Chhapra: रक्षाबंधन के पावन अवसर पर लायंस क्लब छपरा टाउन की ओर से महिलाओं और बहनों की सुविधा के लिए छपरा नगर निगम क्षेत्र में दो टोटो का नि:शुल्क परिचालन कराया गया। इस पहल का उद्देश्य पर्व के दौरान महिलाओं को सुरक्षित, सुविधाजनक और परेशानी मुक्त आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना था।
लायंस क्लब छपरा टाउन के अध्यक्ष आदित्य सोनी ने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के प्रेम, स्नेह और विश्वास का पर्व है। इस अवसर पर माताओं और बहनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नि:शुल्क टोटो सेवा शुरू की गई, ताकि उन्हें आवागमन में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े और वे आसानी से अपने गंतव्य तक पहुंच सकें।
लायंस सदस्य मनीष कुमार मनी ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व नहीं, बल्कि समाज में महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सहयोग का संदेश देने का भी अवसर है। लायंस क्लब द्वारा समय-समय पर सेवा और सामाजिक सरोकार से जुड़े विभिन्न कार्य किए जाते रहे हैं।
क्लब की इस पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना करते हुए इसे सेवा भावना और सामाजिक समर्पण का सराहनीय उदाहरण बताया।
इस अवसर पर लायन कोषाध्यक्ष अमित सोनी, अभिषेक किशोर, लियो उज्ज्वल मिश्रा, लियो सत्यम सोनी और लियो रोहित शर्मा सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।



















