Chhapra: महाराजगंज के सांसद के निजी सहायक पंकज कुमार सिंह ने जिलाधिकारी को पत्र देकर एनएच-531 पर विभिन्न स्थानों पर लगी हाई मास्ट एवं सड़क किनारे की लाइटों को चालू कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
जिलाधिकारी को दिए पत्र में उन्होंने कहा है कि नन्दलाल सिंह महाविद्यालय, जैतपुर दाउदपुर के समीप करीब छह माह पूर्व भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) द्वारा हाई मास्ट लाइट का अधिष्ठापन कराया गया था। लेकिन अब तक विद्युत कनेक्शन नहीं होने के कारण यह लाइट चालू नहीं हो सकी है। इससे शाम और रात के समय इस महत्वपूर्ण स्थान पर अंधेरा बना रहता है।
उन्होंने बताया कि एनएच-531 पर कोपा बसडीला के पास भी एनएचएआई द्वारा हाई मास्ट लाइट लगाई गई है, लेकिन वह भी वर्तमान में बंद पड़ी है। इसके अतिरिक्त एनएच-531 के विभिन्न बाजारों एवं प्रमुख स्थानों, जैसे कोपा, दाउदपुर, एकमा और रसूलपुर में सड़क के किनारे लगाई गई लाइटों में से भी कई लाइटें नहीं जल रही हैं।
पत्र में कहा गया है कि एनएच-531 जिले के प्रमुख मार्गों में शामिल है और इस पर दिन-रात बड़ी संख्या में वाहनों का आवागमन होता है। बाजार क्षेत्रों में पर्याप्त रोशनी नहीं होने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी होती है तथा दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।
पंकज कुमार सिंह ने जिलाधिकारी से मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग एवं एनएचएआई के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देने तथा सभी बंद पड़ी हाई मास्ट और सड़क किनारे की लाइटों को शीघ्र चालू कराने की कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।



















