Chhapra: महाराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सीग्रीवाल के निजी सहायक पंकज कुमार सिंह ने सारण के जिला पदाधिकारी को पत्र देकर सोंधी नदी एवं तेल नदी में पानी छोड़ने की मांग की है।
जिलाधिकारी को दिए पत्र में उन्होंने कहा है कि सोंधी नदी एवं तेल नदी में पानी नहीं रहने के कारण किसानों को सिंचाई करने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कम वर्षा होने के कारण धान की फसल पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है और किसानों को फसल बर्बाद होने की चिंता सता रही है।
उन्होंने कहा कि किसानों की समस्या को देखते हुए दोनों नदियों में पर्याप्त पानी छोड़ा जाना आवश्यक है, ताकि किसान अपनी धान की फसल की सिंचाई कर सकें। उन्होंने जिला पदाधिकारी से इस दिशा में आवश्यक कार्रवाई करते हुए अन्नदाताओं को राहत पहुंचाने का आग्रह किया है।

















