पटना, 28 सितंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार शाम बिहार विशेष सर्वेक्षण एवं बंदोबस्त कार्यक्रम की उच्चस्तरीय समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने निर्देश देते हुये कहा कि राज्य में बिहार विशेष सर्वेक्षण एवं बंदोबस्त कार्य को समयबद्ध तरीके से पूर्ण किया जाय। इस दौरान भूधारकों को किसी प्रकार की कठिनाई न हो, इसे सुनिश्चित किया जाय। उन्होंने कहा कि भूधारकों को डॉक्यूमेंट्स अपलोड करने के लिये अधिक समय दिया जाय ताकि कार्यालयों में अनावश्यक भीड़ नहीं हो।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अंचल कार्यालयों में लंबित म्यूटेशन एवं परिमार्जन के मामलों का तेजी से अभियान स्वरूप निष्पादन सुनिश्चित कराया जाय ताकि भूधारकों को समुचित डॉक्यूमेंट्स मिल सके। सर्वे कार्य के लिए डॉक्यूमेंट्स का काम तथा म्यूटेशन, परिमार्जन एवं अभिलेखों के दुरूस्त करने का कार्य समानांतर तरीके से चलते रहना चाहिये।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सर्वेक्षण प्रक्रिया का व्यापक प्रचार-प्रचार सुनिश्चित किया जाय। साथ ही अंचल स्तर पर कर्मियों की प्रतिनियुक्ति हेतु समुचित कार्रवाई की जाय।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि उच्च स्तर पर सर्वेक्षण कार्य की सतत् निगरानी एवं समीक्षा करते रहें। भूमि विवाद राज्य में आपराधिक घटनाओं का मुख्य कारण है। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुये कहा कि भू सर्वेक्षण का कार्य पूर्ण कर भू अभिलेखों का अद्यतीकरण करायें और यह सुनिश्चित करें कि सारे भू अभिलेख डिजिटली भूधारकों को उपलब्ध हो सके। इस संबंध में जन साधारण को जानकारी के लिये समय-समय पर प्रचार-प्रसार के माध्यम से अवगत कराते रहें।

0Shares

पटना, 28 सितंबर (हि.स.)। बिहार में बीते दो दिन से अधिकतर जिलों में भारी से मध्यम दर्जे की बारिश लगातार हो रही है। इस वजह से बिहार से सटे नेपाल और उत्तर बिहार में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है।

शुक्रवार 12 बजे मध्यरात्रि को गंडक बराज वाल्मीकि नगर से 3 लाख 39 हजार 200 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। संभावित बाढ़ को लेकर गंडक के निचले इलाके में अलर्ट जारी कर दिया गया है। साथ ही आज दोपहर 12 बजे कोसी बराज से 6.81 लाख क्यूसेक पानी डिस्चार्ज करने को लेकर अलर्ट जारी कर दिया गया है। इसकी वजह से कोशी क्षेत्र के कई गांवों में बाढ़ की आशंका तेज हो गई है।

मौसम विज्ञान केंद्र पटना ने अगले 24 घंटों के दौरान पांच जिलों , पूर्वी व पश्चिमी चंपारण, अररिया, किशनगंज और गोपालगंज में अत्यंत भारी वर्षा को लेकर रेड अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है। शनिवार को आठ जिलों, दरभंगा, मधुबनी, कटिहार, भोजपुर, बक्सर, सहरसा, और समस्तीपुर जिले में भारी वर्षा को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। वर्षा के कारण नदियों में जलस्तर में वृद्धि होने की संभावना है।

मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, दक्षिण पश्चिम मध्य प्रदेश के आसपास एक चक्रवातीय परिसंचरण का क्षेत्र बना हुआ है। ट्रफ लाइन उत्तर महाराष्ट्र, उत्तर पश्चिम बिहार से होते हुए बंगाल की खाड़ी की ओर गुजर रही है। इनके प्रभाव से खासतौर पर दक्षिणी भागों की तुलना में उत्तरी भागों में अत्यंत भारी वर्षा व दक्षिणी भागों में भारी वर्षा की चेतावनी है।

