Chhapra: आगामी रामनवमी और शुक्रवार को होने वाली जुमे की नमाज के मद्देनजर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) विनीत कुमार ने स्वयं मोर्चा संभालते हुए सुरक्षा तैयारियों की निगरानी शुरू कर दी है।
इसी क्रम में जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और एसएसपी विनीत कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल एवं कमांडो दस्ते द्वारा शहर के विभिन्न इलाकों में फ्लैग मार्च निकाला गया। यह फ्लैग मार्च खासतौर पर संवेदनशील क्षेत्रों से होकर गुजरा। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और आम नागरिकों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि सुरक्षा की दृष्टि से जिले में 300 से अधिक स्थानों को चिन्हित किया गया है। इन सभी संवेदनशील बिंदुओं पर मजिस्ट्रेट और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। जुमे की नमाज को देखते हुए मस्जिदों के बाहर अतिरिक्त सुरक्षा बल लगाए जाएंगे, जबकि रामनवमी शोभायात्रा के लिए सभी पूजा समितियों को लाइसेंस जारी कर दिए गए हैं। साथ ही उन्हें निर्धारित मार्ग और प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने को कहा गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि त्योहार के दौरान शांति भंग करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अफवाह फैलाने वालों पर विशेष नजर रखी जा रही है और उनके खिलाफ कठोर कानूनी कदम उठाए जाएंगे।
जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें। अधिकारियों ने सभी समुदायों से आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ पर्व मनाने का आग्रह किया है।
एसएसपी विनीत कुमार ने कहा कि पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है और जिले के हर हिस्से में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि लोग निडर होकर अपने-अपने धार्मिक कार्यक्रम संपन्न कर सकें।















