Breaking News

एआई सम्मिट में युवा कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन, पुलिस ने लिया हिरासत में

2 Min Read

नई दिल्ली, 20 फरवरी (हि.स.)। दिल्ली स्थित भारत मंडपम में चल रहे ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट’ के दौरान भारतीय युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को यहां केन्द्र सरकार के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने अपनी टी-शर्ट उतारकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ नारे लगाए। फिलहाल, कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया गया है।

मामले को लेकर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त देवेश कुमार महला ने कहा, “यह आज दोपहर करीब 12:30 बजे की घटना है। इन लोगों ने क्यूआर कोड के जरिए आवेदन किया और फिर ये लोग अंदर आए। उन्होंने स्वेटर और जैकेट पहनी हुई थी और बाद में उन लोगों ने हॉल नंबर 5 के लॉबी एरिया में स्वेटर और जैकेट उतारकर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया।”

उन्होंने कहा कि हमने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है और अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। ये सभी भारतीय युवा कांग्रेस के लोग हैं। इनमें बिहार से कृष्णा (35) हैं, जो कि भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव हैं। बिहार से कुंदन यादव (33) जो कि प्रदेश सचिव हैं। उत्तर प्रदेश से अजय कुमार जो कि प्रदेश उपाध्यक्ष हैं और महबूब नगर, तेलंगाना से नरसिम्हा यादव जो कि राष्ट्रीय समन्वयक हैं।

महला ने कहा कि इनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हमारे सोशल मीडिया अकाउंट को फॉलो करें -

Share This Article