पटना व आसपास इलाकों में शुक्रवार को बूंदाबांदी की स्थिति बनी रही। बीते 24 घंटों में अररिया के फारबिसगंज में सर्वाधिक वर्षा 340.0 मिलीमीटर (मिमी) और राजधानी में 7.8 मिमीलीटर वर्षा दर्ज की गई। अररिया के जोकिहाट में 306.4 मिमी, किशनगंज के चरघरिया में 285.0 मिमी, अररिया के पलासी में 280.8 मिमी, अररिया के रानीगंज में 269.2 मिमी, अररिया के सिकटी में 268.4 मिमी, पूर्णिया के श्रीनगर में 246.6 मिमी, अररिया में 2.4.4 मिमी, सुपौल के राघोपुर में 203.0 मिमी, पूर्णिया के जलालगढ़ में 200.4 मिमी और पूर्णिया के ढेंगराघाट में 193.0 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

0Shares

पटना , 27 सितंबर (हि.स.)। राज्य सरकार ने बिहार प्रशासनिक सेवा के 29 अधिकारियों का तबादला किया है। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग ने शुक्रवार काे तबादले की अधिसूचना जारी कर दी है।

तबादले की सूची के अनुसार समाज कल्याण विभाग के निदेशक प्रशांत कुमार सी.एच. को गोपालंगज का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। जहानाबाद में नए अनुमंडल पदाधिकारी की पोस्टिंग हुई है। सारण के वरीय उपसमाहर्ता राजीव रंजन सिंह काे जहानाबाद का एसडीओ बनाया गया है जबकि जहानाबाद के एसडीओ विकास कुमार को स्थानांतरित कर पटना का वरीय उप समाहर्ता बनाया गया है।

पूर्वी चंपारण की वरीय उप समाहर्ता रश्मि सिंह को आरा सदर का एसडीओ बनाया गया है। पटना के वरीय उप समाहर्ता सतीश रंजन को सुपौल का जिला भू अर्जन पदाधिकारी बनाया गया है। शशांक राज को जहानाबाद का जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, अजमल खुर्शीद को कटिहार का जिला भू अर्जन पदाधिकारी बनाया गया है। इनके अलावा कई अधिकारियाें का नाम सूची में शामिल है। सभी अधिकारियाें काे अविलम्ब पदभार ग्रहण करने एवं इसकी सूचना समान्य प्रशासन विभाग पटना काे भेजने का निर्देश दिया गया है।

0Shares

पटना, 27 सितम्बर (हि.स.)। जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने शुक्रवार को बिहार के युवाओं के साथ दूसरे राज्यों में हो रहे दुर्व्यवहार पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि आज पूरे देश में बिहार के लोगों का अपमान हो रहा है।

बिहारी व्यक्ति को मूर्ख, अनपढ़ और मजदूर समझा जाता है। आज बिहारी शब्द गाली बन गया है। आज पूरे देश में बिहार के बच्चों का जो अपमान हो रहा है, उसके लिए बिहार के नेता जिम्मेदार हैं।

प्रशांत किशोर ने बिहार के गौरवशाली इतिहास की चर्चा करते हुए कहा कि बिहार ज्ञान की धरती रही है। दुनिया भर से लोग शिक्षा और ज्ञान प्राप्त करने के लिए बिहार आते थे। बिहार के नालंदा और विक्रमशिला विश्वविद्यालय पूरी दुनिया में प्रसिद्ध थे।

उन्होंने कहा कि बिहार वह धरती है, जहां देवताओं ने भी ज्ञान प्राप्त किया। एक समय था जब पूरे देश पर बिहार से शासन होता था लेकिन बिहार के नेताओं के जंगलराज और अफसर राज का नतीजा है कि आज बिहार के बच्चे और युवा महज दस से बारह हजार रुपये के लिए पूरे देश में जाकर मजदूरी करने को मजबूर हैं।

उन्हें अपना घर-परिवार छोड़कर दूसरे राज्यों में मजदूरी करनी पड़ती है। साथ ही अपमान और दुर्व्यवहार सहना पड़ता है। इसलिए जन सुराज का संकल्प है कि इस व्यवस्था को बदला जाए। बिहार के बच्चों को अच्छी शिक्षा मिले, ताकि कोई उन्हें अनपढ़ और मूर्ख कहकर अपमानित न करे।

0Shares

पटना, 27 सितम्बर (हि.स.)। बिहार विधानसभा चुनाव में भले ही अभी एक साल का समय बाकी हो लेकिन सियासी बिसात अभी से ही बिछाई जाने लगी है। बिहार में अगले वर्ष यानी 2025 में विधानसभा के चुनाव होने वाले हैं। ऐसे में प्रदेश में यात्राओं और समागम का दौर चल पड़ा है।

