Chhapra: भगवान बाजार थाना रोड पर निर्माणाधीन नाला में अनियमितता की शिकायत सामने आने के बाद छपरा नगर निगम हरकत में आ गया है।
सोशल मीडिया के माध्यम से मिली शिकायत पर नगर निगम ने तत्काल जांच कराई, जिसमें निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया। इसके बाद संबंधित नाला को तुड़वाकर नए सिरे से निर्माण कराने का निर्देश दिया गया।
नगर निगम के महापौर लक्ष्मी नारायण गुप्ता ने मामले का त्वरित संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को जांच कराने का निर्देश दिया। जांच रिपोर्ट में निर्माण कार्य में तकनीकी मानकों की अनदेखी पाए जाने पर संबंधित हिस्से को ध्वस्त कर पुनः गुणवत्तापूर्ण तरीके से नाला निर्माण का कार्य शुरू कराया गया।
महापौर ने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। जनहित से जुड़े सभी निर्माण कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप ही पूरे कराए जाएंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य में लापरवाही बरतने वाले संबंधित पक्षों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
नागरिकों से शिकायत करने की अपील
महापौर लक्ष्मी नारायण गुप्ता ने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी भी सड़क, नाला या अन्य विकास कार्य में अनियमितता, घटिया निर्माण अथवा लापरवाही दिखाई देती है, तो उसकी लिखित शिकायत आवश्यक साक्ष्यों के साथ नगर निगम को उपलब्ध कराएं।
उन्होंने कहा कि प्राप्त प्रत्येक शिकायत की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। नागरिकों की सक्रिय भागीदारी और जागरूकता से ही विकास कार्यों में पारदर्शिता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सकती है, जिससे शहर के समग्र विकास को गति मिलेगी।



















