Chhapra: सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में आगामी विधान परिषद चुनाव को लेकर निर्दलीय प्रत्याशी डॉ. राहुल राज 5 अक्टूबर 2026 को अपना नामांकन दाखिल करेंगे।
नामांकन को लेकर शिक्षक समुदाय में सक्रियता बढ़ गई है। इस अवसर पर सारण प्रमंडल के पाँचों जिलों से शिक्षक-शिक्षिकाओं, शिक्षक संगठनों के प्रतिनिधियों, प्रधानाध्यापकों एवं शिक्षा जगत से जुड़े लोगों के शामिल होने की अपेक्षा है।
डॉ. राहुल राज ने बताया कि नामांकन से पूर्व सुबह 11 बजे जन्नत पैलेस, बस स्टैंड, रामलीला मठिया स्थित विवाह भवन में शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ एक सभा आयोजित की जाएगी। सभा में शिक्षकों के विचारों, सुझावों और मार्गदर्शन को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके बाद वे अपने समर्थकों के साथ सारण प्रमंडल आयुक्त कार्यालय के लिए प्रस्थान करेंगे, जहाँ वे अपना नामांकन दाखिल करेंगे।
डॉ. राहुल राज ने सारण प्रमंडल के सभी शिक्षक मतदाताओं, शिक्षिका बहनों, शिक्षक संगठनों, प्रधानाध्यापकों एवं शिक्षा प्रेमियों से नामांकन कार्यक्रम में शामिल होकर अपना आशीर्वाद और मार्गदर्शन देने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि यह चुनाव केवल किसी व्यक्ति के राजनीतिक भविष्य का विषय नहीं है, बल्कि सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के शिक्षकों के सम्मान, अधिकारों और शिक्षा के उन्नयन से जुड़ा महत्वपूर्ण अवसर है। शिक्षकों की समस्याओं को मजबूती से उठाना और उनकी आवाज को सदन तक पहुँचाना मेरी प्रतिबद्धता है।
डॉ. राज ने शिक्षक समुदाय के साथ निरंतर संवाद, उनकी समस्याओं के समाधान के प्रयास और शिक्षा व्यवस्था में सकारात्मक सुधार की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के विश्वास, सुझाव और मार्गदर्शन के आधार पर ही शिक्षक हितों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा सकता है। शिक्षक समुदाय से सहभागिता की अपील करते हुए उन्होंने पाँचों जिलों के शिक्षक-शिक्षिकाओं से नामांकन कार्यक्रम में सहभागिता सुनिश्चित करने तथा शिक्षक एकता, सम्मान और अधिकारों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
डॉ. राहुल राज ने कहा कि शिक्षकों का सम्मान, उनकी समस्याओं का समाधान और शिक्षा के स्तर में सुधार उनकी प्राथमिकताओं में शामिल हैं। उन्होंने शिक्षक समुदाय से संवाद और सहयोग बनाए रखने की विशेष अपील की।


