आभार यात्रा के जवाब में जदयू का समागम

राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) प्रमुख लालू प्रसाद यादव के राजनीतिक वारिस माने जाने वाले पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव आभार यात्रा के जरिए पहले चरण में 4 जिलों का दौरा पूरा कर चुके है। राजद की आभार यात्रा’ के जवाब में जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ‘कार्यकर्ता समागम’ शुरू करने जा रहे हैं।

कार्यकर्ता समागम’ का नेतृत्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नौकरशाह से नेता बने पार्टी के महासचिव मनीष वर्मा को सौंपी है। इस बहाने मनीष वर्मा चुनाव से पहले बिहार मथने के साथ-साथ जदयू कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र भी देंगे। जदयू ‘कार्यकर्ता समागम’ की शुरुआत शुक्रवार को मुजफ्फरपुर से हो रही है, जो चार महीने तक चलेगी। अगले साल 20 जनवरी 2025 को नालंदा में इसका समापन होगा। बीते साल 2023 से ही बिहार के हरेक गांव-गांव की खाक छान रहे जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर दो अक्टूबर को अपने संगठन को पार्टी में बदलने वाले हैं, जिसकी घोषणा उन्होंने पहले ही कर दी है। उन्हीं की राह को अपनाते हुए राजद नेता और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने आभार यात्रा पूरी की है।

दस से 17 सितम्बर तक आभार यात्रा का पहला चरण हुआ पूर्ण

बीते 10 सितम्बर से लेकर 17 सितम्बर के मध्य निकाली आभार यात्रा का पहला चरण पूरा हो गया है। जिसके पहले दिन 10 सितम्बर को तेजस्वी यादव ने समस्तीपुर जिले के 5 विधानसभा क्षेत्र मोरवा, सरायरंजन, मोइनुद्दीन नगर, उजियारपुर और बिभूतिपुर के कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनका फिडबैक लिया था।

तेजस्वी ने 11 सितम्बर को समस्तीपुर, रोसड़ा, कल्याणपुर, वारिसनगर और हसनपुर के कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। 12 सितम्बर को तेजस्वी ने दरभंगा जिले के बहादुरपुर, दरभंगा, हायाघाट, केवटी, और जाले विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं से मुलाकत की। तेजस्वी 13 सितम्बर को दरभंगा ग्रामीण, गौराबौराम, बेनीपुर, अलीनगर एवं कुशेश्वरस्थान का दौरा किया।

इसी तरह 14 सितम्बर को तेजस्वी यादव ने मधुबनी जिले में मधुबनी, राजनगर, बेनीपट्टी, बिस्फी और हरलाखी विधानसभा के कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इसके बाद 15 सितम्बर को तेजस्वी यादव मधुबनी जिले के लोकहा फुलपरास, झंझारपुर, और खजौली विधानसभा क्षेत्र का दौरा किया। 16 सितम्बर को तेजस्वी यादव मुजफ्फरपुर में गायघाट औराई मीनापुर बोचहा सकरा और कुढ़नी विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं से मिले। 17 सितम्बर तेजस्वी यादव ने अपनी आभार यात्रा का समापन मुजफ्फरपुर जिले में किया। तेजस्वी यादव ने मुजफ्फरपुर जिले के मुजफ्फरपुर, कांटी, बारूराज, पारू और साहिबगंज के कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनका फीडबैक लिया।

आरएलएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष बिहार यात्रा के प्रथम चरण में शाहाबाद रेंज का कर रहे हैं दौरा

तेजस्वी की आभार यात्रा के संपन्न होते ही राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सदस्य उपेंद्र कुशवाहा अपनी बिहार यात्रा पर हैं। उपेंद्र कुशवाहा बिहार यात्रा के पहले चरण में 25 सितम्बर को अरवल व औरंगाबाद, 26 को औरंगाबाद व रोहतास, 27 को रोहतास व भोजपुर और 29 को सारण में अपने पहले चरण की यात्रा का समापन करेंगें।आज वे रोहतास पहुंचे है।

