Chhapra/Doriganj: छपरा सदर प्रखंड मुख्यालय पर बुधवार को भाकपा-माले की ओर से जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया।
प्रदर्शन के बाद पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने बीडीओ सह सीओ को सात सूत्री मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा।मांगों में भूमिहीन गरीब परिवारों को पांच डिसमिल वासभूमि उपलब्ध कराने तथा जहां गरीब बसे हैं, उन्हें वासगीत पर्चा देने, राशन कार्ड से वंचित एवं हटाए गए लोगों के नाम जोड़ने और निर्धारित मात्रा में नियमित राशन वितरण सुनिश्चित करने की मांग प्रमुख रही। इसके अलावा वृद्ध, विधवा व दिव्यांगों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन का लाभ देने तथा पेंशन राशि बढ़ाकर तीन हजार रुपये प्रतिमाह करने की मांग की गई।
प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री आवास योजना से वंचित गरीब परिवारों को पक्का मकान देने और मतदाता सूची में छूटे या हटाए गए नामों की जांच कर उन्हें जोड़ने की मांग भी उठाई। खलपुरा, मेहिया, रौजा पोखरा समेत गरीब बस्तियों में सड़क निर्माण तथा मला गांव के पोखरे के सौंदर्यीकरण, छठ घाट, नाला और पक्की सड़क निर्माण की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।
भाकपा-माले के जिला सचिव हँसनाथ राम ने कहा कि गरीब परिवार आज भी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं। वहीं आइसा जिला अध्यक्ष कुणाल कौशिक ने मला गांव की जर्जर सड़क और उपेक्षित पोखरे की समस्या को प्रमुखता से उठाते हुए तत्काल जीर्णोद्धार की मांग की।
धरना में बिजेन्दर मिश्रा, विकाश कुमार, राजलक्ष्मी, अखिलेश, हिमांशु और नीरज समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।


















