पुलिस को देखकर भागने लगा बाइक सवार, पीछा कर दबोचा गया; मोटरसाइकिल और मोबाइल भी जब्त
Chhapra: सारण जिले के भेल्दी थाना क्षेत्र में विशेष वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर उसके पास से छह जिंदा कारतूस, एक चाकू, एक मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। गिरफ्तारी फिरोजपुर तिनमुहानी चौक पर वाहन जांच के दौरान की गई।
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले में विधि-व्यवस्था बनाए रखने एवं अपराध नियंत्रण के उद्देश्य से विशेष वाहन जांच और छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को भेल्दी थाना पुलिस फिरोजपुर तिनमुहानी चौक पर वाहन जांच कर रही थी। जांच के दौरान एक मोटरसाइकिल चालक पुलिस को देखकर भागने लगा। संदेह होने पर पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।
तलाशी लेने पर युवक के पास से छह जिंदा कारतूस, एक चाकू, एक मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान राजेश कुमार, पिता परमा राम, निवासी कपशहर मकेर अंजनी, थाना मकेर, जिला सारण के रूप में हुई है।
इस मामले में भेल्दी थाना कांड संख्या 293/26 दिनांक 20 जुलाई 2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी)ए एवं 26 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई कर रही है।
भेल्दी थाना के थानाध्यक्ष के नेतृत्व में थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।



