0Shares

पटना, 27 सितंबर (हि.स.)। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह को जान से मारने की धमकी मिली है। गिरिराज के प्रतिनिधि रहे अमरेंद्र कुमार अमर के माेबाइल पर शुक्रवार को आई काॅल पर यह धमकी दी गयी है। इसे लेकर बेगूसराय में लिखित शिकायत दर्ज करायी गयी है।

अमरेंद्र कुमार अमर ने शिकायती आवेदन में कहा है कि उनको पाकिस्तान के नंबर से कॉल करके गिरिराज सिंह को जान से मारने की धमकी दी गई है। यह काॅल उनके माेबाइल पर शुक्रवार पूर्वाह्न 11:28 बजे आया। इसके बाद उन्होंने बेगूसराय के डीएम और एसपी से इसकी लिखित शिकायत की है।

अमर ने कहा है कि पाकिस्तान के नंबर से कॉल करके केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह और मुझे गालियां दी गईं। साथ ही फोन करने वाले ने कहा कि तुम दोनों का हश्र बुरा होगा। अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहो। इसमें गिरिराज सिंह को जान से मारने की बात कही गई है।

0Shares

पटना, 27 सितम्बर (हि.स.)। बिहार के 14 जिलों में तेज बारिश का अलर्ट मौसम विभाग ने शुक्रवार जारी किया है। मौसम विज्ञान केन्द्र पटना के मुताबिक राज्य के 4 जिलों में अति वृष्टि की चेतावनी जारी की है, जबकि 10 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है। अन्य सभी जिलों में हल्की से मध्यम दर्जे की बूंदाबांदी होने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों तक राज्य में बारिश का सिलसिला चलता रहेगा। बिहार के 14 जिलों में शुक्रवार को भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट है। सीतामढ़ी, पूर्वी चंपारण, शिवहर और पश्चिमी चंपारण जिले में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

वहीं, गोपालगंज, मधुबनी, सीवान, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, छपरा, बक्सर, भोजपुर, जमुई और बांका जिले में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। पटना समेत अन्य जिलों में भी बूंदाबांदी होती रहेगी।

उल्लेखनीय है कि अरवल, गोपालगंज और पूर्वी चंपारण को छोड़कर राज्य के 35 जिलों में गुरुवार को हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हुई। सबसे ज्यादा बांका में 45 मिलीमीटर पानी गिरा। राजधानी पटना के विभिन्न इलाकों में गुरुवार को दिनभर बारिश होती रही।

0Shares

पटना, 26 सितम्बर (हि.स.)। पटना से सिलीगुड़ी परीक्षा देने गए युवकों को धमकाने वाले बांग्ला पक्खो नामक कट्टरपंथी संगठन के एक सदस्य रजत भट्टाचार्य को बंगाल पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।

जानकारी के मुताबिक, बिहार के छात्र एसएसबी की भर्ती परीक्षा देने सिलीगुड़ी गए थे। इसी दौरान बांग्ला पक्खो नामक कट्टरपंथी संगठन के लोगों ने छात्रों को धमकाते हुए कहा, बिहार के होकर वे लोग बंगाल में क्यों नौकरी करने आ रहे हैं। इससे जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा था, जिसके बाद बिहार पुलिस ने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए बंगाल पुलिस के सोशल मीडिया पर टैग कर आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रेषित किया।

इसके बाद पश्चिम बंगाल की सिलीगुड़ी पुलिस हरकत में आई और आरोपित की पहचान कर उसे कुछ घंटे में ही हिरासत में ले लिया। जानकारी के अनुसार, इस संगठन ने पहले से ही पश्चिम बंगाल में हिंदी में लिखे साइनबोर्ड को मिटाया था।

0Shares

पटना, 26 सितम्बर (हि.स.)। बिहार में स्मार्ट मीटर को लेकर लोग परेशान हैं। स्मार्ट मीटर में गड़बड़ी को लेकर लोगों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। स्मार्ट मीटर से लोगों को हो रही परेशानी को देखते हुए राजद ने इस मुद्दे को हाथों-हाथ लपक लिया। राजद ने आगामी एक अक्टूबर से आंदोलन करने की चेतावनी सरकार को दे डाली है।

राजद के आंदोलन करने की चेतावनी को लेकर बिहार सरकार के तरफ से ऊर्जा विभाग के मंत्री विजेन्द्र यादव ने मोर्चा संभालते हुए राजद को जवाब दिया है। ऊर्जा मंत्री विजेन्द्र यादव ने गुरुवार को पत्रकार वार्ता में राजद के आरोप को बेतुका बताया। उन्होंने कहा कि आज जो लोग सवाल उठा रहे हैं उनके समय बिजली का उत्पादन कितना होता था यह किसी से छिपी हुई नहीं है?

