा, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार संदीप दीक्षित आदि मतदान कर चुके हैं। दिल्ली की मुख्य निर्वाचन अधिकारी आर. एलिस वाज ने दिल्लीवासियों से अपील है कि कृपया बाहर आएं और अपने लोकतांत्रिक अधिकारों का प्रयोग करने के लिए मतदान करें। 70 सीटों के लिए 1.56 करोड़ मतदाता शाम छह बजे तक वोट डाल सकेंगे। इसके लिए करीब 13 हजार पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। इसके अलावा अयोध्या के मिल्कीपुर और तमिलनाडु के इरोड उपचुनाव के लिए मतदान जारी है। मतों की गिनती आठ फरवरी को होगी।

इस बार दिल्ली विधानसभा चुनाव में इंडी गठबंधन के धागे टूट गए हैं। लोकसभा चुनाव में इस गठबंधन का हिस्सा रहीं पांच पार्टियां एक-दूसरे के खिलाफ मैदान में हैं। इनमें आम आदमी पार्टी और कांग्रेस सभी 70 सीटों पर आमने-सामने हैं। कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया ने छह, सीपीएम और सीपीआई-एमएल ने दो-दो सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 68 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। दो सीटें सहयोगी पार्टियों को दी हैं। इसमें जनता दल- यूनाइटेड ने बुराड़ी और लोक जनशक्ति पार्टी-रामविलास ने देवली सीट से उम्मीदवार उतारे हैं। महाराष्ट्र में भाजपा की सहयोगी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी 30 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। शिवसेना प्रमुख और महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने सभी सीटों पर भाजपा को समर्थन दिया है। बहुजन समाज पार्टी 70 और असदुद्दीन ओवैसी की ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तिहादुल मुस्लिमीन 12 सीटों पर चुनाव लड़ रही है।

0Shares

-संगम में पवित्र स्नान कर मां गंगा की पूजा-अर्चना करेंगे

नई दिल्ली, 05 फरवरी (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज प्रयागराज में महाकुंभ मेले का भ्रमण करेंगे। वो गंगा-यमुना और सरस्वती के संगम में पवित्र स्नान करेंगे। प्रधानमंत्री इस मौके पर मां गंगा की पूजा-अर्चना भी करेंगे। यह जानकारी भारत सरकार के पत्र एवं सूचना कार्यालय (पीआईबी) ने प्रधानमंत्री की प्रयागराज यात्रा की पूर्व संध्या पर जारी विज्ञप्ति में दी।

पीआईबी की विज्ञप्ति के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पूर्वाह्न लगभग 11 बजे पवित्र स्नान के लिए संगम पहुंचेंगे। पौष पूर्णिमा (13 जनवरी) से शुरू महाकुंभ दुनिया का सबसे बड़ा आध्यात्मिक और सांस्कृतिक समागम है। इसमें हिस्सा लेने के लिए दुनिया भर से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। महाकुंभ 26 फरवरी को महाशिवरात्रि तक जारी रहेगा।

पत्र एवं सूचना कार्यालय के अनुसार, भारत की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने और संरक्षित करने की अपनी प्रतिबद्धता के अनुरूप प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने तीर्थस्थलों पर बुनियादी ढांचे और सुविधाओं को बढ़ाने के लिए लगातार सक्रिय कदम उठाए हैं। इससे पहले, 13 दिसंबर, 2024 को प्रयागराज की अपनी यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने आम जनता के लिए कनेक्टिविटी, सुविधाओं और सेवाओं में सुधार करते हुए 5,500 करोड़ रुपये की 167 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया था।

0Shares

रानी कमलापति-गाजीपुर सिटी महाकुम्भ विशेष गाड़ी का संचलन रानी कमलापति से 05 एवं 08 फरवरी को

वाराणसी: रेलवे प्रशासन द्वारा प्रयागराज में चल रहे महाकुम्भ के दौरान श्रद्धालु यात्रियों की सुविधा के लिये 01663/01664 रानी कमलापति-गाजीपुर सिटी-रानी कमलापति महाकुम्भ विशेष गाड़ी का संचलन रानी कमलापति से 05 एवं 08 फरवरी, 2025 को तथा गाजीपुर सिटी से 06 एवं 09 फरवरी, 2025 को 02 फेरों के लिये निम्नवत किया जायेगा।

