मुजफ्फरपुर, 16 फरवरी (हि.स.)। उत्तर बिहार की आर्थिक राजधानी मुजफ्फरपुर के पताही एयरपोर्ट के विकास की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) ने रनवे के उन्नयन और सुदृढ़ीकरण के लिए लगभग 43 करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया है। लंबे समय से नियमित हवाई सेवा की प्रतीक्षा कर रहे जिलेवासियों के लिए यह महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
जारी टेंडर के तहत रनवे को मजबूत बनाने, आधुनिक तकनीकी मानकों के अनुरूप अपग्रेड करने और आवश्यक मरम्मत कार्य किए जाएंगे। विशेषज्ञों के अनुसार, इस परियोजना के पूरा होते ही एयरपोर्ट को परिचालन के लिए तैयार करने की दिशा में सबसे बड़ी बाधा दूर हो जाएगी। लंबे समय से उपेक्षित पड़ी पताही हवाई पट्टी को अब आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा, जिससे विमानों की सुरक्षित लैंडिंग और टेक-ऑफ सुनिश्चित हो सके।
टेंडर जारी होने की सूचना मिलते ही स्थानीय व्यापारियों, सामाजिक संगठनों और आम लोगों में उत्साह देखा जा रहा है। मुजफ्फरपुर को ‘लीची की राजधानी’ के रूप में भी जाना जाता है। एयरपोर्ट के चालू होने से लीची के निर्यात को नई गति मिलने के साथ-साथ कपड़ा और अन्य स्थानीय उद्योगों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक सीधी पहुंच मिल सकेगी।
एयरपोर्ट के शुरू होने से सीतामढ़ी और शिवहर जैसे आसपास के जिलों के यात्रियों को भी बड़ी राहत मिलेगी। उन्हें अब हवाई यात्रा के लिए पटना या दरभंगा जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
स्थानीय लोगों का मानना है कि हवाई सेवा शुरू होने से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, निवेश के नए अवसर पैदा होंगे और प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के हजारों अवसर सृजित होंगे। केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से पताही एयरपोर्ट का विकास मुजफ्फरपुर और आसपास के क्षेत्रों के आर्थिक और सामाजिक विकास में अहम भूमिका निभाएगा।-