ऊर्जा मंत्री विजेंद्र यादव ने कहा कि पहले 60 प्रतिशत से अधिक उत्पादन नहीं होता था। बिहार में 2005 में केवल 17 लाख उपभोक्ता थे। बिहार में अब दो करोड़ 7 लाख से अधिक कस्टमर हो गये हैं। मंत्री विजेंद्र यादव ने कहा कि 2005 में विद्युत का अधिकतम मांग 700 मेगावाट था, जो बढ़कर 8000 मेगावाट से अधिक हो गयी है। प्रति व्यक्ति ऊर्जा की खपत 2005 में 70 यूनिट थी। अब यह बढ़कर 360 यूनिट हो गई है। उन्होंने कहा कि राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह का बिजली बिल कम हुआ है। 17 फीसदी बिजली बिल जगदानंद सिंह का कम हुआ है। राजनैतिक द्वेष को लेकर विपक्ष इस तरह की बातें कर रहे हैं।

विजेंद्र यादव ने कहा कि बिजली स्मार्ट मीटर में यदि कोई गड़बड़ी है तो उसकी जांच होगी। स्मार्ट मीटर लगना बंद नहीं होगा। 2025 तक हर घर में स्मार्ट मीटर लग जाएगा। बिहार में लोगों को फ्री बिजली नहीं मिलेगी। स्मार्ट मीटर को लेकर बिहार में गरमायी राजनीति के बीच कांग्रेस भी मैदान में कूद पड़ी है। स्मार्ट मीटर के खिलाफ कांग्रेस ने अभियान को तेज करने का फैसला लिया है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अखिलेश सिंह ने आज कहा कि जब तक स्मार्ट मीटर लगाना बंद नहीं होगा तब तक चरणबद्ध तरीके से आंदोलन होगा। 30 सितम्बर से अगले चरण के आंदोलन की शुरुआत होगी। 30 सितम्बर को सभी जिलों में स्मार्ट मीटर पर संवाददाता सम्मेलन का आयोजन किया गया है। दो अक्टूबर से फिर से जन जागरण अभियान चलाया जाएगा। नालंदा जिले से इसकी शुरुआत होगी। 2022 की स्टडी के अनुसार 65 से 70 प्रतिशत आबादी के पास बिहार में स्मार्टफोन की सुविधा नहीं है। ऐसे में स्मार्ट मीटर लगाने का कोई मतलब नहीं है। बिहार जैसे गरीब और पिछले राज्य में स्मार्ट मीटर लगाने की जरूरत नहीं है।

0Shares

नई दिल्ली, 26 सितंबर (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने गुरुवार को सियाचिन बेस कैंप का दौरा किया और सियाचिन युद्ध स्मारक पर वीर बलिदानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने यहां तैनात सैनिकों को संबोधित करते हुए देश की रक्षा के प्रति उनके असाधारण योगदान की सराहना की।

राष्ट्रपति कार्यालय की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सियाचिन युद्ध स्मारक पर वीर बलिदानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। यह स्मारक उन सैनिकों और अधिकारियों के बलिदान का प्रतीक है जो 13 अप्रैल 1984 को सियाचिन ग्लेशियर पर भारतीय सेना द्वारा ऑपरेशन मेघदूत शुरू करने के बाद से बलिदान हुए हैं।

सियाचिन बेस कैंप में तैनात सैनिकों को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि सशस्त्र बलों के सर्वोच्च कमांडर के रूप में उन्हें उनपर गर्व है और सभी नागरिक उनकी बहादुरी को सलाम करते हैं। राष्ट्रपति ने कहा कि अप्रैल 1984 में ऑपरेशन मेघदूत शुरू होने के बाद से भारतीय सशस्त्र बलों के बहादुर सैनिकों और अधिकारियों ने इस क्षेत्र की सुरक्षा सुनिश्चित की है। उन्हें गंभीर मौसम की स्थिति का सामना करना पड़ता है। भारी बर्फबारी और माइनस 50 डिग्री तापमान जैसी कठिन परिस्थितियों में भी ये पूरी निष्ठा और सतर्कता के साथ अपने मोर्चे पर तैनात रहते हैं। वे मातृभूमि की रक्षा में त्याग और सहनशीलता का असाधारण उदाहरण प्रस्तुत करते हैं। उन्होंने जवानों से कहा कि सभी भारतीय उनके बलिदान और वीरता से परिचित हैं और हम उनका सम्मान करते हैं।