01663 रानी कमलापति-गाजीपुर सिटी महाकुम्भ विशेष गाड़ी 05 एवं 08 फरवरी, 2025 को रानी कमलापति से 15.40 बजे प्रस्थान कर ओबेदुल्ला गंज से 16.04 बजे, नर्मदापुरम से 16.38 बजे, इटारसी से 17.25 बजे, पिपरिया से 18.15 बजे, बनखेड़ी से 18.27 बजे, नरसिंहपुर से 19.45 बजे, जबलपुर से 21.25 बजे, कटनी से 22.55 बजे, मैहर से 23.48 बजे, दूसरे दिन सतना से 00.15 बजे, मानिकपुर से 01.50 बजे, प्रयागराज छिवकी से 03.35 बजे, मिर्जापुर से 04.30 बजे, वाराणसी से 07.50 बजे तथा जौनपुर से 10.00 बजे छूटकर कर गाजीपुर सिटी 11.50 बजे पहुँचेगी।

01664 गाजीपुर सिटी-रानी कमलापति महाकुम्भ विशेष गाड़ी 06 एवं 09 फरवरी, 2025 को गाजीपुर सिटी से 13.00 बजे प्रस्थान कर जौनपुर से 15.00 बजे, वाराणसी से 17.40 बजे, मिर्जापुर से 19.32 बजे, प्रयागराज छिवकी से 21.20 बजे, मानिकपुर से 23.57 बजे, दूसरे दिन सतना से 01.15 बजे, मैहर से 01.37 बजे, कटनी से 02.50 बजे, जबलपुर से 04.20 बजे, नरसिंहपुर से 05.12 बजे, बनखेड़ी से 07.22 बजे, पिपरिया से 07.42 बजे, इटारसी से 09.45 बजे, नर्मदापुरम से 10.05 बजे तथा ओबेदुल्ला गंज से 10.50 बजे छूटकर रानी कमलापति 11.40 बजे पहुँचेगी।

इस गाड़ी में एस.एल.आर. के 02, सामान्य द्वितीय श्रेणी के 08 तथा शयनयान श्रेणी के 14 कोचों सहित कुल 24 कोच लगाये जायेंगे।

0Shares

रेलवे ने निरस्त गाड़ियों का बहाल किया परिचालन, यहां देखें सूची

Chhapra: रेलवे प्रशासन द्वारा 05 फरवरी, 2025 को निरस्त की गई निम्नलिखित गाड़ियों का संचलन बहाल कर दिया गया है। ये गाड़ियाँ अपने पूर्व निर्धारित समय एवं ठहराव के साथ चलाई जायेंगी।

बहाल गाड़ियाँ

– 15130 वाराणसी सिटी-गोरखपुर कैंट एक्सप्रेस 05 फरवरी, 2025 को वाराणसी सिटी से अपने पूर्व निर्धारित समय एवं ठहराव के साथ चलाई जायेगी।

– 15129 गोरखपुर कैंट-वाराणसी सिटी एक्सप्रेस 05 फरवरी, 2025 को गोरखपुर कैंट से अपने पूर्व निर्धारित समय एवं ठहराव के साथ चलाई जायेगी।

– 15104 बनारस-गोरखपुर एक्सप्रेस 05 फरवरी, 2025 को बनारस से अपने पूर्व निर्धारित समय एवं ठहराव के साथ चलाई जायेगी।

– 15103 गोरखपुर-बनारस एक्सप्रेस 05 फरवरी, 2025 को गोरखपुर से अपने पूर्व निर्धारित समय एवं ठहराव के साथ चलाई जायेगी।

प्रशासन द्वारा पूर्व में फाफा मऊ में शार्ट टर्मिनेट – गाजीपुर सिटी से 05 फरवरी, 2025 को चलने वाली 65117 गाजीपुर सिटी-प्रयागराज संगम मेमू गाड़ी प्रयाग स्टेशन में 09.35 बजे यात्रा समाप्त करेगी।

0Shares