Chhapra/Patna: छपरा नगर निगम की उपमहापौर रागिनी कुमारी की सास एवं समाजसेवी धर्मनाथ पिन्टू की माता का गुरुवार को निधन हो गया। उनके निधन से परिवार, शुभचिंतकों और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर है।
समाजसेवी धर्मनाथ पिन्टू ने बताया कि उनकी माता ने जीवनभर सेवा और मानवता के मूल्यों को सर्वोपरि रखा। उन्होंने अपनी अंतिम इच्छा के रूप में नेत्रदान करने का संकल्प लिया था। उनके निधन के बाद उनकी इच्छा का सम्मान करते हुए पटना स्थित आईजीआईएमएस (IGIMS) में उनके नेत्रदान की प्रक्रिया पूरी कराई गई, ताकि उनकी आंखें किसी जरूरतमंद के जीवन में रोशनी ला सकें।
धर्मनाथ पिन्टू ने भावुक शब्दों में कहा, “मां ने जाते-जाते भी अपना वचन निभाया। उनकी अंतिम इच्छा नेत्रदान की थी, जिसे आज पूरा किया गया। उनका यह त्याग और सेवा का भाव हम सभी को जीवनभर दूसरों की मदद और मानव सेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।”
उनके निधन पर विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक एवं जनप्रतिनिधियों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस दुःख की घड़ी में संबल प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की। शुक्रवार को रिविलगंज के सेमारिया घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।


















