Breaking News

विवेकानंद इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल में दसवां वार्षिकोत्सव समारोह धूमधाम से हुआ आयोजित

4 Min Read

रिविलगंज (सारण)। मुकरेड़ा स्थित विवेकानंद इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल में शनिवार को दसवां वार्षिकोत्सव समारोह धूमधाम से आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार के शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने मुख्य अतिथि के रूप में दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर महाराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, छपरा विधायक छोटी कुमारी, विधान पार्षद वीरेंद्र नारायण यादव, विद्यालय के निदेशक डॉ. राहुल राज एवं अध्यक्ष बिपिन कुमार सिंह समेत कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

समारोह की शुरुआत पारंपरिक विधि से दीप प्रज्वलन के साथ हुई। विद्यालय के निदेशक डॉ. राहुल राज ने मुख्य अतिथि एवं अन्य आगंतुकों को अंगवस्त्र और प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। वहीं शिक्षा मंत्री ने विद्यालय के सर्वश्रेष्ठ छात्र-छात्राओं आराध्य कु. पाण्डेय एवं अदिति कुमारी को प्रशस्ति पत्र और मेडल देकर सम्मानित किया।

अपने संबोधन में शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने कहा कि समाज के समग्र विकास के लिए शिक्षा अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को मोबाइल से दूरी बनाकर पुस्तकों से जुड़ने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि तकनीकी युग में भी पुस्तकों का स्थान सर्वोपरि है। अभिभावकों को संबोधित करते हुए उन्होंने बच्चों की जिज्ञासाओं को समझने और उन पर अपनी इच्छाएं न थोपने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि पढ़ाई हो या खेल, पूरी लगन और एकाग्रता से किया गया प्रयास सफलता की कुंजी है।

शिक्षा मंत्री ने विद्यालय की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र मुकरेड़ा में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर यह संस्थान अन्य विद्यालयों के लिए प्रेरणा बना है। उन्होंने विद्यालय के दस वर्षों के सफर और लगातार दो वर्षों तक जिला टॉपर देने की उपलब्धि की प्रशंसा की तथा अध्यक्ष बिपिन कुमार सिंह और निदेशक डॉ. राहुल राज सहित पूरी टीम को बधाई दी।

विशिष्ट अतिथि सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने कहा कि भोजन और आवास के बाद एक सफल एवं संस्कारित मनुष्य के निर्माण में विद्यालयों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने विद्यालय को सारण जिले के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि यहां से सैनिक स्कूल, नवोदय विद्यालय और बीएचयू जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में छात्रों का चयन होना गौरव की बात है। इस दौरान चयनित छात्रों के अभिभावकों को भी सम्मानित किया गया।

विद्यालय के निदेशक डॉ. राहुल राज ने कहा कि शिक्षक केवल पाठ्यक्रम तक सीमित नहीं रहते, बल्कि राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने शिक्षा के साथ-साथ चारित्रिक विकास पर बल देते हुए कहा कि आधुनिक उपकरणों और प्रोजेक्ट आधारित शिक्षण पद्धति से विद्यार्थियों में सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिल रहा है। उन्होंने विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए मेधावी छात्रों को सम्मानित किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। नृत्य, गीत, नाटक और समूह प्रस्तुति ने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। समारोह में सेवानिवृत्त प्राचार्य गजेन्द्र सिंह, सेवानिवृत्त पुलिस इंस्पेक्टर राजदेव सिंह, विनय सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

वार्षिकोत्सव के अवसर पर विद्यालय परिसर में उत्साह और उमंग का वातावरण देखने को मिला। दर्शकों की भारी उपस्थिति ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।

हमारे सोशल मीडिया अकाउंट को फॉलो करें -

Share This Article