इससे पहले लद्दाख के उपराज्यपाल ब्रिगेडियर (डॉ.) बी डी मिश्रा ने थोइस एयरफील्ड पहुंचने पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का स्वागत किया। वे बेस कैंप के दौरे के दौरान उनके रहे।

0Shares

पटना, 26 सितम्बर (हि.स.)। बिहार में मॉनसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। पटना मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक गुरुवार को पटना सहित प्रदेश के आठ जिलों में तेज हवा के साथ मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया गया है और यह आगामी तीन दिनों तक बना रहेगा।

पटना समेत पूर्वी व पश्चिम चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया व किशनगंज जिले में झोंके के साथ तेज हवा का प्रवाह व तेज बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके कारण नदियों के जलस्तर में वृद्धि के आसार है।

भोजपुर, बक्सर, सारण, सिवान, गोपालगंज, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, सहरसा, मधेपुरा , खगड़िया में भारी वर्षा को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश के ज्यादातर हिस्से में गर्जना, वज्रपात व हवा की गति 30-40 किमी प्रति घंटा रहने की संभावना जताई गई है। तापमान में दो से तीन डिग्री गिरावट के आसार हैं।

0Shares

पटना, 26 सितम्बर (हि.स.)। बिहार और केंद्र में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सहयोगी पार्टी की भूमिका निभा रही लोजपा (रामविलास) की वैशाली लोकसभा सीट से सांसद वीणा देवी के बेटे राहुल राज उर्फ छोटू सिंह की मौत मामले में अब उनके पिता एमएलसी दिनेश सिंह ने हत्या की आशंका जताते हुए एफआईआर दर्ज कराई है।

एमएलसी दिनेश सिंह ने एफआईआर में बताया है कि अज्ञात लोगों ने अज्ञात वाहन से राहुल को पोखरैरा में ठोकर मारी है। उन्हें आशंका है कि हत्या के उद्देश्य से घटना को अंजाम दिया गया है। पुलिस ने एमएलसी के आवेदन पर हत्या की धारा में अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। मुजफ्फरपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राकेश कुमार ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले में अनुसंधान कर रही है। अज्ञात पिकअप वैन का सुराग ढूंढा जा रहा है, जिससे राहुल की बुलेट में ठोकर लगी थी। एमएलसी दिनेश सिंह के आवेदन पर हत्या की धारा में एफआईआर दर्ज की गई है।

उन्होंने कहा कि आवेदन में आशंका व्यक्त करते हुए एमएलसी ने कहा है कि हत्या के उद्देश्य से अज्ञात वाहन से ठोकर मारकर घटना को अंजाम दिया गया है। पुलिस जांच कर रही है। संदिग्ध पिकअप वैन की तलाश की जा रही है। एसएसपी राकेश कुमार ने बताया कि घटनास्थल से पहले वैशाली ढाबा और पोखरैरा टोल प्लाजा पर सीसीटीवी है। दोनों के बीच में पेट्रोल पंप के पास अज्ञात वाहन से राहुल को ठोकर लगी थी, इसलिए ढाबा और टोल के सीसीटीवी की जांच की गई। इस दूरी को तय करने में पांच मिनट लगने की संभावना है। ऐसे में करीब 6.55 बजे शाम में दुर्घटना हुई होगी।

उन्होंने बताया कि वैशाली ढाबा के सीसीटीवी में 6.50 से सात बजे के बीच का फुटेज देखा गया। ढाबा के फुटेज में 13 गाड़ियां पोखरैरा टोल की ओर जाती दिखी। जब पोखरैरा टोल प्लाजा का कैमरा खंगाला गया तो वहां 12 गाड़ियां ही पहुंची।लाल कुर्सी लदी एक पिकअप वैन टोल पर नहीं आई। टोल व दुर्घटनास्थल के बीच तीन कट रास्ते हैं।

0Shares