⚡
Breaking News

कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने श्रीकृष्ण सिंह की जयंती पर सामाजिक समानता और सांप्रदायिक सद्भाव का दिया संदेश

6 Min Read

पटना, 25 अक्टूबर (हि.स.)। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि आजादी के करीब 80 वर्ष बाद भी देश में छुआछूत जैसी सामाजिक बुराइयां मौजूद हैं। जब देश की एक बड़ी आबादी को समानता और सम्मान का अधिकार नहीं मिलेगा, तो राष्ट्रीय एकता कैसे मजबूत होगी। खरगे रविवार को पटना के बापू सभागार में बिहार कांग्रेस की ओर से आयोजित बिहार केसरी डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की जयंती समारोह को संबोधित कर रहे थे।

SHAILFORD
विज्ञापन

खरगे ने कहा कि बिहार के प्रथम मुख्यमंत्री डॉ. श्रीकृष्ण सिंह ने सामाजिक समानता और सांप्रदायिक सद्भाव के लिए जो कार्य किए, वे आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। श्रीकृष्ण सिंह के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने सामाजिक समानता और दलितों के अधिकारों के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए। तमाम विरोधों के बावजूद वह दलितों के समूह के साथ देवघर मंदिर पहुंचे और उन्हें मंदिर में प्रवेश दिलाया। उन्होंने जाति के बजाय समाज की राजनीति की।

j alankar
विज्ञापन

खरगे ने लोगों से श्री बाबू के आदर्शों का अनुसरण करने और सामाजिक भेदभाव समाप्त करने की दिशा में काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण सिंह ने ऐसे समय में जमींदारी उन्मूलन और भूमि सुधार कानून लागू किए, जब बड़ी संख्या में जमींदार उनकी अपनी जाति से थे। उन्होंने बिहार में चकबंदी, औद्योगिक विकास, शिक्षण संस्थानों की स्थापना और सिंचाई सुविधाओं के विस्तार की बुनियाद रखी।

DOON
विज्ञापन

सांप्रदायिक सद्भाव के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का उल्लेख करते हुए खरगे ने कहा कि श्री बाबू हिंदू और मुस्लिम, दोनों पक्षों की सांप्रदायिकता को बिहार के विकास के लिए खतरनाक मानते थे। उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन में श्रीकृष्ण सिंह के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि श्री बाबू ने देश की आजादी के लिए आठ वर्ष जेल में बिताए। खरगे ने भाजपा से सवाल किया कि क्या उसके किसी नेता ने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान इस तरह जेल की यातनाएं सही थीं।

Tanishq Chhapra
विज्ञापन

खरगे ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर दलितों के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर भी दलितों की स्थिति में सुधार के लिए गंभीर प्रयास नहीं करने का आरोप लगाया। हल्द्वानी की एक घटना का उल्लेख करते हुए दावा किया कि उनके एक कार्यक्रम से लौटने के बाद मंच का शुद्धिकरण किया था।

SOLANKI SCHOOL
विज्ञापन

कांग्रेस अध्यक्ष ने चुनावी प्रक्रिया को लेकर भी भाजपा और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि विभिन्न राज्यों में कथित वोट चोरी के माध्यम से सरकारें बनाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने कई महीने पहले चुनावी अनियमितताओं को लेकर जो सवाल उठाए थे, वे अब सामने आने लगे हैं।

खरगे ने आरोप लगाया कि दो चुनाव आयुक्तों ने 14 बार पत्र लिखकर ज्ञानेश कुमार की कार्यप्रणाली पर आपत्ति जताई थी, लेकिन उनकी बातों पर ध्यान नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि वह भगवान श्रीराम से प्रार्थना करेंगे कि मंदिर के चढ़ावे और वोट चोरी करने वालों को सद्बुद्धि दें तथा उन्हें दंडित करें।

कांग्रेस अध्यक्ष ने भाजपा से सवाल किया कि विदेशों से काला धन वापस लाने, किसानों की आय दोगुनी करने और हर वर्ष दो करोड़ नौकरियां देने के वादों का क्या हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि जब सरकार से इन मुद्दों पर जवाब मांगा जाता है, तो भाजपा नेता राहुल गांधी का नाम लेकर वास्तविक सवालों से ध्यान भटकाने लगते हैं।

खरगे ने समारोह में आमंत्रित करने के लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं कांग्रेस सांसद डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह का आभार व्यक्त किया। अपने संबोधन के अंत में उन्होंने कविता सुनाते हुए कहा कि सच की आवाज को दबाया नहीं जा सकता और जनता के अधिकारों को मिटाया नहीं जा सकता। जब देश अपने अधिकारों के लिए जाग जाएगा, तब उसे किसी तूफान से डराया नहीं जा सकेगा।

समारोह को संबोधित करते हुए बिहार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि केवल महापुरुषों की जयंती मनाने से उनके आदर्शों को आत्मसात नहीं किया जा सकता, बल्कि उनके बताए रास्ते पर चलना जरूरी है। श्रीकृष्ण सिंह ने जिस समतामूलक समाज की कल्पना की थी, उसका निर्माण करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

कार्यक्रम के संयोजक एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा कि श्रीकृष्ण सिंह ने साबित किया था कि यदि सरकार की इच्छाशक्ति मजबूत हो, तो विकास को नई गति दी जा सकती है। उन्होंने दावा किया कि श्री बाबू ने अपने कार्यकाल में बिहार के विकास के लिए जितना काम किया, उतना किसी अन्य मुख्यमंत्री ने अपने राज्य के लिए नहीं किया। उनके कार्यकाल में बिहार को सर्वश्रेष्ठ शासकीय राज्य का सम्मान भी मिला था।

कार्यक्रम को कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रो. रामजतन सिन्हा ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर सांसद मनोज राम, पूर्व कांग्रेस विधायक दल नेता अजित शर्मा और डॉ. शकील अहमद खान, पूर्व विधायक अवधेश कुमार सिंह, वरिष्ठ नेता आकाश सिंह, राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रणव झा, मीडिया विभाग के चेयरमैन अजय कुमार पासवान, प्रदेश मीडिया संयोजक असित नाथ तिवारी, विधायक मनोज विश्वास और सुरेंद्र कुशवाहा, पूर्व विधायक वीणा शाही, पूर्व विधायक आनंद शंकर, नीतू कुमारी, संजीव कुमार टोनी तथा धर्मवीर शुक्ल सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित थे।

हमारे सोशल मीडिया अकाउंट को फॉलो करें -

bhawani tiles
विज्ञापन
Share This Article
chhapratoday.com सारण जिले से संचालित सबसे पहली और लोकप्रिय न्यूज़ वेबसाइट है। वर्ष 2012 से यह अपने पाठकों/दर्शकों तक हर दिन सबसे पहले छपरा, सारण से लेकर देश, विदेश के ब्रेकिंग न्यूज़, लोकल घटनाएं, रेलवे टाइमिंग अपडेट, सरकारी योजनाएं, स्कूल-कॉलेज जानकारी, ट्रेंडिंग वीडियो, संस्कृति, त्यौहार और शहर के विकास से जुड़े हर अपडेट करती आ रही है। हर खबर, सबसे पहले, सबसे सटीक और विश्वसनीयता के साथ केवल chhapratoday.com पर पढ़ें।भौगोलिक संदर्भ
ब्रेकिंग न्यूज़ अलर्ट छपरा की हर बड़ी खबर सबसे पहले पाएं
WhatsApp जॉइन करें जॉइन करें ✕