12 लाख तक की आय को आयकर मुक्त करने के बाद, भारत सरकार का देश को एक और बड़ा दीपावली तोहफ़ा। 22 सितम्बर से जीवन बीमा, स्वास्थ्य बीमा, पढ़ने और पढ़ाने से संबंधित पुस्तकें, पेंसिल और अन्य वस्तुओं पर अब कोई GST नहीं लगेगा। कार, T.V, A.C, Monitors, मोटरसाइकिल इत्यादि पर GST की दर को 18% तक और कृषि उपकरण, साइकिल, सोलर पैनल, चेहरे पर लगने वाले पाउडर और क्रीम, दांत मंजन इत्यादि पर 5% तक कम कर दिया गया है। अब से किसी भी वस्तु पर 12% की दर से GST नहीं लगेगा। साथ ही लॉटरी, आईपीएल ( IPL ) की टिकट, बड़ी और लक्जरी कारों पर GST की दरों को बढ़ाकर 40% कर दिया गया है। सरकार का यह कदम देश में वस्तुओं के उपयोग को बढ़ाता है जिससे 2047 तक विकसित राष्ट्र का सपना पूरा किया जा सके।
भारत में छोटे दुकानदारों के लिए GST रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया को और सरल बनाते हुए अब 3 दिन में GST Registration देने की घोषणा। छोटे दुकानदारों को दिए जाने वाले GST Registration पर देय कर की सीमा को 2.5 लाख तक सीमित किया गया है। बाद में इसे असीमित किया जा सकता है। GST Registration के लिए बिक्री की सीमा में कोई बदलाव नहीं करते हुए वर्तमान में वस्तु की बिक्री करने वालों के लिए 40 लाख और सेवा देने वालों के लिए 20 लाख ही रखा गया है।
घरेलू और रोज़मर्रा की चीज़ें
GST परिषद ने आम घरों में इस्तेमाल होने वाली कई वस्तुओं को सस्ता कर दिया है। UHT दूध को अब पूरी तरह कर-मुक्त कर दिया गया है। इसी तरह भारतीय ब्रेड जैसे रोटी, पराठा और पिज़्ज़ा ब्रेड पर भी अब कोई GST नहीं लगेगा। टॉयलेट सोप, शैम्पू, फेस पाउडर, टूथपेस्ट और टूथब्रश जैसी चीज़ें, जो पहले 18% पर थीं, अब सिर्फ 5% पर मिलेंगी। नमकीन, भुजिया और मिठाइयाँ जैसी खाने-पीने की चीज़ों पर भी टैक्स घटकर 5% कर दिया गया है। इससे घर-गृहस्थी के खर्च में सीधी राहत मिलेगी।
खाद्य और पेय पदार्थ
प्लांट-बेस्ड मिल्क जैसे सोया मिल्क और बादाम दूध को अब 5% दर पर रखा गया है (पहले 12%-18%)। रेडी-टू-ईट खाद्य पाउडर और चॉकलेट/कोको उत्पाद पर भी टैक्स 18% से घटाकर 5% कर दिया गया है। वहीं, कार्बोनेटेड फ्रूट ड्रिंक और एनर्जी ड्रिंक जैसे Coke, Pepsi को अब 40% की ऊँची दर पर लाया गया है, जिससे ये और महंगे हो जाएंगे।
कृषि और स्वास्थ्य क्षेत्र
किसानों को राहत देते हुए कृषि मशीनरी (जैसे ड्रिप सिंचाई और हार्वेस्टर) पर GST 12% से घटाकर 5% कर दिया गया है। स्वास्थ्य सेवाओं के लिए भी यह बैठक महत्वपूर्ण रही। अधिकांश दवाइयाँ और मेडिकल उपकरण अब 5% या Nil पर उपलब्ध होंगे। साथ ही, नवीकरणीय ऊर्जा उपकरण जैसे सोलर पैनल और पवन टरबाइन भी 5% की कम दर पर आएंगे। जीवन बीमा और स्वास्थ्य बीमा पर GST की दरों को 18% से हटा कर GST मुक्त कर दिया गया है।
वाहन और परिवहन
वाहनों के मामले में बड़े बदलाव किए गए हैं। छोटी कारें (1200cc तक पेट्रोल/एलपीजी/सीएनजी और 1500cc तक डीज़ल) पर GST 28% से घटाकर 18% कर दिया गया है। तीन-पहिया वाहन, बसें, एम्बुलेंस और ट्रक भी अब 18% पर आएंगे। दूसरी ओर, बड़ी और लक्जरी कारें 40% पर कर दी गई हैं, जिससे ये और महंगी होंगी। मोटरसाइकिलें 350cc तक 18% पर और 350cc से ऊपर 40% पर रखी गई हैं। साइकिल और उनके पार्ट्स भी सस्ते हो गए हैं क्योंकि दर 12% से घटाकर 5% कर दी गई है।
अन्य वस्तुएँ
कुछ अन्य महत्वपूर्ण बदलावों में कोयले की दर को 5% + Cess से बढ़ाकर 18% किया गया है, जबकि तेंदू पत्ता (बीड़ी निर्माण में उपयोगी) अब 5% पर आ गया है। मार्बल और ग्रेनाइट ब्लॉक, साथ ही चश्मे एवं इसके शीशे भी अब 5% की कम दर पर मिलेंगे। साथ ही, लॉटरी, आईपीएल(IPL) टिकट पर GST को 40% कर दिया गया है।