Chhapra: बाढ़ के पानी से घिरे मवेशियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की कोशिश एक परिवार के लिए मातम में बदल गई।
काशी बाबा मंदिर के समीप बुधवार की शाम करीब चार बजे मवेशियों को लेकर ऊंचे स्थान की ओर जा रहा 40 वर्षीय भुअर राय अचानक बाढ़ की तेज धार की चपेट में आ गया और पानी में बह गया। घटना के बाद से उसका कोई सुराग नहीं मिल सका है।
बताया जाता है कि भुअर राय, शिवनाथ राय का पुत्र था। बाढ़ का पानी बढ़ने के कारण उसके मवेशी पानी से घिर गए थे। मवेशियों को सुरक्षित निकालने के लिए भुअर उन्हें हांकते हुए ऊंचे स्थान की ओर ले जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में पानी की तेज धारा आ गई।
देखते ही देखते वह धारा की चपेट में आकर बह गया। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाकर उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव के कारण सफलता नहीं मिली।
स्थानीय मुखिया सत्येंद्र सिंह ने बताया कि घटना संध्याकाल करीब चार बजे की है। ग्रामीणों के सहयोग से तत्काल उसकी तलाश शुरू की गई, लेकिन देर तक शव का पता नहीं चल सका।
वहीं सदर सीओ सुशी ने बताया कि युवक की तलाश के लिए एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई है। टीम द्वारा बाढ़ के पानी और आसपास के संभावित स्थानों पर लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में भी मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।



















